25 December, 2015

लड़की बुनती थी कविता का कमरा. धूप. फायरप्लेस और ब्लैक कॉफ़ी.


उसे हुनर बख्शते हुए इश्वर का हाथ जरा तंग था. उस दिन अचानक से इश्वर की नज़र कैलेंडर पर गयी थी और उसने गौर किया था कि इस सदी के महानतम लेखकों, गायकों और तरह तरह के हुनरमंद लोगों को वह धरती पर भेज चुका है. इश्वर इस सदी को सृजनशील लोगों से भर देना चाहता था. वह चाहता था कि इनमें से कोई उठे और उसकी सत्ता को चुनौती दे, कि जैसे मंटो ने कहा था बहुत साल पहले, 'उसे मालूम नहीं कि वह ज्यादा बड़ा कहानीकार है या खुदा'. मगर लड़की को रचते हुए उसके दिल में ख्याल आ रखा था कि इस लड़की को दुनिया आम लोगों की तरह नहीं दिखेगी...मगर जहाँ उसे वो काबिलियत देनी थी कि अपनी छटपटाहट को किसी माध्यम से बयान कर सके, वहाँ इश्वर ने अपने हाथ रोक लिए. 

तो लड़की महसूस तो बहुत कुछ करती थी मगर लिख नहीं पाती थी उस तरह का कुछ भी. उसके बिम्ब मोहक होते थे लेकिन मन को किसी गहरे लेवल में जा कर कचोटते नहीं थे. उसकी कहानियों के किरदार भी कागज़ी होते थे. सच लगते थे, मगर होते नहीं. उसकी कहानियों में इश्क़ ने अपना खूंटा गाड़ रखा था...सब कुछ उसकी परिधि के इर्द गिर्द होने को अभिशप्त था. वो चाह कर भी अपने किरदारों के बीच कोई वहशत, कोई दरिंदगी नहीं डाल सकती थी. उसे अपने किरदारों के प्रति गज़ब आसक्ति हो जाती थी. रचने के लिए बैराग की जरूरत होती थी. साधना की जरूरत होती थी. खुद को दुःख की भट्टी में झोंक कर तपाना होता. लड़की मगर कतराते हुए चलती. किनारा पकड़ कर. हमेशा सेफ खेलना चाहती. उसे रिस्क उठाने से डर लगता था. उसके एक आधे किरदार अगर बागी हो भी जाते तो वो उनकी अकाल मृत्यु रच देती. इश्क़ उसके कलेजे को चाक करता मगर वो कन्नी काट जाती. रास्ता बदल देती. नज़रें झुका लेती. इतने दिनों में उसे ये तो मालूम ही हो गया था कि इश्वर की टक्कर का कुछ लिखना उसके हाथ में नहीं इसलिए उसने जिंदगी भी हिसाब से जीनी शुरू कर दी. उसे मालूम था कि टूटने की एक हद के बाद उसे सम्हालने वाला कोई नहीं है. कागज़ पर पड़ी दरारें उसके बदन पर नदियों की तरह खुलती चली जाती थीं और उनमें कभी ज्वालामुखी का लावा बहता तो कभी सान्द्र अम्ल. वह खुद ही अस्पताल जाती. खुद को आईसीयू में भरती करने के कागज़ भरती और वहां की बेजान खिड़की के बाहर ताकते हुए सोचती कि उसके लिखे किसी किरदार से उसे इश्क़ हुआ होता तो ये फीके दिन उस किरदार को आगे बढ़ाने के बारे में सोच कर बिठाये जा सकते थे. 

बहुत दिन तक वहाँ अकेले, बिना किसी दोस्त के रहते हुए लड़की को महसूस हुआ, पहली बार...कि जिन फिल्मों और किताबों को वह मीडियोकर समझ कर उनके डायरेक्टर या लेखक के ऊपर नाराज़ होती है. वे ऐसा जान बूझ कर नहीं करते. उन्हें उतना सा ही आता है. वे चाह कर भी उससे बेहतर नहीं हो सकते. जैसे क्लास में सारे स्टूडेंट्स फर्स्ट नहीं आ सकते. अलग अलग लेवल के लोग होंगे. सब अपनी अपनी क्षमता के हिसाब से पढ़ेंगे. लिखेंगे. समझेंगे. मगर उनमें से कुछ ही होंगे जिन्हें दुनिया के हिसाब से सारी चीज़ें एकदम सही आर्डर में समझ आएँगी. ये लोग फिर सफल कहलायेंगे. लड़की को फिर सफल होने से ज्यादा बहादुर बनने का जी किया. बेहतरीन नहीं, बहादुर...करेजियस...गलतियाँ करने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए. अपनी गलतियों को समझ कर, उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने में तो और भी ज्यादा. इतना सारा सोच कर उसने बहुत से प्लान्स बनाये. कुछ छोटे छोटे कि अगले कुछ महीनों में पूरे हो सकें...और कुछ लम्बे, सपनों से भरे प्लान्स...जो शायद इस जन्म में पूरे हो जाएँ, वरना एक जन्म और लेना भी हो तो इस जन्म में उसकी तैय्यारी तो की ही जा सकती थी. 

हॉस्पिटल से छूटते ही लड़की ने कुछ किताबों की लिस्ट बनायी. कुछ लोगों की भी. कुछ शहरों की. कुछ पुरानी गलियों की भी. इश्क़ के खूंटे को उखाड़ा और बढई के यहाँ दे आई कि इसका बुरादा बना दो. जाड़े की रातों में लकड़ी के बुरादे को आग में झोंकती रहती और उसकी गर्माहट में किताबें पढ़ती. उसके घर में एक ही कमरा था. पुराने स्टाइल का. उसमें एक बड़ा सा फायरप्लेस था. पत्थर की दीवारों पर जगह जगह किताबों के रखने की जगह बनायी गयी थी जिससे दीवारें बमुश्किल नज़र आती थीं. कमरे के कोनों में चिकने पत्तों वाले छोटे पौधे लगे हुए थे. उनसे कमरे की हवा में ओक्सिजन की बहुतायत रहती थी और लड़की हमेशा ताजादम महसूस करती थी. लड़की ने गमले खुद से पेंट किये थे...गहरे गुलाबी और फीके आसमानी रंग में. कमरे की फर्श देवदार की बनी होती. उसे दार्जीलिंग का रास्ता याद आता. गहरा. सम्मोहक. नशीला. आसमान तक जाते पेड़. उस फर्श में उन दिनों की याद की गंध थी...जब दिल टूटा नहीं था. जब मन जुड़ा हुआ था. कमरे के एक होने में होती चाय की केतली...सिंपल ग्रीन टी या ब्लैक कॉफ़ी के लिए. चीनी नहीं रखती थी वो. उसे मिठास पसंद नहीं थी. उसके कमरे में बिस्तर नहीं था. जब वो पढ़ते पढ़ते थक जाती तो सोफे पर सो जाती. या फर्श पर एक मोटा गुदगुदा कालीन ले आती और एक हलकी चादर डाले सो जाती. सुबह धूप से उसकी आँख खुलती और उसकी मेड घर को झाड़ पोछ कर दुरुस्त कर देती. 

ऑफिस जाने के पहले लड़की कमरे को करीने से समेट कर रख देती. वो कमरा पूरा फोल्डेबल था. अपनी किताबों, फायरप्लेस और कालीन समेत एक मुट्ठी भर के बौक्स में आ जाता. लड़की को कभी कभी लगता कि कमरा जादू का बना है. उसकी किताबें और वो खुद भी. उसकी लायी नयी किताबों से रंग निकलते थे. कमरे में कई इन्द्रधनुष रहने लगे थे. जबसे लड़की ने कमरे को नए तरह से सजाया था वहाँ किताबें जिन्दा लगती थीं. लड़की ने कई सारी जगहें देखीं. कॉफ़ीशॉप्स. पब्स. लोगों के घर. लाइब्रेरीज. लेकिन हर जगह कोई कमी दिखती थी. कहानियाँ तो फिर भी कहीं भी बैठ कर पढ़ी जा सकती थीं. मेट्रो में. चलती ट्रेन में. हवाईजहाज में. बाथरूम में भी. मगर कवितायें कहती थीं कि हमें पढ़ने को एक खूबसूरत कमरा चाहिए. लड़की ने बहुत सारी जगहें देखीं और कविताओं के कहने के हिसाब से एक डायरेक्टरी बनायी. उसे समझ आ रहा था कि उसके जीने का मकसद क्या था...धुंधला सा ही सही मगर एक प्लेसमेंट पिन उसे अपनी जगह दिखता था...लड़की दुनिया में कवितायें पढ़ने लायक जगहें बनाना चाहती थी. वो हर शहर में कविता की किताब पढ़ने के कोने तलाशती. उन कोनों पर बैठ कर किताब पढ़ती और अपनी कहानी एक गूगल मैप्स के पिन में लिख जाती. किसी पुराने बरगद के पेड़ में एक खोहनुमा एक ऐसी जगह होती जहाँ एक छोटे से कुशन को टिकाने के बाद सिर्फ गिलहरियों की किटकिट होती. कुछ शाम की धूप होती और कागज़ में सुस्ताती कवितायें. तो कभी ऐसा होता कि शिकागो के ऊंचे किसी टावर पर दीवारें होतीं बहुत छोटीं. हवा होती इर्द गिर्द घूमती हुयी. दिखने को बहुत सारा कुछ होता. बादल होते. मगर शोर बिलकुल नहीं होता. इश्वर के पास होती जगह कोई. मन शांत करने वाली कविताओं को पढ़ने के लिए ये जगह बहुत मुफीद थी. ऐसी ही कुछ जगहों तक अकेले जाना मुश्किल होता. ऐसे में यार होते. दोस्त. जांबाज़ लोग. हिमालय के ऊंचे दर्रे पर साथ ले जाते उसे अपनी बुलेट पर बिठा कर. फूलों की घाटी के पास बहती नदी के पास तम्बू गाड़ते. उसके लिए विस्की का पेग बनाते. रात को अलाव जलाते. एक दूसरे की पीठ में पीठ सटाए पढ़ते ग़ालिब और फैज़ की शायरी. लकड़ी में आग चिटकती. आसपास दूर दूर तक कुछ न होता. कोई दूसरी रूह नहीं होती. कविताओं की एक वो भी जगह होती. 

इन जगहों पर कवितायें पढ़ते हुए उसकी आवारा रूह को करार आता...लड़की चुनती रहती जगहें...तलाशती रहती धूप का कोई रंग. ओस का जरा स्वाद. चखती चुप्पियाँ. लिखती जाती डायरी में जगह के को-आर्डिनेट...जीपीएस लोकेशन. दुनिया अच्छी लगती. कविताओं के जीने लायक. कविताओं के कमरों में रहने लायक. कभी कभी उसे अकेले रास्तों पर कोई अजनबी मिल जाता...उसकी तरह कविताओं को जीने वाला. उसकी हथेली पर रखती कमरे का नन्हा डिब्बा. दोनों फायरप्लेस के सामने कई कई दिन एक कवितायें पढ़ते रहते. कभी खुद में गुम. कभी एक दूसरे को सुनाते हुए. कभी इश्क़ का बुरादा ख़त्म होने लगता तो लड़की इश्क़ को इजाज़त दे देती उनके बीच उगने की...और फिर वही...बुरादा बुरादा इश्क़...डूब डूब कवितायें. 

दिल्ली के कोहरे में दिखती है लड़की...धुंध में गुम होती हुयी जरा जरा...चलना मेरे साथ कभी...हम भी पूछेंगे दुनिया की सबसे खूबसूरत जगह जहाँ बैठ कर तुम्हारी कवितायें पढ़ी जा सकें. 

(ब. डार्लिंग, तुम्हारे लिए ये ख़त. जानते हुए कि तुम यहाँ नहीं पढ़ोगी इसे). 

23 December, 2015

अस्थिकलश में मिले पुर्जे जोड़ कर बनी चिट्ठी


नींद जानती है तुम्हारे घर का पता कि जैसे जाग जानती है कि नहीं जाना है उस ओर. उस शहर. उस गली. उस आँख के अंधियारे में. तुम्हारी आँखों में खिलते हैं सूरजमुखी और मुड़ते हैं कागज़ की धूप देख कर. मैं घेरती हूँ बादल. बनाती हूँ बरसातों का मौसम. रचती हूँ धुंध. तुम हुए जाते हो वैन गौग. चटख रंगों का पहनते हो साफा. बांधते हो कलाई पर मंतर. 

बहुत दिन तक जब नहीं आता तुम्हारे ख़त का जवाब तो तुम जाते हो चबूतरे पर और उतारते हो डाल पर बैठा सर्दियों में जम चुका कबूतर. उसके पैर में नहीं बंधा होता है एक कोरा ख़त भी. तुम फ़ेंक मारते हो उसे पत्थर की दीवार पर इक चीख के साथ...चकनाचूर होता है बर्फ की सिल्ली बना कबूतर...तुम्हारे जूते तले आती है उसकी जमी हुयी आँख.

तुम हुए जाते हो कोई पागल मंगोल लुटेरा...छीनते चलते हो अस्मत...माल...असबाब...लगा देते हो गाँव में आग...डाल देते हो पानी कुओं में मुर्दा जानवर कि जिनकी सडांध से फैलती है बीमारियाँ... मौत के करीब भिनासायी हुयी देह में नहीं बाकी रहता कोई कोमल स्पर्श...कोई चाँद का चुम्बन...कोई सूरज की पीली रेख...

तुम्हारे चेहरे पर उतरता है विद्रूप सर्दियों का ठंढा चांदी रंग. माथे के ऊपर उभरती है एक नीली नस कि जहाँ होना था एक गुलाबी बोसा. मैं एड़ियों पर उचक कर भी नहीं चूम सकती तुम्हारा चौड़ा ललाट. मेरी उँगलियों से दूर होती है तुम्हारे माथे की उजली लट. मुझे याद आती है वो कंचे जैसे शाम. कि जब बिजली के बल्ब का खूब महीन चूरा किया था हमने और उसे आटे की लेई में मिला कर पतंग के मांझे को किया था धारदार. तुम्हारे बाल मांझे के उसी तागे जैसे हो गए हैं. धारदार. उँगलियाँ फेर भी दूँगी तो कटनी है मेरी उँगलियाँ ही. तुम्हारी दासियाँ  इसी से तो पहचान में आती हैं. उनकी उँगलियों पर होते हैं तीखे निशान. गहरे लाल. कत्थई. कभी कभी काले भी. 

मगर तुमने तो प्रेम किया था. तुमने कहा था तुम्हारे ह्रदय पर मेरा एकछत्र साम्राज्य रहेगा. अनंत काल तक. फिर तुम ये अश्वमेध का अश्व लेकर विश्वविजय पर क्यूँ निकल पड़े? तुमने तो कहा था मेरा शरीर ही तुम्हारा ब्रम्हाण्ड है. एक साधारण से मनुष्य थे तुम. एक अदना सिपहसालार. एक जवाब आने की देर में तुम्हारे अन्दर का कौन सा विध्वंसक विसूवियस जाग उठा? आदमी प्राण की बाजी लगा दे तो सब कुछ जीत लेता है...इश्वर को भी. मुझे तुम्हारी सफलता में कोई संदेह नहीं. मगर तुम्हें मालूम भी है कि तुम्हारी अंतिम विजय कौन सी होनी है? ऐसा न हो कि सिकंदर की तरह तुम भी किसी अजनबी शहर में आखिरी तड़पती सांस लो. तुम्हारी जिद एक आम औरत को उसके बच्चे से दूर करने के विवश हठ में खींचे जाए और तुम उस दलदल में आगे बढ़ते जाओ. मलकुल मौत जब आती है तो सब्जी काटने का हंसुआ एक भीरु स्त्री का हथियार हो जाता है.

तुम्हारे साथ तुम्हारे सैनिकों की क्रूरता की दास्तानें तुम सबके लिए जहन्नुम तक का शोर्ट कट रास्ता बना रही हैं. तुम इसी रास्ते घसीटे जाओगे. चीखते चिल्लाते लहूलुहान. ये कलयुग है. यहाँ सब कर्मों का फल इसी जन्म में चुकाना पड़ता है. तुम्हारी आखिरी पनाह मेरे शब्दों में थी. यहाँ से निष्काषित होने पर तुम्हारे लिए कहीं कोई दरवाजे नहीं खुलेंगे. अभी भी वक़्त है. शरणागत की हत्या अभी भी अधर्म है. लौट आओ. प्रायश्चित करो. अपना इश्वर चुनो और आपनी आस्था की लौ फिर से प्रज्वलित करो. मैं तुम्हारे लिए एक नयी दुनिया रच दूँगी. एक नया प्रेम और एक नया प्रतिद्वंदी भी. लौट आओ. ये वीभत्स रस लिखते हुए मेरी उँगलियाँ जवाब दे रही हैं. गौर से देखो. ये एक योद्धा की नहीं, कवि की उँगलियाँ हैं. इनमें इतना रक्तपात लिखने की शक्ति नहीं है. मैं अब फूलों पर लिखना चाहती हूँ कुछ कोमल गीत. मैं अब तुम्हारी अभिशप्त आत्मा के लिए करना चाहती हूँ मंत्रपाठ. तुलसी माला लिए गिनती हूँ कई सौ बार तुम्हारे लिए क्षमायाचना के मन्त्र. 

तुम्हारा विध्वंस अकारण है. तुम्हारा क्रोध सिर्फ एक दरवाज़ा खोलता है कि जिससे तुम्हारे अन्दर का पशु बाहर आ सके. गौर से देखो उसे. खड़ग उठाओ और इस रक्तपिपासु बलिवेदी को शांत करो.

ॐ शान्ति शांति शांति. 

15 December, 2015

चुप शहर के डुएट पार्टनर्स


वे किसी गीत में रहते थे. स्ट्रिंग्स के परदे थे उनके इर्द गिर्द और उनकी ही दीवारें. छत नहीं थी. उनके इस कमरे में आसमान को चले आने की इजाज़त थी. लड़की इन्द्रधनुष से इकतारा बजाया करती थी. वे जब मिलते तो इक नए गीत में रहने चले जाते और तब तक वहाँ रहते जब तक कि कोई चुप्पी उनमें से किसी एक का हाथ पकड़ कर उन्हें उस घर से बाहर नहीं ले आती. जब वे एक दूसरे से अलग होते तो धुनें तलाशते रहते कि जैसे किसी नए शहर में लोग किराये पर घर ढूंढते रहते हैं. उन्हें मालूम था कि कैसा होना चाहिए कमरा...कैसी खिड़कियाँ और दीवारें...

यूँ उन्हें शब्दों की जरूरत नहीं होती मगर कभी कभार शब्द भी होते. लड़के के भूरे कोट की जेब में पुर्जियों में लिखे हुए. लड़की की ब्राउन डायरी के हाशिये में बचे हुए. वे कभी कभी शब्दों की अदला बदली कर लेते. उनके बीच बहुत स्पेस हुआ करता. इतना कि पूरी दुनिया के गीत आ जाते और पूरी दुनिया की चुप्पी. वे जब भी मिलते इक नए गीत में रहने चले जाते. दोनों अपनी अपनी तरह से गीत के टुकड़ों को एक्सप्लोर करते. कभी लड़का पियानो की कीय्स से सीढ़ियाँ बनाता चाँद तक की तो कभी लड़की गिटार की स्ट्रिंग्स से लड़के की शर्ट की कफ्स पर कोई नाम काढ़ने लगती. धुनें उन दोनों के इर्द गिर्द रहतीं...कभी उन्हें करीब लातीं तो कभी बिलकुल ही अलग अलग छोरों पर छोड़ देती. उनका पसंदीदा शगल था चुप्पी में गीत का पहला वाद्ययंत्र ढूंढना. ये एक ट्रेजर हंट की तरह होता. कभी कभी वे एक ही गीत पर भी मिल जाते. 

वे. साथ थे पर एक नहीं. लड़का बेतरह खूबसूरत हुआ करता था. उसके बाल हल्के घुंघराले थे और जरा जरा साल्ट पेपर. यूं उसपर ध्यान देने की जरूरत नहीं थी मगर कभी कभी लड़की ब्लैक हार्ट प्रोसेशन सुनते हुयी सोचती कुछ और थी और अचानक से उसका ध्यान जाता था कि पियानो से आती हुयी धुन में शब्द बैकग्राउंड में हैं, फिर उसका ध्यान जाता था कि लड़के के माथे पर दायीं तरफ, कान के ठीक ऊपर एक सफ़ेद बालों की लट क्लॉकवाइज घूम जाती है. संगीत से उसका ध्यान एक लम्हे के लिए भटक जाता था. ये जरा सा भटकना उसे परफेक्शन से दूर करता था और वो गाने पर कभी ध्यान नहीं दे पाती थी. किसी गीत में रहते हुए उसे कई बार आईने की जरूरत महसूस होती थी...वैसे में उसे लगता था कि उन दोनों के ह्रदय और गीत के ड्रम्स का 'सम' एक ही क्षण में आता था.

वे एक गीत में रहा करते थे. लड़की अक्सर कहती कि हम किसी कहानी में रहने चलते हैं. कहानी की दीवारें ठोस होतीं. कहानी की ज़मीन ठोस होती. कहानी में सुकून होता. ठहराव होता. लड़का मगर गीत में रहना चाहता. गीत में सब कुछ बदलता रहता. वायलिन स्ट्रिंग्स की जगह चेलो हो जाता. पियानो की जगह अचानक से ट्रम्पेट की धुन होती. एक ही गीत को बहुत लोगों ने अपने हिसाब से सपनों में सुना होता. वे जब गुनगुनाते तो गीत की ज़मीन बदल जाती. दीवारों का रंग बदल जाता. खेतों में सरसों के फूलों की जगह सूरजमुखी उग आते. लड़के को बदलाव अच्छा लगता. वो जब भी उससे मिलता जुदा होता. उनका मिलना किसी विलंबित आलाप की तरह बंधन में होते हुए भी स्वतंत्र होता. 

कभी कभी ऐसा भी होता कि दोनों के ही पास कोई गीत नहीं होता. वे चुप्पी की सीढ़ियों पर बैठे सुर की ईंटें तलाशते. किसी धुन को पुकारते. सरस्वती की पूजा करते कि माँ शारदे...हमें अपनी वीणा का एक स्वर दे दो. इक अनहद नाद होता. उनके अन्दर कहीं गूंजता. 

कभी लड़की वीणा का तार होती तो कभी लड़का इलेक्ट्रिक गिटार होता...वे एक दूसरे को छेड़ते. उनकी हंसी एक नया राग रचती. एक नया गीत बुनती. 

गीतों की किस्में अलग अलग होतीं. एक बार वे सुबह के कलरव में रह रहे थे कि उन्हें प्यास लगी. लड़की ने झट अपनी गाड़ी निकाली और वे कहीं ड्राइव पर निकल गए. बारिश के गीत में रहना सुन्दर था. उसकी रिदम में शहर घुल गया. गाड़ी और सड़कें भी. बारिश ने उन्हें बहुत राग सुनाये. बारिश का गीत एक कागज़ की नाव की तरह सड़क किनारे की छोटी नदियों में डूब उतराने लगा और जा के कावेरी से मिल गया. दोनों नदी के गीत में रह गए. बहुत दिनों तक. लड़की लहरों पर थिरकती धान के खेत जाती और किसानों के गीत में रहने लगती. लड़का उसे ढूँढने निकलता और गाँव के शिवाले से आते किसी भजन में अटक जाता. फिर दोनों अपने अपने गीतों में खाली खाली सा महसूस करते. किसी सुबह दोनों एक साथ निकलते और गाँव की पगडंडी पर मिल जाते. पगडंडी पतली होती. लड़की उसपर चलते हुए लड़के का हाथ पकड़ना चाहती मगर इससे गीत में अवरोध आ जाता इसलिए उसके पीछे चला करती, बियाह का लोकगीत गाती हुयी. कभी लड़का किसी कुएं पर रुक जाता...बाल्टी से पानी भरता. ठंढे पानी से प्यास बुझती. अगली बार लड़की पानी भरने को बाल्टी कुएं में डालती...उसकी चूड़ियों में एक लय होती. लड़का एक नया गीत बनाना चाहता. उसके लिए. छन छन नींव रखता. लड़की मगर चूड़ियाँ खोल आती कुएं पर. बस उसकी पायल का घुँघरू बजता. लड़का जानता कि उनका कोई एक घर नहीं हो सकता हमेशा के लिए.

कभी कभी यूँ ही हो जाता कि वे निर्जन में भी खड़े हो जाते तो उनके इर्द गिर्द गीत उमड़ आता. किसी पेड़ की टहनी पर टंगा मिलता कोई पुराना ड्रीम कैचर...सपनों से छांक लाता किसी पुराने महबूब का नाम...भूरे रंग के पंख जाने किस पंछी की उड़ान को सहेज देते. कोई विंड चाइम होती समंदर के शोर जैसी. किसी खोह में होता एक म्यूजिक बॉक्स. उनके इर्द इर्द बुनता गुलाबी संगीत...ला वियों रोज. 

प्रेम किसी दूर खम्बे पर टेक लगाए उन्हें देखता. गीत में रहने की जगह मांगता. वे चकित निगाहों से देखते उसे और कहते कि उनके बीच किसी अजनबी के लिए जगह नहीं है. दोनों के पीछे से बैराग झाँकता...मुस्कुराता. प्रेम लौट जाता खिड़की पर मन्नत का धागा बांधे.

उम्र भर उन्होंने किसी कहानी में कच्चे पक्के मकान नहीं बनाए. किसी भीगी हुयी सी सलेटी रंग की शाम इक पीली रौशनी वाले लैम्पोस्ट के नीचे मिले...इक दूसरे को देख कर मुस्कुराए...एक दूसरे को हग किया और चुप्पी में घुल के हवा हो गए.

12 December, 2015

एक अम्ल से भरा शीशे का मर्तबान है. जिसमें रूह गलती जाती.

लड़की आधी रात को पसीने में तर बतर उठती. कमरे में ग्रीन टी की अजीब तिक्त गंध घुली होती. जैसे न पिए जाने का बदला ले रही हो. उसे लिखने के लिए सन्नाटा चाहिए होता था. जिसमें किसी की साँसों का और आधी नींद के सपनों का शोर न हो. मोबाईल में कुछ बेसिरपैर के मेसेज आये हुए होते व्हाट्सएप्प पर. फेसबुक में भी कुछ ऐरे गिरे लोग कुछ बेसिरपैर की बातें लिख जाते. कुछ फालतू की तसवीरें होतीं जो बिलकुल ही कूड़ेदान में फेंकने के लिए होती. वह उस दस सेकंड की बर्बादी के लिए खुद को कोसती...उनलोगों को कोसती जो ये तसवीरें भेजना चाहते थे. सिगरेट की खराश गले में उतरी होती. वो नीम नींद में ही सिरहाने रक्खा बीड़ी का डिब्बा खोलती और माचिस की खिस खिस में नाराज़ होती कि घर के इस अजायबखेल में लाइटर गुमशुदा होना कब बंद होगा. ऐशट्रे खाली होती. उसे याद आता कि दरवेश कितने दिनों से घर नहीं आया है. आखिरी बार कब लगाया था उसके बालों में बादाम का तेल...जरा सी उसकी मीठी महक बाकी रही है....जरा सा त्वचा पर चिकनाहट का धोखा कोई. उसके अपने खुद के बाल उलझे हुए हैं. उसे याद नहीं आखिरी बार बालों में कंघी कब की थी...याद होनी चाहिए ज्यादा जरूरी चीज़ें कि जैसे आखिरी बार मन से खाना कब खाया था. 

शायरा आधी रात को पसीने में तरबतर उठती कि उसे लगता बातें ख़त्म हुयी जा रही हैं. वो बताना चाहती किसी को कि शिकागो में जब वो मोने की पेंटिंग के पास खड़ी थी तो वक़्त रुक गया था...स्पेस, टाइम...सब कुछ उलझ गया था और कि वह ऐसा महसूस कर रही है कि जैसे उसी वक़्त वहीं खड़ी है कि जब मोने पेंटिंग बना रहा था. मगर दुनिया भर के मर्द एक जैसे होते. वे उससे उसके कपड़ों के बारे में जानना चाहते. औरत जानती कि कपड़ों का सिर्फ पर्दा है. वे जानना चाहते हैं कि पर्दा उठा सकें. बढ़ती उम्र के साथ बातें उसे और बेज़ार करती जातीं और वो कड़वी तम्बाकू चबाते हुए कहना चाहती कि सारे मर्द एक जैसे होते हैं. वह अपने शरीर से बेसुध होती जाती मगर जाने कैसे इस बेसुधपने में एक अजीब आकर्षण होता. उसकी त्वचा की ताम्बई चमक मद्धम हो गयी थी...जाड़ों में तो अब उनमें दरारें पड़ जाती थीं. वो अपने नाखूनों से खुरच कर आड़ी तिरछी रेखाएं बनाती. वो अनजाने भी अपनी त्वचा पर सींखचे खींच रही होती. कुछ आदतें बड़ी जिद्दी होती हैं. न छूने देने की उसकी जिद उसकी त्वचा को ही नहीं जिंदगी को भी रूखा करती जा रही थी. वसंत बीत चुका था. बारिश ख़त्म हो गयी थी. जाड़ों के दिन थे. हाड़ कंपाने वाले जाड़ों के. उसे लेकिन किसी के बदन की गर्मी नहीं चाहिए होती. उसे बातें चाहिए होतीं. बातों को दिल की भट्ठी में झोंक कर वो उम्र भर लम्बी ठंढ काटना चाहती थी. दीवानेपन की भी क्या क्या कहानियां होतीं हैं. 

उसके अन्दर का किस्सागो कभी कभी पागल हो जाता. वो चीखना चाहती कि आखिर क्या रक्खा है इस बदन में. मेरी कहानियों को सुनो. मेरी आँखों और मेरे होठों को मत देखो. मेरे शब्दों से इश्क करो. मुझसे नहीं. ये जिस्म तो मिट्टी में मिल जाना है. मगर वे उसके शब्दों में उसका जिस्म तलाशते रहते. उसकी गंध. उसका इत्र. उसकी अभिमंत्रित आवाज़. उसे चूमना चाहते सड़क किनारे किसी पेड़ की ओट में. सीढ़ियों भरे गलियारों में. कला दीर्घाओं में. किताब के पन्नों में भी. जिस्म एक अम्ल से भरा शीशे का मर्तबान हो जाता जिसमें रूह गलती जाती. वो कहानियों को कपड़े पहनाती चलती. किरदारों को शर्म में डुबो डुबो आत्महत्या करने को मजबूर कर देती. रूमान की जगह भुखमरी लिखती. मुहब्बत की जगह फाके वाली दोपहर और विरह की जगह मौत लिखती. मगर फिर भी उसके किरदार संदल से गमकते. उसकी आँखें ध्रुवतारे सी चमकतीं. कहीं न कहीं छूटे रह ही जाते काढ़े हुए रूमाल...किसी कालर पर लिपस्टिक का दाग कोई या कि किसी के काँधे पर अलविदा की गंध. हाथ की रेखाओं में उग आता बदन सराय का नक्शा और हर मुसाफिर उसके जिस्म की झील में कपड़े उतार कर अपने सफ़र की सारी धूल धो देना चाहता. 

एक दिन उसके बदन में बड़े बड़े नागफनी के कांटे उग आये. तीखे और जहरीले. उसे छूना तकलीफदेह होने लगा. उससे हाथ मिलाने भर से ऐसे ज़ख्म उगते कि भरने में हफ़्तों लग जाते. वो यूँ तो बहुत खुश होती मगर उँगलियों में भी कांटे उग आये तो उसके लिए लिखना मुश्किल हो गया. वो जब तक एक पन्ना लिखती कटा हुआ काँटा फिर से पूरा उग आता. आखिर उसने कहानियां न लिखने का फैसला किया. ये उसके अन्दर दफ्न कहानियां थीं जो कांटे बनकर उसके जिस्म से उग आई थीं. यूं भी कहानियों ने उसके लिए हमेशा ढाल का काम किया था. इसी बीच एक रोज़ दरवेश आया. वो सो रही थी. दरवेश ने माथे पर स्नेह से हाथ रख कर दुलराया तो कांटे भी सो गए. दरवेश बहुत देर तक उसके सिरहाने बैठ कर दुआएं कहता रहा. खुदा मगर उन दिनों काफी व्यस्त था. अधिकतर दुआएँ बैरंग वापस लौट आती थीं. दरवेश ने एक एक करके लड़की के बदन से सारे कांटे तोड़े. हर ज़ख्म के ऊपर कविता का फाहा रखता और सिल देता. मगर काँटों का गुरूर था. वे भीतर की ओर उगते गए. लड़की ने अपनी तकलीफ किसी से नहीं कही. बस उसने किसी से भी मिलना जुलना बंद कर दिया. 

इसके बहुत बहुत रोज़ बाद शाम की हवा में क्लासिक अल्ट्रामाइल्ड्स की गंध घुलने लगी. लड़की की उँगलियों में उसका गहरा लाल लोगो उभरा. इक यायावर उसके दिल से गुज़र रहा था. उसे लड़की के ज़हरीले काँटों के बारे में कुछ पता नहीं था. जाते हुए उसने लड़की को बांहों में भींच लिया...जैसे यहाँ से कहीं न जाना हो आगे...लड़की के सीने के बीचो बीच धंसा था एक ज़हरीला काँटा...उसकी रूह को बेधता हुआ.

30 November, 2015

बुकमार्क के नक्शे पर मिलते लोग

रातें खुली किताबों जैसी होतीं हैं. उसे रातें नहीं पसंद. उसे खुली किताबें भी नहीं पसंद. न वे लोग जो किताबों को बेतरतीबी से बरतते हैं. उसे पास भतेरे बुकमार्क्स होते. वो जगह जगह से बुक मार्क इकठ्ठा करते चलती. कभी कोई न भेजा हुआ पोस्टकार्ड. स्टैम्प्स के निकल जाने के बाद के खाली स्टीकर वाले खाके. कभी फूल तो कभी कोई तिनका ही कोई. कहीं से मैग्नेटिक बुकमार्क तो कहीं मेटल वाले. किसी बुकमार्क में बत्ती जलती. तो कोई रेशम के रिबन से बना होता. कुछ भी बुकमार्क हो सकता था. ट्रेन की टिकट्स. पसंदीदा कैफे का बिल. उसके क्रश के सिग्नेचर वाला कोई पेपर नैपकिन. सिगरेट की खाली डिब्बी. कुछ भी. 

जिस दुनिया में इतना सारा कुछ हो सकता है बुकमार्क्स के लिए, वहाँ खुली किताबें क्यूँ होतीं? उसे लोग कहते कि उनका जीवन खुली किताब है. वो उनसे कहना चाहती, किताब बंद कर के रख दीजिये...कोई कॉफ़ी गिरा देगा...उड़ती चिड़िया बीट कर देगी...कोई पन्नों पर किसी भी ऐरे गैरे का फोन नंबर लिख मारेगा. जिंदगी इतनी फालतू नहीं और किताबें तो खैर और भी नहीं. क्यूँ होना खुली किताब. कि जैसे रात के पहर. सब मालूम चलता था. वो कितनी रात जगी थी. व्हाट्सएप्प पर लास्ट लॉग इन कितने बजे था. उसने रात को सोने के पहले कॉफ़ी पी या ग्रीन टी, ओल्ड मौंक या नीट विस्की...सिगरेट या बीड़ी...किसी को याद किया या नहीं...कोई गाना सुना या नहीं...ग़ालिब को पढ़ रही थी या फैज़ को...सब कुछ. खुली किताब सा था. ये खुली किताब उसे बिलकुल पसंद नहीं आती थी. 

उसे किताबें लोगों जैसी लगतीं...परत दर परत खुलतीं...हर पन्ने में कुछ और लिखा होता और सब कुछ जाने लेने का सस्पेंस उसे किताब आखिरी पन्ने से पढ़ने को मजबूर कर देता कई बार...कि जैसे किसी रिश्ते को हड़बड़ी में कोई नाम दे दिया जाए, 'दोस्ती', फिर आप उम्र भर उस लेबल से चिपके रहोगे और चाह कर भी बाहर नहीं निकल पाओगे. ये तो फिर भी गनीमत है, मान लो कोई कच्ची उम्र रही और बिहार जैसे किसी प्रदेश में रहना हुआ...तब तो एक ही रिश्ता हो सकता था किताबों से या लड़कों से, रक्षा का, 'भैय्या'. कितनी बार किताबों को आग में झोंक देने का मन किया है उसका. मगर किताबों का काम था उसकी रक्षा करना...और ये काम उन्होंने उसके भाइयों से बेहतर किया...किताबें उसे ज़माने की नज़रों से बचाती थी. स्लीपर कम्पार्टमेंट में चलते हुए वह देश के सहिष्णुता भरे माहौल में गाँधी की लिखी 'सत्य के प्रयोग' में आँखें घुसाए रहती. उसके चश्मे और किताब रुपी ढाल के पार कोई निगाह उस तक नहीं पहुँच सकती. अपनी अकेली ट्रेन यात्राओं में उसने समझ लिया था कि किताबें आपकी बेस्ट फ्रेंड हो या न हों...आपकी सबसे अच्छी बॉडीगार्ड जरूर हो सकती हैं. वो अक्सर कोई बड़ी भारी, मोटी सी किताब लिए चलती. अंग्रेजी में हो तो और भी अच्छी. कभी कभी इन किताबों के अन्दर नागराज के कोमिक्स भी रख के पढ़ लेती और अपनी इस जीत पर पूरे रास्ते मुस्कुराती जाती. स्लीपर का ऊपर का कम्पार्टमेंट कभी भी दम घुटने नहीं देता. बहुत गर्मियों में उसका भुजे हुए चावल के लावा जैसा हाल हो जाता और सर्दियों में नाक एकदम टमाटर हुयी जाती. लेकिन हर बार, किताबों के पीछे वह हमेशा खुद को बहुत सुरक्षित महसूस करती.

रांची से उसके गाँव के रस्ते में बस यही एक ट्रेन का रूट पड़ता था. वो रांची स्टेशन पर चढ़ती बाकी लड़कियों को देखती. अपने जींस टी शर्ट और उसके ऊपर पहने ढीले ढाले जैकेट में वो अलग ही नज़र आतीं. सब्भ्रांत. लड़के उन्हें नज़र बचा बचा कर देखते. उसकी तरह पूरे बदन का एक्स रे नहीं करते. लड़की उनके हाथों में कई बार 'कॉस्मोपॉलिटन' जैसी अंग्रेजी मैगजीन देखती और गहरी सांस भरती. एक बार उसने बुक स्टाल पर मैगजीन उठा कर देखी भी थी मगर सौ रुपये की किताब और उसपर के गहरे मेकउप और कम कपड़ों वाली कवर फोटो की लड़की को देख कर ही उसे यकीन हो गया कि ये किताब वो हरगिज़ अपने स्लीपर कम्पार्टमेंट की किसी भी बर्थ पर नहीं पढ़ सकती है. ऐसी किताबों को पढ़ने के लिए तो कमसे कम एसी थ्री टायर का टिकट कटाना ही होता. सलवार कुर्ता पहने, दुपट्टे से बदन पूरा लपेटे, एक काँधे में कैरी बैग टाँगे धक्का मुक्की में कम्पार्टमेंट में चढ़ना अपने आप में आफत थी. एक तरफ उनके हाथ में महंगे बैग्स हुआ करते थे. पहिये वाले इन बैग्स को खींचने में कहाँ की मेहनत. आराम से एक हाथ में मैगजीन, एक हाथ में बक्से का हैंडिल. कानों में हेडफोन्स लगे हुए. ट्रेन आई नहीं कि अपना बैग सरकाती आयीं और आराम से चढ़ गयीं. लड़की कल्पना करती कि कभी उसकी दिल्ली जैसे किसी शहर में नौकरी लगेगी. फिर वो अपने पैसे से एसी टू टायर का टिकेट कटाएगी और पूरे रास्ते खिड़की वाली बर्थ पर बैठे हुए कभी बाहर के नज़ारे देखेगी तो कभी कॉस्मोपॉलिटन पढ़ेगी. अगर साथ की बर्थ के लोग अच्छे हुए...या कोई खूबसूरत लड़का हुआ तो पर्दा नहीं लगाएगी वरना अपना पर्दा खींच कर चुपचाप अपने छोटे से एकांत सुख में डोलती जायेगी. बंद किताब जैसी. 

स्लीपर में तो वो खाना खुद लेकर चढ़ती. माँ की सख्त हिदायत रहती कि रास्ते का कुछ भी लेकर खाना पीना नहीं है. कभी कभी उसे चाय की बड़ी तलब लगती. मगर फिर उसे वो सारे अख़बार के कॉलम्स याद आ जाते जिनमें नशीली चाय पिला कर न केवल लोगों के सामान की लूट-पाट हुयी, बल्कि कई बार तो जान तक चली जाती रही है. उसके पड़ोस में रहने वाली सहेली की फुआ का जौध ऐसे ही कॉलेज ज्वायन करने जा रहा था. लुटेरों को शायद खबर होगी कि कॉलेज एडमिशन का टाइम है, इस वक़्त लड़के अक्सर फीस के पैसे साथ लेकर चलते हैं. उस घटना में उसी ट्रेन में साथ जाते हुए पांच लड़के एक साथ उनके चंगुल में फंसे थे. बिहिया स्टेशन से अधमरी हालत में रेलवे पुलिस बल उन्हें उठा कर लाया था. हफ़्तों इलाज चला था तब जा कर नार्मल हो पाए थे लड़के. लेकिन एसी टू टायर में तो रेलवे के आधिकारिक चाय वाले होते हैं. युनिफोर्म पहन कर चाय बेचते हैं. आज भले वो तीस रुपये की चार कप चाय पीने का सपना भी नहीं देख सकती लेकिन एक दिन तो ऐसा होगा कि पूरी ट्रेन जर्नी में वो किताब पढ़ती आएगी और जब उसका मन करेगा या जब चाय वाला गुज़रता रहेगा, एक कप चाय माँग लेगी. अगर किसी से बातचीत होने लगी तो दोनों के किये दो कप चाय बोल देगी और खुद ही बिना शिकन के पर्स से साठ रुपये निकाल कर दे भी देगी...हँस कर कहते हुए...कि अजी साठ रुपये होते भी क्या हैं...देखिये न डॉलर तक आजकल ७० रुपये होता जा रहा है. जैसे जैसे उसके फाइनल इयर के एक्जाम के दिन पास आ रहे थे उसकी कल्पनाएँ एसी टू टायर ही नहीं आगे अमरीका तक भाग रही थीं. अब जाहिर है, अमरीका तक भारतीय रेल की पटरियां तो नहीं बिछी थीं. 

अभी पिछले महीने ही तो मोहल्ले में शादी थी तो बरात आने के बाद जनवासे का मुआयना करने वह भी अपने भाइयों के साथ गयी थी. एक बार घर से बाहर निकल जाने के बाद लड़का लड़की में भेद नहीं रहता. दौड़ दौड़ कर बाहर का बहुत सा काम किया था उसने शादी में. पंडाल बुक करने से लेकर खाने के मेनू के आइटम्स में उसकी राय पूछी गयी थी. इस बार उसने चाचा से लाड़ भरे स्वर में कह दिया कि वो भंडारी बन कर कमरे में आटे तेल का हिसाब नहीं रखेगी. वह भी भाइयों के साथ जनवासा जायेगी. एक्जाम ख़त्म हो गए थे. नयी नौकरी का ज्वायनिंग लेटर उसका पसंदीदा बुकमार्क था उन दिनों. वह फिर से दोहरा कर पाश को पढ़ रही थी. सब लोग खाना खाने गए हुए थे, मैरिज हॉल के तीनों एसी कमरे लड़के वालों के लिए बुक थे जिनमें से एक की चाभी उसे भी दी गयी थी. जयमाला के फूल उसी कमरे में रखे थे. थाल सजा कर वो कमरे में रखने के लिए आई थी. इस कमरे में सिर्फ एक ही बक्सा रखा था और बाकी कमरों की तरह आईने के पास लिपस्टिक और जल्दी में फेंकी गयी बिंदियों के स्टीकर नहीं थे. ये कमरा जाहिर तौर से लड़का और उसके दोस्तों के इस्तेमाल के लिए था. उसने थाल करीने से टेबल पर रख दिया कि तभी बिस्तर के सिरहाने उसकी नज़र पड़ी. वो देखते ही पहचान गयी. नोबल पुरस्कार विजेता विस्लावा सिम्बोर्स्का की कविताओं का संकलन, 'Map' की एक प्रति वहां रखी हुयी थी. उसने पहली बार अख़बार में इस लिटरेचर में नोबल पुरस्कार से सम्मानित सिम्बोर्स्का के बारे में पढ़ा था. उनके भाषण का एक छोटा सा हिस्सा अनुवादित होकर उनकी तस्वीर और किताब के कवर के साथ छपा था. किताब ने उसे बेतरह अपनी ओर खींचा था. कुछ तो उस तस्वीर में इंतज़ार और कुछ उसके अपने खुद के सपने जिसमें दुनिया के नक़्शे के कई देश देखने थे उसे. वह रांची में अपने बुकसेलर को कितनी बार बोल चुकी थी लेकिन किताब की प्रति अभी तक नहीं आई थी. उत्सुकता में उसने किताब का पहला पन्ना खोला...लेखिका के नाम के ऊपर हरी स्याही में लिखा था, 'आई लव यू...' कुछ इस तरह से कि पूरा वाक्य बन जाता था, आई लव यू विस्लावा सिम्बोर्स्का. उसने किताब खोली कि अन्दर से फ्लाइट टिकट बाहर गिर गया. हड़बड़ में उसने टिकट की जगह थाल से उठा कर कुछ गुलाब की पंखुड़ियाँ वहाँ डाल दीं. टिकट पर किसी विराग भट्टाचार्य का नाम लिखा हुआ था. 'विराग?!' ये कैसा नाम हुआ...कौन रखता है अपने बच्चे का नाम, विराग! वहां रुकना ठीक नहीं था. किताब को देख कर उसका मन डोल रहा था. यूँ उसने आज तक कभी किसी की किताब चुराई नहीं थी, लेकिन कभी आज तक ऐसी ईमान डोला देने वाली किताब उसके हाथ लगी भी तो नहीं थी. चुपचाप कमरे से बाहर आ गयी. 

फिर तो बाकी शादी में क्या ही मन लगना था. बार बार सोचती रही कि इन सारे लड़कों में विस्लावा सिम्बोर्स्का से प्रेम करने वाला बंगाली विराग होगा कौन. हल्ले हंगामे में शादी कटी. अगले दिन दीदी की विदाई हो गयी. इसके तीन दिन बाद वहीं रिसेप्शन भी था. वो चूँकि दीदी की थोड़ी ज्यादा ही मुन्हलगी थी तो पूरे ससुराल वालों ने भी बड़े प्यार से उसे इनवाईट किया था. बड़े ऊंचे खानदान में बियाही थी दीदी. रिसेप्शन से पहले अपनी एक छुटकी ननद को भेज दिया था उसे पूरे घर को दिखाने के लिए. कमरे में किताब पर उसकी फिर से नज़र पड़ी. इस बार तो उसने तय कर लिया कि ये मिस्टर विराग जो भी हैं, फिर से किताब खरीद के पढ़ लेंगे मगर उसे अगर अभी ये किताब नहीं मिली तो शायद उसकी जान जरूर चली जायेगी. छुटकी को जरा सा भटका कर उसने किताब अपने पर्स में रख ली. रिसेप्शन में घड़ी घड़ी उसका मन उसे काट खाने को दौड़ता. कितनी सारी फिल्मों के सीन याद आते. किसी ने बैग खोल कर देख लिया तो. नतीजन उसने उस बड़े से बैग को पल भर भी खुद से अलग नहीं किया. फोटो खिंचाने तक में बैग टाँगे रही. 

सही गलत क्या होता है इसका सच सच निर्धारण बहुत मुश्किल है. उसने सोचा था किताब की फोटोस्टेट करा के अगले ही दिन दीदी के यहाँ खुद जा के रख आएगी किसी बहाने से. या किसी के हाथ भिजवा देगी. मगर सोच के दायरे में सारी संभावनाएं कहाँ आ पाती हैं. अगले दिन दीदी के नंबर पर फोन किया तो पता चला कि वो हनीमून पर सिंगापुर चली गयी है. सरप्राइज था. अकेले घर में जा कर किताब रखने की तो उसकी हिम्मत नहीं पड़ी. अब जिस किताब को लाने से सीने पर इतना बड़ा बोझ था उसे कम करने का एक ही उपाय था...किताब का सही उपयोग. उसने किताब न केवल खुद पढ़ी बल्कि जिद कर कर के लोगों को पढ़वाई. अपने हिसाब से कई कविताओं के कच्चे पक्के अनुवाद करने की इच्छा पहली बार तब ही जागी थी. पूरे गाँव में बैठ कर उसके साथ विस्लावा की कविताओं में किसी को कोई इंटरेस्ट नहीं था, किसी को इंटरेस्ट था भी तो इस बात में कि वो लड़का कौन था. बहुत मेहनत करके उसने अपनी पसंदीदा कविताओं का अनुवाद किया और किताब के पब्लिशर के पास एक चिट्ठी भेजी कि मैं इससे कोई लाभ नहीं उठाना चाहती हूँ मगर ये कवितायें यहाँ दूर तक पहुचेंगी अगर मुझे अनुवाद को यहाँ के कुछ अख़बारों और मैगजींस में छापने की अनुमति दी जाए, उसने कुछ कविताओं का अनुवाद संलग्न कर दिया था. बचपन से दोनों भाषाओं में पढ़ना काम आया था. उसके अनुवाद में कविता की आत्मा के रंग चमकते थे. पब्लिशर का जवाब हफ्ते भर में आ गया था. लिखने का सिलसिला अनुवाद से शुरू हुआ और उसकी खुद की कविताओं का रास्ता खुलता गया. बचपन से वो खुद में अहसासों की एक झील बनाती जा रही थी और इस रास्ते से झरना फूटा था. उस दिन के बाद उसने मुड़ कर नहीं देखा. 

कवितायें उसकी खासियत थीं. वो अपने सारे खाली वक़्त में अलग अलग भाषाएँ सीखती. किसी किताब के अनुवाद के पहले उस भाषा का कामचलाऊ ज्ञान हासिल करती. उसके अंग्रेजी अनुवाद को पढ़ती. उसके मूल भाषा में लिखे को पढ़ती. वहां के लोगों के जीवन के बारे में पढ़ती. वहां के लोगों से इन्टरनेट के माध्यम से जुड़ती और कविता के श्रोत को समझने की कोशिश करती. सारा लिखा आत्मसात करने के बाद जव वो अनुवाद करती तो कविता का नैसर्गिक सौंदर्य इस तरह उभरता कि समझना मुश्किल होता कि अनुवाद ज्यादा खूबसूरत है या असल कविता. उसकी मेहनत और अनुवाद के प्रति उसकी दीवानगी को देखते हुए कई सारे लेखकों और प्रकाशक उससे जुड़ते गए. जिस सफ़र की शुरुआत ही 'Map' से हो तो नक़्शे पर के शहर तो उसे देखने ही थे. देखते देखते उसने फुल टाइम कविता लिखने, उसपर बात करने और अनुवाद करने को दे दिया. पेरिस, प्राग, बर्लिन, क्राकोव...कई सारे शहर से उसके नाम आमंत्रण आते.एक दिन...क्रैकोव से उसके लिए न्योता आया. सिम्बोर्स्का के प्रकाशक ने उसे बुलाया था. एक बड़ा सेमीनार था जिसमें सिम्बोर्स्का के लेखन, उसकी शैली और उसके प्रभाव पर चर्चा थी. सारे प्रमुख अनुवादकों को बुलवाया गया था.

लड़की ने इतने सालों में कभी Map की खुद की प्रति नहीं खरीदी थी. फ्लाइट में बैठते हुए लड़की ने वही पुरानी किताब निकाली और पढ़ने लगी. याद में शादी की गंध, खुशबुयें और वो अनजान लड़का भी घूमता रहा. रास्ते में उसे हलकी सी झपकी आ गयी. नींद खुली तो देखा कि बगल वाली सीट पर का पुरुष किताब बड़े गौर से पढ़ रहा है. चौड़ा माथा. तीखी नाक. गोरा शफ्फाक रंग. खालिस पठान खूबसूरती. उसने गला खखारा लेकिन वो तो जैसे किताब में डूब ही गया था. आखिर उसने उसे काँधे पर हल्का का हाथ रख के एक्सक्यूज मी कहा. वो चौंका और एक शरारती मुस्कान के साथ उसकी ओर देखा.
'माफ़ कीजिये, मेरी किताब'
'जी'
'आप मेरी किताब पढ़ रहे हैं'
वो एक ढिठाई के साथ बोला, 'अच्छा, तो आपका नाम विराग भट्टाचार्य है, देखने से तो नहीं लगता'. किसी नार्मल केस में वो हँस देती और पूरी कहानी बयान कर देती, मगर यहाँ सेमीनार में जाने वाले कई ख्याल और शादी की मिलीजुली यादों में डूब उतरा के उसका मूड कुछ खराब सा था.
'मेरा नाम विराग भट्टाचार्य नहीं है, लेकिन ये किताब मेरी है'
'अरे, ऐसे कैसे मान लूं कि आपकी है...क्या सबूत है?'
'मेरी नहीं है तो क्या आपकी है...आपके पास क्या सबूत है कि ये आपकी किताब है?'
'क्यूंकि ये किताब मैंने खुद विराग से चुराई थी'
'जी...मतलब'...वो एकदम ही अचकचा गयी थी.
'बात कोई दस साल पुरानी है...मेरा दोस्त शिकागो से बड़े शौक़ से Map लेकर आया था और हम दोनों को उसे पढ़ जाने का भूत सवार था. मुझे शादी में आना था, बस मैंने चुपचाप उसकी किताब उठा कर अपने बैग में रख ली...शादी में जूते चोरी होना तो सुना था, किताब चोरी करने वाली सालियाँ पहली बार देख रहा हूँ'
'जी!'
'जी'
'आप झूठ बोल रहे हैं' वो सिटपिटा गयी थी.
'ठीक है मैं झूठ बोल रहा हूँ तो क्या विराग भी झूठ बोल रहा है...विराग...बता जरा इनको'
और उसकी बगल वाली सीट पर मंद मंद मुस्कुराता उसका बंगाली विराग भट्टाचार्य था...जो कि शादी में आया ही नहीं था तो उसे दिखता कैसे. 
'मैडम, ये मेरी ही किताब है...शायद आपको याद हो, इसमें एक एयर इण्डिया का टिकट भी था...मैं उसे बुकमार्क की तरह इस्तेमाल कर रहा था.'
इस हालात में हँसने के सिवा कोई चारा नहीं था. तीनो ठठा कर हँस पड़े. विराग और आहिल में शर्त लगी थी. विराग का कहना था कि किसी लड़के ने किताब उड़ाई होगी, आहिल का कहना था कि लड़की ने. फिर पूरा सफ़र बड़े मज़े में बात करते करते कटा. Map से शुरू हुआ सफ़र उन्हें अनजाने पास ले आया था. और वे मिले भी तो कहाँ, क्रैकोव जाने वाले प्लेन में! बातों बातों में कब प्लेन के लैंड करने का वक़्त आ गया मालूम भी नहीं चला. अब बात थी कि किताब किसके पास जाये. आहिल ने कहा कि टेक्निकली किताब कभी उसकी थी ही नहीं फिर भी जिस किताब से इतनी कहानियां बनी हैं उसपर उसका कोई हक नहीं है. वो अलबत्ता खुश बहुत था कि उसकी मारी हुयी किताब कितने दूर तक पहुंची. तीनों फिर सेमीनार में मिलने वाले ही थे. इन फैक्ट वे एक ही होटल में ठहरे थे. विराग ने किताब वापस करते हुए कहा कि बाकी सब तो ठीक है, हाँ बुकमार्क नहीं है...आप चाहें तो मेरा बोर्डिंग पास इस्तेमाल कर सकती हैं. 

लड़की खुश थी. गुज़रते सालों के दरमयान किताबों को ढाल बनने की जरूरत नहीं पड़ती थी. हाँ उनसे कहानियां जरूर निकलती थीं कई सारी. लेकिन Map के जिंदगी में आने और आज आखिरकार विराग और आहिल से मिलना कोई कहानी नहीं कविता जैसा खूबसूरत था...सिम्बोर्स्का की कविताओं जैसा. लड़की मुस्कुराते हुए उसके बोर्डिंग पास बुकमार्क को किताब में रख रही थी.

28 November, 2015

अमलतास की डाल पर खिलती दोस्तियाँ

'तुम क्या चाहती हो मेरी दोस्त?'. उसका ये पूछना मुझे मोह गया था...कि उसके पूछने में एक कोमलता थी...एक आर्दता थी...न समझ पाने की खीझ नहीं...नहीं समझे जाने का उसका आत्मानुभूत अनुभव था. प्रेम ने मुझे कई बार छला है. मित्रता के आवरण में आता है और हमेशा पीठ पर प्रेम का खंजर भोंकता है. उसे इस व्यवहार से मैं इस तरह उलझ गयी थी कि किसी भी व्यक्ति के जरा भी करीब आने में मुझे डर लगता था.

वो मुझे ऐसे ही किसी मोड़ पर मिला था. यूँ वो शहर कोई भी हो सकता था. मेरे पसंदीदा शहर दुनिया के नक़्शे में बिखरे हुए हैं. स्विट्ज़रलैंड में बर्न...अमरीका में शिकागो या कि हिंदुस्तान में कन्याकुमारी. मगर हमें किसी ऐसे शहर में मिलना नहीं लिखा था जिसकी गलियों में खुशबू हो...जिसकी हवाओं में उस शहर की शिनाख्त की जा सके. हमें ऐसे शहर में मिलना था जिसकी गलियां नामालूम हो. पोलैंड के नाज़ी यातना शिविरों में कैदियों से उनका नाम छीन लिया जाता था. हम जिस चौराहे पर मिले थे उसका परिचय भी ऐसे ही धूमिल कर दिया गया था ताकि हम कभी भी लौट कर वहाँ नहीं जा सकें. 

चौराहे पर एक डाकघर था जहाँ से मैंने टिकट खरीदे थे और वहीं सीढ़ियों पर बैठी पोस्टकार्ड लिख रही थी. जब सारे पोस्टकार्ड्स पर मेसेज और पता लिख दिया और स्टैम्प चिपका दिए तो मैं देर तक आसमान देखती रही. नीले आसमान की छोटी छोटी पुर्जियां दिख रही थीं सुनहले पेड़ के पत्तों के बीच से. हवा के झोंके में किसी पुकार का संगीत नहीं घुला था. मैं एक एक करके पोस्टकार्ड नीले डब्बे में गिरा रही थी जब मैंने उसे सामने से आते देखा. चुंकि मुझे मालूम नहीं था कि ये शहर कौन सा है तो मैं ये भी नहीं जान सकती थी कि वो इस शहर में हो सकता है. उसकी मुस्कान में एक प्रतीक्षा थी. जैसे उसे मालूम था कि इस नामालूम शहर के इसी डाकघर तक मुझे आना है. उसने अपना हाथ मेरी ओर बढ़ाया...उसकी बंधी मुट्ठी में एक अमलतास का फूल था. मगर इस शहर में तो अमलतास नहीं खिलते.

'मेरा पोस्टकार्ड मुझे दे दो...यहाँ से गिराओगी तो खो जाएगा...मेरा शहर यहाँ से तेरह समंदर पार है'. मेरा दायाँ हाथ उसने थाम रखा था...हम दोनों की हथेलियों के बीच एक अमलतास का फूल साँस ले रहा था. मेरे बाँयें हाथ में उसके नाम का पोस्टकार्ड था जिसे मैं लेटर बौक्स में गिराने ही वाली थी. मगर उसे सामने सामने कैसे दे दूँ ये पोस्टकार्ड...अभी इसके मिलने का वक़्त तय नहीं हुआ है. मुझे संगीत के नोटेशंस याद आये...सम पर मिलना था उसे ये पोस्टकार्ड. अगर वो अभी मेरा लिखा पढ़ लेगा तो जिंदगी के ताल में ब्रेक आ जाएगा.

'तुम्हें समंदर गिनने आते हैं?' मैंने उसका पोस्टकार्ड करीने से अमलतास के फूल के साथ अपनी नोटबुक में रख दिया. हवा में बहुत ठंढ थी. वेदर रिपोर्ट वालों ने कहा था कि आज मौसम की पहली बर्फ गिरेगी. उसने अपनी कोट की जेब से दस्ताने निकाले और पहनने लगा. मेरे पास आधी उँगलियों वाले दस्ताने थे. इनमें उँगलियों के पोर बाहर निकले रहते हैं. मैं पूरे ढके हुए दस्ताने नहीं पहन सकती. कलम को छू न सकूँ तो मुझे साँस लेने में तकलीफ होने लगती है. उसने मुझसे एक दस्ताने की अदलाबदली कर ली. हम दोनों मिसमैच वाले दस्ताने पहन कर हँस रहे थे. मुझे लगा कि हमारी हँसी उजले फाहों की तरह गिर रही है मगर फिर उनकी ठंढक ने बताया कि बर्फ गिरने लगी है. हम वहाँ से बेमकसद किसी ओर चल पड़े. उसके काले कोट पर बर्फ के फाहे यूँ दिखते थे जैसे मैंने अपना हाथ उसके कंधे पर रखा हुआ है. साथ चलते हुए हमारी उँगलियों के पोर एक दूसरे को छूते हुए चल रहे थे. जैसे हमारे बीच कोई तीसरा बहुत प्यारा दोस्त है जिसने हम दोनों की हथेलियाँ थाम रखी हैं.

वो शनिवार का दिन था और शहर के लोग छुट्टियाँ बिताने गाँव की ओर निकल गए थे. अगर चाहना पर दुनिया चलती तो उस वक़्त हम दोनों एक नोटबुक, एक कलम और नए शहर बनाने की बहुत सी कल्पनाएँ चाहते थे...हम उसी वक़्त अपनी पसंद का एक शहर बना सकते थे जिसमें मेरी पसंद के फूल खिलते और उसकी पसंद का मौसम आता. मगर इस ठंढ में हमें पहले इक शांत जगह चाहिए थी जहाँ अलाव जल रहे हों और बेहतरीन विस्की या ऐसी कोई चीज़ मिल सके कि जिससे उँगलियों के पोरों में जमी ठंढ पिघल सके. सामने मेट्रो स्टेशन था. हम दोनों ने पहली मेट्रो ले ली. दिन के ग्यारह बज रहे थे, हमारे पास इतनी फुर्सत थी कि हम धरती का एक पूरा राउंड लेकर आ सकते थे. मगर हम पहले ही स्टॉप पर उतर गए. वह एक छोटा सा पहाड़ी गाँव था जिसका फ्रेंच नाम था...मेरे पसंदीदा गीत 'ला वियों रोज' की तरह कोई पोएटिक सा नाम. 

गाँव की सड़कें बहुत पुराने पत्थर की बनी थीं. इसी राह से क्रन्तिकारी और प्रेमी दोनों गुज़रे होंगे. पुरानेपन में एक कालजयी गंध थी. एक रेस्तरां से ब्रेड के बनने की मीठी खुशबू आ रही थी और टेबलों पर अलाव की छोटी डोल्चियाँ रखी थीं. दास्ताने उतारते हुए हम फिर से हँस पड़े. 'मैं तुम्हारा ये दस्ताना रख लूँ?' उसने मेरा वाला दस्ताना अपनी कोट की जेब में रख लिया था. 'एक दस्ताने का क्या करोगे, तुम्हें पसंद हैं तो जोड़ा रख लो.', मैं अपने हाथ से उतार कर उसे अपना दस्ताना देने लगी कि उसने रोक दिया. 'नहीं दोस्त, एक ही चाहिए...तुम्हें याद करने को इतना काफी है...दोनों रख लूँगा तो तुम पर शायद कोई हक जताने लगूँ.'

आर्डर लेने आई हुयी औरत की उम्र कोई चालीस साल होगी...मुस्कुराती है तो गालों में गहरे गड्ढे पड़ते हैं और उसकी आँखों में बहुत काइंडनेस दिखती है. हम दोनों एक लम्बे से नाम वाला कोई ड्रिंक आर्डर करते हैं जिसमें पड़ने वाली कोई भी सामग्री हमें समझ नहीं आती. धूप का एक तिकोना टुकड़ा हमारे ठीक बीचो बीच लकड़ी की मेज पर आराम फरमाने लगता है. हमारी ड्रिंक काली चाय थी जिसमें दालचीनी, लौंग, अदरक और जायफल की तेज़ गंध थी...साथ में अल्कोहल की तीखी गर्माहट भी थी. हम दोनों ने अपनी अपनी ड्रिंक में दो चार चम्मच शहद मिलाई...हर सिप में 'शायद' का स्वाद आता है...जैसे 'शायद ये एक सपना है', 'शायद मैं सिजोफ्रेनिक हो रही हूँ', 'शायद मैं एक नयी कहानी लिख रही हूँ'...ऐसे ही बहुत से जायकेदार शायदों की चुस्की लेते हुए हम देर तक एक दूसरे को देखते रहे. 

'अच्छा विश...अपने बारे में एक एक फैक्ट से शुरू करते हैं बातें...तुम्हारा पूरा नाम क्या है?'
'मेरा कोई नाम नहीं है...तुमने एक दोस्त की विश की थी इसलिए मैं तुम्हारे रास्ते भेज दिया गया. भगवान के कारखाने में हम जैसे लोग लिमिटेड एडिशन में बनाये जाते हैं. तुमने बड़े सच्चे दिल से मुझे माँगा है, इसलिए मैं आ गया हूँ...जब तुम्हारी ये जरूरत पूरी हो जायेगी...मैं गुम जाऊँगा और तुम्हें मेरी कोई याद भी नहीं रहेगी.'
'तो तुम मेरी चाहना के कारण आये हो?'
'हाँ मेरी दोस्त...तुम क्या चाहती हो?'
'इस वक़्त तो मैं कुछ भी नहीं चाहती विश...अगर ये सपना है तो ऐसे गहरे...मीठे और सच से लगे वाले कुछ और सपने...अगर ये एक कहानी है तो ऐसी कुछ एक और लम्बी कहानियां...जिंदगी से ज्यादा शिकायत नहीं है मुझे'
'तो मैं कभी कभी मिलने आता रहूँगा तुमसे...यूँ ही. कोई तीन एक साल में एक आध बार?'
'तीन साल थोड़े ज्यादा है...तुम साल में एक बार नहीं आ सकते?'
'दोस्त, मेरे आने का मौसम चाहिए तुम्हें?'
'अगर मैं हाँ कहूँ तो तुम मेरी बात मान लोगे?'
'चलो अगर मान लिया तो क्या नाम दोगी उस मौसम को?'
'नाम नहीं...इस मौसम के लिए एक फूल होगा...अमलतास...मुझे जिस साल तुम्हारी बहुत याद आएगी मैं तुम्हें अमलतास के फूल भेजा करूंगी लिफाफों में'
'सिर्फ फूल? ख़त नहीं भेजोगी?'
'नहीं विश...तुमसे करने को ख़त में बातें नहीं होतीं...तुमसे मिल कर जान रही हूँ कि कागज़ पर लिखे शब्दों का एक ही आयाम होता है...वे यूँ बात नहीं कर सकते. अब मुझे नहीं लगता मैं तुम्हें कभी ख़त लिख सकूंगी. अब तुम्हारी तलब लगेगी तो तुम्हें आना पड़ेगा.'
'हक की बात आ ही जाती है न मिलने से?'
'हक नहीं है...दुआएँ हैं...अमलतास जैसी...सुनहली पीली...शांत' 

मैं अपनी नोटबुक से वही अमलतास का फूल निकाल कर उसके काले कोट के बटनहोल में लगा देती हूँ. फूल गिर न जाए इसलिए अपने बालों से एक क्लिप निकाल कर उसे फिक्स कर देती हूँ. चेहरे पर एक लट बार बार झूल आ रही है. मैं नोटबुक देखती हूँ तो उसमें एक और अमलतास का फूल पाती हूँ. उसे निकाल कर टेबल पर रखती हूँ तो देखती हूँ वहाँ एक और अमलतास का फूल है...धीरे धीरे टेबल पर एक गुच्छे अमलतास के फूल जमा हो जाते हैं. विश मेरी ओर देख कर मुस्कुराता है. मैं उसकी. वो लम्हा बहुत मीठा है. अमलतास के मौसमों में जो शहद बनता है...उतना मीठा. कभी कभी महसूस होता है जिंदगी में कि सब कुछ शब्द नहीं होते...बातों से नहीं बनी होती दुनिया. मुस्कुराहटों. अमलतास के फूलों. फिर कभी मिलने की दुआओं. और विस्की की स्वाद वाली चाय की भी बनी होती है. विश. कितना प्यारा नाम है न. 

इसके कोई तीनेक साल तक अमलतास का मौसम नहीं आया. मैं कभी गुलमोहर के देश जाती तो कभी वाइल्ड आर्किड वाले पहाड़...कभी मोने की वाटर लिलीज वाले शहर...ऐसे ही किसी दिन विश का फोन आता है...वो मुझसे फोन पर पूछता है, 'दोस्त, तुमने तो इतनी दुनिया देखी है...जरा नक्शा देख कर बताओ...मेरे घर से तेरह समंदर दूर कौन सा शहर पड़ता है? मुझे जाने क्यूँ लगता है कि मैं कभी उस शहर में मिला हूँ तुमसे'. मैं गिनती हूँ तो दुनिया के तेरह समंदर पूरे होते हुए वापस उसके शहर तक ही पहुँच जाती हूँ. 'ऐसा कोई शहर दिखता तो नहीं है मगर मेरी डायरी में एक पोस्टकार्ड रखा है जिसपर तुम्हारे घर का पता है और स्टैम्प्स भी लगे हुए हैं...कितना भी याद करूँ, मुझे याद नहीं आता कि मैंने ये पोस्टकार्ड गिराया क्यूँ नहीं. उसके अगले पन्ने में एक अमलतास का सूखा फूल भी रखा है. उस पूरे साल मैं जिन देशों में रही हूँ उनमें से किसी में भी अमलतास नहीं खिलता...तुम्हें कोई अमलतास का फूल याद है?'. 

उस वक़्त हम एक दूसरे से तेरह समंदर दूर के शहरों में होते हैं लेकिन जब अपनी अपनी चाय सिप करते हैं तो बारी बारी से दालचीनी...लौंग...जायफल...सारे स्वाद आने लगते हैं. मौसम सर्द होने लगा है. मैं अपने कोट की जेब में हाथ डालती हूँ...दोनों जेबों से अलग अलग दस्ताने निकलते हैं. खिड़की से अमलतास की एक डाली अन्दर पहुँच गयी है. कोपलें हैं. अमलतास खिलने के मौसम में अभी वक़्त है शायद. एक साल. शायद बहुत साल और. मैं उसे बुलाना नहीं चाहती...वो बेतरह व्यस्त होगा...मुझे पक्का यकीन है. फोन रखने पर याद आया कि मैंने सोचा था उससे पूछूंगी, 'विश. तुम्हारे काले कोट पर लगा अमलतास का फूल ताज़ा है या सूख गया?'.

25 November, 2015

द राइटर्स डायरी: आस्था की लौ...आत्मा को रौशन करती हुयी

इस साल मैं पहली बार अमेरिका गयी हूँ. पहला शहर जो मैंने देखा वो डैलस था. हयात वाले होटल के पाँच माइल के रेडियस में कार की सर्विस देते हैं...कहीं भी आने जाने के लिए. रिचर्डसन के जिस एरिया में मैं ठहरी थी वहाँ से दो तीन चर्च दिखते थे. मैं अपने पहले दिन इत्तिफाकन उनमें से दो के पास गुजरी, सोचा कि यहाँ के चर्च भी देख लेते हैं. इसके पहले यूरोप गयी हूँ या फिर थाईलैंड...दोनों जगह क्रमशः चर्च और मंदिर हमेशा खुले हुए ही देखे हैं. यूरोप का कोई छोटे से गाँव में छोटा सा चैपल भी होता है तो भी उसके दरवाज़े खुले होते हैं. अपने देश का तो कहना ही क्या...यहाँ भी लगभग सारे मंदिर सारे वक़्त खुले ही रहते हैं. तो मैं चर्च के मेन दरवाज़े पर पहुंची. वो बंद था. फिर मुझे लगा कि शायद कहीं कोई छोटा दरवाज़ा होगा तो वो भी बंद मिला. मैंने सोचा कि ये एक चर्च बंद है...चलो कोई बात नहीं, किसी दूसरे में चले जायेंगे. अगली बार शटल से जाते हुए जो ड्राईवर थी, कैरोलिन, उससे पूछे कि यहाँ कोई चर्च है जो खुला होगा...कल मैं इस बगल वाले में गयी तो बंद था. वो पहले तो इस बात पर बहुत चकित हुयी कि मैं हिन्दू हूँ तो मुझे चर्च क्यूँ जाना है. तो उसे पूरे रास्ते मैं ये समझाती आई कि हमारे यहाँ किसी भी धर्म के पूजा स्थल पर जा सकते हैं. हम घूमते हुए चर्च भी चले जाते हैं, मज़ार भी और बौद्ध या जैन मंदिर भी. (एक मन तो किया कि उसको DDLJ दिखा दें. काजोल को देख कर अपनेआप समझ में आ जाएगा उसको.

बात परवरिश और स्कूल/कॉलेज की भी है. मेरी पढ़ाई देवघर में कान्वेंट स्कूल में हुयी. जैसी कि मेरे जान पहचान के अधिकतर लोगों की हुयी है. घर परिवार में भी, लगभग सारे बच्चे ऐसे ही इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़े हैं. सेंट फ्रांसिस, डॉन बोस्को, लोयोला हाई स्कूल...मेरे स्कूल में अधिकतर टीचर्स केरल से आये थे. कुछ सिस्टर्स वगैरह थीं और कुछ लोकल टीचर्स भी. हम स्कूल असेम्बली में 'त्वमेव माता' भी गाते थे और 'देयर शैल बी शावर्स ऑफ़ ब्लेसिंग्स' भी गाते थे. 'इण्डिया इज माय कंट्री...आल इंडियंस आर माय ब्रदर्स एंड सिस्टर्स' वाला प्लेज भी लेते थे. इसके बाद अक्सर 'आवर फादर इन हेवेन होली बी योर नेम' पढ़ते थे...और फिर क्लास्सेस शुरू होती थीं. हमारी प्रिंसिपल पहले सिस्टर जोस्लेट और फिर सिस्टर कैरोलीन रही थीं. हमने उन्हें हमेशा सादगी से रहते और पढ़ाई के प्रति बहुत सिंसियर देखा था. हममें से अधिकतर की आइडियल हमारी प्रिंसिपल होती थीं. पटना में मेरी 12th के लिए मैं सेंट जोसफ कान्वेंट गयी. वहाँ स्कूल में एक छोटा सा चैपल था. मैं अक्सर सुबह स्कूल में क्लास आने के पहले वहां चली जाती थी. मन बहुत परेशान रहा या ऐसा कुछ. वहाँ जाते हुए एक चीज़ पर अक्सर मेरा ध्यान जाता था. हम जो हिन्दू स्टूडेंट होते थे, हमेशा अपने जूते बाहर खोल कर जाते थे...कि हमें मंदिर जैसी आदत थी...लेकिन जो क्रिश्चियन स्टूडेंट्स होती थीं, वे जूते पहन पर ही अन्दर चली जाती थीं क्यूंकि उन्हें ऐसा करने नहीं कहा गया था. हमारा क्लास शुरू होने के पहले वहां रोज़ 'आवर फादर इन हेवेन' कहना होता था. हमारी मोरल साइंस टीचर हमें मज़ाक में पूछती थी कि हम छुट्टियों में 'आवर फादर इन हेवेन' नहीं कहते, भगवान को भी छुट्टी दे देते हैं. इसपर हम सब लड़कियां खूब हँसती थीं. पटना विमेंस कॉलेज भी कैथोलिक सिस्टर्स का इंस्टिट्यूट है. पर यहाँ चूँकि हम बड़े हो गए थे तो कोई मोर्निंग असेम्बली वगैरह नहीं होती थी. यहाँ भी कोलेज के अन्दर एक छोटा सा चैपल था. वहां एक्जाम वगैरह के पहले मैं या मेरी कुछ दोस्त जाया करती थीं. कई बार हम किसी स्टेज परफॉरमेंस के पहले भी जाया करते थे. 

डैलस में मेरी कार ड्राईवर कैरोलीन ने बताया कि यहाँ चर्च हफ्ते में सिर्फ संडे को खुलते हैं. मुझे अपनी स्कूल की सिस्टर याद आ गयी, 'बहुत मजे हैं तुम्हारे भगवान के, हफ्ते में सिर्फ एक दिन काम करता है...हमारे यहाँ तो सारे भगवानों को पूरे हफ्ते काम करना होता है...त्योहारों में तो ओवरटाइम भी'. उसे मैं बहुत फनी लगी थी. जिसे आज सेकुलर कहते हैं...वो हमारे लिए हमेशा इतना साधारण रहा है कि कभी सोचने की जरूरत भी नहीं पड़ी. हमें बचपन से हर भगवान के सामने सर झुकाने की शिक्षा दी गयी थी. चूँकि हम बहुत घूमे हैं, तो देश में कई सारे मंदिर, बौद्ध स्तूप, मजार और मस्जिद भी गए हैं. पापा, मम्मी और भाई के साथ. बड़े होने के बाद पहली बार कश्मीर गए जब इन चीज़ों की थोड़ी बहुत समझ आने लगी थी...तो इस बात पर बहुत तकलीफ हुयी कि हज़रत बल में मस्जिद में अन्दर औरतों का जाना प्रतिबंधित है. मैं सोच रही थी कि उन्हें कितना खराब लगता होगा कि अन्दर जाने नहीं देते हैं. क्यूंकि दिल्ली में जामा मस्जिद में जाने दिया था. आगरा में भी. मुझे बचपन के और भी कई मस्जिद ऐसे ही याद थे जहाँ अन्दर जाने दिया जाता था.

घर में मम्मी कभी पूजा करने बोली नहीं...तो कभी पूजा करने मना भी नहीं की. व्रत वगैरह भी कभी कभार रख लेते थे. माँ और पापा दोनों रोज पूजा करते थे. घर के लोगों की यादों में सबसे क्लियर उनके पूजा करने का ढंग आता है. मम्मी का, दादी का, दिदिमा का, नानाजी का, पापा का...सबके अपने अपने चुने हुए मन्त्र और अपने अपने मंत्रोचार थे. देवघर चूँकि शंकर भगवान की नगरी है तो हम सब भोले बाबा के भक्त. अब उनका इम्प्रेशन ऐसा कि भूल वगैरह आराम से माफ़ कर देते हैं. तो पूजा पाठ में कोई गलती हो जाए तो ज्यादा परेशान नहीं होते थे. दिल्ली आने तक ऐसा ही बना रहा. जन्मदिन या पर्व त्यौहार में मंदिर जाना और कभी मूड हुआ तो पूजा कर लेना. भगवान में आस्था बहुत थी. मम्मी के जाने के बाद भगवान में विश्वास एकदम अचानक टूट गया. पूजा करनी बंद कर दी. घर की कुछ रस्में तो करनी पड़ती हैं...तो जहाँ जहाँ पूजा आवश्यक थी, वहां की, पर अपने मन से कभी मंदिर जाना या घर में भी पूजा करनी एकदम बंद है. शायद कभी वे दिन लौटें...मगर फ़िलहाल मन में श्रद्धा नहीं उभरती.
हमने हाल में नयी गाड़ी खरीदी है. स्कोडा ओक्टाविया. कल गाड़ी का रजिस्ट्रेशन था. उसके बाद मैं अपने एक दोस्त से मिलने गयी. अचानक ही मूड हो गया. बहुत दिन बाद गाड़ी हाथ में थी. बारिश का मौसम था. चल दिए. उसको कॉल किया कि मैं आ रही हूँ तेरे घर. वो ओडिसी और कुचिपुड़ी डांस करती है. इतना खूबसूरत कि बस. बड़ी बड़ी आँखें. उसे साधारण रूप से काम करते हुए देखती हूँ तो भी उसमें एक लय दिखती है. उसके चलने में, बोलने में, हंसने में. आंध्र की है...और बिहारी से शादी की है. iit का लड़का. उसका एक छोटा बेटा है. चार साल का लगभग. कल दरवाज़ा खोली तो देखे कि एकदम साड़ी में है, हम खुश होके बोलते हैं कि 'मेरे लिए' तो पट से जवाब आता है, 'औकात में रह'. कल कोई तो तुलसी पूजा थी, उसके लिए तैयार हुयी थी. हुयी तो पूजा के लिए ही तैयार न :) 

उनका अपना घर है. हाल में शिफ्ट हुए हैं. वहां पूजा के लिए अलग से कमरे का एक हिस्सा है. इसी में वो डांस प्रैक्टिस भी करती है. पूजा के हिस्से को अलग करने के लिए एक लकड़ी का नक्काशीदार जाली वाला पार्टीशन है. कल वहीं बैठी. वो मुझे बता रही थी कि आज दीवाली की तरह तुलसी के आसपास दिया जलाते हैं. उसका पूजाघर छोटा सा तीन स्टोरी रैक का बना हुआ था. एक ड्रावर जिसमें बहुत तरह के डिब्बे रखे थे. राम लक्ष्मण सीता की एक बड़ी तस्वीर. उसके ऊपर सुनहले रंग की छतरी. कांसे के राम, लक्ष्मण, सीता...हनुमान जी और गणेश जी. कई सारे अलग अलग साइज के दिए थे. कुछ कांसे के, कुछ चाँदी के. पंचमुखी दिया. सब अलग अलग साइज़ के दिए जोड़ों में थे. उसने दीयों को ऊंचाई के हिसाब से लाइन में रखा तो जैसे सीढ़ियाँ बन गयीं थीं. उसने मुझे बताया कि कैसे कांसे के वो राम लक्ष्मण सीता को लाने की कहानी है.

एक भजन है, नॉर्मली भजन में लिखने वाले का और जगह का नाम आता है. उसे एक भजन बहुत पसंद था और वो जानना चाहती थी कि वो कहाँ लिखा गया है. जब उसे उस ग्राम का नाम पता चला तो उसका मन था वहां जाने का. यहीं बैंगलोर के पास का एक गांव था. इत्तिफाक से वहीं पर उसका एक डांस प्रोग्राम आ गया. जब वह उस ग्राम में गयी और उस मंदिर में गयी जहाँ वो भजन लिखा गया था तो ऐसा हुआ कि पूजा के बाद पंडित और दर्शनार्थी सब चले गए और वो मंदिर में अकेली, सिर्फ भगवान के सामने थी. उस समय उसने वहाँ वो संगीत चलाया और उसपर उस छोटे से गाँव के उस छोटे से मंदिर में सिर्फ भगवान के लिए उसी भजन पर एक छोटा सा नृत्य किया. ये एक आत्मा को छूने वाली घटना थी. इसी के बाद उस शहर में एक दुकान में उसे ये भगवान की प्रतिमाएं मिली थीं. 

इधर बहुत दिन से मेरी पूजा बंद है. बाकी लोगों को भी मैं पूजा करते देखती हूँ तो वे एकाग्रचित्त नहीं होते. उनका मन कहीं और लगा होता है. पूजा एक रूटीन सी हो जाती है. मगर उसे देखना ऐसा नहीं था. उसे देखने पर मन में कोई पवित्र सी भावना जगती थी. जैसे कि वो सब कुछ प्रेम में, भक्ति में डूब कर कर रही है. उसके लिए सामने रखी मूर्तियों में प्राण थे और वो अपने इष्ट की ख़ुशी के लिए सब कर रही थी. पूजा. धूप. चन्दन. अगरबत्ती. पूजा करते हुये उसकी चूड़ियों की खनक भी सुन्दर लगती थी.

उसने कहा कि वो मुझे वो भजन सुनाएगी. एक ही पंक्ति सुन कर जैसे रोम रोम में अलग सा अहसास हुआ था. जैसे भगवान वाकई सुन रहे हो. बिना किसी वाद्ययंत्र के सिर्फ कोरी आवाज़. कुछ करने के लिए वो उठी. और जब वापस बैठ कर उसने भजन फिर गाना शुरू किया तो मुझे लगा कि ये मुझे रिकॉर्ड कर लेना चाहिए. शायद वो फिर से मेरे लिए गा दे...लेकिन अभी की उसकी आवाज़ सिर्फ राम तक पहुँचने के लिए है. मैंने चुपचाप मोबाइल से इसकी रिकॉर्डिंग कर ली. ये एक मुश्किल निर्णय था. मैं वहां डूबना चाहती थी उस आवाज़ में. मगर मैं उसे सहेजना भी चाहती थी. दिए की लौ में उसका चेहरा कितना सुन्दर दिख रहा था. मुझे बहुत साल पहले की गाँव की याद आई. तुलसी चौरा पर दिया दिखाती चाची, मम्मी, दीदी...सब एक ही जैसी लगती थी. दिव्य. 

ये एक अनुभव था. इसे मैं यहाँ इसलिए लिख रही हूँ कि बहुत साल बाद मैंने इस आवाज़ से अपने अन्दर रौशनी महसूस की है...उस भजन से जैसे भगवान खुश होकर जरा सा मेरे मन में भी बस गए हैं. ये इतनी खूबसूरत चीज़ है कि बिना बांटे रहा नहीं गया. शायद कभी मेरे मन में भी शंकर भगवान के प्रति आस्था वापस आएगी...तो मैं अपनी आवाज़ में कुछ वो भजन गा सकूंगी जो मैंने सीखे थे. धर्म ठीक ठीक मालूम नहीं क्या होता है, मेरे लिए जिस चौखट पर सर झुक जाए वहीं भगवान हैं...आस्था मन के अँधेरे को रौशन करती दिये की लौ है...जरा सी उम्मीद है...जरा सा सुकून.

मगर फिलहाल आप उसे सुनिए...

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...