12 March, 2013

एक अच्छे वीकेंड की डायरी

एक सुख की जगह होती है...खालीपन के ठीक पास...वहां पर जब होती हूँ अक्सर कुछ नहीं लिखती हूँ. पिछला वीकेंड बेहतरीन था. फ्राइडे को विमेंस डे था. ऑफिस में इतना अच्छा लगा. लगभग चार बजे एक चोकलेट मूस वाला एक डेजर्ट मिला...किसी लड़के को नहीं दिया गया कि स्पेशल डे है आज. जोर्ज को दिखा दिखा के चिढ़ा के खाने का अपना मज़ा था. फिर एक इंटरनल मीटिंग थी तो हम सारे उसमें व्यस्त हो गए. कांफेरेंस रूम के बाहर बहुत शोर हो रहा था...हमने दरवाजा खोल के देखा तो रेड वाइन की बोतलें थीं, बहुत सारे चोकलेट के डिब्बे थे, वाइन ग्लासेस थे और पूरा ऑफिस जुटा हुआ था. 

सेलेब्रेशन में पहले वाईन...स्पेशियल लोगों के लिए...ऑफिस की सारी लड़कियां/औरतें रेसिप्शन पर थीं...चीयर्स के टाइम पर सारे लड़कों के हाथ में कैमरा था...इतने सारे फ्लैश हो रहे थे कि सेलेब्रिटी जैसी फीलिंग आ रही थी. फिर बहुत सारा शोर होता रहा...बहुत सी अच्छी अच्छी बातें. मैं वाइन कभी नहीं पीती पर शायद माहौल का असर था कि अच्छी लग रही थी. थोड़ा सा टिप्सी थी. चोकलेट और वाइन का कॉम्बो किलर था. फिर हमारे लिए राहिल ने डांस भी किया. वो हमारे ऑफिस का रॉकस्टार है. बहुत सारी सीटियाँ बजीं...बहुत सारा शोर फिर से. राहिल ने सबको चोकलेट का डिब्बा गिफ्ट किया...अपनी अपनी श्रद्धा से कुछ लड़कियों ने वापस में गाल पर किस दिया...कुछ ने हग किया...बहुत अच्छा लग रहा था. वापस सीट पर आई तो वहां फूलों का गुलदस्ता रखा था. मूड बेहतरीन था. आई लव माय ऑफिस. :)

घर आई तो वीकेंड गप्पें साढ़े तीन बजे तक चलती रहीं. अगली सुबह पोंडिचेरी निकलना था. ६ बजे का अलार्म लगा कर सोये मगर उठते और तैयार होते ४ बज गए. लॉन्ग ड्राइव टू पोंडिचेरी...३५० किलोमीटर...कुछ अच्छे गाने सुनते, गप्पें मारते कोई ३ बजे पहुँच गए. खाना खाया और सो गए. शाम को समंदर किनारे टहलने गए. कुणाल को समंदर की हवा बहुत अच्छी लगती है. खास तौर से रॉक बीच पर शाम में ट्रैफिक बंद होता है तो सिर्फ लोग चहलकदमी करते हुए दिखते हैं. बीच साइड के छोटे सफ़ेद घर, फ्रेंच आर्किटेक्चर...जरा सी हमें यूरोप की फीलिंग आ रही थी. बाहर गए बहुत टाइम हुआ न...अब हम घुमक्कड़ हो गए हैं दोनों. देखें उसका अगला प्रोजेक्ट कब आता है. इस बार मैं फ़्रांस या इटली घूमने के मूड में हूँ :)

ला कैफे में फ्रैपे और फ्रेंच फ्राईज...फुल अनहेल्दी खाना खाया. अगली सुबह आश्रम ९ बजे पहुंचना था तो सो गए. १० को साकिब का भी बर्थडे है. हम उसे और कुणाल को जुड़वाँ कहते हैं. साकिब एक साल छोटा है उससे. अरविंदो आश्रम में जन्मदिन के दिन श्री अरविन्द के कमरे में ध्यान करने दिया जाता है. हमने सुबह टोकन कटाया और कमरे के बाहर सीढ़ियों पर कुछ देर बैठे रहे. मुझे वहां बहुत से अपने लोगों की याद आई...एकदम चुप बैठे हुए मैंने उनके लिए कई दुआएं की...वो जहाँ हों, खुश रहें. 

उस कमरे में बहुत शांति मिलती है...जैसे सब कुछ ठहर गया हो. ये दुनिया की कुछ उन आखिरी जगहों में से है जहाँ होने पर मैं कहीं भाग नहीं जाना चाहती...रहना चाहती हूँ. साँस लेना चाहती हूँ...कपूर की खुशबू में डूबे उस कमरे को अपने अन्दर बसा लेना चाहती हूँ. 

वहां से बाहर आ के कुछ किताबें खरीदीं...दिलीप मामा के साथ थोड़ा चाय कॉफ़ी...दिलीप मामा हमें अपना रूम दिखाने ले गए. उन्होंने कहा कि कमरा थोडा अस्त-व्यस्त है. मैंने कहा मुझे केओस अच्छा लगता है. मामाजी के पास बहुत सी किताबें थीं और उन्हें स्कल्पचर का शौक़ था तो जाने कहाँ कहाँ की मूर्तियाँ थीं. उनके पास श्री माँ और श्री अरविन्द की एक स्पेशियल तस्वीर थी जिसमें उन दोनों के सिग्नेचर थे. मामाजी बड़े इंट्रेस्टिंग हैं. स्वामी विवेकानंद पर बनी एक बंगाली फिल्म के लिए उन्होंने काम किया है. एक छोटा सा रोल भी निभाया है. उन्होंने कुणाल को बर्थडे पर एक टी-शर्ट दी...दो-तीन किताबें...मुझे एक गणेश जी की छोटी सी मूर्ती...फूलों के लिए एक मेटल स्टैंड और एक बेहद खूबसूरत पीतल की संदूकची दी. ऐसा लग रहा था जैसे मेरा ही बर्थडे हो. 

बारह बजे हम पोंडिचेरी से निकल गए. वापसी का ७ घंटे का सफ़र. बैंगलोर में फिर पूरी पलटन के साथ बर्थडे सेलेब्रेट करना क्यूंकि ये पहली बार था कि कुणाल और साकिब इस दिन एक साथ थे. मोहित, नीतिका, अभिषेक, चन्दन, रमन, दिनेश, सकीब, कुणाल और मैं सब मिल कर एक नए रेस्टोरेंट में गए...ब्लैक पर्ल. मस्त जगह थी. पाईरेट वाला डिकोर था. खाना बहुत अच्छा...मूड बहुत अच्छा. घर वापस आते एक बज गया. 

अगली सुबह फिर ऑफिस...आज जोर्ज और नेहा पुणे गए हुए हैं शूट पर. मन नहीं लगता उनके बिना...ऑफिस खाली लगता है. आज बहुत वर्कलोड भी नहीं है. लाइफ थोड़ी अच्छी...थोड़ी सेटल्ड सी लग रही है. एंड फॉर अ चेंज मुझे ये अच्छा लग रहा है. इतना सब लिखना इसलिए कि सिर्फ उदासियाँ दर्ज नहीं होनीं चाहिए. 

बहार का मौसम...खुशामदीद. :) 

07 March, 2013

फीवर ९९ और हम


दो दिन से ९९ डिग्री बुखार है. न चढ़ कर ख़त्म होता है, न उतर कर ख़त्म होता है. इस बुखार में अजीब किस्म से घालमेल हो रहा है चीज़ों का. आज दिन भर किसी काम में मन नहीं लगा. बस दिन भर फेसबुक पर रही...कुछ पुरानी पोस्ट्स पढ़ीं...कुछ मनपसंद फिल्मों के दृश्यों और जिंदगी में कन्फ्यूज होती रही. कई बार लगता रहा कि इन द मूड फॉर लव वाली गली से गुज़र रही हूँ और किसास किसास बज रहा है.

कुछ अजीब किस्म के रंग हैं...उनका अपना भूगोल है, वे इसी धरती के किसी मानचित्र में नहीं मिलेंगे. मैं ऐसे किसी शहर में हूँ. किसी दीवार पर उकेरे गए नाम देखती हूँ. सड़क की गर्द और गुबार से भरी गलियां हैं जिनमें कितने साल पहले लिखे गए नाम भी हैं. ये चिट्ठियां कभी पहुँचीं? किसी ने कभी ठहर कर नामों के इस गलीज स्लम में अपना कुछ ढूँढा भी होगा...तो फिर इस सारी ग्रैफिटी में एक विशाल 'आई मिस यू' क्यूँ लिखा नज़र आता है. या कि मेरी आँखों का दोष है...मेरी दूर की नज़र ख़राब है. मुझे अपने से एक फुट से ज्यादा नहीं दिखता. जिंदगी के साथ भी ऐसा ही कुछ है. इस लम्हे से आगे देखने का कोई चश्मा नहीं बना है.

बिना चश्मे के मुझे लोग तो दिखते हैं मगर उनके चेहरे का भाव नहीं पढ़ सकती...बेसिकली उनकी आँखें नहीं दिखती हैं. हालाँकि कानों में हेडफोन हैं और कोई पसंद का गीत बज रहा है मगर मैं किसी से बात करना चाहती हूँ. भले मुझे उनकी भाषा समझ नहीं आये, उन्हें मेरी भाषा समझ नहीं आये. मैं एक कैमरा लटकाए घूम रही हूँ...हवा का एक बेहद प्यारा झोंका आता है और इस तनहा शहर में जैसे मुस्कराहट का एक बीज रोप जाता है. मैं देखती हूँ सड़क पर एक टूटा हुआ क्लचर गिरा हुआ है. याद आता है किसी वसंत में तुम्हारे साथ एक चेरी के गुलाबी फूलों वाले शहर में चल रही थी. मेरे बंधे हुए बालों में उलझे हुए चेरी नन्हें गुलाबी फूलों को निकलते हुए तुमने कहा था 'बाल खुले रहने दो न, अच्छे लगते हैं'. दुनिया की सबसे घिसी हुयी लाइन होने के बावजूद उस वसंत में कितना नया लगा था तुमसे सुनना.

स्क्रीन के ग्लेयर से आँखों में जलन होने लगी है. दोपहर होने को आई...ये कैसी धूप है, जलाती भी नहीं...रहम भी नहीं करती...ठीक उस मुकाम पर रखती है जहाँ मैं दवा नहीं खाऊँ कि खुद से ठीक होना है...मगर तकलीफ इतनी होगी कि एक कदम से दूसरे कदम तक की दूरी में जान चली जायेगी. कराह को अन्दर ही कहीं दबाते हुए मुस्कुराती हूँ...लोग कहते हैं चेहरे का रंग उतर गया है...आँखों की रौशनी डिम हो गयी है. मैं आइना देखती हूँ...आज अपनी आँखों पर ध्यान नहीं जाता...देखती हूँ होठ सूख गए हैं और चेहरा भी उतर गया है. वाश बेसिन में चेहरा धोती हूँ और एक मुखौटा चढ़ाती हूँ. हँसते हुए कहती हूँ कि 'बीमार होती हूँ तो भी लगती नहीं'...थोड़ा और बीमार लगती शायद तो छुट्टी मिल जाती.

इतनी थकान नहीं होनी चाहिए लेकिन...मगर बुखार आये भी तो बहुत साल बीत गए...जाने कैसा लगता है बुखार आने पर...शायद ऐसा ही लगता होगा...जैसे किसी दस मंजिला बिल्डिंग से नीचे फेंके गए हैं और हालाँकि हड्डियों का सुरमा बन गया है मगर जान बाकी है. कभी सर में दर्द ज्यादा उठता है, कभी कन्धों के दर्द से बेहाल हो जाती हूँ...कभी आँखों की जलन से आंसू निकल आते हैं.

जैसा कि होता है...दिन भर कुछ न करने के बाद शाम को एक बेहतरीन कांसेप्ट लिखा...ऐवें ही मूड फ्रेश हो गया. इधर लगभग चार महीने बाद बाईक ठीक कराई है. मुझे अपनी बाईक चलाने से ज्यादा अच्छा कुछ और लगता हो मुझे याद नहीं आता. आज दोपहर बहुत सारी चोकलेट भी खायी है. अभी बस जरा स्विट्ज़रलैंड टाईप हॉट चोकलेट विद विस्की मिल जाती तो क्या बात होती.

थर्मामीटर ठीक से नहीं लगाया था...अब लगाया थोड़ी देर पहले तो देखती हूँ कि बुखार मियां अब तक मौजूद हैं...तशरीफ़ ले नहीं गए हैं. मेहमाननवाज़ी एक्सटेंड करना कोई अच्छी बात है भला! सारी प्लानिंग चौपट हो गयी...क्या क्या न सोच रखा था इस हफ्ते के लिए. खुदा न खस्ता, बुखार को भी आने का टाइम नहीं मालूम होता है. खैर. लिखने से मूड अच्छा होता है इसके प्रूफ के लिए मैं अक्सर अपनी पोस्ट्स पढ़ती हूँ. आज का काम क्लोज हो गया है...कल का भी सब जुगाड़ ठीक ही लग रहा है. लिख के थोड़ा सर हल्का हुआ तो दर्द भी कम होगा ही कभी न कभी.

कभी कभी दुआओं का कोटा ख़त्म हो जाता है, वैसे में एक्सप्रेस एंट्री करनी पड़ती है...खुदा इसलिए बीमार कर देता है हमें. चलिए आप हमारे ठीक होने के लिए ऊपर खुशामद करिए हम तब तक पिज़्ज़ा और चोकोलावा केक पर हाथ साफ़ करते हैं. बाई द वे....अगर आपको हमारे स्वर्ग के वर्शन पर भरोसा है तो वहां पर एक चोकोलावा का पेड़ है...जिसमें हमेशा अनगिन केक लगे होते हैं. यूँ हाथ बढ़ाया और टप्प से तोड़ लिया. खैर. लगता है बुखार चढ़ रहा है. बकिया बरगलाना फिर कभी.  

06 March, 2013

कश्मीर उसकी आवाज़ में पनाह पाता है

मैंने हीर को कभी नहीं देखा...मगर इस लड़की को गाते सुना तो लगा शायद हीर गाती तो ऐसा ही कुछ गाती...रुबाब की आवाज़ किन पहाड़ों की गूँज लिए लौटती है ये जाने के लिए सवाल करने पड़ते हैं मगर गीत से उबरूं तब तो कुछ पूछूं उससे.

कल एक रिकोर्डिंग के लिए स्टूडियो गयी थी...छोटा सा प्रोजेक्ट था लेकिन गीत के बोल मैंने लिखे थे...और हिंदी का गीत था तो थोड़ा देखना भी था कि सही उच्चारण है या नहीं...मीटिंग के बाद स्टूडियो पहुंची तो उसे देखा...उसका इंट्रो नेहा ने कुछ ऐसे दिया...बहुत खूबसूरत है यार. आवाज़ की खूबसूरती के साथ चेहरे पर भी इतना पानी...और बात से बात निकलती है तो इस कश्मीरी को गाते सुना. कश्मीर उसकी आवाज़ में पनाह पाता है...याद के कितने जंगल पार कर गयी मैं उसके गीत को सुनते हुए.

सूफिस्टिकेशन नाम से उसके अल्बम का पहला गाना सुना मैंने...पंजाबी में ये गीत स्टूडियो की दीवारों में कितना जज़्ब हुआ मालूम नहीं मगर मन के रेगिस्तान में ऐसा ही कोई दरिया बहने को मचल रहा था...स्टूडियो बहुत स्वार्थी होता है, आवाज़ की एक गमक भी बाहर नहीं जाने देता है. उसकी परवरिश में सूफी घुला हुआ है...बचपन से ऐसे ही गीत सुने हैं उसने...इश्क का ऐसा कोई रंग है...आभा हान्जुरा...कश्मीर के पहाड़ों का गीत तलाशती हुयी. गीत की रिकोर्डिंग के लिए कश्मीर जा कर वहां के आर्टिस्ट्स को खोजना. गीत में रुबाब बजता है...वो कहती है कैसे वहां की वादियों से यहाँ बैंगलोर आ गयी, इन्डियन आइडल...और भी कुछ किस्से.

कैसा रेगिस्तान बिछता है कि हीर कि एक पुकार लौटा सके ऐसा कुछ दूर दूर तक नहीं है...मैं आँखें बंद कर रात उसकी आवाज़ के नाम कर देती हूँ...कित्थे नैना न जोड़ी...कित्थे नैना न जोड़ी...तैनू वास्ता खुदा का. क्या कोई पिछले जन्म का वास्ता रहा होगा या कि हर लड़की में एक हीर सी होती है? कैसी आवाज़ है, जैसे हवा का ककून हो...इर्द गिर्द और कुछ भी नहीं है...कितनी शुद्ध...क्या आत्मा से गए गीत हैं? इस पुकार में वो कितनी घुली है? उससे बात करती हूँ तो जानती हूँ कि दर्द बिछोह का है...अपनी मिट्टी से दूर बसने का...डर खो देने का है...एक गहरी आह भारती हूँ उसे सुन कर...इस आर्टिफिशियल दुनिया में भी कहीं कुछ सच्चा है.

उसे देखती हूँ...यादों के कोलाज में कश्मीर की खिलखिलाती नदियाँ आती हैं...आवाज़ लौटने वाले पहाड़ आते हैं...एक घोड़ावाला आता है...शोहैब...कहता है कि दीदी फिर लौट कर आना...लाल चौक पर मेरे नाम से जब भी ढूंढोगे मिल जाऊँगा. कश्मीर में जब भी कोई ब्लास्ट होता है...लाल चौक पर लाठीचार्ज होता है...मैं मन में उसके लिए दुआ मांगती हूँ.

हमें अपना काम अच्छा लगता है...मुझे लिखना अच्छा लगता है...उसे गाना अच्छा लगता है...म्यूजिक डाइरेक्टर हमें किस्से सुना रहा है. कहीं स्टूडियो के बाहर एक भागती दुनिया है...बहुत ट्रैफिक का शोर है...जिंदगी की आधापापी है...स्टूडियो के दोनों दरवाजे लगते हैं तो सब छूट जाता है. हम कुछ लोग होते हैं...कितने तरह का संगीत होता है...आलाप होता है...लयकारी होती है...गमक है...विलंबित ख्याल और ध्रुपद है.

मैं दिल से आभा को बहुत सी दुआएं देती हूँ उम्मीद करती हूँ कि कश्मीर की जिन आवाज़ों की तलाश में वो निकली है, वे उसे मिल जायें और फिर हम उसके रास्ते कुछ पुरानी कहानियां सुन सके. आप फुर्सत में है तो ये गीत सुनिए...दिन के क़त्ल का सामान है...

04 March, 2013

तुम्हारे कमरे के परदे किस रंग के हैं?

एक जिंदगी में हम अनगिन फिल्मों से गुज़रते हैं...उनमें से कुछ हमारे अन्दर घर कर लेती हैं. कुछ दृश्य हैं जो कभी कहीं नहीं जाते.

डेज़ ऑफ़ बीईंग वाइल्ड का ये सीन कुछ उन भूले हुए चेहरों की तरह है जो आपका ताउम्र पीछा करते हैं.
लड़की जरूर उससे बेपनाह इश्क करती होगी...उसे ढूंढते हुए उसके मकान पर पहुँचती है. लड़के की माँ को मालूम नहीं कि वो उसे कब देख पाएगी, देख पाएगी भी या नहीं...और वो कल घर छोड़ कर जा रही है.

लड़की की आखिरी इल्तिजा है...'क्या मैं आपका घर देख सकती हूँ?' पहली स्मृतियों के एक धीमे कोलाज की तरह घर आपकी नज़रों से गुज़रता है और अपनी सारी डिटेल्स के साथ जड़ें  जमाता जाता है दिल के इर्द गिर्द. आप घर की खूबसूरती, रौशनी की नाज़ुकी, तस्वीरों के चेहरों को खुद में बसाते जाते हैं...आपको लगता है कि लड़की के दिल में भी कुछ उम्मीदों की कोपलें खिल रही होंगी...ट्रैफिक का शोर है...दूर शायद कोई ट्रेन गुज़र रही है. लड़की कहती है 'वो मुझे हमेशा घर की सीढ़ियों के नीचे इंतज़ार करने को कहता था. मैं बेहद उत्सुक थी ये जानने के लिए कि उसका घर कैसा दीखता है. ये किसी भी दूसरे घर की तरह दिखता है'.

इश्क का ये ख़ास से आम हो जाना मुझे जाने कैसे तो बेतरह तोड़ता है...ये सीन मेरे दिमाग से उतरता ही नहीं...रंगता रहता है कितने नए अर्थ. बुनता रहता है कितने पुराने नाम...खोजता है कोई अद्भुत चीज़. मैं जैसे बिलख बिलख कर रोती हूँ...चुप...बेआवाज़. फिल्म का दूसरा दृश्य शुरू होता है...जिसमें एक फोन बूथ है...एक फोन है...पूरी रात बजता रहता है...जब कि उस फोन को उठाने वाले की पोस्टिंग कहीं और हो चुकी है...सालों इंतज़ार करके उसने अपनी पोस्टिंग कहीं और करा ली है.
---
जब हमें लगता है कि कोई खो गया है...ये भी तो हो सकता है वो आपको किसी ऐसी राह पर तलाश रहा हो जहाँ जाने का कोई वादा न था..दो अलग अलग आसमानों के नीचे...किसी दूसरे समय में...


रात से भोर का कोलाज

देर रात काम करना...नींद को देना भुलावे...सपनों को भेजना कल आने के मीटिंग-पोस्टपोनमेंट रिक्वेस्ट...खिड़की के पल्ले से आती हवा का विंडचाइम को रह रह कर चुहल से जगाना...ख़ामोशी सा कोई निर्वात रचना...

लिखना जाने क्या क्या...कैसे शब्द ढूंढना...कहाँ से लाना साम्य...कैसे तलाशना शब्दों के अर्थ...कैसे दृश्यों में खोना...लिखना स्क्रिप्ट...लिखना लिरिक्स...खो जाना किसी और समय में...परीकथाएँ बुनना...चौखट पकड़े सोचना किसका तो नाम...हाँ...मर मिटना नीत्ज़े पर...नेरुदा पर...स्पैनिश...जर्मन...क्या क्या पढना...किन किन भाषाओँ में इंस्ट्रुमेंटल सुनना...खोजना शब्द...सलीके के...

करना ऑफिस का काम और मेरी जान, भूल जाना उस लड़की को जिसे चिट्ठियां लिखने की आदत थी, जिसे किस्से सुनाने में लुत्फ़ आता था...जो फोन कर के कहती थी जरा वो कविता सुना दो ना...तुम्हारी आवाज़ से किसकी तो याद आती है...जिसे वो सारे लोग अच्छे नहीं लगते जिन्हें कविता कवितायेँ अच्छी नहीं लगती...

---
उलाहने देना भोर की किरणों को...नींद भरी आँखों से सर दर्द को देखना...याद करना शामों को...इस वसंत में आई हुयी पतझड़ की शामें...सड़क के दोनों ओर बेतरतीबी से बिछे हुए पत्तों का ढेर. सूखे पत्तों की कसमसाती महक...उँगलियों में मसल देना एक पत्ते की पीली नसों को...जैसे खतों के कागज़ में लगाना आग. 

बौरायी हवा में आम के बौर का घुल जाना...ये कैसी गंध है...मिली-जुली...किधर का दरवाज़ा खोलती है...कोई आदिम कराह है...मेरा नाम पुकारती है...समय के उजाड़ मकानों में मुझे टोहती है...एक मैं हूँ...धूल में लिखती हुयी कविता...मिटाती अपनी हस्ती को. देखती हूँ अपना नाम उँगलियों के पोरों में. पार्क में खिलते हैं फिरोजी रंग के फूल...पाती हूँ उनकी जड़ों में मेरी टूटी हुयी दवात. 

भूल जाना लिखना...भूल जाना खुद को...बंद कर देना किसी गहरे हरे दवात में अगली बहार के मौसम के लिए...भूल जाना कि नयी कोपलों का रंग होता है सुर्ख लाल...आँखों को कहना कि न पढ़े कविता...कानों को कहना कि न सुने उसका नाम कि उस नाम से उग आती है कलमें कितने रंग कीं मेरे अन्दर...सियाह रातें जब दर्द में चीखती हैं तब जा कर जनमती है कविता...

तरबीब से जीना जिंदगी को लड़की...समेटना सब कुछ अपने अन्दर मगर ब्लैक होल की तरह...मत भेजना प्रकाश की एक किरण भी बाहर कि तुम्हारी तस्वीर भी न खींच पाएं लोग...निर्वात से जानें तुम्हें ऐसा हो तुम्हारा गुरुत्व...सिर्फ सुनने में अच्छा लगता है सुपरनोवा...मरते हुए तारे की आखिरी पुकार होती है...अनगिन गैलेक्सीज पार कर तुम्हारे दिल को छलनी कर जाती...सबसे पास का तारा...प्रोक्सिमा सेंचुरी.

----
तकलीफों के इस बेसमेंट में थोड़ी मुस्कुराहटें बचाए रहना...किचन के डिब्बे में रखना थोड़ा दालचीनी का पाउडर...घड़ी में घुलना जरा जरा सा...थोड़ी स्ट्रोंग बनना...यहाँ की फ़िल्टर कॉफ़ी की तरह. 

कैमरा को देख कर कहना...स्माइल प्लीज :)

18 February, 2013

राग बिछोह

तुम
किसी लैंड माईन की तरह
बिछे थे इंतज़ार में

आवाजें, शोर
सब याद नहीं
बस तुम्हारा नाम
जिस्म में चुभ गया है 
असंख्य टुकड़ों में 

जहाँ पर आई खरोंचे 
वहां झूठ लगाता है 
जलता हुआ टिंचर आयोडीन 
'शायद' का मरहम 
'अफ़सोस' की पट्टी 

सच छीलता है 
आत्मा की परतें
रिसता है, टपकता है
दर्द बहुत सारा

कुछ खतरनाक से टुकड़े
निकाले हैं डॉक्टर ने बड़ी मुश्किल से

इन टुकड़ों को पिघला कर
एक घड़ीसाज़ बना देता है मेरे लिए
एक अलार्म घड़ी
उसमें हमेशा तुमसे मिलने के मौसम दिखते हैं

प्रोबबिलिटी थ्योरी की तलाश
किसी ठुकराए आशिक ने की होगी 
सोचते हुए मैंने निशान लगा दिया है
एटलस में तुम्हारे शहर पर 

तुम्हारे होने का वहम 
वो खुशनुमा चीज़ है
जो बांधे रखती है मुझे 
इस काली मिटटी वाली ज़मीन से
वरना दिल को कौन रोकता 
कि वो हमेशा से एक तन्हा एस्ट्रोनोट है 
मार्स पर संभावनाएं खोजता हुआ

मुझे टोटली फिट डिक्लेयर कर के
भेज दिया गया दुनिया में वापस

ब्लास्ट में किरिच हुए दिल के साथ
या उसके बगैर बिलकुल आसान है जीना

सब कुछ मुमकिन है
सिर्फ नहीं लिखी जा सकती कविता

13 February, 2013

ज़हरीली खराशें

याद करने की कोशिश करती हूँ...कैसी थी उसकी आवाज़...पटना के कबाड़ी की...पेपर, रद्दी, गत्ता...पेप्पर...रद्दी...जैसी कुछ...कहीं दूर याद की गलियों में साइकिल की घंटी की टिंग टिंग बजती. घर के सामने खड़े जामुन पेड़ के कच्चे जामुनों जैसी कसैली...कनेल के पीले फूलों की गंध जैसी परिचित...बरसात के बाद घुटने भर पानी में हिले-मिले शहर जैसी...खराशें...कैसी खराशें थीं उसकी आवाज़ में...

याद का टीन का डब्बा हिलाती हूँ, अन्दर कुछ खोटे सिक्के ढनमनाते हैं. कैसी थी उसकी आवाज़...बोल न रे टुनकी...कहाँ चढ़ के बैठी है पानी की टंकी पर. चप्पल घसीटता हुआ चलता है लड़का, उसके आने के पहले वही आवाज़ आती है हमेशा...हलके पाँव रखना कब सीखेगा. आवाज़...उसकी आवाज़...४४० हज़ार वोल्ट के खतरे का बोर्ड जैसा वो...आवाज़ उसकी जैसे पागल मौसमों में हू हू...करती हवा जैसे कहती जाती...हूँ...हूँ...मैं हूँ कहीं, तुम्हारे पास...पॉकेट में मिलते हैं अब भी जामुन के बीज...कनेल के सूखे फल रोप दिए हैं कच्ची बारिशों में. कुछ सालों में शायद खिल जायेंगे इनमें पीले फूल...फिर वो एक दिन एक कच्ची डाली हटा कर झांकेगा, गुलेल से कंचे का निशाना लगाए तोड़ेगा मेरे कमरे की खिड़कियों के शीशे...धमकियों से बेअसर खी खी करके हंसेगा.

पतंग उड़ाने की बातें करती मैं सोचूंगी उसके बारे में...मांजे के जैसा काटेगा उड़ते ख्वाबों के कबूतर के पंख. पीपल के पेड़ की फुनगी पर रहने वाले भूत को मिलेगी पतंग पर लिखी कविता की कोई पंक्ति...भूत वही कविता सुना कर चाँद को पटायेगा...पोखर में तैरती मिलेगी उसकी नीली चप्पल मगर मैं जानूंगी कि कमबख्त डूब कर मरेगा नहीं...सालों साल मेरी जान खायेगा. बहुत सालों बाद जाउंगी पटना तो देखूंगी नयी सड़कें और पुरानी दुकानें...पान की पिरकी से रंगे नए संगमरमर के बुत...उसे खोजूंगी तो फिर देखूंगी कबाड़ियों की दुकानें, एक खैनी की दूकान में तम्बाकू काटता कोई अजनबी चेहरा. शहर की आवाजों में बहुत शोर मिल गया है फिर भी उसकी आवाज़ की भरपाई नहीं कर पाता. नामुराद...कैसी थी उसकी आवाज़.

वो क्या गया गालियाँ देने की आदत ही चली गयी...कहाँ है कोई उसके जैसा कि प्यार की नाप ही गालियों से करे...कि जैसे माँ की डांट सुने बिना खाना ही नहीं पचे...कि जैसे हर कुछ दिन पर जान बूझ कर न कर के ले जाऊं होमवर्क कि कभी कभी पनिशमेंट का अपना मज़ा है...फिर सर जब गुस्सा होते हैं मुझपर तो कितना कन्फ्यूज्ड सा एक्सप्रेशन होता है उनका...कि जानती हूँ कितना मुश्किल है मुझ पर गुस्सा होना. पटना...ऐसा बेमुरव्वत...ऐसा जालिम...ऐसा दगाबाज़ शहर...सालों बाद भी ना बदलने की जिद थामे हुए...रुला रुला मारने वाला शहर...थेथरई में पी एच डी किये बैठा...हरपट्टी.

कितना सोचा उसको...कितना चाहा...न्यूक्लियर वार के बाद भी जिन्दा बचने वाला...तिलचट्टा. कहाँ बंकर में घुसी हुयी है उस आवाज़ की कोई रिकोर्डिंग...जाले लग गए हैं टेप में...ना भी हों तो चलाऊं कहाँ? किधर मिलता है टेपरिकोर्डर...यूँ भी बहुत शोर था उस शाम खेल के मैदान में...वो एक ओर से चिल्लाता आया था मेरा नाम...मैंने कानों पर हथेलियाँ रख लीं थीं कि परदे फट जायेंगे कान के...कित्ती ख़राब है तेरी आवाज़...एकदम कबाड़ीवाला लगता है. उस दिन कहीं अन्दर बंद हो गयी दोनों कानों के बीच मेरे नाम में उसकी आवाज़. दिमाग ख़राब कर रखा है लड़के ने.

खटर-खटर चलती है ट्रेन...पटना से नई दिल्ली...पुरवा...यही ट्रेन थी न...उस दिन भी...बैठा होगा आज भी कहीं, डिब्बे का दरवाजा खोले...उड़ती ट्रेन में पैर लटकाए...उसकी आवाज़ खोजते वहां भी जाना पड़ा जहाँ कभी जाने को सोचा नहीं था...पनवाड़ी कैसे अजीब तरीके से घूर रहा था...गोल्ड फ्लेक है? कितने की आती है एक सिगरेट? खरीद सकती थी एक डिब्बा लेकिन एक डिब्बे में उसकी आवाज़ थोड़े न मिलती...वो तो पूरी पॉकेट खोज कर, पर्स के हर कोने से ढूंढ कर निकाला...डेढ़ रुपया...या कि अढाई रुपया था?

क्या थी उसकी आवाज़? सिगरेट की तलब...बस? जिंदगी का सबब...बस? या कि एक टूटने को दिया गया वादा...या कि विदा...अपने हिस्से की मौत चुनने की आज़ादी न सही...अपने पसंद का जहर चुनने की आज़ादी तो जिंदगी ने दी है...वहीं मिलेगी उसकी आवाज़...ड्रग अडिक्ट से कहना...जहर है उसकी आवाज़...फिर सुनना...तलाशना...उसकी आवाज़ की खराशें...याद की खरोंचों में कहीं...निशानों में...आखिरी हिचकी में. 

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...