Showing posts with label सिगरेट. Show all posts
Showing posts with label सिगरेट. Show all posts

19 August, 2019

प्रेम की भाषा के सारे शब्द प्रेम के पर्यायवाची ही होते हैं।

देर रात तक बारिश हुयी। अभी थोड़ी देर पहले बंद हुयी है। मैं घर की सीढ़ियों पर बैठी बारिश देखती रही। मरहम होती है बारिश। कुछ देर तक सब दुःख बिसरने लगता है। तेज़ बारिश में सामने की सड़क पर बहुत सा पानी बहने लगा। काग़ज़ की नाव तैराने का जी चाहा। नंगे पाँव पानी में छपछप करने का भी। आज फिर निर्मल वर्मा की एक चिथड़ा सुख याद आयी कि उसमें पानी के चहबच्चों का बहुत ज़िक्र है।

आधी रात लगभग बाहर टहल रही थी। जमे हुए पानी में औंधे मुँह लैम्पपोस्ट्स आधे डूबे हुए दिखे ... उनकी परछाईं वाली दुनिया में सब कुछ थोड़ी देर भर का था। मुहब्बत कोई भरम हो जैसे।

आज किसी से बात करते हुए चाहा कि मुनव्वर राना का वो शेर कहूँ, 'तमाम जिस्म को आँखें बना के राह तको ... तमाम खेल मोहब्बत में इंतिज़ार का है'। लेकिन कहा नहीं। कि उनसे बात करते हुए अपने शब्द मिलते ही नहीं। जी चाहता है कि पूरे पूरे दिन बारिश होती रहे और मैं खिड़की पर हल्की फुहार में भीगती उनसे बात करती रहूँ। इन दिनों मुहब्बत बारिश हुयी जाती है।

मुझे सिगरेट की कभी लत नहीं लगी। मैंने सिगरेट हमेशा शौक़िया पी। कभी मौसम, कभी साथी, कभी किसी कविता का ख़ुमार रहा...बस तभी। आज बारिश ने बेतरह सब कुछ एक साथ याद दिला दिया। वोही शहर, वो मौसम, वो जो कि ब्लैक में जिस बेतरह का क़ातिल दिखता है...सफ़ेद में उतना ही सलीक़ेदार... कि हम हर रंग में उसके हाथों मर जाना चाहते हैं। उसकी इतनी याद आयी कि देर तक उसे पढ़ा। फिर अपनी कई कई साल पुरानी चिट्ठियाँ पढ़ीं। मैं उसके होने में ज़रा सा होना चाहती हूँ। उसके शहर, उसकी सुबह, उसकी कॉफ़ी, उसकी क़लम में... ना कुछ तो उसके ऐबसेंस में ही। वो कब सोचता है मुझे? उसके जैसी मुहब्बत आसान होती, काश, मेरे लिए भी।

कैमरा स्टडी में रखा है और मैं नीचे टहल रही हूँ। अब तीन तल्ले चढ़ के कौन कैमरा लाए और रात बारह बजे सड़क पर जमे पानी में रेफ़्लेक्ट होते लैम्प पोस्ट को शूट करे... मैं जानती हूँ, मैं ख़ुद को ये कह कर बहलाती हूँ। सच सिर्फ़ इतना है कि इस साल उनकी तस्वीरें खींचने के बाद कोई सबजेक्ट पसंद ही नहीं आता। मैं कैमरा के व्यू फ़ाइंडर से देखती हूँ तो उन्हें देखना चाहती हूँ। बस। इक बार जो फ़ुर्सत से कोई शहर मुकम्मल हो...उन्हें जी भर के हर नज़र से देख लूँ, कैमरा के बहाने, कैमरा के थ्रू... मुहब्बत की इतनी सी तस्वीर है, ब्लैक एंड वाइट।

लकड़ी के जलने की महक आयी और जाने कैसे टर्पंटायन की भी। हमारे यहाँ कहते हैं कि रात को अगर ऐसी ख़ुशबुएँ आएँ तो उनके पीछे नहीं जाना चाहिए। वे मायावी होती हैं। इस दुनिया की नहीं। आसपास के सभी घरों की बत्तियाँ बंद थीं। टर्पंटायन की गंध से मुझे दो चीज़ें याद आती हैं। दार्जीलिंग के जंगल में स्याह तने वाले पेड़। विस्की कि जिसमें जंगल की वही गंध घुली मिली थी। कई हज़ार पहले के सालों का कोई इश्क़ कि जिसके पहले सिप में लगा था कि रूह का एक हिस्सा स्याह है और मैं उससे कहानियाँ लिखूँगी। दूसरी चीज़ कैनवस और ओईल पेंटिंग। इतनी रात कौन अपने घर में क्या पेंट कर रहा होगा। इजल के सामने खड़ा रंगों के बारे में सोचता, वो किन ख़यालों में उलझा होगा। बदन के कैनवास पर कविता लिखी जाए या रंगी जाए? उसके काँधे से इंतज़ार की ख़ुशबू आती है...मुहब्बत ख़त्म हो जाए तो उसके काँधे से कैसी ख़ुशबू आएगी?

मैंने कहा। शुभ रात्रि। मुझे कहना था। मैं आपसे प्यार करती हूँ। आपके शब्दों से। आपकी ख़ामोशी से। आपकी तस्वीरों से। आपके शहर के मौसम से। उस हवा से जो आपको छू कर गुज़रती है। उस आसमान से जिसके सितारे आपकी ड्रिंक में रिफ़्लेक्ट होते हैं। लेकिन नहीं कह पायी ऐसी बेसिरपैर की बातें। मैंने कहा। शुभ रात्रि।

प्रेम की भाषा के सारे शब्द प्रेम के पर्यायवाची ही होते हैं।
फिर भी, je t'aime, ज़िंदगी।

01 August, 2019

My happy place

नसों में कोई कहानी उमगती है। मैं बारिश में गंगा किनारे बैठी हूँ। तुम्हारी आवाज़ में एक ठंडापन है जो मुझे समझ नहीं आता। बाढ़ में खोयी चप्पल की बात हो कि महबूब के दिल तोड़ने का क़िस्सा। तुम तो इतनी दूर कभी नहीं थे? 

फिर? कोई तो बात हुयी होगी। हम वाक़ई एक दूसरे से एकदम कट गए हैं ना? पता है, तुम्हें सुनाए बिना मेरी कोई कहानी पूरी ही नहीं महसूस होती। जब से तुमने मुझे पढ़ना छोड़ा है, मैंने ठीक ठीक लिखना छोड़ दिया है।

एक अमेरिकन टीवी सीरीज़ है, सूट्स। वकीलों की कहानी है। इसमें लीड में एक बहुत ख़ूबसूरत सा बंदा है... उसका नाम है हार्वी स्पेक्टर। वैसे लोग जिन्हें लोग इमोशनली अनवेलबल कहते हैं। इसके पीछे की कहानी ये है कि वो जब ग्यारह साल का था, तब उसने एक बार अपनी माँ को किसी और के साथ अपने घर में देख लिया था और उसकी माँ ने उसे ये बात उसके पिता को बताने से मना की थी। उसने माँ की बात तो रख ली लेकिन उस बात का ज़ख़्म उसे कितना गहरा लगा था ये सीरीज़ में उसके सभी रिश्तों में दिखती थी। उसके ऑफ़िस में एक बेहद बदसूरत सी बत्तख़ की पेंटिंग लगी थी। इक एपिसोड में कुछ ऐसी घटना घटी कि एक विरोधी ने उसे हर्ट करने के लिए उसका कुछ छीनना चाहा... वो जानता था कि पैसों से उसे कोई दुःख नहीं पहुँचेगा, तो इसलिए वो उस पेंटिंग को उतार ले गया।


आगे पता चलता है कि हार्वी की माँ एक पेंटर थी... उस हादसे के पहले की एक दोपहर वो पेंट कर रही थी और हार्वी उन्हें देख रहा था... उसकी माँ के साथ ये उसकी आख़िरी ख़ुशहाल याद थी। इसलिए ये पेंटिंग उसे इतनी अज़ीज़ थी।

सीरीज़ में सबसे ज़्यादा मुझे एक यही चीज़ ध्यान आती रही जबकि उसमें कई अच्छे केस और कई अच्छे किरदार थे। हम हमेशा लौट के किसी ख़ुश जगह पर जाना चाहते हैं। जहाँ कोई दुःख न था। कुछ लोग ख़ुशक़िस्मत होते हैं कि उनके लिए ऐसी तमाम जगहें होती हैं। उनके जीवन में कोई all encompassing दुःख नहीं होता जो कि हर ख़ुशी को फीका कर दे।

कुछ लोग हमारे लिए ऐसे ही ख़ुश वाली जगह होते हैं। मैं इक बार ऐसे ही किसी लड़के से मिली थी। he was my happy place। मैं याद करना चाहती हूँ कि ज़िंदगी में आख़िरी बार सबसे ज़्यादा ख़ुश कब थी तो उससे वो मुलाक़ात याद आती है। ये बात मुझे बेतरह उदास करती है कि मेरे पास लौट के जाने के लिए बहुत कम जगहें हैं। दिल्ली मेरे लिए यही शहर है। मैं अपनी माँ के साथ पहली बार पिज़्ज़ा खाने गयी थी, अपने ख़ुद के पैसों से। मैंने अपने दोस्तों के साथ अपनी पसंद की किताबों की ख़रीददारी की। अपने सबसे फ़ेवरिट लेखक के हाथ चूमे। मुझे बेतरह एक स्टेशन और उसे अलविदा कहना याद आता रहता है। एक ग्लास विस्की और एक ग्लास वोदका...और एक सिगरेट। मैं ज़िंदगी में एक ही बार किसी की जैकेट की गर्माहट और ख़ुशबू में घिरी बैठी थी और ख़याल सिर्फ़ इतना था कि वो चला जाएगा। इतनी गहरी उदासी भी बहुत कम आती है ज़िंदगी में।

पता नहीं तुम कभी लिखना शुरू करोगे या नहीं। अब अधिकार नहीं जताती लोगों पर, तुम पर भी नहीं।

इन दिनों बारिश का धोखा होता है। नए पुराने लोग याद आते हैं। मैं कहना चाहती हूँ कि मेरे मरने के बाद अगर किसी बात को न कह पाने का अफ़सोस होगा तुम्हें, तो वो बात मेरे जीते जी कह देना।

08 April, 2019

तिलिस्म सिर्फ़ तोड़े जाते हैं, उनसे मुहब्बत नहीं की जाती...

लड़की कोहरे की बनी होती तो फिर भी ठीक होता। वो सिगरेट के धुएँ की बनी थी। उँगलियों में रह जाती। बालों में उलझ जाती। बिस्तर, तकिए, कम्बल…जब जगह बसी रहती। तलब वैसी ही लगती थी उसकी। रोज़। रोज़। रोज़। सुबह, शाम, रात…नींद के पहले, जागने के बाद।
कैसे चूमता कोई उसे? क्यूँ चूमता कोई उसे?

लड़की - शब्दों की बनी, उदास, ख़ुशनुमा, गहरे शब्दों की। वो चाहती कि वो फूलों की बनी हो। आँसुओं की या किसी और टैंजिबल चीज़ की - हवा, पानी, मिट्टी, आग जैसी चीज़ों की… लड़की चाहती कि उसे छुआ जा सके। 
ताकि उसे तोड़ा जा सके। 

कितना लड़ सकती थी वो…ज़िंदगी के इस मोड़ पर थकान इतनी ज़्यादा थी कि उसने हथियार रख दिए। वो रोयी भी नहीं। बस उसकी आवाज़ ज़रा सी काँपी। ‘मैं नहीं करती तुमसे प्यार’। वो एक छोटा सा सवाल पूछना चाहती थी इस आत्मसमर्पण के बाद। 
‘ख़ुश?’


उसके पास सच की दुनिया नहीं थी। कहानियाँ थी सिर्फ़। और दोस्त। इस दुनिया में कहानी के मोल कुछ भी नहीं ख़रीदा जा सकता। 


माँगने को भी कुछ नहीं था उसके पास। किसी के हिस्से ज़रा सा सुख माँगना भी अधिकार में आता है। प्राचीन मंदिर और मक़बरे उसके भीतर उगते। वसंत की बेमौसम बारिश का कोई राग भी। टीन की छत पर बेतहाशा बरसती बारिश…चुप्पी महबूब का नाम चीख़ती। दूर किसी छत पर बारिश में भीगता लड़का गुनगुनाता, इस बात से बेख़बर कि लड़की तिलिस्म होती जा रही है। और मेरी जान, तिलिस्म सिर्फ़ तोड़े जाते हैं, उनसे मुहब्बत नहीं की जाती...

लड़की कभी कभी सीखना चाहती बाक़ी चीज़ें। झूठ बोलना, जिरहबख़्तर बाँधना। ख़ुदकुशी के तरीक़े। लौट सकना। करना थोड़ा कम प्यार किसी से। सीमारेखा बनाना। और अपनी उदासी में ज़रा कम ख़ूबसूरत दिखना।
कि हर कोई उसे उदास देखना न चाहे। 

मुहब्बत मैथ भी नहीं, फ़िज़िक्स का कोई unsolvable equation हुए जाती। एकदम अबूझ। इक रोज़ उसे क़ुबूल करना ही पड़ता कि इतनी उलझी हुयी चीज़ उसे ज़रा भी समझ नहीं आती। कि step-by-step marking के बावजूद उसके नम्बर बहुत कम आएँगे।
जाने कितने साल वो ज़िंदगी के इसी क्लास में गुज़ारेगी कि जिसे कहते हैं, moving on. 


Suicide letter उसका मास्टरपीस था। दुनिया का सबसे ख़ूबसूरत प्रेम पत्र।


वो नहीं जानती थी प्यार के बारे में कुछ ज़्यादा। उसने ऐसा कोई दावा भी कभी नहीं किया। उसके इर्द गिर्द लेकिन बहुत समझदार लोग थे। सबने उससे कहा, किसी के लिए फूल ख़रीद लेने की ख़्वाहिश को प्यार नहीं कहते। 


17 February, 2019

नमकीन समंदर पानी में घुलता फ़िरोज़ी लड़का

उन्हें मालूम भी नहीं होता। बेपरवाही में गुज़रते हैं शहर से... एक दूसरे के सामने से भी। अपने में खोए हुए। उनके पीछे हो रही बारिश सिहरती है... उनके हिस्से की ठंड शहर ओढ़ लेता है, पतझर को थोड़ा लम्बा रुकने की गुज़ारिश करते हुए। सड़कों पर पीले पत्ते कुछ ज़्यादा दिन बिछे रह जाते हैं। पतझर एक बेहद उदार मौसम है, आप तो जानते ही होंगे।

लड़की बहुत दिन बाद अपने मुहल्ले लौटी है। ११ साल जहाँ रूक जाओ, घर हो ही जाता है। उसने पहली बार ग़ौर किया कि वो इस जगह के मौसमों को पहचानती है। यहाँ के फूलों को, पेड़ों को, आसमान के हिस्से को भी। इन रास्तों को भी तो पता है कि किसी किसी मौसम, जब सारे गुलाबी फूल खिल जाते हैं, लड़की देर रात सिगरेट क्यूँ पीती है।

वे साल में एक बार मिलते थे। बातें करते थे। चुप रहते थे बहुत देर। सड़कों पर चलते थे दूर दूर तक। कभी कभी भीड़ वाली सड़कों पर एक दूसरे का हाथ पकड़ लेते थे। कॉफ़ी पीते हुए अक्सर देखते थे एक दूसरे के हाथ, कप के इर्द गिर्द लिपटे हुए और सोचते थे कि हाथ पकड़ के बैठना कितना सिर्फ़ उन्हें असहज करेगा या आसपास बैठे और लोगों को भी। ज़िंदगी ने ठीक ठीक हिसाब रखा था, लड़की के हिस्से में स्याही तो बहुत आयी थी, क़िस्से भी बहुत… लेकिन उसकी फ़ेवरिट ब्लैक कॉफ़ी - आइस्ड अमेरिकानो पीने से डॉक्टर ने मना कर दिया था। इन दिनों, गहरी गुलाबी चाय पीती थी लड़की, बहुत मीठी ख़ुशबू वाली, बिना शक्कर की चाय… ठीक उसके होठों के रंग की। लड़के के इतने तामझाम नहीं थे, हमेशा से वही सिंपल कैपचीनो।

अच्छा, प्यारा, सादामिज़ाज लड़का था। अक्सर कपड़े भी सफ़ेद ही पहनता था। प्योर कॉटन की शर्ट्स जो ठीक ठीक आँसू सोख लेते थे। लड़की के बचपन में उसकी मम्मी स्कूल ड्रेस में एक तिकोना रूमाल आलपिन से टाँक के भेजती थी हर रोज़, जो रोज़ कहीं खो जाता था। फिर लड़ाई झगड़ा, गिरना पड़ना तो लगा ही रहता था। तो आँसू हमेशा सफ़ेद शर्ट की स्लीव में ही पोंछे गए थे। लड़की बचपन से जानती थी। सफ़ेद कॉटन की शर्ट्स अच्छे से आँसू सोख लेती हैं। लेकिन क्या ये बात लड़के को पता थी? 

उसकी शर्ट्स की ही ख़ासियत होती होगी, लड़की में इतना बचपना तो था नहीं कि हर आख़िरी मुलाक़ात में रो दे। यूँ भी काजल लगाने वाली लड़कियाँ अपने आँसुओं पर अच्छा ख़ासा कंट्रोल रख सकती हैं। वे जिनके अज़ीज़ सफ़ेद शर्ट्स पहनें आख़िरी मुलाक़ात में, वे लड़कियाँ तो ख़ास तौर से। 

लड़की हर बार उसके लिए कोई तोहफ़ा ले कर आती। कभी काढ़े हुए रूमाल। कभी बहुत दूर देश से कोई सिगरेट लाइटर। कभी किसी नए शहर में सुनी जिप्सी गानों की सीडी। इक बार बहुत सुंदर सा मफ़लर लेकर आयी। फ़िरोज़ी रंग का, बेहद नर्म ऊन से बना हुआ। जैसे लड़की पहली बार मिलती थी तो गले में बाँहें डालती थी… एकदम हौले से… जैसे लड़का कोई ख़्वाब है। टूट जाएगा। उस साल दिल्ली में ठंड भी बहुत पड़ी थी। उन्होंने उस साल ठंड के लिहाज़ से पहली बार साथ में थोड़ी सी विस्की पी थी। ये उस शहर में इस साल की आख़िरी शाम भी थी। कोहरीले शहर में हथेलियाँ इतनी ठंडी थीं कि वे हाथ थामे चल रहे थे। एक दूसरे में ज़रा ज़रा सिमटते हुए। 

लड़की साल में बस यही कुछ दिन सिगरेट पीती, जब उसके साथ होती। उसकी जूठी सिगरेट। लड़का हर साल आख़िरी दिन, जाने के ठीक पहले, एक पूरी डिब्बी सिगरेट ख़रीदता। वे रेलवे स्टेशन से बहुत दूर होते लेकिन फिर भी जैसे रेल की सीटी सुनायी देती…पटरियों पर से गुज़रती रेल की थरथराहट लड़की के बदन में भर जाती। वो सड़क पर चलते हुए भी कभी कभी पूरी थरथराने लगती थी। फिर हथेलियों को आपस में रगड़ती हुयी कहती, इस साल ठंड बहुत ज़्यादा है ना। इस बार वो कुछ यूँ ही थरथरा रही थी तो लड़के ने अपने गले से फ़िरोज़ी मफ़लर उतारा और उसके गले में लपेट दिया। लड़की ने कुछ नहीं कहा। उसके आँसू मफ़लर को गीला करने लगे। शहर के इस बिंदु से स्टेशन और एयरपोर्ट बराबर दूरी पर थे। दोनों अपना सामान लेकर चले थे, छोटे छोटे बक्से, पहियों वाले। पेवमेंट पर दाएँ बाएँ रख दिया था। जैसे सोफ़े के हत्थे होते हैं। उनके चेहरे पर पड़ती हल्की धूप आँखों की उदासी को गर्माहट दे रही थी। ख़ुद को संयत करने के लिए लड़की ने गहरी साँस ली तो महसूस किया कि हवा की ख़ुशबू थोड़ी अलग है। फ़िरोज़ी मफ़लर से लड़के की भीनी भीनी गंध आ रही थी। लड़के ने उसके काँधे पर हाथ रखा और थोड़ा सा उसे अपने पास खींच लिया। लड़की ने उसके काँधे पर सिर टिका दिया। दोनों के चेहरे पर एक उदास रोशनी थी। प्रेम और विदा की मिलिजुली।

लड़के ने डिब्बे से सिगरेट निकाल कर जलायी। लड़की को सिगरेट देते हुए ज़रा से उसके हाथ भी काँपे… कोई ट्रेन उसके भीतर भी गुज़र रही थी। इस शहर से बहुत दूर जाती हुयी। वे चुप थे। बातें इतनी थीं कि शुरू होतीं तो ख़त्म नहीं होतीं। ऐसी बातें ना कही जाएँ तो विदा कहना आसान होता है। सिगरेट ख़त्म हुयी तो लड़के ने उसे पेवमेंट पर हल्का सा रगड़ कर बुझाया और फिर जेब से वालेट निकाला। लड़की हँस पड़ी। ‘फिर से?’। ‘और नहीं क्या’, लड़का आँखें नचाता हुआ बोला। प्रेम में ये उनका छोटा सा खेल था। वालेट में रेज़गारी के साथ सिगरेट का टुकड़ा था, लड़के ने बड़े प्यार से उसे चूम कर बाय बाय कहा और अभी की बुझायी सिगरेट बट को उसमें रख दिया। फिर उसने सिगरेट की डिब्बी लड़की को दे दी। उसमें उन्निस सिगरेटें बची थीं। लड़का हर बार जाने के पहले एक पैकेट सिगरेट ख़रीदता, उसमें से एक सिगरेट जला कर दोनों पीते और फिर वो सिगरेट का डिब्बा लड़की को दे कर चला जाता। कि साल में जब भी कभी मेरी बहुत याद आए तो एक सिगरेट जला लेना और हम साथ में सिगरेट पी रहे होंगे। लड़की हर बार पूछती, साल में सिर्फ़ उन्निस दिन बहुत याद करना, कुछ कम नहीं है, लड़का कहता कि नम्बर में न बाँधो तो प्यार इन्फ़िनिट हो जाएगा। मैं नहीं चाहता तुम मुझसे इतना प्यार करो, या कि मुझे इतना याद करो। कम की बाउंड्री वो सिगरेट से जला कर मार्क कर देता था। लड़की जिरह करती, मुझपर ही लिमिट क्यूँ। तुम कर सकते हो, जितना मर्ज़ी प्यार मुझसे… लड़का कहता, तुम ज़्यादा प्यार करती हो, तुम्हें ख़ुद की कोई लिमिट बनानी नहीं आती। मैं इतने से में नहीं बाँधूँगा तो तुम मेरे प्यार में पागल, घर बार छोड़ कर बुलेट लिए निकल जाओगी दुनिया के किसी भी रास्ते पर। लड़की उसके बेसिरपैर के तर्कों पर हँसती, हँसते हँसते आँख भर आती। 

लड़की ने गले से फ़िरोज़ी मफ़लर उतार कर थोड़ी देर हाथ में लिए लिए पूछा, ‘‘मैं तुम्हारा मफ़लर रख लूँ?’। ‘रख लो’… लड़की ने उसका जवाब सुनते सुनते भी लड़के के गले में मफ़लर लपेट दिया। ‘सॉरी, थोड़ा गीला होगा। इतना रोना नहीं चाहिए था मुझे, तुम पर खिलता है। बहुत शौक़ से लायी थी तुम्हारे लिए’। लड़के ने उसे बाँहों में भरा। दोनों के बदन से एक सी ख़ुशबू आ रही थी। धूप, धुएँ और आँसुओं में हल्के भीगे फ़िरोज़ी मफ़लर की।

इक पूरा लम्बा साल और क़ायदे से देखा जाए तो सिर्फ़ अट्ठारह सिगरेटें। कि लड़की आख़िरी सिगरेट बचा कर रखती थी जब तक लड़के से दुबारा मिल न ले। पहली सिगरेट एयरपोर्ट पर पीती। स्मोकिंग लाउंज में सिगरेट जलाने के लिए एक बटन होता था जो ज़ाहिर तौर से मर्दों की हाइट के लिए होता था…लड़की पंजों पर उचक कर सिगरेट जलाती। मुस्कुराती। कि लड़का होता तो उसकी सिगरेट जला देता। कश छोड़ते हुए छत को देखती लड़की…आँखें भर आतीं। सोचती, छत पर कुछ ख़ूबसूरत बना होना चाहिए कि जब वो कश छोड़ते हुए ऊपर देखे, तो महबूब की आँखें कुछ कम याद आएँ। 

पहला हफ़्ता सबसे मुश्किल गुज़रता। पहला महीना भी। 

स्टडी टेबल पर लिखते हुए सिगरेट जला लेती। काग़ज़ से लड़के की ख़ुशबू आती। उँगलियों पर फ़िरोज़ी स्याही लगी होती तो उसका मफ़लर याद आता। वो सिर्फ़ ख़त लिखना चाहती। या कि कविताएँ। कविता लिखना शुरू करती तो हिचकियाँ आने लगती बहुत। फिर वो स्टडी से बाहर छत पर आ जाती। आधा चाँद होता आसमान में… आधा उसकी आँखों में चुभता। उसे लगता सब कुछ आधा आधा ही है दुनिया में… आधी पी हुयी सिगरेट बुझा देती। चटाई बिछा कर लेट जाती और गुनगुनाती। लड़के ने दस सिगरेटें लगातार पी रखी होतीं उस शाम और सीने में जलन हो रही होती। वो छोटी छोटी साँस लेता। सीने पर हाथ रखता और जाने किससे कहता, ‘ओह, इतना याद मत किया करो जान।’। 

अगली सुबह लड़की अपना बैग तैयार करती। कुछ कॉटन की साड़ियाँ, शॉर्ट्स, टीशर्ट्स। लोर्का, बोर्हेस और सिंबोर्सका की किताबें। लैवेंडर इत्र। स्याही की बोतल। कलमें। एयरबीऐनबी पर एक स्टूडीओ बुक करती और समंदर किनारे के शहर को निकल पड़ती ड्राइव कर के। रास्ते में जैज़ सुनती, रफ़ी को भी और 90s के गाने भी। कई बार सोचती… काश कि उसका शहर देख पाती। लड़के का शहर कोई तिलिस्म लगता उसे। गूगल के थ्री डी मैप में देखती। गालियाँ, दुकानें, उसका दफ़्तर, उसकी सिगरेट की दुकान। सब कुछ रियल लगता। कि जैसे वो लड़का भी सिगरेट के डिब्बे पर लिखी झूठी वॉर्निंग नहीं है। सच में उससे इश्क़ करने से मर सकती है वो। 

पता नहीं साल कैसे बीतता। कितना वो जलती, कितना सिगरेट सुलगती। मुश्किल होने लगता अलग अलग शहरों में जीना। दायरों में बंध के मुहब्बत करना। लड़की चाहती कि ख़रीद ले एक पूरी पैकेट सिगरेट और एक साथ पी डाले। कि साँस साँस तकलीफ़ महसूस हो, तो शायद माने कि मुहब्बत कोई अच्छी चीज़ नहीं है। लिखने भर को की गयी मुहब्बत कब ज़िंदगी में अपना हिस्सा माँगने लगती है, तय नहीं किया जा सकता। कविताएँ लिख कर उसका दिल नहीं भरता। इरॉटिका लिखती। उसके दिमाग़ में वायलेंट लवमेकिंग के दृश्य उगते। नमकीन समंदर पानी में घुलता फ़िरोज़ी लड़का। फ़िरोज़ी स्याही से लिखे क़िस्सों के किरदार फ़िरोज़ी ही होते हैं, हमेशा। फ़िरोज़ी मफ़लर से बंद कर रखी होती है उसने उसकी आँखें…इतनी ज़ोर से पकड़ी है कलाई कि गुलाबी दाग़ पड़ गए हैं उसकी उँगलियों के… लड़की समंदर किनारे सोयी हुयी है। लहर आती जाती भिगोती है उसे। वो आँख बंद करती है खोलती है… सूरज जलता बुझता है। गोल गोल लाल नारंगी रोशनियाँ नाचती हैं उसकी बंद आँखों में… हिकी… तुम समझे नहीं मैं मफ़लर ही क्यूँ लायी तुम्हारे लिए, उफ़! 

सारी सिगरेटें पी गयी है लड़की। समंदर किनारे। पूरी धूप में जलती है। बालों में खारा पानी है। बदन पर रेत। बैरा ड्रिंक रख के गया है अभी दो मिनट पहले। विस्की ऑन द रॉक्स। एक ही घूँट में पी कर ग्लास नीचे रखती है और महसूसती है कि तीखी प्यास लगी है, सर घूम रहा है, सिगरेटें ख़त्म हैं और ये पहला ही महीना है। 

उसे मेसेज करती है, ‘सुनो, सिगरेट ख़त्म हो गयी हैं ग़लती से। भिजवा दो, या लेकर आ जाओ। मैं इस शहर में हूँ’। अगली सुबह फ़ोन देखती है तो ख़ुद को लानत भेजती है कि नशे में भी इतना होश रहता है कि कौन सा मेसेज सेंड करना है और कौन सा सेव ऐज ड्राफ़्ट। क़िस्सा लिखती है, लेकिन किसी किताब में छापने के लिए नहीं।

ब्लॉग है जो कि प्राइवेट है… उसमें भी पोस्ट्स कोई पब्लिश नहीं… लेकिन वे ड्राफ़्ट्स… वे मुहब्बत के नहीं, क़त्ल के ड्राफ़्ट हैं। लड़की सोचती है उससे कहेगी कभी, ‘सुनो, मुझसे समंदर किनारे किसी शहर में कभी मत मिलना’।

13 February, 2019

ढेर सवाल जवाब में मत उलझो, बुड़बक बिल्ली, अचरज से ही मरती है

शाम से सोच रहे हैं कि तमीज़ की हद कहाँ खींची जाती है। अपने आप से मुझे समझ कब आएगा! इतना क्युरीयस क्यूँ हूँ हर चीज़ को लेकर। सवाल पे सवाल पे सवाल। ऐसे सवाल जो कोई सोचेगा भी नहीं। कुछ ज़्यादा ही कल्पना है हर चीज़ को लेकर और फिर कल्पना तथ्य के कितने क़रीब है, सो पता करने के सवाल। इतना अचरज लिए जीती हूँ। हर सुबह धूप को देखती हूँ तो लगता है पहले देखा नहीं इस रंग में। कुछ ज़्यादा ही दौड़ते हैं कल्पनाओं के घोड़े...

मतलब हमसे तो बात करना ही बेकार है। कोई अच्छा लगेगा तो उसके शहर, मौसम, गली, दोस्त, किताबें... सब जान लेना होगा हमें। 

मुझे दोस्तों की याद अक्सर शाम में आती है। दिन तो ऑफ़िस के कामकाज में फुर्र हो जाता है। शाम सूरज डूबता है तो जैसे दिल भी डूबने लगता है। ऐसा लगता है एक और दिन ख़त्म हुआ जिसमें उसकी आवाज़ का नशा नहीं घुला। कि जैसे सिगरेट, दारू, ड्रग्स वालों को तलब होती है... मुझे लोगों की आदत पड़ने लगती है जल्दी... उसमें भी सिर्फ़ ज़रा सी आवाज़ चाहिए होती है अक्सर। तो फ़ोन किया शाम को। कॉलेज में हमें जब वोईस ट्रेनिंग दी गयी थी तो फ़ोन पर बात करने के तरीक़े भी सिखाए गए थे, कुछ उस समय की ट्रेनिंग कुछ अपना जीवन का अनुभव... या तो फ़ोन में हेलो से समझ जाती हूँ, वरना पूछ लेती हूँ, व्यस्त तो नहीं हैं... अंग्रेज़ी में किया तो सिंपल, good time to talk? जब लोगों के पास फ़ुर्सत होती है तो फ़ोन उठा कर पहले शब्द जो वह कहते हैं उसमें घुल जाती है। कभी मेरा नाम, तो कभी सिर्फ़ हेलो, बहुत प्यार वाले लोग हुए तो जानेमन... 

तो कल शाम की बात थी। फ़ोन किया। सरकार की आवाज़ में ज़रा सी नीम नींद थी। ज़रा सा शाम का अँधेरा। मैंने पूछा, 'क्या कर रहे थे अभी'। उन्होंने कहा, 'नहाने जा रहा था'। मेरे जैसा मुँहफट इंसान... पूछने वाली थी, आप कौन सा साबुन लगाते हैं। फिर लगा ये बदतमीज़ वाला सवाल है...तो रोक लिया। पूछा नहीं। लेकिन मन में आयी बात ना कहें तो बाक़ियों के पेट में दर्द होता है साला हमारा माथा दुखा जाता है। सवाल सीधे दिमाग़ के थ्रू जाता है और अंदर बाहर अंदर बाहर करता रहता है। ख़ुशबुएँ खँगालता हुआ। सोचता हुआ कि उस जैसा आदमी...फिर लगता है, उस जैसा तो कोई दूसरा आदमी है ही नहीं... फिर भी क़सम से सिर्फ़ साबुन के बारे में सोचता हुआ... ना उसे नहाते हुए, ना उसका भीगा बदन... कुछ भी नहीं सोचा... सोचा बस ये कि वो किस साबुन से नहाता होगा। फिर दुनिया के सारे साबुनों और उसकी गंध में डूबती रही... जिनकी गंध मैं पहचानती हूँ। कितने सारे साबुन याद आए रात भर में। 

लिरिल - उसके साथ वाला ऐड्वर्टायज़्मेंट... पटना की गरमी वाले दिन, जिसमें हमेशा सिर्फ़ लिरिल ही लगाती थी। वो मेरे घर आया हुआ था  जस्ट नहा के निकला था बाथरूम से... मतलब तौलिया लपेट कर, उफ़! क्या ही कहें पहली बार किसी लड़के को वैसे देखा था। बदन पर ज़रा ज़रा पानी की बूँदें, साँवला रंग... पहली बार लगा इसी को रेड-हॉट कहते हैं। बदन जिस पर से पानी की बूँदें भाप बन कर उड़ जाएँ। हमने शरीफ़ लड़की की तरह नज़रें फेर लीं लेकिन वो दृश्य एकदम छप गया था था मिज़ाज में। हरारत की तरह। मैं उसे क़रीब से नहीं जानती थी तो ज़ाहिर सी बात है, गंध के बारे में कुछ नहीं पता था। बाथरूम में लिरिल की सांद्र गंध थी। मैं इसी साबुन से रोज़ नहाती थी लेकिन उस रोज़ पहली बार किसी की देह गंध भी घुली हुयी महसूस की। हिंदी के तो शब्द ही ख़त्म थे, अंग्रेज़ी से उधार लेने पड़े... heady cocktail of fragrances... कुछ ऐसा कि सर घूम जाए। 

सेंट औफ़ ए वुमन का वो सीन भी याद आया कल, कर्नल कहता है, मैं इस गंध को पहचानता हूँ और ठीक ठीक नाम बता देता है, ओगिल्वि सिस्टर्ज़ सोप। जो कि डौना को उसकी ग्रैंड्मदर ने दिए हैं। फिर अपनी लिखी वो कहानी जिसमें लड़का लड़की दोनों अपनी पसंद का साबुन लाने के लिए लड़ रहे होते हैं और आख़िरी लिरिल से ही नहाते हैं। पीयर्स मेरे नानाजी लगाया करते थे। ज़िंदगी भर उन्होंने अपना साबुन नहीं बदला। मुझे अब भी बचपन में लौटना होता है तो पीयर्स ले आती हूँ। पटना में जिस घर में रहते थे, वहाँ हमारे एक पड़ोसी थे, वो सिर्फ़ लाइफ़ बॉय ही लगाते थे। ये इसलिए पता चला कि हमलोग होली का रंग छुड़ाने के लिए हमेशा लाइफ़बॉय का इस्तेमाल करते थे। एक बार लाना भूल गए तो वो आंटी हम सब को नया साबुन ला के दे दी थी, सबको मालूम था। 

मेरे दिमाग़ में ख़ुशबुओं की पूरी डिक्शनरी है। जिसमें कई लोग रहते हैं। साबुन। पर्फ़्यूम। आफ़्टर शेव लोशन। मॉस्चराइज़र। कितना कुछ मालूम रहता है। किसी का हाथ चूमा था तो उसकी उँगलियों से सिगरेट की गंध आ रही थी। जो लोग मुझे पसंद होते हैं, उनकी गंध मुझे याद होती है। और अगर नहीं होती है तो बौराने लगते हैं। समंदर किनारे भटकते हुए आँख बंद करके पूरे ध्यान से याद करने की कोशिश करते हैं कि कैसी गंध थी उसकी। किसी स्टेशन पर विदा कहते हुए। आख़िरी बार गले लगते हुए गहरी साँस लेना और सोचना कुछ भी नहीं। जाती ट्रेन को देखना। ख़ाली स्टेशन पर भरी भरी आँख और भरा भरा दिल लिए गुनगुनाना। इश्क़ की ख़ुशबू लपेटना इर्द गिर्द... किसी नर्म सी शॉल जैसे। टहलना कच्ची सड़क पर, झील किनारे। 

कि जब सोची जा सकती हैं कितनी सारी चीज़ें, पूछा जा सकता है कितना सारा कुछ... उलझना इसी सवाल पर। कि कौन सा साबुन लगाता है वो। कैसी ख़ुशबू आती है उसके गीले बदन से। रात को नहा कर निकलता है तो हवा ठंडी और दीवानी हुयी जाती है। कि वो आदमी है कि तिलिस्म। खुलता ही नहीं। बाँधता है बाँहों में। ख़यालों में। कहानियों में। चुप्पी में भी। 

Curiosity killed the cat. हम भी ना, उफ़। मर जाएँ!
Read more: https://www.springfieldspringfield.co.uk/movie_script.php?movie=scent-of-a-woman

29 January, 2019

पीली साड़ी वाली लड़की

लेमन येलो। उसका सबसे पसंदीदा रंग था और हल्के हरे किनार की साड़ी तो उसपर इतनी फबती थी कि बस। लिनेन थोड़ा गर्म होता था, जाड़ों के लिए एकदम सही। उसके झुमकों में छोटे छोटे घुँघरू थे जो उसकी हँसी के साथ झूलते खिलखिला उठते थे। दाएँ हाथ में ब्रेसलेट और बाएँ में घड़ी। धुले बालों में शैम्पू की गंध अभी भी थी और कलाइयों पर इत्र।

यूँ तो सपनों के शहर में वो कई लोगों को जानती थी, लेकिन दोस्त कहने में हिचकती थी। कुछ ऐसे लोग थे, जिन पर वो आँख बंद करके भरोसा कर सकती थी। इनके साथ उसका कभी कोई अफ़ेयर नहीं रहा, उनके बीच कभी प्रेम भरी बातें नहीं हुयीं। क़समें वादे नहीं हुए। ना दिल जुड़ा ना टूटने की कोई जुगत थी। 

उस लड़के से पहली बार वो जयपुर में मिली थी। उसने कहा था, मेरे लिए दो पैकेट क्लासिक माइल्ड लेते आना प्लीज़। लड़की ने दो पैकेट सिगरेट ही नहीं, माचिस भी ख़रीद दी थी। वो जानती थी माचिसें खो जाती हैं। वो पहली बार में ही बहुत प्यारा लगा था। कोई बहुत अपना। 

उनके बीच दो भाषाओं के शब्द रहते थे। अंग्रेज़ी और हिंदी। और एक खिड़की खुली रहती थी स्काइप विडीओ कॉल की। वे दो दूर के शहरों में होते थे लेकिन एक दूसरे के दिन में टहलते बतियाते रहते थे। लड़की कभी कुछ पढ़ रही होती, कभी गुनगुना रही होती, कभी धूप में कोई ग़ज़ल सुन रही होती। लड़का कई किताबों के बीच होता और अक्सर ही कुछ पढ़ रहा होता। लड़की उसके कपड़े कम और उसकी किताबों के जिल्द ज़्यादा पहचानती थी। लड़का दो भाषाओं के बीच कभी पुल बना होता कभी नदी। लड़की बस कुछ आवारा शब्दों भर होती। कभी काग़ज़ की नाव होती तो कभी धाराओं का गीत। 

वे दूसरी बार इक लाइब्रेरी में मिले थे। ये उस लड़के की पसंदीदा जगह थी। लड़की इतनी ख़ुश थी किताबों के बीच कि जैसे जाड़े का मौसम बैंगलोर चला आया हो। उसने कुछ कविताएँ पढ़ी और इक नए कवि को डिस्कवर किया। लड़के ने उसे दो किताबें इशु करवा दीं, अपने लाइब्रेरी कार्ड पर। 

इस बार वो लड़के के घर गयी थी। थक गयी थी बहुत। रात को नींद ठीक से नहीं आ रही थी इन दिनों। उसने लड़के का ख़ूब सुंदर घर देखा। छत पर सूखता धूप का टुकड़ा। कमरे में रखी किताबें। लिखने का टेबल। फ़िल्मों के कवर। लड़के ने सिगरेट पीनी बंद कर दी थी। लड़की उसके घर में सिगरेट पीना चाहती थी लेकिन वहाँ कोई ऐश ट्रे नहीं था, इसलिए पी नहीं सकती थी। बालकनी में सिगरेट पीती तो पड़ोसियों को लगता उसके घर में बुरी लड़कियाँ आती हैं। पर लड़का तो अच्छा था, इसलिए उसने सिगरेट नहीं पी। लड़के को तैय्यार होना बाक़ी था। उसने पानी गर्म करने को इमर्शन रॉड लगा दिया था। लड़की थकी थी बहुत। बेड पर बाएँ करवट लेकर थोड़ी देर को आँखें बंद कर लीं। जाड़े के दिन थे। बेड पर खुला हुआ ही कम्बल था। लड़का उधर से गुज़रा, उसने पूछा, ‘मैं ये कम्बल तुम्हें ओढ़ा दूँ’। उसके पूछने में बहुत कोमलता थी। अपनत्व था। दुलार था। ठहराव था। लड़की ने सर हिला कर मना किया। उन्हूँ, ठंड नहीं लग रही इतनी। लेकिन ठंड थी पर लड़की ने कम्बल इसलिए नहीं ओढ़ा था कि कम्बल में उसकी ख़ुशबू न रह जाए और लड़के को परेशान न करे। ये लड़का उसके लिए बहुत प्रेशियस था, बेशक़ीमत। उसे खोना नहीं चाहती थी। 

पानी गर्म होने में वक़्त लगता। लड़का सामने फ़र्श पर बिछी दरी पर बैठा और उसने कविताओं की एक किताब खोली। वो कविता पढ़ रहा था। लड़की हल्की नींद में थी। लड़के की आवाज़ नींद के बीच कहीं थी। कविता बहुत सुंदर थी, किसी सपने जैसी। लड़की को लगा, इसे घर कहते हैं। 

उसका चाय पीने को दिल किया। कमरे के बाहर लड़के के चप्पल थे। लड़की उन्हें पहन कर किचन में चली गयी। चाय, चीनी, निम्बू, सस्पेन, छन्ना… सब मिल गया उसे। वहाँ सुंदर चाय के कप भी थे लेकिन लड़की ने एक काँच का ग्लास लिया और नाप के उसके हिसाब से ही चाय बनायी। निम्बू की चाय, सुनहली। ठीक तब तक लड़का भी नहा के, तैयार होकर आ गया था। ब्लैक सूट और काली ही शर्ट। बहुत ही ख़ूबसूरत फ़िटिंग। उसे किचन में एक ग्लास चाय छाँकते देखा तो उलाहना देते हुए बोला, ‘कैसी लड़की हो जी, अकेले अकेले एक चाय कौन बना के पीता है!’। लड़की मुस्कुराई बस, ’एक ही ग्लास में बनाए हैं दोनों के लिए। नहीं तो इतना चाय है, दो कप में छान देने में क्या था।’ एक छोटा सा गलियारा था जिसमें आइना टंगा था। लकड़ी के बॉर्डर वाला हाफ़ ग्लास। वे दोनों उधर आए और लड़के ने ख़ुद को आइने में देखा। लड़की ने ज़रा सा उसका कॉलर ठीक किया, सूट के कॉलर में मुड़ा हुआ। काँधे पर ज़रा सा हाथ से सलवट ठीक की। इतना सा थोड़े से स्लो मोशन में हुआ कि लड़की को एकदम ठीक ठीक २४ फ़्रेम में बँट के याद रह गया सब कुछ ही। वे एक मिनट उस आइने में ठहर गए। 

चाय बहुत अच्छी बनी थी। बाँट के पीने में मीठी लगी थोड़ी ज़्यादा। उसने ऐसा कभी नहीं किया था कि किसी के घर गयी और बिना इजाज़त किचन में जा कर चाय बना ली हो। कभी कभी हक़ माँगना नहीं पड़ता है। महसूस होता है। वे साथ में बहुत ख़ुश थे। ये ख़ुशी दोनों के चेहरे पर रेफ़्लेक्ट हो रही थी। कि उन्हें इतना ही चाहिए था। एक दूसरे के साथ वक़्त। इतना सा ही क़रीब होना। इतना सा दूर होना भी। 
***

वो नहीं जानती कि इसके बहुत दिन बाद उसे जाने क्यूँ याद आया। कि। शादी के बाद जब लड़की विदा होती है तो पीले रंग के कपड़े पहनती है। अपने घर आने के लिए।

27 January, 2019

इश्तियाक़

दिल्ली एक किरदार है मेरे क़िस्से का। इक लड़की है जो दिल्ली जाते ही मुझसे बाहर निकल आती है। दीवानों की तरह घूमती है। चाय सिगरेट पीती है। व्हिस्की ऑन द रॉक्स। कानों  में झुमके। माथे पर छोटी सी बिंदी। आँखों में इतनी मुहब्बत कि पूरे पूरे उपन्यास सिर्फ़ उस रौशनी में लिखा जाएँ। वो लड़की जो दिल्ली देखती है और जीती है वो सच के शहर से बहुत अलग होती है। उस शहर के लोग ऐसी दिलफ़रेब होते हैं कि उनपर जान देने का नहीं, जान निसार देने को जी चाहता है। ख़ूबसूरत उफ़ ऐसे कि बस। क़िस्सों में ही होता है कोई इतना ख़ूबसूरत।

***

तो उसने मेरा उसे देखना देखा है। देर तक देखना। उसने वाक़ई मेरे चेहरे को ग़ौर से देखा होगा। कभी कभी सोचती हूँ मैं भी, कितने लोग होते होंगे उसे प्रेम में यूँ आकंठ डूबे हुए। मैं तुलना नहीं करना चाहती। उसके प्रेम में कम ज़्यादा नहीं होता। उसके प्रेम में सब एक जैसे ही दिखते हैं। मुझे वे सब स्त्रियाँ याद आती हैं जो उससे प्रेम करती हैं, जिन्हें मैंने देखा है। शायद जो एक ही अंतर मुझे दिखा, वो ये, कि वे प्रेम पर एक झीना पर्दा डालने की कोशिश करती हैं। एक घूँघट कि जिसके पीछे से उनका प्रेम और उनकी सुंदरता और ज़्यादा ही निखर जाती है। मुझे प्रेम यूँ भी हर ओर दिखता है। मैं प्रेम को उसके हर रूप में पहचान सकती हूँ। 

मुझे प्रेम में कृष्ण और राधा और मीरा और रूक्मिनी और गोपियाँ ही क्यूँ याद आती हैं? उनके एक मित्र ने पूछा, ‘आपको जलन नहीं होती? बुरा नहीं लगता’। मैंने हँस कर यही कहा था, वे कृष्ण हैं, सबका अधिकार है उन पर। मेरा प्रेम कोई अधिकार ना माँगता है न देता है। प्रेम सहज हो सकता है, अगर हम घड़ी घड़ी उसे सवालों के दायरे में ना बाँधें तो। 

उस रोज़ मैंने हल्दी पीले रंग की शॉल ओढ़ी थी। काले रंग का कुर्ता और काली चूड़ीदार। सर्दी ज़्यादा नहीं थी। दोस्तों ने हमेशा की तरह घुमा रखा था मुझे चकरघिरनी की तरह। कभी कहीं कभी कहीं। मैं दिल्ली में थी। मैं ख़ुश थी। जैसा कि मैं दिल्ली में हमेशा होती हूँ। किसी कहानी के किरदार जैसी। थोड़ी सच्ची, थोड़ी सपने में जीती हुयी। मेरी आँखों में जाने कितनी कितनी रौशनी थी। 

मैंने एक दिन पहले गुज़ारिश की थी, ‘कल शाम कहीं बाहर चलेंगे। मेरे हिस्से एक शाम लिखा सकती है क्या? डिनर या ड्रिंक्स कुछ।’ लेकिन इस दुनिया में ऐसा कुछ कहना फ़रमाईश की श्रेणी में आता है… अनाधिकार ज़िद की भी… और ज़िद तो हम कभी कर नहीं सकते। सो पूछा था और बात भूलने की कोशिश की थी। लेकिन दिल धड़क रहा था सुबह से। कभी कभी कोई ख़्वाहिश दुआ जैसी भी तो होती है। ईश्वर के पास जाती है…ईश्वर अच्छे मूड में होते हैं, बोलते हैं, तथास्तु। 

उस रेस्तराँ में पीली रोशनियाँ थीं… वोदका और व्हिस्की … थोड़ी थोड़ी आइस। मुझे याद है कितनी क्यूब्ज़, पर लिखूँगी नहीं। मेरा रेकर्ड नौ टकीला पी के भी होश में रहने का है। लोग कहते हैं मुझे पिलाना पैसों की बर्बादी है। मुझे कभी चढ़ती नहीं। कभी भी नहीं। एक थर्टी एमएल से हम टिप्सी हो जाएँ तो इसमें विस्की का कोई दोष नहीं हो सकता। हल्का हल्का सा लग रहा था सब। काँच के ग्लास के हल्की क्लिंक, ‘लव यू’। ब्रेख़्त याद आए। ‘When it is fun with you. Sometimes I think then. If I could die now. I’d have been happy. Right to the end.’ 

हम बाहर आए तो ठंडी हवा चल रही थी। मैं थोड़ी नशे में थी। सिर्फ़ इतना कि चलते हुए ज़रा सी उनकी बाँह पकड़ के चलने की दरकार हो। ऐसा नहीं कि गिर जाती, लेकिन ज़रा सा हाथ पकड़ के चलती, तो अच्छा लगता। ईमानदारी में लेकिन हमने जाने कहाँ की कौन सी घुट्टी घोल के पी रखी थी। जितने की ज़रूरत है उससे एक ज़रा कुछ नहीं माँगती। ये भी तो था कि ज़िंदगी ऑल्रेडी मेहरबान थी, उसपर ज़्यादा ज़ोर नहीं देना चाहिए। मैं ज़मीन से ज़रा ऊपर ही थी। थोड़ा सा ऊपर। हवा में। जिसे होवर करना कहते हैं। वैसी। 

मुझे ज़िंदगी में कई बार प्यार हुआ है। कई कई बार। लेकिन पहले प्यार होता था तो इस तरह उसमें डूबी होती थी कि कुछ होश ही नहीं रहता था, मैं क्या कर रही हूँ, किसके साथ हूँ… ख़ुमार में दिन बीतते थे। अब लेकिन प्यार इतने छोटे लम्हे के लिए होता है कि जब होता है तो अपनी पूरी धमक के साथ महसूस होता है। चेहरे पर चमक होती है, चाल में एक उछाल, बातों में थोड़ी सी लय… चुप्पी में थोड़ा सा सुख। अब मैं ख़ुद को देख भी पाती हूँ, बदलाव को महसूस कर पाती हूँ, उन्हें लिख पाती हूँ। 

हमने सिगरेट जलाई। मैं टिप्सी थी। थोड़ी। कनाट प्लेस में ऊँचे सफ़ेद खम्बे हैं। पीली रोशनी होती है। मेरे बाल खुले थे। मैं एक खम्बे से पीठ टिका कर खड़ी थी। थोड़ी थोड़ी उसी ऐक्सिस पर दाएँ बाएँ झूल रही थी। पाँच डिग्री। सिगरेट का कश छोड़ते हुए धुआँ मेरे और उनके बीच ठहरना चाहता लेकिन हवा थी… इसलिए उड़ जाता। उतने छोटे लम्हे में भी धुएँ के पार उनका होना एकदम किसी जादू जैसा था। मैं उन्हें छूना चाहती थी, देखने के लिए कि ये सपना तो नहीं है। लेकिन मैंने ऐसा किया नहीं। सिगरेट के गहरे कश खींचती और धुएँ के पार उन्हें देखती। सोचती। कोई कितना प्यार कर सकता है किसी से। मैं जितना प्यार कर सकती हूँ किसी से… उतना प्यार करती हूँ मैं उनसे।  
सिगरेट उन्हें देते हुए उँगलियाँ छू जातीं। सीने में कोई तड़प उठती। मैं उसे ठीक ठीक लिख नहीं सकती कि क्यूँ। किसी बेहद बेहद ख़ूबसूरत लम्हे को जीते हुए जब लगता है कि ये लम्हा गुज़र जाएगा। ये सिगरेट ख़त्म हो जाएगी। ये शहर हमें भूल जाएगा इक रोज़। उन्हें देखने को चेहरा पूरी तरह ऊपर उठा हुआ था। जैसे मैं आसमान में चाँद देखती हूँ। 

हम दोनों चुप थे। कि जाने दिल किस चीज़ का नाम है। कभी सिर्फ़ इतने पर जान दे रहा था कि जीवन में कभी एक बार उन्हें देख सकूँ। यहाँ एक पूरी शाम नशे में बीती थी। जाती शाम की आख़िरी और पहली सिगरेट जला चुके थे। लेकिन यहाँ से कहीं जाने को जी नहीं कर रहा था। मुझे याद नहीं मैंने आख़िरी बार कब किसी एक लम्हे को रोक लेना चाहा था। लेकिन ये एक वैसा लम्हा था। एक सिगरेट भर का लम्हा। कभी ना भूलने वाला लम्हा। शहर। और एक वही, जिसे जानां कहना चाहती थी। 

सुख की परिभाषा इतनी सी है कि हम जहाँ हैं और जिसके पास हैं, वहीं और उसी के पास होना चाहें उस लम्हे। सुख उतना ही था। मैं दिल्ली की किसी शाम थोड़े नशे में टिप्सी, ज़रा सी झूमती हुयी उस एक शख़्स के साथ सिगरेट पी रही थी जो कहानियों जैसा था। शहज़ादा। सरकार। कि जिसकी हुकूमत मेरे दिल पर चलती है, मेरे किरदारों पर, मेरे सपनों और पागलपन पर भी। दुनिया की किसी भी कहानी का प्लॉट इतना सुंदर नहीं हो सकता था जितना ज़िंदगी का था। 

उससे मेरा कहानियों का रिश्ता है। मैं लिखती हूँ और वो सच होता जाता है। मैं लिखती हूँ सफ़ेद शर्ट और उसके बदन पर कपास के धागे बुनते जाते हैं ताना बाना। मैं लिखती हूँ नीला कोट और देखती हूँ कि उसके कफलिंक्स पेन की निब वाले हैं। मैं लिखती हूँ वोदका और नशे में चलती हूँ थोड़ा बहकती हुयी। सिगरेट लिखती हूँ तो मेरी उँगलियों में उसकी छुअन महसूस होती है। मैं लिखना चाहती हूँ उसकी आँखें लेकिन स्याही नहीं होती मेरे पास। 

मैं उसे विदा नहीं कह सकी। वो मेरी रूह में घुल गया है। मेरे आसमान में, चमकते चाँद में। स्याही में। ख़ुशी में। इंतज़ार में। 

लिखे हुए क़िस्से की सबसे ख़ूबसूरत बात यही है कि अतीत में जा कर क़िस्से को बदल नहीं सकते। तो वो एक सिगरेट मुझसे कोई नहीं छीन सकता। वो शहर। चुप्पी। पीले रंग की शॉल। उसकी सफ़ेद शर्ट। उसके गले लगने की ख़्वाहिश। उसे न चूमने का दुःख। ये ख़ज़ाना है। मरूँ तो मेरे साथ चला जाए। नायाब ये इश्क़ तिलिस्म। 

मोह में रचते हैं। इश्क़ में जीते हैं। क़िस्से-कहानियों-कविताओं से लोग। 
जां निसार तुझ पे, जानां! 

20 January, 2019

लव यू बे

आज याद आया कि तुम्हारे गले लगे साल से ऊपर होने को आया। अजीब सा दुखा कुछ। हूक जैसा। सोचती हूँ इसमें मेरी क्या ग़लती कि मैं प्यार नहीं करती तुमसे। प्यार कभी कभी ख़त्म हो जाता है। हमेशा वग़ैरह टाइप की चीज़ें सिर्फ़ पहले प्यार के लिए रिज़र्व होती हैं। तब लगता है कि ज़िंदगी भर इसी एक लड़के से प्यार रहेगा। दूसरे, तीसरे और बाद के कितने भी नम्बर वाले प्रेम के हिस्से बहुत कुछ होता है, ‘हमेशा’ नहीं होता। यूँ भी अब मैं हमेशा का इस्तेमाल बहुत बहुत कम चीज़ों के लिए करती हूँ। ज़िंदगी में इतनी तेज़ी से चीज़ें बदलती हैं, लोग छूट जाते हैं। शहर छूट जाते हैं। क़िस्सा, कहानी, किरदार, कविता… कुछ भी नहीं रहता है हमेशा के लिए।

हाँ, मैं नहीं करती तुमसे प्यार। हमेशा वाला। लेकिन मैं पूरी तरह भूल भी नहीं पाती न किसी को। ज़रा सा प्यार छूटा रह जाता है। उस ज़रा से प्यार का करते क्या हैं?

कोई नया गाना आता है ना, इतना पसंद कि दिन रात, सुबह शाम लूप में वही एक गाना सुनते हैं बस। नींद में, जाग में, नहाते हुए, खाते हुए… बस वही एक गाना, वही बोल, वही धुन। ऐसे ही होता है प्यार। जब चढ़ता है तो कुछ और नहीं सूझता महबूब के सिवा। उसके दिन, रात, शामें… उसका शहर, किताब, कविता, हँसी उसकी या कि उसका ग़ुस्सा ही। ज़िंदगी में उसके सिवा कुछ नहीं होता। फिर जैसे एक दिन गाना उतर जाता है सुन सुन के, वैसे ही एक दिन मुहब्बत चली जाती है दिल से। हम विरक्त हो जाते हैं उस प्रेम के प्रति। लेकिन इन चीज़ों के बारे में कोई नहीं लिखता। कि अभी लोग ज्ञान देने पहुँच जाएँगे, ऐसा थोड़े होता है। होता है जी, हमारे साथ हुआ है।

लेकिन इसके बाद का क़िस्सा भी तो है। दिल जाने किस याद पर कचकता रहेगा। मैं सोचती रहूँगी। आसान था तुम्हारे लिए यूँ चले जाना। लेकिन तुम्हें गले नहीं लगा कर मुझे इतना दुःख रहा है तो तुम्हें जाने कितना दुखा होगा। मैं तुम्हारे दुःख का सोच कर तड़प जाती हूँ। क्या है ना जानम, तुम्हें ये वाला प्यार समझ नहीं आएगा। शब्द कम हैं हमारे पास इसलिए प्यार और दोस्ती वाले दो ही ऑप्शन दिए जाते हैं। जो हम कह दें, कि नहीं, कुछ और भी होता है तो? समझ पाएँगे लोग? लोगों का पता नहीं, मुझे लगता है तुम ही नहीं समझ पाओगे।

मैं सपने में तुम्हें देखती हूँ। बरगद का पेड़ है। पेड़ के नीचे हनुमान जी की प्रतिमा लगी है। किसी दोपहर वहाँ तुम्हें एक पूरी नज़र देखना माँगा था। तुम सिगरेट का आख़री कश मार रहे थे, तुम्हें क्या ज़िद कहते हम। फिर इतने बेग़ैरत तो हैं नहीं कि ज़बरन गले में बाँहें डाल दें। ‘हमने कर लिया था अहदे तर्क-ए-इश्क़, तुमने फिर बाँहें गले में डाल दीं’।

सुनो। कुछ बचा नहीं है हमारे बीच। तो वो चिट्ठियाँ जला ही देना। कि तुम्हारे शहर में तो कहते हैं सबको मोक्ष मिल जाता है। कौन जाने मुझे ही चैन से जीना आ ही जाए तुम्हारे बग़ैर भी। अच्छा ये है कि तुम्हारी आवाज़ इंटर्नेट पर है, तुम्हें याद करके मरूँगी नहीं। हाँ, वो मिस करती हूँ अक्सर, कि ज़िद करके कोई कविता रेकर्ड करवा लूँ तुमसे। कि बस माँग लूँ हथेली खोल के और तुम धर दो… कोई नन्हा सपना, कोई ज़िद्दी शेर, कहकहा कोई… पता है, मैं तुम्हारी हँसी को बहुत मिस करती हूँ। तुम्हारी सिगरेट को भी। तुम्हें पता है, चाय मैंने पहली बार सिर्फ़ तुम्हारे लिए पी थी। तुम्हारी तरह कड़क। क्या क्या सोचती रही तुम्हारे शहर के बारे में। आते आते रुकी। सोचती रही कि आने से कोई दिक्कत तो ना होगी तुम्हें। जाने कैसे होते तो तुम अपने शहर में। शायद वो शहर जो तुम्हें पहचानता है, मुझे पहचानने से इनकार कर दे। कौन जाने।

याद है एक दिन कैसी पगला गयी थी, कि छत से कूद ही जाऊँगी। कि अमरीका होता तो बंदूक़ ख़रीद लाती और ख़ुद को गोली मार लेती। कि लगता था कि तुमसे कहूँगी तो तुम फिर से डाँटोगे इतना कि मरने का ख़याल मुल्तवी कर देंगे। तुम्हें कई बातें नहीं बातायीं। कि जैसे तुम्हारे सिवा कोई नहीं डाँटता मुझे। कि सच्ची तुमसे डाँट खा के अच्छा लगता था। जैसे बचपन का कोई हिस्सा बाक़ी हो। कि ग़लतियाँ करना अच्छा लगता था। तुम्हारे डाँटने से ये भी तो लगता था कि अब माफ़ कर दोगे। हो गयी बात ख़त्म। कोई बात ज़िंदगी भर भी चल जाएगी, ये कौन सोच सकता था। तुम्हारी नाराज़गी थोड़ी कम चले, सो लगता है ज़िंदगी ही छोटी रहे थोड़ी। कि तुम उम्र भर ही तो नाराज़ रहोगे मुझसे... मरने के बाद थोड़े न।

काश कि जब आख़िरी बार मिले थे तुमसे, मालूम होता कि आख़िरी बार गले लग रहे हैं तुमसे। तो बस थोड़ा ज़्यादा देर भींचे रहते तुमको। कहते तुमसे। तुम उम्र में बड़े हो, मेरा माथा चूम कर अलविदा कहो। कि रोकने का न अधिकार है न दुस्साहस। बस, ज़िंदगी से थोड़ी सी गुज़ारिश है कि कभी मिलो फिर… इस बार प्यार से अलविदा कहना। कि मैं जाने प्यार तुमसे करती हूँ या नहीं, पर विदा प्यार से कहना चाहती हूँ तुमको।

आइ मिस यू। बहुत।
लव यू बे।

19 January, 2019

धूप, धुंध, धुआँ

मैं लिखना चाहती हूँ कि उसके काँधे से कैसी ख़ुशबू आती थी। धूप और कोहरे की मिली हुयी। अलविदा और फिर मिलेंगे की मिलीजुली भी। कि उसके काँधे पर सर रख के सोया भी जा सकता था, रोया भी जा सकता था। मैं उसे शहज़ादा भी कहती, सरकार भी… कि उसके होते हमारे दिल की सल्तनत पर सालों किसी ने नज़र भी नहीं डाली। उसके साथ होती तो भूल जाती कि क्या चाहिए… जो घट रहा होता था हमारे साथ, बस वही, बस उतना ही चाहिए होता था।

शहर कोहरे में घुल के पीछे छूटता जा रहा था। मैं उसे ड्रॉप करने स्टेशन क्यूँ जा रही थी? क्या ये कम नहीं दुखता कि वो जा रहा था और कि शहर वीरान हो जाता। कि मेरे लिए तो शहर दिल्ली बस एक उसका होना ही था। तो मैं ख़ुद को तसल्ली कैसे दे पा रही थी? कि कैसा था उसके साथ आख़िर लम्हे तक होना। विदा कहना। मोमिन भी थे, ‘थी वस्ल में भी फिक्रे जुदाई तमाम शब, वो आए भी तो नींद न आयी तमाम शब’ और कि ग़ालिब, ‘जाते हुए कहते हो क़यामत को मिलेंगे, क्या ख़ूब क़यामत का है गोया कोई दिन और’। पर इन सबके बीच की कोई कहानी थी जो चुप थी।

बात यूँ थी नहीं कुछ। दिल हुआ उसकी ख़ुशबू ओढ़ के बैठूँ जाड़े की आख़िरी इस शाम में तो उससे कहा, ज़रा अपना ये स्वेटर खोल के दे दो। वो जान से प्यारा आदमी, उसने उतार दिया स्वेटर और दे दिया। मैं उससे टेक लगाए बैठी थी, स्वेटर बाँहों में भरे। ‘तुम कौन सा पर्फ़्यूम लगते हो?’… ‘पर्फ़्यूम नहीं लगाता, ज़रा सा आफ़्टरशेव की गंध होगी शायद, बस’ … लेकिन स्वेटर में शहर की गंध थी। कोहरे, धुएँ और धूप की। तिलिस्मी। कभी इतनी देर उसके गले नहीं लगी कि उसकी ख़ुशबू पहचान सकूँ। पर वो ख़ुशबू मुझे पागल कई साल से किए हुए है। कितनी शामें उसकी तस्वीर देखते हुए सिर्फ़ इतना सोचा है, कैसी ख़ुशबू आती है उसके काँधे से… उसकी कलाइयों से… चिट्ठी लिखता है तो काग़ज़ जज़्ब करता है उसकी उँगलियों की गंध… कभी ख़यालों में सही, उसने कोई ख़त लिखा होगा मुझे? पहली बार मिली थी तो हाथ चूमे थे उसके। हमने जस्ट सिगरेट पी थी और उसकी उँगलियों में वही गंध थी। स्याही की कोई पहचानने लायक़ गंध होती भी है क्या?

उसे देखने में आँच आती है। मेरी आँख भर भर आती है उसे देखते हुए। मैं इसलिए उसे लेंस के थ्रू देखती हूँ। कैमरा कभी मैंने ऑटमैटिक फ़ोकस पर नहीं रखा। हमेशा मैन्यूअल। वरना शायद मैं पागल हो जाती। कैमरा की फ़ोकसिंग रिंग को उँगलियों से घुमाते हुए और ज़ूम इन करके देखते हुए ध्यान बस इतना रखना होता है कि फ़ोटो आउट औफ़ फ़ोकस न आए। शार्प रहे। फिर वो है भी तो इतना तीखा। जॉलाइन देखो। उँगलियाँ तराश दें ऐसी तीखी जॉलाइन है उसकी। गोल्डन आवर धूप का होता है जैसे सिर्फ़ उसकी आँखों में रंग भरने को। सुनहली आँखें। मुस्कुराता है तो समझ नहीं आता कैमरा को देख कर मुस्कुरा रहा है या मुझे। मैं ट्रान्स में होती हूँ। उस वक़्त और कुछ नहीं सूझता मुझे। मैं प्यार में भी होती हूँ। शायद।

मेरा उस स्वेटर पर दिल आ गया था। पर ठंड का मौसम और स्वेटर वापस ना करूँ तो लड़के की जान चली जाए…और स्वेटर वापस कर दूँ, तो हमारी। लेकिन मुहब्बत तो वही ना, कि क़त्ल होने ही आते हैं इस शहर। तो स्वेटर वापस करना ही पड़ा। इत्ति सी ख़्वाहिशें तो खुदा के पास भी नहीं भेजते। कल धूप में सोए सोए सिगरेट पी रही थी। स्टडी में फ़र्श पर एक गद्दा है… उसे खींच कर धूप के टुकड़े के बीच में रखा था। धूप में धुआँ देख रही थी। याद उसकी आँखें आ रही थीं। मैंने आँख बंद कर के याद करके की कोशिश की कि स्वेटर से कैसी ख़ुशबू आ रही थी। लेकिन ख़ुशबू याद नहीं रहती। उसकी तस्वीर भी तो नहीं खींच सकते। एक ही उपाय है… किरदार रचें ऐसा… हो कोई लड़की… कोई शहज़ादा कहीं दूर देश का…

***
लड़की पागल थी। लेकिन थोड़ी सी। पूरी पागल होती तो उसकी जैकेट हरगिज़ वापस नहीं करती। 

25 October, 2018

सितम



फ़िल्म ब्लैक ऐंड वाइट है लेकिन मैं जानती हूँ कि उसने सफ़ेद ही साड़ी पहनी होगी। एकदम फीकी, बेरंग। अलविदा के जैसी। जिसमें किसी को आख़िरी बार देखो तो कोई भी रंग याद ना रह पाए। भूलना आसान हो सफ़ेद को। दरवाज़े पर खड़े हैं और उनके हाथ में दो तिहायी पी जा चुकी सिगरेट है। मैं सोचती हूँ, कब जलायी होगी सिगरेट। क्या वे देर तक दरवाज़े पर खड़े सिगरेट पी रहे होंगे, सोचते हुए कि भीतर जाएँ या ना जाएँ। घर को देखते हुए उनके चेहरे पर कौतुहल है, प्रेम है, प्यास है। वे सब कुछ सहेज लेना चाहते हैं एक अंतिम विदा में। 

मिस्टर सिन्हा थोड़ा अटक कर पूछते हैं। 'तुम। तुम जा रही हो?'। वे जानते हैं कि वो जा रही है, फिर भी पूछते हैं। वे इसका जवाब ना में सुनना चाहते हैं, जानते हुए भी कि ऐसा नहीं होगा। ख़ुद को यक़ीन दिलाने की ख़ातिर। भूलने का पहला स्टेप है, ऐक्सेप्टन्स... मान लेना कि कोई जा चुका है। 

मेरा दिल टूटता है। मुझे हमेशा ऐसी स्त्रियाँ क्यूँ पसंद आती हैं जिन्होंने अपने अधिकार से ज़्यादा कभी नहीं माँगा। जिन्होंने हमेशा सिर्फ़ अपने हिस्से का प्रेम किया। एक अजीब सा इकतरफ़ा प्रेम जिसमें इज़्ज़त है, समझदारी है, दुनियादारी है और कोई भी उलाहना नहीं है। उसके कमरे में एक तस्वीर है, इकलौता साक्ष्य उस चुप्पे प्रेम का... अनकहे... अनाधिकार... वो तस्वीर छुपाना चाहती है। 

बार बार वो सीन क्यूँ याद आता है हमको जब गुरुदत्त वहीदा से शिकायती लहजे में कहते हैं, 'दो लोग एक दूसरे को इतनी अच्छी तरह से क्यूँ समझने लगते हैं? क्यूँ?'। 

इंस्ट्रुमेंटल बजता है। 'वक़्त ने किया क्या हसीं सितम'। यही थीम संगीत है फ़िल्म में हीरोईन का। मुझे याद आता है मैंने तुमसे एक दिन पूछा था, 'कौन सा गाना सुन रहे हो?', तुमने इसी गाने का नाम लिया था... और हम पागल की तरह पूछ बैठे थे, कौन सा दुःख है, किसने दिया हसीं सितम तुम्हें। तुम उस दिन विदा कह रहे थे, कई साल पहले। लेकिन मैं कहाँ समझ पायी। 

जिस लम्हे सुख था, उस दिन भी मालूम था कि ज़िंदगी का हिसाब बहुत गड़बड़ है। लम्हे भर के सुख के बदले सालों का दुःख लिखती है। कि ऐसे ही दुःख को सितम कहते हैं। फिर हम भी तो हिसाब के इतने ही कच्चे हैं कि अब भी ज़िंदगी पूछेगी तो कह देंगे कि ठीक है, लिखो लम्हे भर का ही सही, सुख। 

तकलीफ़ है कि घटने की जगह हर बार बढ़ती ही जाती है। पिछली बार का सीखा कुछ काम नहीं आता। बस, कुछ चीज़ें हैं जो जिलाए रखती हैं। संगीत। चुप्पी। सफ़र। 

इन दिनों जल्दी सो जाती हूँ, लेकिन मालूम आज क्यूँ जागी हूँ अब तक? मुझे सोने से डर लग रहा है। कल सुबह उठूँगी और पाऊँगी कि दिल तुम्हें थोड़ा और भूल गया है। फ़ोन पड़ा रहेगा साइलेंट पर कहीं और मुझे फ़र्क़ नहीं पड़ेगा। कि मैं अपने लिखे में भी तुम्हारा अक्स मिटा सकूँगी। कि मैं तुम्हें सोशल मीडिया पर स्टॉक नहीं करूँगी। तुम्हारे हर स्टेटस, फ़ोटो, लाइक से तुम्हारी ज़िंदगी की थाह पाने की कोशिश नहीं करूँगी। कि तुमसे जुड़ा मोह का बंधन थोड़ा और कमज़ोर पड़ेगा। दिन ब दिन। रात ब रात। 
अनुभव कहता है तुम्हें मेरी याद आ रही होती होगी। दिल कहता है, 'चल खुसरो घर अपने, रैन भए चहुं देस'। अपने एकांत में लौट चल। जीवन का अंतिम सत्य वही है।
आँख भर आती है। उँगलियाँ थरथराती हैं। कैसे लिखूँ तुम्हें। किस हक़ से। 
प्यार।

10 November, 2017

एक ख़ूबसूरत लड़की की ख़ातिर सिफ़ारिशी चिट्ठी

तुम्हें सौंदर्य इतना आक्रांत क्यूँ करता है? उसकी सुंदरता निष्पाप है। उसने कभी उसका कोई घातक इस्तेमाल नहीं किया। कभी किसी की जान लेना तो दूर की बात है, किसी का दिल भी नहीं तोड़ा। उसने हमेशा अपने सौंदर्य को एक बेपरवाही की म्यान में ढक कर रखा। तुम्हें ख़ुद से बचा कर रखा। तुम उसकी ख़ूबसूरती से इतना डरते क्यूँ हो कि जैसे वो कोई बनैला जानवर हो...भूखा...तुम्हारे समय और तुम्हारे प्रेम का भूखा?

उसकी ख़ूबसूरती को लेकर पैसिव नहीं हो सकते तुम? थोड़े सहनशील। ऐसा तो नहीं है कि दुखता है उसका ख़ूबसूरत होना। उसकी काली, चमकती आँखें तुम्हें देखती हैं तो तकलीफ़ होती है तुम्हें? सच बताओ? तुम्हारा डर एक भविष्य का डर है। प्रेम का डर है। आदत हो जाने का डर है। ऐसे कई लोगों के भीषण डर के कारण वो उम्र भर अपराधबोध से ग्रस्त रही। एक ऐसे अपराध की सज़ा पाती रही जो उसने किया ही नहीं था। ख़ुद को हर सम्भव साधारण दिखाने की पुरज़ोर कोशिश की। शृंगार से दूर रही, सुंदर रंगों से दूर रही...यहाँ तक कि आँखों में काजल भी नहीं लगाया कभी। अब उम्र के साथ उसके रूप की धार शायद थोड़ी कम गयी है, इसलिए उसने फिर से तुम्हें तलाशा।

तुम रखो ना अपने बदन पर अपना जिरहबख़्तर। तुम रखो अपनी आत्मा को उससे बहुत बहुत ही दूर। मत जुड़ने दो उससे अपना मन। लेकिन इतना तो कर सकते हो कि जैसे गंगा किनारे बैठ कर बात कर सकते हैं दो बहुत पुराने मित्र। एक दूसरे को नहीं देखते हुए, बल्कि सामने की धार को देखते हुए। ना जाओ तुम उसके साथ Bern, लेकिन बनारस तो चल सकते हो?

उसे तुम्हारी वाक़ई ज़रूरत है। ज़िंदगी के इस मोड़ पर। देखो, तुम नहीं रहोगे तो भी ज़िंदगी चलती रहेगी। उसे यूँ भी अपनी तन्हाई में रहने की आदत है। लेकिन वो सोचती है कभी कभी, तुम्हारा होना कैसा होगा। तुम्हारे होने से सफ़र के रंग सहेजना चाहेगी वो कि तुम्हारे लिए भेज सके काग़ज़ में गहरा लाल गुलाल...टेसू के फूलों से बना हुआ। तुम किसी सफ़र में जाओ तो सड़कों पर देख लो मील के पत्थर और उसे भेज दो whatsapp पर किसी एकदम ही अनजान गाँव का कोई gps लोकेशन। ज़िंदगी बाँटी जा सकती है कितने तरह से। थोड़ी सी जगह बनाओ ना उसके लिए अपनी इस ज़िंदगी में। बस थोड़ी सी ही। अनाधिकार तो कुछ भी माँगेगी नहीं वो। लेकिन कई बरस की दोस्ती पर इतना सा तो माँग ही सकती है तुमसे।

किसी नीले चाँद रात एक बाईक ट्रिप हो। सुनसान सड़कों पर रेसिंग हो। क़िस्से हों। कविताएँ। एक आध डूएट गीत। ग़ालिब और फ़ैज़ हों। मंटो और रेणु हों।

हम प्रेम की ज़रूरत को अति में देखते हैं। प्रेम की जीवन में अपनी जगह है। लेकिन उसके बाद जो बहुत सा विस्तार है। बहुत सा ख़ालीपन। उसमें दोस्त होते हैं। हाँ, डरते हुए दोस्त भी...कि तुमसे प्यार हो जाएगा, तुम्हारी लत लग जाएगी। ये सब ज़िंदगी का हिस्सा है। वो जानती है कि वो कभी भी love-proof नहीं होगी। उससे प्यार हो जाने का डर हमेशा रहेगा। लेकिन इस डर से कितने लोगों को खोती रहेगी वो ज़िंदगी में। और कब तक।

सुनो ना ज़िद ही मानो उसकी। समझो थोड़ा ना उस ज़िद्दी लड़की को जिसे तुम पंद्रह की उमर से जानते हो। She needs you. Really. कुछ वक़्त अपना लिख दो ना उसके नाम। थोड़ा दुःख तुम भी उठा लो। क्या ही होगा। कितना ही दुखेगा। पिलीज। देखो, हम सिफ़ारिश कर रहे हैं उसकी। अच्छी लड़की है। ख़तरनाक है थोड़ी। सूयसाइडल है। डिप्रेस्ड हो जाती है कई बार। लेकिन अधिकतर नोर्मल रहेगी तुम्हारे सामने। दोस्ती रखोगे ना उससे? प्रॉमिस?

01 November, 2017

She rides a Royal Enfield ॰ चाँदनी रात में एनफ़ील्ड रेसिंग

दुनिया में बहुत तरह के सुख होते होंगे। कुछ सुख तो हमने चक्खे भी नहीं हैं अभी। कुछ साल पहले हम क्या ही जानते थे कि क़िस्मत हमारे कॉपी के पन्ने पर क्या नाम लिखने वाली है।

बैंगलोर बहुत उदार शहर है। मैं इससे बहुत कम मुहब्बत करती हूँ लेकिन वो अपनी इकतरफ़ा मुहब्बत में कोई कोताही नहीं करता। मौसम हो कि मिज़ाज। सब ख़ुशनुमा रखता है। इन दिनों यहाँ हल्की सी ठंढ है। दिल्ली जैसी। देर रात कुछ करने का मन नहीं कर रहा था। ना पढ़ने का, ना लिखने का कुछ, ना कोई फ़िल्म में दिल लग रहा था, ना किसी गीत में। रात के एक बजे करें भी तो क्या। घर में रात को अकेले ना भरतनाट्यम् करने में मन लगे ना भांगड़ा...और साल्सा तो हमको सिर्फ़ खाने आता है।

बाइकिंग बूट्स निकाले। न्यू यॉर्क वाले सफ़ेद मोज़े। उन्हें पहनते हुए मुस्कुरायी। जैकेट। हेल्मट। घड़ी। ब्रेसलेट। कमर में बैग कि जिसमें वॉलेट और घर की चाबी। गले में वही काला बिल्लियों वाला स्टोल कि जिसके साथ न्यू यॉर्क की सड़कें चली आती हैं हर बार। मुझे बाक़ी चीज़ों के अलावा, एनफ़ील्ड चलाने के पहले वाली तैयारी बहुत अच्छी लगती है। शृंगार। स्ट्रेच करना कि कहीं मोच वोच ना आ जाए।

गयी तो एनफ़ील्ड इतने दिन से स्टार्ट नहीं की थी। एक बार में स्टार्ट नहीं हुयी। लगा कि आज तो किक मारनी पड़े शायद। लेकिन फिर हो गयी स्टार्ट। तो ठीक था। कुछ देर गाड़ी को आइड्लिंग करने दिए। पुचकारे। कि खामखा नाराज़ मत हुआ कर। इतना तो प्यार करती हूँ तुझसे। नौटंकी हो एकदम तुम भी।

इतनी रात शहर की सड़कें लगभग ख़ाली हैं। कई सारी टैक्सीज़ दौड़ रही थीं हालाँकि। एकदम हल्की फुहार पड़ रही थी। मुझे अपनी एनफ़ील्ड चलने में जो सबसे प्यारी चीज़ लगती है वो तीखे मोड़ों पर बिना ब्रेक मारे हुए गाड़ी के साथ बदन को झुकाना...ऐसा लगता है हम कोई बॉल डान्स का वो स्टेप कर रहे हैं जिसमें लड़का लड़की की कमर में हाथ डाल कर आधा झुका देता है और फिर झटके से वापस बाँहों में खींच कर गोल चक्कर में घुमा देता है।

कोई रूह है मेरी और मेरी एनफ़ील्ड की। रूद्र और मैं soulmates हैं। मैं छेड़ रही थी उसको। देखो, बदमाशी करोगे ना तो अपने दोस्त को दे देंगे चलाने के लिए। वो बोला है बहुत सम्हाल के चलाता है। फिर डीसेंट बने घूमते रहना, सारी आवारगी निकल जाएगी। आज शाम में नील का फ़ोन आया था। वो भी चिढ़ा रहा था, कि अपनी एनफ़ील्ड बेच दे मुझे। मैं उसकी खिंचाई कर रही थी कि एनफ़ील्ड चलाने के लिए पर्सनालिटी चाहिए होती है, शक्ल देखी है अपनी, एनफ़ील्ड चलाएगा। और वो कह रहा था कि मैं तो बड़ी ना एनफ़ील्ड चलाने वाली दिखती हूँ, पाँच फ़ुट की। भर भर गरियाए उसको। हम लोगों के बात का पर्सेंटिज निकाला जाए तो कमसे कम बीस पर्सेंट तो गरियाना ही होगा।

इनर रिंग रोड एकदम ख़ाली। बहुत तेज़ चलाने के लिए लेकिन चश्मे दूसरे वाले पहनने ज़रूरी हैं। इन चश्मों में आँख में पानी आने लगता है। हेल्मट का वाइज़र भी इतना अच्छा नहीं है तो बहुत तेज़ नहीं चलायी। कोई अस्सी पर ही उड़ाती रही बस। इनर रंग रोड से घूम कर कोरमंगला तक गयी और लौट कर इंदिरानगर आयी। एक मन किया कि कहीं ठहर कर चाय पी लूँ लेकिन फिर लगा इतने दिन बाद रात को बाहर निकली हूँ, चाय पियूँगी तो सिगरेट पीने का एकदम मन कर जाएगा। सो, रहने ही दिए। वापसी में धीरे धीरे ही चलाए। लौट कर घर आने का मन किया नहीं। तो फिर मुहल्ले में घूमती रही देर तक। स्लो चलती हुयी। चाँद आज कितना ही ख़ूबसूरत लग रहा था। रूद्र की धड़कन सुनती हुयी। कैसे तो वो लेता है मेरा नाम। धकधक करता है सीने में। जब मैं रेज देती हूँ तो रूद्र ऐसे हुमक के भागता है जैसे हर उदासी से दूर लिए भागेगा मुझे। दुनिया की सबसे अच्छी फ़ीलिंग है, रॉयल एनफ़ील्ड ५०० सीसी को रेज देना। फिर उसकी आवाज़। उफ़! जिनकी भी अपनी एनफ़ील्ड है वो जानते हैं, इस बाइक को पसंद नहीं किया जा सकता, इश्क़ ही किया जा सकता है इससे बस।

मुहल्ले में गाड़ियाँ रात के डेढ़ बजे एकदम नहीं थीं। बस पुलिस की गाड़ी पट्रोल कर रही थी। मैंने सोचा कि अगर मान लो, वो लोग पूछेंगे कि इतनी रात को मैं क्यूँ पेट्रोल जला रही हूँ तो क्या ही जवाब होगा मेरे पास। मुझे लैम्पपोस्ट की पीली रोशनी हमेशा से बहुत अच्छी लगती है। मैं हल्के हल्के गुनगुना रही थी। ख़ुद के लिए ही। 'ख़्वाब हो तुम या कोई हक़ीक़त, कौन हो तुम बतलाओ'। एनफ़ील्ड की डुगडुग के साथ ग़ज़ब ताल बैठ रहा था गीत का। कि लड़कपन से भी से मुझे कभी साधना या फिर सायरा बानो बनने का चस्का कम लगा। हमको तो देवानंद बनना था। शम्मी कपूर बनना था। अदा चाहिए थी वो लटें झटकाने वालीं। सिगरेट जलाने के लिए वो लाइटर चाहिए था जिसमें से कोई धुन बजे। मद्धम।

सड़क पर एनफ़ील्ड पार्क की और फ़ोन निकाल के फ़ोटोज़ खींचने लगी। ज़िंदगी के कुछ ख़ूबसूरत सुखों में एक है अपनी रॉयल एनफ़ील्ड को नज़र भर प्यार से देखना। पीली रौशनी में भीगते हुए। उसकी परछाईं, उसके पीछे की दीवार। जैसे मुहब्बत में कोई महबूब को देखता है। उस प्यार भरी नज़र से देखना।

सड़क पर एक लड़का लड़की टहल रहे थे। उनके सामने बाइक रोकी। बड़ी प्यारी सी लड़की थी। मासूम सी। टीनएज की दहलीज़ पर। मैंने गुज़ारिश की, एक फ़ोटो खींच देने की। कि मेरी बाइक चलाते हुए फ़ोटो हैं ही नहीं। उसने कहा कि उसे ये देख कर बहुत अच्छा लगा कि मैं एनफ़ील्ड चला रही हूँ। मैंने कहा कि बहुत आसान है, तुम भी चला सकती हो। उसने कहा कि बहुत भारी है। अब एनफ़ील्ड कोई खींचनी थोड़े होती है। मैंने कहा उससे। हर लड़की को गियर वाली बाइक ज़रूर चलानी चाहिए। उसमें भी एनफ़ील्ड तो एकदम ही क्लास अपार्ट है। कहीं भी इसकी आवाज़ सुन लेती हूँ तो दिल में धुकधुकी होने लगती है। मैं हर बार लड़कियों को कहती हूँ, मोटर्सायकल चलाना सीखो। ये एक एकदम ही अलग अनुभव है। इसे चलाने में लड़के लड़की का कोई भेद भाव नहीं है। अगर मैं चला सकती हूँ, तो कोई भी चला सकता है।

पिछले साल एनफ़ील्ड ख़रीदने के पहले मैंने कितने फ़ोरम पढ़े कि कोई पाँच फुट दो इंच की लड़की चला सकती है या नहीं। वहाँ सारे जवाब बन्दों के बारे में था, छह फुट के लोग ज्ञान दे रहे थे कि सब कुछ कॉन्फ़िडेन्स के बारे में है। अगर आपको लगता है कि आप चला सकते हैं तो आप चला लेंगे। मुझे यही सलाह चाहिए थी मगर ऐसी किसी अपने जैसी लड़की से। ये सेकंड हैंड वाला ज्ञान मुझे नहीं चाहिए था।

तो सच्चाई ये है कि एनफ़ील्ड चलाना और इसके वज़न को मैनेज करना प्रैक्टिस से आता है। ज़िंदगी की बाक़ी चीज़ों की तरह। हम जिसमें अच्छे हैं, उसकी चीज़ को बेहतर ढंग से करने का बस एक ही उपाय है। प्रैक्टिस। एक बार वो समझ में आ गया फिर तो क्या है एनफ़ील्ड। फूल से हल्की है। और हवा में उड़ती है। मैंने दो दिन में एनफ़ील्ड चलाना सीख लिया था। ये और बात है कि पापा ने सबसे पहले राजदूत सिखाया था पर पटना में थोड़े ना चला सकते थे। कई सालों से कोई गियर वाली बाइक चलायी नहीं थी।

अभी कुछ साल पहले सपने की सी ही बात लगती थी कि अपनी एनफ़ील्ड होगी। कि चला सकेंगे अपनी मर्ज़ी से ५०० सीसी बाइक। कि कैसा होता होगा इसका ऐक्सेलरेशन। क्या वाक़ई उड़ती है गाड़ी। वो लड़की नाम पूछी मेरा। हाथ मिलायी। मुझे अपने बचपन के दिन याद आ गए जब देवघर में एक दीदी हीरो होंडा उड़ाया करती थी सनसन। हमारे लिए तो वही रॉकस्टार थी। तस्वीर खींचने को जो लड़की थी, उसे बताया मैंने कि एनफ़ील्ड पति ने गिफ़्ट की है पिछले साल, तो वो लड़की बहुत आश्चर्यचकित हो गयी थी।

दुनिया में छोटे छोटे सुख हैं। जिन्हें मुट्ठी में बांधे हुए हम सुख की लम्बी, उदास रात काटते हैं। तुम मेरी मुट्ठी में खुलता, खिलखिलाता ऐसा ही एक लम्हा हो। आना कभी बैंगलोर। घुमाएँगे तुमको अपने एनफ़ील्ड पर। ज़ोर से पकड़ के बैठना, उड़ जाओगे वरना। तुम तो जानते ही हो, तेज़ चलाने की आदत है हमको।

ज़िंदगी अच्छी है। उदार है। मुहब्बत है। अपने नाम पर रॉयल एनफ़ील्ड है।
इतना सारा कुछ होना काफ़ी है सुखी होने के लिए।
सुखी हूँ इन दिनों। ईश्वर ऐसे सुख सबकी क़िस्मत में लिक्खे।

29 October, 2017

जानां, तुम्हारे बाद, किसी से क्या इश्क़ होगा


लिखते हुए समझ नहीं आ रहा उसे लिखूँ या उन्हें। प्रेम के बारे में लिखती हूँ तो उसे कहती हूँ, व्यक्ति की बात आती है तो उन्हें कहना चाहती हूँ।

आज बहुत दिन बाद उन्हें सपने में देखा। सपने की शुरुआत में कोई टीनेजर लड़की थी मेरे साथ। यही कोई अठारह साल के लगभग। पेज के कुछ उन रीडर्ज़ जैसी जिनसे मेरी कभी कभी बात हो जाती है। कोई ऐसी जो बहुत अपनी तो नहीं थी लेकिन प्यारी थी मुझे। मैं उसके साथ एनफ़ील्ड पर घूमने गयी थी कहीं। वहाँ पहाड़ थे और पहाड़ों से घाटी दिखती थी। एक ऊँचे पहाड़ पर कोई भी नहीं था। सुंदर मौसम था। बारिश हो रही थी। हम देर तक बारिश में भीगते रहे और बात करते रहे। प्रेम के बारे में, इसके साथ आते हुए दुःख सुख के बारे में। मेरे पास अनुभव था, उसके पास भोलापन। बहुत अच्छा लग रहा था एक दूसरे से बात कर के। हम दोनों एक दूसरे से सीख रहे थे।

वहाँ से मैं एनफ़ील्ड से ही आयी लेकिन आते आते वो लड़की कहाँ गयी, सो मुझे याद नहीं। मैं अकेले ही राइड कर रही थी मौसम बहुत गर्म था इसलिए कपड़े लगभग सूख गए थे लेकिन हेल्मट के नीचे बाल हल्के गीले थे। और कपड़ों का हल्का गीलापन कम्फ़्टर्बल नहीं था। अगले फ़्रेम में मैं उनके घर गयी हुयी हूँ। घर कुछ ऐसा है जैसे छोटे क़स्बों में घर हुआ करते हैं। छत पर कपड़े सूख रहे हैं। बालकनी है। पीछे छोटा सा आँगन है। काई लगी दीवारें हैं। मैं बहुत चाह कर भी शहर को प्लेस नहीं कर पायी कि शहर कौन सा है। ये उनका पैतृक गाँव नहीं था, ये उनके शहर का मकान नहीं था, ये मेरा पैतृक गाँव नहीं था, ये दिल्ली नहीं था, ये बैंगलोर नहीं था, ये ऐसा कोई शहर नहीं था जिसमें मैं कभी गयी हूँ लेकिन वहाँ उस मकान में अजीब अपनापन था। जैसे कि हम लोग पड़ोसी रहे हों और मेरा ऐसे उनके घर चले जाना कोई बहुत बड़ी बात ना हो। जबकि ये समझ थी कहीं कि मैं उनके घर पहली बार गयी हूँ।

भीतर का गीलापन। कपड़ों का सिमा हुआ होना जैसे बारिशों के दिन में कपड़े सूखे ना हों, हल्के गीले ही रहते हैं। कोरों किनारों पर। मैंने किसी से इजाज़त नहीं ली है, अपने कपड़े लेकर नहाने चली गयी हूँ। यहाँ का हिस्सा मेरे पटना के मकान का है। नहा के मैंने ढीली सी एक पैंट और टी शर्ट पहनी है। बाल हल्के गीले हैं। घर के बाहर औरतें बैठी हैं और बातें कर रही हैं। मैं उन्हें जानती नहीं हूँ। उनकी बेटी भी आयी हुयी है अपने कॉलेज की छुट्टियों से। जब उससे बात कर रही हूँ तो शहर दिल्ली हुआ जाता है। अपने JNU में किसी के हॉस्टल जैसा, वहाँ के गलियारे, लाल पत्थरों वाली बिल्डिंग कुछ पुराने दोस्तों के कमरे याद आ रहे हैं।शायद एक उम्र को मैं हमेशा JNU के हास्टल्ज़ से ही जोड़ती हूँ। उसकी हँसी बहुत प्यारी है। वो कह रही है कि कैसे उसे मेरा पढ़ना बहुत रास आ रहा है। मैं मुस्कुरा रही हूँ, थोड़ा लजा भी रही हूँ। हम किचन में चले आए हैं। उसे किसी ने बुलाया है तो वो चली गयी है।

ये किचन एकदम मेरे पटना वाले घर जैसा है। इसकी खिड़की पर निम्बू का पेड़ भी है। मैं उन्हें देखती हूँ। जिस प्यार की मुझे कोई समझ नहीं है। वैसे किसी प्यार में होते हुए। पूछती हूँ उनसे, ‘आप निम्बू की चाय पिएँगे?’, वे कहते हैं ‘तुम जो बनाओगी पी लेंगे, इसमें क्या है’। मैं कई उम्रों से गुज़रती हूँ वहाँ एक चाय बनाती हुयी। कई सारे सफ़र हुआ करते हैं हमारे बीच। खौलता हुआ पानी है। मैं चीनी डालती हूँ। दो कप नींबू की चाय में छह चम्मच चीनी पड़ती है। सब कुछ इतना धीमा है जैसे सपने में ही हो सकता है। खौलते पानी के बुलबुले एकदम सफ़ेद। मैं उन्हें देखती हूँ। वे कुछ कह नहीं रहे। बस देख रहे हैं। जाने कैसी नज़र से कि दिल बहुत तेज़ धड़कने लगा है। हाथ थरथरा रहे हैं। मुझे अभी चाय में पत्ती डालनी है। मैं इक थरथराहट में ही दो छोटी चम्मच पत्ती डालती हूँ। चाय का रंग दिख रहा है। गहरा आता हुआ। एकदम सफ़ेद दो प्यालियों में छानती हूँ चाय। वे खड़े हैं एकदम पास ही। कोई छह फ़ुट का क़द। साँवला रंग। एक लट माथे पर झूली हुयी जिसे हटा देने का अधिकार मुझे नहीं। उनकी आँखों का रंग देखने के लिए मुझे एकदम ही अपना सर पूरा ऊपर उठाना होता है। चाय में नींबू गारती हूँ तो सपने में भी अपनी उँगलियों से वो गंध महसूसती हूँ। चाय का रंग सुनहला होता है। मेरा हाथ कांपता है उन्हें चाय देते हुए।

दिल जानता है कि वो लम्हा है, ‘थी वस्ल में भी फ़िक्रे जुदाई तमाम शब’। कि वो सामने हैं। कि ये चाय बहुत अच्छी बनी है। कि मैं उनसे बहुत प्रेम करती हूँ। मुहब्बत। इश्क़। मगर ये, कि ये दोपहर का टुकड़ा कभी भी दुबारा नहीं आएगा। कि मैं कभी यूँ प्रेम में नहीं होऊँगी फिर। ताउम्र। कि सपना जितना सच है उतनी ज़िंदगी कभी नहीं होगी।

मैं नींद से उठती हूँ तो उनकी नर्म निगाहें अपने इर्द गिर्द पाती हूँ, जैसे कोई धूप की महीन शॉल ओढ़ा दे इस हल्की भीनी ठंढ के मौसम में। कि ये गंध। नींबू की भीनी गंध। अंतिम विदा कुछ ऐसे ही गमक में अपना होना रचता है। कि वो होते तो पूछती उनसे, आपके काँधे से अब भी अलविदा की ख़ुशबू आती है।

‘इश्क़’ इक ऐसी उम्र का शब्द है जब ‘हमेशा’ जैसी चीज़ें समझ आती थीं। इन दिनों मैं शब्दों की तलाश में यूँ भटकती हूँ जैसे ज़ख़्म चारागर की तलाश में। कौन सा शब्द हो कि इस दुखते दिल को क़रार आ जाए। इश्क़ में एक बचपन हमेशा सलामत रहता है। एक भोलापन, एक उम्मीद। कि इश्क़ करने में एक नासमझ सी हिम्मत और बिना किसी सवाल के भरोसा - दोनों चाहिए होते हैं। आसान कहाँ होता है तर्क की कसौटी पर हर सवाल का जवाब माँगना। कि वे दिन कितने आसान थे जब ज़िंदगी में शब्द बहुत कम थे। कि जब ऐसी हर महसूसियत को प्यार ही कहते थे, उसकी तलाश में दुनिया भर के शब्दकोश नहीं छानते थे। कि अच्छा था ना, उन दिनों इश्क़ हुआ उनसे और उन दिनों ये लगा कि ये इश्क़ ताउम्र चलेगा। सुबह की धूप की कसम, मैंने वादा सच्चा किया था। आपके बाद किसी से इश्क़ नहीं होगा।

हम इश्क़ को होने कहाँ देंगे। खड़ा कर देंगे उसको सवालों के कटघरे में। जिरह करेंगे। कहेंगे कि प्रूफ़ लाओ। कुछ ऐसा जो छू कर देखा जा सके, चखा जा सके, कुछ ऐसा जो रेप्लिकेट किया जा सके। फ़ोटोस्टैट निकाल के लाओ फ़ीलिंज़ का।

ऐसे थोड़े होता है सरकार। हमारे जैसे आवारा लोगों के दिल पर कुछ आपकी हुकूमत, आपकी तानाशाही थी तो अच्छा था। वहाँ से छूटा ये दिल आज़ाद हो गया है। अब कहाँ किसी के नज़र के बंधन में बांधे। अब कहाँ किसी के शब्दों में उलझे। अब तो दूर दूर से देखता है सब। भीगता है मगर डूबता नहीं। या कि किसी में ताब कहाँ कि खींच सके हमें हमारी ज़िद से बाहर। कितने तो भले लोग हैं सब। हमारी फ़िक्र में हमें छोड़ देते हैं…साँस लेते देते हैं…उड़ने देते हैं आज़ाद आसमान में।

गाने की लाइन आती है, सीने में उलझती हुयी, किसी बहुत पुराने इश्क़ की आख़िरी याद जैसी। ‘कितना सुख है बंधन में’। कि बहुत तड़प थी। आवाज़ के एक क़तरे के लिए जान दे देने की नौबत थी। कि चाँद दुखता था। कि जिसे देखा भी नहीं था कभी, जिसे सिर्फ़ शब्दों को छू कर महसूसा था, उसका इश्क़ इतना सच्चा, इतना पक्का था कि रूह से वादा माँग लिया, ‘अब तुम्हारे बाद किसी से इश्क़ ना होगा’।

कैसा था आपको देखना? छूना। चूमना आपकी उँगलियाँ? मज़ार पर जा कर मन्नत का कोई लाल धागा खोलना और बाँध लेना उससे अपनी रूह के एक कोने में गाँठ। कि इतना ही हासिल हो ज़िंदगी भर का। इंतज़ार के रंग में रंगना साल भर और इश्क़ को देना इजाज़त कि भले ख़ून से होली खेली जाए मगर मक़तल की रौनक़ सलामत रहे। साथ पी गयी सिगरेट के बुझे हुए हिस्से की गंध में डूबी उँगलियाँ लिख जाएँ कहानियाँ मगर बचा के रखें दुनिया की नज़र से। कि जिसे हर बार मिलें यूँ कि जैसे आख़िरी बार हो। कि मर जाएँगे अगली बार मिलने के पहले ही कहीं। कि सिर्फ़ एक गीत हो, पुराना, शबे तन्हाई का...चाय हो इलायची वाली और ठंढ हो बस। कह सकते हैं इश्क़ उसे?

कि वो इश्क़ परिभाषाओं का मोहताज कहाँ था जानां...वो तो बस यक़ीन था...सीने में धड़कता...तुम्हारे नाम के साथ। हम हर चीज़ की वजह कहाँ माँगते तह उन दिनों। वे दिन। कि जब इश्क़ था, बेहतर थे। सुंदर थे। ज़िंदा थे।

दुनियादारी में हमसे इश्क़ भी छूटा और हमेशा जैसी किसी चीज़ पर भरोसा भी। कैसा लगता है सूना सूना दिल। उजाड़। कि जिसमें मीलों बस्ती नहीं कोई। घर नहीं कोई। सराय नहीं। मयखाना भी नहीं। याद के रंग झर गए हैं सब उँगलियों से। वरना, जानां, लिखते तुम्हें एक आख़िरी ख़त…बग़ैर तुम्हारी इजाज़त के…कहते… ‘जानां, तुम्हारे बाद, वाक़ई किसी से इश्क़ ना होगा’।

29 August, 2017

कोई कविता आख़िरी नहीं होती, ना कोई प्रेम

कविता हलक में अटकी है
होठों पर तुम्हारा नाम

और साँस में मृत्यु

***
क़लम को सिर्फ़ कहानियाँ आती हैं।
ज़ुबान को झूठ।

तुम्हें तो तरतीब से मेरा नाम लेना भी नहीं आता।

***
कविता लिखने को ठहराव चाहिए।
जो मुझमें नहीं है। 

***
मैंने अफ़सोस को अपना प्रेमी चुना है
तुम्हारा डिमोशन हो गया है

'पूर्व प्रेमी'

***
शहर, मौसम, सफ़र
मेरे पास बहुत कम मौलिक शब्द हैं

इसलिए मैं हमेशा एक नए प्रेम की तलाश में रहती हूँ

***
तुम्हें छोड़ देना
ख़यालों में ज़्यादा तकलीफ़देह था
असल ज़िंदगी में तो तुम मेरे थे ही नहीं कभी 

***
मैंने तुमसे ही अलविदा कहना सीखा
ताकि तुम्हें अलविदा कह सकूँ 

***
तुम वो वाली ब्लैक शर्ट पहन कर
अपनी अन्य प्रेमिकाओं से मत मिलो
प्रेम का दोहराव शोभा नहीं देता

***
तुम्हारे हाथों में सिगरेट
क़लम या ख़ंजर से भी ख़तरनाक है

तुम्हारे होठों पर झूलती सिगरेट
क़त्ल का फ़रमान देती है

तुम यूँ बेपरवाही से सिगरेट ना पिया करो, प्लीज़!

***
'तुम्हें समंदर पसंद हैं या पहाड़?'
मुझे तुम पसंद हो, जहाँ भी ले चलो। 

***
'तुम्हारी क़लम मिलेगी एक मिनट के लिए?'
'मिलेगी, अपना दिल गिरवी रखते जाओ।'

कि इस बाज़ार में ख़रा सौदा कहीं नहीं।

***
आसमान से मेरा नाम मिटा कर
तसल्ली नहीं मिलेगी तुम्हें 

कि दुःख की फाँस हृदय में चुभी है

***
कोई कविता आख़िरी नहीं होती, ना कोई प्रेम
हम आख़िरी साँस तक प्रेम कर सकते हैं 

या हो सकते हैं कविता भी

02 August, 2017

मैं तुम्हारी शब्दगंध पहचानती हूँ

मेरी सारी इंद्रियाँ कुछ ज़्यादा ही तेज़ हैं सिवाए नज़र के। आँखों पर चश्मा चढ़ा है तो दिखता कम है। लेकिन जितना दिखता है वो बहुत से डिटेल्ज़ के साथ सहेज दिया जाता है। कभी कभी मैं बिना चश्मे के चलना चाहती हूँ। पूरी धुँधली सी दुनिया की ख़ूबसूरती में भीगती हुई। बेतरह।

मैंने पहली बार तुम्हें तुम्हारे शब्दों से पहचाना था। उन शब्दों का चेहरा नहीं था। वे अंधेरे के शब्द थे। किसी पहाड़ी गुफ़ा में मीठे पानी के झरने की तरह। उनका होना दिखायी नहीं, सुनायी पड़ता था। उनका होना प्यास को पुकारता था। मैंने उन्हें छू कर जाना कि शब्दों से धुल जाती है थकान। पानी की तरावट समझने के लिए तुम्हें गर्मियाँ समझनी होंगी। या कि किसी के कॉटन दुपट्टे की छुअन। किसी पहाड़ी झरने के पानी से आँखें धो लो और फिर माँगो उस लड़की का दुपट्टा, चेहरा पोंछने के लिए। या कि उसकी साड़ी का आँचल ही। एक गंध होती है। गीले कपास में। उस गंध से यक़ीन आता है कि प्यास का प्रेत हमारा पीछा नहीं कर रहा। 

मेरे पास उस वक़्त बस इक छोटी सी बॉटल थी पास में। मैंने उसमें झरने का मीठा पानी भरा और सालों उसे देख कर इस बात का यक़ीन दिलाती रही ख़ुद को कि एक अंधेरी गुफ़ा में टटोल कर, पानी की आवाज़ तक पहुँची थी। बिना आँखों देखा सिर्फ़ स्वाद के भरोसे पानी पिया था और प्यास को मिटते हुए महसूसा था। उस भरी भरी सी पानी की बॉटल का होना एक मीठी याद थी। बस एक मीठी याद।

इक रोज़ यूँ हुआ कि किसी नए शहर में घूमते हुए रात हो गयी और शहर की सारी दुकानें बंद। आख़िर ट्रेन जा चुकी थी और मेरा होटल रूम वहाँ से दो मील दूर था। मेरे जूते कंफर्टेबल थे कि मैं विदेश में टहलते हुए हमेशा स्पोर्ट्स शूज पहनती हूँ पर उस रात मैंने ज़मीन की कुछ बातें सुननी चाही थीं। पानी की भी। इक नदी बहती थी शहर के दो टुकड़े करती हुयी। या कि शहर के दो टुकड़े जोड़ती हुयी। जैसा तुम सोचना चाहो। मैं नदी किनारे बैठी। जूते उतारे और ठंढे पानी में पैर डाल दिए। इक किताब थी मेरे बैग में। हमेशा की तरह। नदी ने कहा मेरे पास बंद किताबों की कहानियाँ नहीं आयी हैं कभी। तो मैंने उसे कहानियाँ सुनायीं। वो फिर तुम्हारी आवाज़ की मिठास चखना चाहती थी। मैंने बोतल से निकाल कर थोड़ा सा पानी नदी में बह जाने दिया। उस रोज़ मैंने पहली बार महसूसा था कि तुम पर मेरा हक़ कुछ भी नहीं। कि शब्दों पर हक़ सबका होता है। नदी, आसमान, पंछी का भी। मैं सिर्फ़ अपनी प्यास के लिए तुम्हारे शब्द बोतल में भर कर नहीं घूम सकती थी। उस दिन मैंने तुमसे उदार होना सीखा था। 

मगर जो शब्द तुम्हें मेरे लिए परिभाषित करता है, वो शब्द शायद तुम्हारे पास इतनी बहुतायत में है कि तुम्हें मालूम भी नहीं चला होगा कि कब मैंने दिन दहाड़े तुम्हारी नोट्बुक से एक पन्ना अपने लिए फाड़ लिया था। बड़े हक़ के साथ। कि तुम्हारे पास इस शब्द के कई रंग हैं। एक ज़रा सा हिस्सा मुझे भी दो। मैंने इसकी ग्राफ़्टिंग करूँगी। अपने पागलपन में ज़रा सा तुम्हारा 'kind' होना। कि तुम तो एकदम ही one of a kind हो। शायद चुप्पी की शाख़ पर खिल ही जाए मुस्कान की नन्ही कली कोई। या कि ठहाकों के काँटे उग आएँ। या इश्क़ का वर्जित फल। शब्द बड़े मायावी होते हैं। इनकी ठीक ठीक तासीर कोई भी तो नहीं जानता।  

It's a cold and cruel world, my friend. तुम्हारे शब्दों की सबसे ख़ास बात क्या है मालूम? They are kind. तुम्हारी तरह। तुम्हारे हाथों में ये शब्दगंध रहती है। तुम्हारे क़ातिल हाथों में। कि तुम्हारे हाथ तो फ़रिश्ते के हाथ हैं। तुम्हारे साफ़ दिल से भेजा जाता है उजले, पाक शब्दों में धुले, घुले इरादे। क़त्ल के। क़त्ल करने के लिए वे घंटों जिरह नहीं करते। कोर्ट केस नहीं करते। सान जो चढ़ा रक्खि है तुमने उन पर। इतनी तीखी। वे सीधा क़त्ल करते हैं। बस। एक ही लम्हे में। केस क्लोज़्ड।

तुम्हारी शब्दगंध। नींद में आती है दबे पाँव। जाग में आती है पायल की महीन झमक में। काँच की चूड़ियों में। टूटते हुए काँच दिल की छन्न में। बस कभी कभी होता है, कि शब्दगंध की जगह तुम ख़ुद चले आते हो। 

तुम ऐसे मत आया करो। मुझे तुमसे नहीं, तुम्हारे शब्दों से नहीं...अपने इस कोल्ड, क्रूअल दिल से डर लगता है। 
कि तुमसे मिल कर मेरा भी तुम्हारी तरह काइंड बनने का दिल करने लगता है। 
तुम्हारी तरह हँसने का भी।
वे दिन - निर्मल वर्मा 
***
Prequel
***

"तुम रातों को ऐसी बेपरवाही से ख़र्च कैसे कर सकती हो?"
"ये कैसा सवाल है। ठीक से पूछो वरना मैं कुछ जवाब नहीं दे रही,।"
"तुम रातों को ऐसे बेपरवाही से बर्बाद कैसे कर सकती हो? ख़ुश?"
"हाँ, अब ठीक है। वो इसलिए कि रातें मेरी अपनी होती हैं। चुरायी हुयीं। मैं अपनी नींद से मोहलत चुराती हूँ। तुम्हें मालूम मैं कितने घंटे सो रही आजकल?"
"नहीं। कितने?"
"तीन"
"नींद की कमी से मर सकते हैं लोग, मालूम है ना तुम्हें?"
"नहीं। सब कुछ तो बस, तुम्हें ही मालूम है"
"क्या करती हो रात भर जाग जाग के"
"पढ़ती हूँ, निर्मल वर्मा की 'वे दिन', बचा बचा के...और रचती हूँ वैसे शहर जिनमें तुम्हें मुझसे मिलना चाहिए"
"क्यूँ, इस शहर में क्या ख़राबी है?"
"इस शहर में मेरी पसंद के गीत नहीं बजते"
"तुम्हारी पसंद बदलती रहती है"
"धुनों की...लेकिन एक बात कभी नहीं बदलती। मुझे लिरिक्स बहुत अच्छे लगने चाहिए"
"तुम्हें शब्द मार डालेंगे"
"उफ़! ये हुयी कोई हसीन मौत, किसी कविता के हाथों मर जाना! नहीं?"
"बिलकुल नहीं। धरो किताब और जाओ सोने।"
"अच्छा, लास्ट बार, तुम अपनी पसंद का एक शहर चुन लो कि जिसमें मैं तुमसे मिल सकूँ। मैं अपनी पसंद का कोई शहर लिखूँगी तो उसमें तुम्हारी पसंद की ड्रिंक्स नहीं मिलेंगी।"
"तुम मुझे पहचान लोगी उस नए शहर में, कि जहाँ सब कुछ नया होगा"
"तुम्हें क्या लगता है, मैं तुम्हें कैसे पहचानती हूँ? तुम्हारी आँखों, तुम्हारी हँसी या कि तुम्हारे कपड़ों से?"
"पता नहीं। तुम ही बताओ"
"मैं तुम्हें तुम्हारी शब्दगंध से पहचानती हूँ।"

29 July, 2017

Damn it, ये प्राग क्यूँ नहीं है!

हवा और धुंध के पीछे उसका सिर दीवार पर टिका था। कभी-कभर मीता के क़दमों की आहट सुनायी दे जाती थी। उसने पैकेट से सिगरेट निकाल कर मुँह में रख ली। माचिस की तीली जलाकर मैं सिगरेट के पास ले गया। उसने सिगरेट जलाकर उसे फूँक मार कर बुझा दिया। मैं हँसने लगा।
"क्या बात है?" उसने आश्चर्य से मेरी ओर देखा।
"कुछ नहीं।"
"तुम हँसे क्यूँ?"
मैंने विवशता में अपने काँधे सिकोड़ लिए।
"मुझे अब तुम्हें चूमना होगा।" मैंने कहा।
"क्यूँ?" उसने कौतुहल से मेरी ओर देखा।
"यहाँ यही प्रथा है। अगर कोई लड़की अपनी इच्छा से जलती हुयी तीली बुझा दे, तब उसका मतलब यही होता है।"
"मेरा मतलब वह नहीं था।" उसने हँसकर कहा।
"उससे कोई अंतर नहीं पड़ता।"
"तुम बहुत अभ्यस्त जान पड़ते हो।"
"फिर?" मैंने उसकी ओर देखा। 
- निर्मल वर्मा, वे दिन 
***



ये किताब है या पुराने अफ़सोसों का पुलिंदा! जाने किस किस कोने से निकल कर खड़े हो गए हैं अफ़सोस सामने। किताबों जैसे। कहानियों जैसे।

गीले। सीले अफ़सोस। धुआँते। ठंढ में ठिठुरते। एक चाय की गुज़ारिश करते।
चूमे जाने की भी।

कितना सारा अधूरा इश्क़ ज़िंदा रहता है। जब पूरा पूरा शहर सो जाता है। जब बंद हो जाती हैं सारी लाइटें। नींद के आने के ठीक पहले। पढ़ी हुयी आख़िरी किताब के पहले प्रेम के नाम। लिखना चाहते हो कौन सा ख़त? करना चाहते हो कितना प्रेम।

ये किताब पढ़ते हुए बदल जाओगे थोड़ा सा तुम भी। तुम्हें ये किताब भेज दूँगी अपने पहले। मिलूँगी जब तुमसे तो तुम्हारे सामने सिगरेट पीने के लिए माँगूँगी माचिस तुमसे। बुझा दूँगी यूँ ही। और फिर कहूँगी।

"Damn it, ये प्राग क्यूँ नहीं है!"

तुम। कि तुम्हें इतनी फ़ुर्सत कहाँ होगी कि पढ़ सको ये किताब। या कि इसके सीलेपन में धुआँती आँखों को याद दिला सको सिर्फ़ इतना सा हिस्सा ही। या कि जा सको प्राग कभी।
कहना तो ये था...
"तुम्हें, चूम लेने को जी चाहता है"। 

***
सुनो, ये किताब पढ़ लो ना मुझे मिलने से पहले। प्लीज़। मैं कह नहीं सकूँगी तुमसे। फिर लिखना पड़ेगा एक पूरा पूरा उपन्यास और जाने कितना सारा तो झूठ। जबकि सच सिर्फ़ इतना ही रहेगा।
इक धुंध में घिरी हुयी किताब पढ़ते हुए, तुम्हें चूम लेने को जी किया था।
***

दुनिया की सारी दीवारें एक जैसी होती हैं। उनका मक़सद एक ही होता है। उनकी ख़्वाहिशें भी एक ही। 
उनसे टिक कर चूमा जा सकता है किसी को। 
उनकी आड़ में भी। 

वे वादा करती हैं कि वे आपके लिए रहेंगी। वे सम्हाल लेंगी आपको।  किसी को चूमते हुए। किसी के जाने के बाद टिक के रोने के लिए भी। 

मेरी याद में बहुत सी दीवारें ज़िंदा हैं। कि मैंने उनमें जितना प्रेम चिन दिया है, उस प्रेम को साँसों की दरकार नहीं है। उस प्रेम को शब्दों की ज़रूरत होती है और मैं हर कुछ दिनों में उन नामों को ना लिखते हुए भी उनके नाम के किरदार रचती हूँ, उनके कपड़ों के रंग से आसमान रंगती हूँ, उनकी आँखों के रंग की विस्की पीती हूँ। 
***

मैं अपने हिस्से का सारा प्रेम अजनबियों के नाम लिख जाऊँगी। अफ़सोसों के नाम। दुनिया भर के आर्टिस्ट्स के नाम। जो ज़िंदा हैं और जो मर गए हैं, उनके नाम। दुनिया की हर किताब के हर किरदार से इश्क़ कर लूँगी। 

और फिर भी, मेरी जान, तुम्हारे हिस्से का इश्क़ बचा रहेगा। सलामत। 
तुम्हें ना चूमे जा सकने वाली किसी शाम के नाम। 

17 February, 2017

तुमने नमक सिर्फ़ कविताओं में चखा है


‘सिगरेट’… ‘एक सिगरेट मिलेगी?’ इस अजनबी शहर में जितनी बार सोचा है कि माँग लूँ किसी से अपने क़त्ल का सामान। लेकिन ये अजीब शहर है कि यहाँ कोई अजनबियों का क़त्ल नहीं करता। सिगरेट देने के पहले वे चूमना चाहते हैं मेरे होंठ। वे अँधेरा बुलाना चाहते है कि सिगरेट जलाते हुए देख सकें मेरी आँखें। मैंने तुम्हारे नाम के रेशम दस्ताने पहने हुए हैं कि कोई छू ना सके तुम्हारा नाम। कि कोई लिख ना दे तुम्हारे नाम से कविता कोई। मगर वे एक सिगरेट के बदले माँगते हैं मुझसे मेरे बाएँ हाथ का नीला दस्ताना। तुम्हें याद है पिछली सर्दियों में तुमने दिलवाए थे नीले दस्ताने? धुएँ ने वादा किया है कि वो मेरे इर्द गिर्द बहते समय को रोक कर रखेगा कि एक सिगरेट की ही तो बात है।

मैंने उसकी शक्ल नहीं देखी। सिर्फ़ लाइटर देखा है उसका। मगर उसने धोखे से पकड़ कर मेरा हाथ चूम ली है मेरी हथेली। सहम गयी है बेफ़िक्र मुस्कुराती हार्ट लाइन। हार्ट लाइन। तुमसे पहली बार मिली थी तो वो पहली चाँद की रात थी। मैंने लजा कर दोनों हथेलियों में ढक लिया था चेहरा…हौले से खोल कर हथेलियाँ, ठीक बीच से तोड़ा था चाँद और इसी हार्ट लाइन के पार तुम्हें पहली बार देखा था। उस अजनबी को कुछ भी नहीं मालूम। उसने इश्क़ नहीं जाना है, वो सिर्फ़ ज़िद जानता है। नियम जानता है। और इस शहर के नियम कहते हैं किसी अजनबी को सिगरेट नहीं दे सकते हैं। उसने मुझे अपने प्रेमिका कह कर पुकारने के लिए ही ऐसा किया है। हार्ट लाइन ग़ुस्से में फुफकार उठी है और कोड़े की तरह बरस गयी है उसके होठों पर। मुझे बेआवाज़ सिर्फ़ दिल तोड़ना ही नहीं, थप्पड़ मारना भी आता है। आज मालूम चला है।

तुम्हारा नाम जिरहबख़्तर है। मैं आशिक़ों के शहर जाते हुए आँखों में तुम्हारे नाम का पानी लिए चलती हूँ। नमक से चीज़ों में जल्दी जंग लग जाती है, इस डर से कोई मेरी खारी आँखें नहीं चूमता। 

तुम्हारा स्पर्श एक मौसम है। बदन में खिलता हुआ। टहकता हुआ। गहरा लाल। सुर्ख़ नीला। काई हरा। जिन्होंने नहीं छुआ है तुम्हें वे बर्बाद हो जाने वाले इस मौसम से अनजान हैं। 

उनके लिए ये शहर वसंत है। कि जिसने बौराने की इजाज़त पुराने आम के पेड़ से ली है जिसमें इस साल मंज़र नहीं आएँगे। सड़कें मेरे नंगे पैरों के नीचे काले कोलतार के अंगारे बिछाते जाती हैं। इस पूरी दुनिया के सड़कों की लम्बाई बढ़ती जाती है जब भी कभी इश्क़ होता है मुझे। इक तुम्हारे पुकारने से बनने लगते हैं क़िस्से वाले शहर। कविताओं की बावलियाँ कि जिनमें प्यास छलछलाया करती है। उफ़। तुमने मेरा नाम लिया था क्या?

इस यूनिवर्स के expand करने की conspiracy थ्योरी सुनोगे? ऐसा इसलिए है कि तुम्हारा शहर मेरे दिल से दूर होता जाए। गुरुत्वाकर्षण फ़ोर्स जानते हो क्या होता है? इश्क़। जो सारी चीज़ों को आपस में बाँध के रखता है। किसी ऐटम का वजूद ही नहीं होता…इलेक्ट्रॉन प्रोटॉन और neutron तक अलग अलग होते रहते। 

कि जानां, दुनिया की सबसे छोटी इकाई जानते हो क्या है? हिज्र। हम जब मिले थे और अगली बार जब मिलेंगे ये तुमसे मिलने के पलक झपकाते महसूस होने लगता है। इक साँस और दूसरी साँस के बीच खिंचती खाई है हिज्र। 

मगर मुझे थोड़ा बौराने की इजाज़त दो। इस शहर, इस मौसम और बिना सिगरेट की इस शाम की ख़ातिर। हम और तुम आख़िर अलग अलग शहरों में हैं। इश्क़ और पागलपन में इक शहर भर का अंतर है। तुम मेरे शहर में होते तो इश्क़ ने तबाही के शेड में रंग दिए होते मेरे कमरे के सारे काग़ज़। फिर मैं तुम्हें कैसे लिखती ख़त। कैसे। बिना ख़त के कैसे आते तुम मुझसे मिलने? कभी होता कि चाँद रात अपनी छत पर खड़े होकर तुमने देखा हो ध्रुवतारे को, ये जानते हुए कि मैंने तुम्हें बेतरह याद किया है? याद ऐसी नहीं कि लिख लूँ खत और एक शाम जीने की, साँस लेने की मोहलत मिल जाए। याद ऐसी कि जैसे माँगी जाती है दुआ, मैं घुटनों के बल बैठूँ। धुली हुयी गहरी गुलाबी साड़ी में। कानों में झूलते हो गुलाबी ही झुमके कि जिनमें लगे हों तुम्हारे शहर की नदी से निकाले गए क़ीमती पत्थर। सर पर आँचल खींचूँ। दोनों हथेलियों को जोड़ूँ साथ में और चाँद को बंद कर दूँ एक दुआ में। 

जानां। मैं मर जाऊँगी। मुझसे मिलने मेरे शहर आ जाओ।

तुम्हें समंदर का स्वाद नहीं मालूम। तुमने नमक सिर्फ़ कविताओं में चखा है। या कि तीखी सब्ज़ियों में। हज़ार मसालों के साथ जानते हो तुम नमक। कभी ऐसे शहर में गए हो जहाँ आँसुओं की बारिश होती है? अपनी हथेली चूमते हुए महसूसा है नमक को?कई साल तक उँगलियों के पोर में आँसू जज़्ब होते हैं तो उँगलियाँ नमक की बन जाती हैं। तुम क्यूँ चूमना चाहते हो मेरी उँगलियाँ? तुम्हें किसी ने कहा कि तुम्हारे लब खारे हैं? किसी ने चूमा है तुम्हें यूँ कि ख़ून का स्वाद और तुम्हारे होठों का स्वाद एक जैसा लगे?

मैं सिर्फ़ पागल हो रही होती तो कभी नहीं कहती तुमसे। मगर मेरी जान। मैं मर रही हूँ। 

सुनो जानां, आते हुए सिगरेट लेते आना।

21 June, 2016

लड़की धुएँ से टांक देती उसकी सफ़ेद शर्ट्स में अपना नाम



जिन दिनों तुम नहीं होते हो जानां। तलाशनी होती है अपने अंदर ही कोई अजस्र नदी। जिसका पानी हो प्यास से ज़्यादा मीठा। जिससे आँखें धो कर आए गाढ़ी नींद और पक्के रंग वाले सपने। जिस नदी के पानी में डूब मर कर की जा सके एक और जन्म की कामना।
***
लड़की धुएँ से टांक देती उसकी सफ़ेद शर्ट्स में अपना नाम। लड़के की जेब से मिलती माचिस। उसके बैग में पड़े रहते लड़की की सिगरेट के ख़ाली डिब्बे। लड़की चेन स्मोकिंग करती और लड़के की दुनिया धुआँ धुआँ हो उठती। वो चाहता चखना उसके होंठ लेकिन नहीं छूना चाहता सिगरेट का एक कश भी। लड़के की उँगलियों में सिर्फ़ बुझी हुयी माचिस की तीलियाँ रहतीं। लड़की को लाइटर से सिगरेट जलाना पसंद नहीं था। लड़के को धुएँ की गंध पसंद नहीं थी। धुएँ के पीछे गुम होती लड़की की आँखें भी नहीं। लड़की के बालों से धुएँ की गंध आती। लड़का उसके बालों में उँगलियाँ फिराता तो उसकी उँगलियों से भी सिगरेट की गंध आने लगती। लड़के की मर्ज़ी से बादल नहीं चलते वरना वो उन्हें हुक्म देता कि तब तक बरसते रहें जब तक लड़की की सारी सिगरेटें गीली ना हो जाएँ। इत्ती बारिश कि धुल जाए लड़की के बदन से धुएँ की गंध का हर क़तरा। वो चाहता था कि जान सके जिन दिनों लड़की सिगरेट नहीं पीती, उन दिनों उससे कैसी गंध आती है। सिगरेट उसे रक़ीब लगता। लड़की धुएँ की गंध वाले घर में रहती। लड़का जानता कि इस घर का रास्ता मौत ने देख रखा है और वो किसी भी दिन कैंसर का हाथ पकड़ टहलती हुयी मेहमान की तरह चली आएगी और लड़की को उससे छीन कर ले जाएगी। वो लड़की से मुहब्बत करता तो उसका हक़ होता कि लड़की से ज़िद करके छुड़वा भी दे लेकिन उसे सिर्फ़ उसकी फ़िक्र थी…किसी को भी हो जाती। लड़की इतनी बेपरवाह थी कि उसके इर्द गिर्द होने पर सिर्फ़ उसे ज़िंदा रखने भर की दुआएँ माँगने को जी चाहता था।

वो खुले आसमान के नीचे सिगरेट पीती। उसके गहरे गुलाबी होठों को छू कर धुआँ इतराता हुआ चलता कि जैसे जिसे छू देगा वो मुहब्बत में डूब जाएगा। मौसम धुएँ के इशारों पर डोलते। जिस रोज़ लड़की उदास होती, बहुत ज़्यादा सिगरेट पीती…आँसू उसकी आँखों से वाष्पित हो जाते और शहर में ह्यूमिडिटी बढ़ जाती। सब कुछ सघन होने लगता। कोहरीले शहर में घुमावदार रास्ते गुम हो जाते। यूँ ये लड़की का जाना पहचाना शहर था लेकिन था तो तिलिस्म ही। कभी पहाड़ की जगह घाटियाँ उग आतीं तो कभी सड़क की जगह नदी बहने लगती। लड़की गुम होते शहर की रेलिंग पकड़ के चलती या कि लड़के की बाँह। लड़का कभी कभी काली शर्ट पहनता। उन दिनों वो अंधेरे का हिस्सा होता। सिर्फ़ माचिस जलाने के बाद वाले लम्हे में उसकी आँखें दिखतीं। शहद से मीठीं। शहद रंग की भीं। उससे मिल कर लड़की का दुखांत कहानियाँ लिखने का मन नहीं करता। ये बेइमानी होती क्यूँकि पहाड़ के क़िस्सों में हमेशा महबूब को किसी घाटी से कूद कर मरना होता था। लड़की को सुख की कल्पना नहीं आती थी ठीक से। प्रेम के लौट आने की कल्पना भी नहीं। यूँ भी पहाड़ों में शाम बहुत जल्दी उतर आती है। लड़की उससे कहती कि शाम के पहले आ जाया करे। वो जानती थी कि जब वो लड़के की शर्ट की बाँह पकड़ कर चलती है तो उसकी सिगरेट वाली गंध उसकी काली शर्ट में जज़्ब हो जाती है। फिर बेचारा लड़का रात को ही ठंढे पानी में पटक पटक कर सर्फ़ में शर्ट धोता था ताकि धुएँ की गंध उसके सीने से होते हुए उसके दिल में जज़्ब ना हो जाए। धुएँ की कोई शक्ल नहीं होती, जहाँ रहता है उसी की शक्ल अख़्तियार कर लेता है। अक्सर लड़की से मिल कर लौटते हुए लड़का देखता कि घरों की चिमनी से उठता धुआँ भी लड़की की शक्ल ले ले रहा है।

लड़की सिगरेट पीने जाती तो आँख के आगे बादल आते और धुआँ। वो चाहती कि बालों का जूड़ा बना ले। या कि गूँथ ले दो चोटियाँ कि जहाँ धुएँ की घुसपैठ ना हो सके। मगर उसकी ज़िद्दी उँगलियाँ खोल देतीं जो कुछ भी उसके बालों में लगा हुआ होता, क्लचर, रबर बैंड, जूड़ा पिन। खुले बालों में धुआँ जा जा के झूले झूलता। लड़के को समझ नहीं आता, क़त्ल का इतना सामान होते हुए भी लड़की ने सिगरेट को क्यूँ चुना है अपना क़ातिल। उससे कह देती। वो अपने सपनों में चाकू की धार तेज़ करता रहता। लड़की की सफ़ेद त्वचा के नीची दौड़ती नीली नसों में रक्त धड़कता रहता। लड़का उसके ज़रा पीछे चलता तो देखता उसके बाल कमर से नीचे आ गए हैं। उसकी कमर की लोच पर ज़रा ज़रा थिरकते। लड़की अक्सर किसी संगीत की धुन पर थिरकती चलती। उसके पीछे चलता हुआ वो हल्के से उसके बाल छूता…उसकी हथेली में गुदगुदी होती।

उन्हें आदत लग रही थी एक दूसरे की…लड़के को पासिव स्मोकिंग की…लड़की को रास्ता भटक जाने की। या कि उसके बैग में सिगरेट, माचिस वग़ैरह रख देने की। लड़की देखती धुआँ लड़के को चुभता। इक रोज़ जिस जगह लैम्पपोस्ट हुआ करता था वहाँ बड़े बड़े काँटों वाली कोई झाड़ी उग आयी। लड़के ने सिगरेट जलाने के लिए अंधेरे में माचिस तलाशी तो उसकी ऊँगली में काँटा चुभ गया। अगली सुबह लड़की की नींद खुली तो उसने देखा ऊँगली पर ज़ख़्म उभर आया है, ठीक उसी जगह जहाँ लड़के को काँटा चुभा था। ये शुरुआत थी। कई सारी चीज़ें जो लड़के को चुभती थीं, लड़की को चुभने लगीं। जैसे कि एक दूसरे से अलग होने का लम्हा। वे दिन जब उन्हें मिलना नहीं होता था। वे दिन जब लड़का शहर से बाहर गया होता था। कोई हफ़्ता भर हुआ था और लड़की बहुत ज़्यादा सिगरेट पीने लगी थी। ऐसे ही किसी दीवाने दिन लड़की जा के अपने बाल कटा आयी। एकदम छोटे छोटे। कान तक। उस दिन के बाद से शहर का मौसम बदलने लगा। तीखी धूप में लड़के की आँखें झुलसने लगी थीं। गरमी में वो काले कपड़े नहीं पहन सकता। जिन रातों में उसका होना अदृश्य हुआ करता था उन रातों में अब उसके सफ़ेद शर्ट से दिन की थकान उतरती। वो नहीं चाहता कि लड़की उसकी शर्ट की स्लीव पकड़ कर चले। यूँ भी गरमियों के दिन थे। वो अक्सर हाफ़ शर्ट या टी शर्ट पहन लिया करता। लड़की को उसका हाथ पकड़ कर चलने में झिझक होती। इसलिए बस साथ में चलती। सिगरेट पर सिगरेट पीती हुयी। अब ना बादल आते थे ना उसके बाल इतने घने और लम्बे थे कि धुआँ वहाँ छुप कर बादलों को बुलाने की साज़िश रचता। लड़का उसकी कोरी गर्दन के नीचे धड़कती उसकी नस देखता तो उसके सपने और डरावने हो जाते। लड़की के गले से गिरती ख़ून की धार में सिगरेटें गीली होती जातीं। लड़का सुबकता। लड़की के सर में दर्द होने लगता।

उनके बीच से धुआँ ग़ायब रहने लगा था। धुएँ के बग़ैर चीज़ें ज़्यादा साफ़ दिखने लगी थीं। जैसे लड़की को दिखने लगा कि लड़के की कनपटी के बाल सफ़ेद हो गए हैं। लड़के ने नोटिस किया कि लड़की के हाथों पर झुर्रियाँ पड़ी हुयी हैं। कई सारी छोटी छोटी चीज़ें उनके बीच कभी नहीं आती थीं क्यूँकि उनके बीच धुआँ होता था। लड़की ने सिगरेट पीनी कम करके वैसी होने की कोशिश की जैसी उसके ख़याल से लड़के को पसंद होनी चाहिए। चाहना का लेकिन कोई ओर छोर नहीं होता। लड़की ने सिगरेट पीनी लगभग बंद ही कर दी थी। लेकिन किसी किसी दिन उसका बहुत दिन करता। ख़ास तौर से उन दिनों जब धूप भी होती और बारिश भी। ऐसे में अगर वो सिगरेट पी लेती तो लड़का उससे बेतरह झगड़ता। सिगरेट को दोषी क़रार देता कि उन दोनों के बीच हमेशा किसी सिगरेट की मौजूदगी रहती है। लड़की कितना भी कम सिगरेट पीने की कोशिश करती, कई शामों को उसका अकेलापन उसे इस बेतरह घेरता कि वो फिर से धुएँ वाले घर में चली जाती। वहाँ से उसके लौटने पर लड़का बेवफ़ाई के ताने मारता। इन दिनों लड़के के बैग में ना माचिस होती थी, ना सिगरेट के ख़ाली डिब्बे। इन दिनों लड़की का दिल भी ख़ाली ख़ाली रहता। और मौसम भी।

वो एक बेहद अच्छी लड़की हो गयी थी इन दिनों…और इन्ही दिनों लड़के को लगता था, उसे किसी बुरी लड़की से इश्क़ हुआ था…किसी बुरी लड़की से इश्क़ हो जाना चाहिए। 

11 May, 2016

तुम्हें ख़तों में आग लगाना आना चाहिए



उन दिनों मैं एक जंगल थी। दालचीनी के पेड़ों की। जिसमें आग लगी थी। 

और ये भी कि मैं किसी जंगल से गुज़र रही थी। कि जिसमें दालचीनी के पेड़ धू धू करके जल रहे थे। मेरे पीछे दमकल का क़ाफ़िला था। आँखों को आँच लग रही थी। आँखों से आँच आ रही थी। चेहरा दहक रहा था। कोई दुःख का दावनल था। आँसू आँखों से गिरा और होठों तक आने के पहले ही भाप हो गया। उसने सिगरेट अपने होठों में फँसायी और इतना क़रीब आया कि सांसें उलझने लगीं। उसकी साँसों में मेरी मुहब्बत वाले शहर के कोहरे की ठंढ और सुकून था। हमारे होठों के बीच सिगरेट भर की दूरी थी। सिगरेट का दूसरा सिरा उसने मेरे होठों से रगड़ा और चिंगरियाँ थरथरा उठी हम दोनों की आँखों में। मैंने उसकी आँखों में देखा। वहाँ दालचीनी की गंध थी। उसने पहला कश गहरा लिया। मुझे तीखी प्यास लगी। 

वो हँसा। इतना डर लगता है तो पत्थर होना था। काग़ज़ नहीं। 

कार के अंदर सिगरेट का धुआँ था। कार के बाहर जंगल के जलने की गंध। लम्हे में छुअन नहीं थी। गंध से संतृप्त लम्हा था। मैंने फिर से उसकी आँखें देखीं। अंधेरी। अतल। दालचीनी की गंध खो गयी थी। ये कोई और गंध थी। शाश्वत। मृत्यु की तरह। या शायद प्रेम की तरह। आधी रात की ख़ुशबू और तिलिस्म में गमकती आँखें। गहरी। बहुत गहरी। दिल्ली की बावलियाँ याद आयीं जिनमें सीढ़ियाँ होती थीं। अपने अंधेरे में डूब कर मरने को न्योततीं।

वो आग का सिर्फ़ एक रंग जानता था। सिगरेट के दूसरे छोर पर जलता लाल। उसने कभी ख़त तक नहीं जलाए थे। उसे आग की तासीर पता नहीं थी। सिगरेट का फ़िल्टर हमेशा आग को उसके होठों से एक इंच दूर रोक देता था। इश्क़ की फ़ितरत पता होगी उसे? या कि इश्क़ एक सिगरेट थी बस। वो भी फ़िल्टर वाली। दिल से एक इंच दूर ही रुक जाती थी सारी आग। मुझे याद आए उसकी टेबल पर की ऐश ट्रे में बचे हुए फिल्टर्स की। कमरे में क़रीने से रखे प्रेमपत्रों की भी। लिफ़ाफ़े शायद आग बचा जाते हों। किसी सुलगते ख़त को चूमा होगा उसने कभी? कभी होंठ जले उसके? कभी तो जलने चाहिए ना। मेरा दिल किया शर्ट के बटन खोल उसके सीने पर अपनी जलती उँगलियों से अपना नाम लिख दूँ। तरतीब जाए जहन्नुम में।

कारवाँ रुका। दमकल से लोग उतरे। बड़ी होज़ पाइप्स से पानी का छिड़काव करने लगे। पानी के हेलिकॉप्टर भी आ गए तब तक। मुझे हल्की सी नींद आ गयी थी। एक छोटी झपकी बस। जितनी जल्दी नहीं बुझनी चाहिए थी आग, उतनी जल्दी बुझ गयी। मुझे यक़ीन था ऐसा सिर्फ़ इसलिए था कि वो साथ आया था। समंदर। मैंने सपने में देखा कि इक तूफ़ानी रात समंदर पर जाते जहाज़ों के ज़ख़ीरे पर बिजली गिरी है। मूसलाधार बारिश के बावजूद आग की लपटें आसमान तक ऊँची उठ रही थीं। होठों पर नमक का स्वाद था। कोई आँसू था या सपने के समंदर का नमक था ये?

क्या समंदर किनारे दालचीनी का जंगल उग सकता है? अधजले जंगल की कालिख से आसमान ज़मीन सब सियाह हो गयी थी। सब कुछ भीगा हुआ था। इतनी बारिश हुयी थी कि सड़क किनारे गरम पानी की धारा बहने लगी। कुछ नहीं बुझा तो उसकी सिगरेट का छोर। मैंने उसे चेन स्मोकिंग करते आज के पहले नहीं देखा था कभी। लेकिन इस सिगरेट की आग को उसने बुझने नहीं दिया था। सिगरेट के आख़िरी कश से दूसरी सिगरेट सुलगा लेता। 

मैंने सिगरेट का एक कश माँगने को हाथ बढ़ाया तो हँस दिया। तुम तो दोनों तरफ़ से जला के सिगरेट पीती होगी। छोटे छोटे कश मार के। बिना फ़िल्टर वाली, है ना? मैं नहीं दे रहा तुम्हें अपनी सिगरेट। 

बारिश में भीगने को मैं कार के बाहर उतरी थी। सिल्क की हल्की गुलाबी साड़ी पर पानी में घुला धुआँ छन रहा था। मैं देर तक भीगती रही। इन दिनों के लिए प्रकृति को माँ कहा जाता है। सिहरन महसूस हुयी तो आँखें खोली। दमकल जा चुका था। हमें भी वापस लौटना था अब। उसके गुनगुनाने की गंध आ रही थी मेरी थरथराती उँगलियों में लिपटती साड़ी के आँचल में उलझी उलझी। जूड़ा खोला और कंधे पर बाल छितराए तो महसूस हुआ कि दालचीनी की आख़िरी गंध बची रह गयी थी जूड़े में बंध कर  लेकिन अब हवा ने उसपर अपना हक़ जता दिया था। उसने मुट्ठी बांधी जैसे रख ही लेगा थोड़ी सी गंध उँगलियों में जज़्ब कर के। 
सब कुछ जल जाने के बाद नया रचना पड़ता है। शब्दबीज रोपने होते हैं काग़ज़ में।

मैंने उसे देखा। 
‘प्रेम’

उसने सिर्फ़ मेरा नाम लिया।
‘पूजा’ 

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...