17 October, 2012

...and the world comes crashing down

इधर कुछ दिन पहले मेरा लैपटॉप क्रैश कर गया...कोई खबर नहीं...कोई अंदेशा नहीं...कोई भनक नहीं...बस ऐसे ही चलते फिरते...अचानक से क्रैश. ऑफिस की सारी फाइल्स उसमें हैं...पिछले तीन महीने का सारा काम वहीं है...अभी परफोर्मेंस रिव्यू का टाइम है और हम हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं.

दूसरी तकलीफ है कि मैंने फोटोग्राफ्स के बैकअप नहीं लिए थे. हर बार ऐसा होता है कि जब मैं अपने फोटोग्राफ्स मेमोरी कार्ड से लैपटॉप पर ट्रांसफर करती हूँ तो साथ ही हार्ड डिस्क में भी सेव कर लेती हूँ. पुरानी आदत है. इस बार के यूरोप ट्रिप पर हार्ड डिस्क लेकर गयी नहीं थी तो सारे फोटो सिर्फ लैपटॉप में थे. डीएसएलआर मेमोरी भी ज्यादा खाता है उसपर पहली बार अच्छा कैमरा लेकर गयी थी तो बहुत सी फोटो भी खींची थी. छुट्टी से वापस आते ही सीधे ऑफिस...और ऑफिस से फुर्सत मिली नहीं कभी बैकअप करने की. लैपटॉप क्रैश भी कर सकता है ऐसा सोचा ही नहीं था कभी. कुछ स्लो हो गया हो...पुराना हो गया हो या ऐसी कोई और तकलीफ हो तो फिर भी समझ में आता है...चलते फिरते क्रैश. इंसानों की तरह अनप्रेडिक्टेबल हो गए हैं आजकल डिजिटल उपकरण भी.

लैपटॉप की आदत हो गई थी. इधर एक साल में कितना तो म्यूजिक इकठ्ठा किया था. कुछ यूट्यूब से डाउनलोड किया कुछ इधर उधर की सीडीज से कॉपी किया. अभी आई-फोन में सारा म्यूजिक पड़ा है लेकिन जैसे ही उसे किसी लैपटॉप से कनेक्ट करूंगी सारा म्यूजिक इरेज हो जाएगा. एप्पल की ये बंद/क्लोज्ड प्रणाली मुझे नहीं पसंद है...अभी कितना आसान होता अगर बाकी फोन्स की तरह आईफोन भी एक युएसबी ड्राईव की तरह काम करता...मैं सारी म्यूजिक फाइल्स किसी और लैपटॉप पर कॉपी कर सकती थी.

ऑफिस का आधा काम गूगल ड्राइव पर बैकअप में डाल रखा है लेकिन पर्सनल फाइल्स कहीं भी बैकअप नहीं की हैं. लगता है इसी को डिवाइन सिग्नल की तरह लेना चाहिए कि कुछ डेटा हमेशा क्लाउड में बैक अप करके रखना चाहिए. मुझे क्लाउड कभी पसंद नहीं आया...ऑनलाइन जितना कम हो सके चीज़ें डालती हूँ...पहले तो पिकासा पर फोटोज अपलोड कर देती थी मगर अब उसकी भी जरूरत नहीं महसूस होती. ऑफिस से दूसरा लैपटॉप अलोट हो गया है. नया डेल वोस्त्रो. इसका वजन काफी कम है तो ऑफिस से घर इसे लेकर आने जाने में भी तकलीफ नहीं होती है. जब पुराने लैपटॉप का बैकअप आ जाएगा तो ऑफिस की फाइल्स गूगल ड्राइव में शिफ्ट कर दूँगी और रोज रोज ऑफिस लैपटॉप ले कर नहीं जाउंगी. घर का लैपटॉप अलग...ऑफिस का अलग.

आज जितनी फाइल्स रिकवर हो सकती हैं...होकर आ जायेंगी. वायो मैंने काफी तमीज से इस्तेमाल किया था. सारी फाइल्स अच्छे से आर्डर में सेव की थीं. जाने कितना कुछ वापस आएगा कितना कुछ बिट्स और बाइट्स की मेट्रिक्स में हमेशा के लिए खो जाएगा. मुझे कभी लिखे हुए के जाने का अफ़सोस नहीं होता. उसमें बहुत सारे वर्ड ड्राफ्ट्स थे, आधी कहानियां. दो आधी कहानियां मिल कर एक पूरी कहानी नहीं बनाती...दो आधी कहानियां ही रहती हैं. अपने लैपटॉप को काफी मिस कर रही हूँ. मेरी म्यूजिक फाइल्स...मेरी पसंद की फिल्में...तसवीरें.

लिखने का काम इधर कुछ दिनों से कॉपी पर डाल रखा है फिर से. आजकल ग्रीन इंक में थोड़ा ब्लैक  मिक्स करके लिख रही हूँ. दो रंग के इंक्स से लिखने में बहुत अच्छा लगता है. पन्ने भरते जा रहे हैं. ऑफिस में एक आध लोगों ने कभी कभार मांग कर मेरे पेन से लिखा है...पेन बहुत अच्छा है. नेहा गोवा गयी थी तो वहां से मेरे लिए एक बेहतरीन नोटबुक लायी थी...डायरी ऑफ अ डायरी...बहुत अलग तरह के पन्ने हैं उसमें और ज्यादा जीएसएम पेपर है तो फाउन्टेन पेन से लिखा हुआ दूसरी ओर नहीं दीखता. आइवरी पन्ने पर किसी भी रंग की इंक अच्छी लगती है. ऑफिस में टीम के अधिकतर लोग अपनी पेन को लेकर सेंटी हैं. मेरा और जोर्ज का एक ही पेन है...लैमी...हाँ उसका काले रंग का है और मेरे पास सफ़ेद, हरा और पर्पल कलर का है. कल घर की सफाई में कुछ इरेजर मिले...अब सोच रही हूँ थोड़ा सा पेन्सिल से लिखूं...सिर्फ इरेजर से मिटाने के सुख के लिए.

लगता है इस साल में जितना लिखना था आलरेडी लिख चुकी हूँ. अब कुछ खास लिखने का मन नहीं करता. नॉर्मली साल का ये समय ऐसे ही ब्लैंक जाता है...फिर नवम्बर आते आते जैसे जैसे शाखों से पत्ते गिरेंगे और सड़क पर कतार में बिछेंगे मुझे भी कागज़ की पैरलल लाइनें याद आएँगी और लिखने का मन करेगा.

फिलहाल बहुत सा अलग अलग संगीत सुन रही हूँ...कर्टसी तृश. बात कुछ ऐसे होती है...पूजा हैव यू हर्ड दिस सोंग....और सुने बिना जवाब होता है...नो तृश आई हैव हर्ड वैरी फ्यू इंग्लिश सोंग्स...प्ले इट प्लीज. अंग्रेजी संगीत सुनते हुए सोनिया को मिर्ज़ा ग़ालिब सुना रही थी...

या रब वो न समझे हैं न समझेंगे मेरी बात
दे और दिल उनको जो न दे मुझको जबां और 

यूट्यूब के अलावा विमेयो, एटट्रैक्स और ऐसा ही बहुत कुछ और सुन रही हूँ...अपने एक्सपेरिमेंट. विएना में ओपेरा सुनने के बाद कुछ क्लासिक वेस्टर्न म्यूजिक भी सुनना शुरू किया है. शोपें...मोजार्ट...खैर बहुत ज्यादा नहीं सुना है इसलिए नाम नहीं लूंगी. कुछ बेहतरीन फिल्में देखीं. क्लासिक. उनपर लिखने का मन नहीं कर रहा...जैसे मन के तल में वो कहीं सिंक हो रही हैं तो मैं उनको वक़्त दे रही हूँ.

कभी कभी बहुत शोर होता है...कभी कभी बहुत सन्नाटा. शांति कहीं नहीं है. मन अशांत है. कुछ दिन में पोंडिचेरी जाने का प्लान है. वहां समंदर किनारे बहुत अच्छा लगता है. उम्मीदें हैं. जिंदगी है. आज बस ऐसे ही कुछ लिख जाने का मन किया...खास नहीं.
कहीं किसी पैरलल दुनिया में सब अच्छा होगा. अपनी जगह पर होगा.


12 October, 2012

गुजारिशें...


चलो,
हथेलियों से उगायेंगे बारिशें 
किसी शहर में 
जहाँ होंगी गलियां
खुरदुरी चट्टानों से बनी हुयीं 

सुनो,
चौराहे पर आती है 
अनगिन वाद्ययंत्रों की आवाज़ 
बहती हवा के साथ बह कर 
संतूर की धुन चुनते हैं 
बारिश के बैकड्रॉप में 

देखो,
नदी पर पाल वाली नावों को
नक़्शे में ढूंढो हमारा घर 
गुलाबी हाइलाईटर से मार्क करो 
दिल से दिमाग के रास्ते को
भटक जाती हूँ कितनी बार 

लिखो,
एक ख़त मुझे 
ऐसी भाषा में जो मुझे नहीं आती 
समझाओ एक एक शब्द का अर्थ 
पन्ने पर करना वाटरमार्क 
तुम्हारे नाम का पहला अक्षर 

रचो,
एक दुनिया 
कि जिसमें मेरी पसंद के सारे लोग हों
ढूंढ के लाओ खोये हुए किस्से 
टहकते ज़ख्म, अधूरी कवितायें
सीले कागज़ और टूटी निब वाले पेन 

जियो 
इस लम्हे को मेरे साथ
कि छोटी है उम्र की रेखा 
ह्रदय रेखा से 
जैसे प्यार होता है बड़ा
जिंदगी और मौत से

10 October, 2012

चाबी वाली लड़की

खुदा ने इन्द्रधनुष में डुबायी अपनी उँगलियाँ और उसके गालों पर एक छोटा सा गड्ढा बना दिया... और वो मुस्कुराने के पहले रोने के लिए अभिशप्त हो गयी. 
किसी गाँव में चूल्हे से उठती होगी लकड़ियों की गंध. कहीं कोई लड़की पहली बार बैठी होगी बैलगाड़ी पर. किसी दादी ने बच्चे की करधनी में लगाए होंगे चांदी के चार घुँघरू...किसी लड़की ने पहली बार कलाई में पहनी होंगी हरे कांच की चूड़ियाँ. कवि ने पेन्सिल को दबाया होगा दांतों में. टीचर ने चाक फ़ेंक कर मारा होगा क्लास की सबसे बातूनी लड़की को. 

कहीं कोई विवाहिता कड़ाही में छोड़ती है बैगन के बचके. कहीं एक बहन बचाती है अपने भाई को माँ की डांट से. कोई उड़ाता है धूप में सूखते गेहूं के ऊपर से गौरैय्या. कहीं माँ रोटी में गुड़ लपेट कर देती है तुतरू खाने को. कुएं में तैरना सीखता है एक चाँद. पीपल के पेड़ पर घर बनाता है एक कोमल दिल वाला भूत. शिवाले में प्रसाद में मिलते हैं पांच बताशे. हनुमान जी की ध्वजा बताती है बारिश का पता. चन्दन घिसने का पत्थर कुटाई वाली की छैनी से कुटाता है. रात को कोई बजाता है मंदिर की सबसे ऊंची वाली घंटी. 

दुनिया का बहुत सा कारोबार बेखटके चलता रहता है. एक लड़की बैठी होती है गंगा किनारे...नदी उफान पर है और इंच इंच करके खतरे के निशान को छूने की जिद में लड़की से कहीं और चले जाने की मिन्नत करती है. 

विजयादशमी के लिए रावण का पुतला तैयार करने वाले कारगर की बेटी बैठी है पटाखों के पिरामिड पर. माचिस के डब्बों से बनाती है मीनारें. 

कहीं एक परफेक्ट दुनिया मौजूद है...शायद आईने के उस पार.

पोसम्पा भाई पोसम्पा...लाल किले में कितने सिपाही? कतार लगा कर सारे बच्चे जल्दी जल्दी भागते हैं. आखिर गीत ख़त्म होने तक एक बच्चा दो जोड़ी हाथों में कैद हो जाता है और किले का एक पहरेदार बदल दिया जाता है. 

कोई बताता नहीं कि खट्टी इमली क्यों नहीं खानी चाहिए या फिर जो चटख गुलाबी रंग का लस्सा लपेटे आदमी आता है उसकी मिठाई खराब क्यूँ है. सवालों के चैप्टर के अंत में जवाब लिखने के लिए जगह नहीं है. एक लड़की टीचर से पूछती है कि दुनिया में सारे लोग क्या सिर्फ नीली और लाल इंक से लिखते हैं. लड़की को हरा रंग पसंद है. टिकोले की कच्ची फांक सा हरा।
धान की रोपनी में लगे किसान और जौन मजदूर एक लय में काम करते हैं. घर आया मजदूर मुझसे मुट्ठी भर गमकौउआ चूड़ा मांगता है. मैं फ्राक के खजाने से उसे एक मुट्ठी चूड़ा देती हूँ. उसकी फैली हथेली में मेरी छोटी सी मुट्ठी से गिरा चूड़ा बुहत कम लगता है लेकिन वो सौंफ की तरह उसे फांक कर एक लोटा पानी गटक जाता है. 
---
एक दुनिया है जिसमें लड़की खो जाती है जंगल में तो उस जंगल में खिल आते हैं असंख्य अमलतास...जंगल से बाहर आती है तो शुरू होते हैं सूरजमुखी के खेत...सूरजमुखी के खेतों से जाती है एक अनंत सड़क जिसके दोनों ओर हैं सफ़ेद यूकेलिप्टस...उस रास्ते में आता है सतरंगी तितलियों का घोसला...वहां के झींगुरों ने बनाए हैं नए गीत...वहां बारिश से आती है दालचीनी की हलकी खुशबू...दुआओं के ख़त पर लगती है रिसीव्ड की मुहर...एक तीखे मोड़ पर है एक कलमकार की दूकान जो बेचता है गुलाबी रंग की स्याही...उसी दुनिया में होती है छह महीने की रात...मगर वहीं दीखता है औरोरा बोरेआलिस...उसी दुनिया में रुक गयी है मेरे हाथ की घड़ी. उस दुनिया में कोई नहीं लिखता है कहानियां कि कहानियों से चले आते हैं खतरनाक किस्म के लोग और पैन्डोरा के बक्से की तरह वापस जाने को तैयार नहीं होते.

दुनिया में ताली के लिए ताला होता है...लड़की की उँगलियों में उग आते हैं खांचे और उसकी आँखों में उग आता है ताला..लड़की अपनी हथेलियाँ रखती है आँखों पर और अपनी पलकों को लौक कर देती है. 

07 October, 2012

बोस के हेडफोन्स...न ना...मेरे हेडफोन्स :) :)


बारिशें आजकल मूडी हो गयी हैं बैंगलोर में...मेरा असर पड़ा है मौसम पर लगता है. आज सुबह सूरज गायब है...कोहरे कोहरे वाली दिल्ली सा मौसम लग रहा है. ठंढ बिलकुल वैसी ही है...खिड़की खुली है और हलकी हवा चल रही है. जाड़ों के आने की पहली आहट है.

लिखने-पढ़ने के बाद जो चीज़ मुझे सबसे अच्छी लगती है वो है म्यूजिक...कुछ अच्छा सुनना...अपनी पसंद का. कुछ दिन पहले कुणाल ने मेरे लिए बोस के हेडफोन खरीद दिए. अभी से कोई तीन साल पहले नए हेडफोन्स खरीदने का मन हुआ था तो ऐसे ही बोस के शोरूम चले गए थे हम...सोचा था कितना महंगा होगा...पाँच हज़ार टाइप भी होगा तो खरीद लेंगे. जब बात संगीत की आती है तो बोस सबसे अच्छा है. वहाँ हेडफोन की कीमतें देखीं तो हँसी आ गयी. दो मॉडल थे...एक सत्रह हज़ार का और एक बाईस हज़ार का. हम डिस्कस करते हुए निकले कि ये लोग पागल हैं क्या, कौन खरीदेगा सत्रह हज़ार का हेडफोन. ऐसा क्या कर देंगे हेडफोन में कि सत्रह हज़ार लगायेगा कोई. चुपचाप सेनहैजर का दो हज़ार वाला नोर्मल हेडफोन ख़रीदे और अभी तक वही इस्तेमाल कर रहे थे. 

फुल-टाइम ऑफिस मेरे जैसे लोगों के बस का नहीं है ऐसा डिसाइड कर चुके थे. फ्रीलांसिंग में अच्छे प्रोजेक्ट्स आ रहे थे. एक किताब लिखनी खत्म की थी कि एक अच्छे साड़ी के ब्रांड के लिए फिर से कॉफी टेबल बुक का ओफ्फर पास में था. क्लायंट को मेरा काम पसंद आया था. किताब लिखने में कोई छः महीने टाइप लग जाते हैं लगभग. सब अच्छा चल रहा था कि इस वाले ऑफिस के लिए इंटरव्यू में चले गए. सब अच्छा रहा तो ज्वायन भी कर लिए. अब ऑफिस ज्वायन करते ही जो चीज़ सबसे पहले चाहिए होती है वो है हेडफोन...मुझे काम करते हुए किसी भी तरह का डिस्टर्बेंस पसंद नहीं है. ध्यान भंग होता है तो सोच की लड़ी टूट जाती है फिर वापस उसी जगह जा कर लिखना या सोचना हो नहीं पाता है. 

जहाँ बैठती हूँ पहली बार ऐसा हुआ है कि और भी कंटेंट के लोग हैं. टीम जहाँ बैठती है वो बेसमेंट में है और ऊपर सड़क को खिड़की खुलती है. हम उसे डंजयंस (Dungeons) कहते हैं. मुझे लगता है इस टीम का हिस्सा होने के लिए पागलपन एक जरूरी क्वालिफिकेशन है. हम जोर्ज को पूछते भी हैं कि कंटेंट टीम में लोग लेने के पहले क्या पागलपन मीटर चेक भी होता है. सब एक दूसरे की खिंचाई का एक भी मौका नहीं जाने देते. शब्द तो ऐसे पकड़ते हैं कि कोलेज का जमाना याद आ जाता है. जरा सा जुबान फिसली नहीं कि लपेटे में आ जाते हैं. तो अधिकतर काफी हल्ला-गुल्ला-मस्ती का माहौल रहता है. ऊपर डिजाइन टीम के लोग अगर कभी कभार आ जाते हैं तो घंटे आधे घंटे में ही सर पकड़ लेते हैं. 

मैंने जितने कॉपीराइटर्स या लिखने वाले लोगों को देखा है सब अधिकतर एक ही खाके से निकल कर आये होते हैं. कमाल का सेन्स ऑफ ह्यूमर...बेहद आउटगोइंग...बिंदास और बहुत ज्यादा बोलने वाले. अधिकतर एक ऑफिस में एक ही काफी होता है पर यहाँ तो हम चार चार हैं. मैं अभी नयी आई हूँ तो अभी डिजाइन टीम के साथ ज्यादा काम नहीं किया था मगर अभी हाल में एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में एक दिन ऊपर बैठना पड़ा. लोग परेशान कि आज तुमको हो क्या गया है...तुम तो ऐसी नहीं थी...और मैं कि नहीं रे बाबा मैं हमेशा से ऐसी ही थी तुम लोग जानते नहीं थे हमको. सब कहते हैं कि जोर्ज के पास सबसे 'हैपनिंग' टीम है. यहाँ पर तृश का म्यूजिक चोईस मुझे अक्सर पसंद आता है...तो जब मेरे पास मेरे अपने सुनने के कुछ खास पसंद के गाने नहीं होते तो तृश से पूछ लेती हूँ...आज क्या सुन रहे हो...और अधिकतर वो कुछ ऐसा सुन रहा होता है जो मैंने पहले कभी  नहीं सुना है. इंग्लिश में मैंने बहुत कम गाने सुने भी हैं तो हमेशा कुछ नया सुनने का स्कोप रहता है. कुछेक और दोस्त हैं मेरे जो मुझे म्यूजिक भेजते रहते हैं...musically on the same page. :)

खैर...इतने शोर में लोचा ये है कि या तो बहुत लाउड म्यूजिक प्ले करना पड़ता था या फिर काम करने में हज़ार दिक्कत होती थी. मैं काम करते हुए अधिकतर इन्स्ट्रुमेन्टल सुनती हूँ...लूप पर या फिर कोई ऐसा गाना जो मैंने इतनी हज़ार बार सुना है कि उसके शब्द वैसे ही बहते हैं जैसे रगों में खून...अब ऐसा कुछ लाउड वोल्यूम में प्ले करना का मन नहीं करता है. फिर लगा कि शायद अच्छे हेडफोन खरीदने होंगे. जिनमें नोइज कैंसिलेशन अच्छा होता हो. हम फिर बोस के शोरूम गए...देखने के लिए कि वाकई हेडफोन अच्छे हैं क्या. यहाँ फोरम मॉल में संडे के लिए मेला लगा रहता है...आधा बैंगलोर शायद वहीं पहुँच जाता है. हमने शोरूम में अटेंडेंट से पूछा कि इसका नोइज कैंसिलेशन कैसा है...उसने कहा कि बता नहीं सकती...आपको अनुभव करना होगा. हम शोव्रूम के बाहर आये...वहाँ दुनिया भर का शोर था. हेडफोन्स ऑन किये और दुनिया का शोर जैसे फेड कर गया...जैसे संगीत के अलावा कहीं और कुछ था ही नहीं. वो एक अद्भुत अनुभव था...एकदम जादू जैसा. वोल्यूम बहुत तेज भी  नहीं था...मीडियम था. मेरे चेहरे पर मेरा आश्चर्य दिख रहा होगा...

बस...मूड तो वहीं बन गया कि हेडफोन्स चाहिए. अब बात थी बैक कैलकुलेशन की.१७ हज़ार के हेडफोन्स...घर पे बताएँगे तो सबसे पिटेंगे कि दिमाग खराब हो गया है. इतना महंगा कोई हेडफोन खरीदता है...इतने में कुछ और कुछ अच्छा खरीद लो. बस कुणाल है कि हमेशा कहता है कि अगर अच्छी चीज़ है तो दाम का मत सोचो. लेकिन हम हैं कि गिल्ट से मरे जा रहे हैं...फिर हाँ ना करते करते...खुद को समझाते. हमको अच्छा म्यूजिक पसंद है...अच्छा म्यूजिक सुनने के लिए अच्छे हेडफोन्स चाहिए...फिर ऑफिस में हल्ला कितना होता है. अच्छा हेडफोन जरूरी है. बोस के नोइज कैंसिलेशन की तकनीक के कारण हल्का सा वैक्यूम सा बनता है...और हेडफोन की फिटिंग भी बहुत सही आती है. 

कोई महीने से ऊपर हुआ बोस के हेडफोन्स इस्तेमाल करते हुए. लगता तो ये है कि अभी तक मैंने जितना कुछ भी ख़रीदा है ये सबसे अच्छी चीज़ खरीदी है. चाहे फिल्म देख रहे हों या कि अपनी पसंद का कोई गाना सुन रहे हों. इन हेडफोन्स से पूरी डिटेल साफ़ सुनाई पड़ती है. अगर म्यूजिक का थोड़ा ज्यादा शौक़ है और अफोर्ड कर सकते हैं तो इन हेडफोन्स से बेहतर कुछ भी नहीं हैं. खास तौर से इन्स्ट्रुमेन्टल...क्लासिक सुनने का मज़ा ही और है. लगता ही नहीं है कि आसपास की दुनिया एक्जिस्ट भी करती है. वोकल सुनती हूँ तो लगता है कोई मेरे लिए ही गा रहा है...खास मेरे लिए...बिलकुल करीब आ कर. संगीत से रोमांस की शुरुआत है...और उफ़...कितना खूबसूरत है ये. 

मुझे नैट किंग कोल काफी पसंद हैं...बीटल्स को भी बहुत सुनती हूँ...आज की सुबह जेरी वेल के नाम रही...कुछ अच्छे लोगों के कारण कुछ बेहद अच्छा संगीत सुना है मैंने. इन अच्छी चीज़ों के लिए शुक्रिया नहीं होता...बार्टर सिस्टम होता है...तुम मुझे संगीत दो...बदले में हम भी तुमको कुछ अच्छा भेजेंगे :) :) 

आप ये सुनिए...Innamorata...Sweetheart in Italian. 

06 October, 2012

याद का कोमल- ग

फणीश्वर नाथ रेणु...मारे गए गुलफाम/तीसरी कसम...ठेस
---
लड़की की पहले आँखें डबडबाती हैं और फिर फूट फूट कर रो देती है. उसे 'मायका' चाहिए...घर नहीं, ससुराल नहीं, होस्टल नहीं...मायका. आह रे जिंदगी...कलेजा पत्थर कर लो तभियो कोई एक दिन छोटा कहानी पढ़ो और रो दो...कहीं किसी का कोई सवाल का जवाब नहीं. कहीं हाथ पैर पटक पटक के रो दो कि मम्मी चाहिए तो चाहिए तो चाहिए बस. कि हमको देवघर जाना है.

काहे पढ़ी रे...इतना दिन से रक्खा हुआ था न किताब के रैक पर काहे पढ़ी तुम ऊ किताब निकाल के...अब रोने कोई बाहर से थोड़े आएगा...तुम्ही न रोएगी रे लड़की! और रोई काहे कि घी का दाढ़ी खाना है...चूड़ा के साथ. खाली मम्मी को मालूम था कि हमको कौन रंग का अच्छा लगता था...भूरा लेकिन काला होने के जरा पहले कि एकदम कुरकुरा लगना चाहिए और उसमें मम्मी हमेशा देती थी पिसा हुआ चिन्नी...ई नहीं कि बस नोर्मल चिन्नी डाल दिए कि खाने में कचर कचर लगे...पिसा चिन्नी में थोड़ा इलायची और घर का खुशबू वाला चूड़ा...कितना गमकता था. खाने के बाद कितने देर तक हाथ से गंध आते रहता था. चूड़ा...घी और इलायची का. 

काम न धंधा तो भोरे भोरे चन्दन भैय्या से बतिया लिए...इधरे पोस्टिंग हुआ है उनका भी...रेलवे में स्टेसन मास्टर का पोस्ट है...आजकल ट्रेनिंग चल रहा है. अभी चलेगा जनवरी तक...आज कहीं तो हुबली के पास गए हैं, बोल रहे थे कि ट्रेन उन सब दिखा रहा था कि ट्रैक पर कैसे चलता है. भैय्या का हिंदी में अभी हम लोग के हिंदी जैसा दू ठो स्विच नहीं आया है. हिंदी बोलते हैं तो घरे वाला बोलते हैं. हमारा तो हिंदी भी दू ठो है...एक ठो बोलने वाला...एक ठो लिखने वाला...एक ठो ऑफिस वाला एक ठो घर वाला. परफेक्शन कहिन्यो नहीं है. भैय्या से तनिये सा देर बतियाते हैं लेकिन गाँव का बहुत याद आता है. लाल मंजन से मुंह धोना...राख से हाथ मांजना...कुईयाँ से पानी भरना. नीतू दीदी का भी बहुत याद आता है. लगता है कि बहुत दिन हुआ कोई हुमक के गला नहीं लगाया है...कैसी है गे पमिया...ससुराल वाला कैसा है. अच्छा से रखता है न...मेहमान जी कैसे हैं? चाची के हाथ का खाना...पीढ़िया पर बैठना. 

इस्कूली इनारा का कुइय्याँ का पानी से भात बनाना रे...गोहाल वाला कुइय्याँ के पानी मे रंग पीला आ जाता है. आज उसना चौर नै बनेगा, मेहमान आये हैं न...बारा बचका बनेगा...ऐ देखो तो गोहाल में से दू चार ठो बैगन तोड़ के लाओ और देखो बेसी पुआल पे कूदना नै...नै तो कक्कू के मार से कोई नै बचाएगा. साम में पुआ भी बना देंगे...मेहमान जी को अच्छा लगता है. बड़ी दिदिया कितने दिन बाद आएगी घर. जीजाजी को ढेर नखड़ा है...ई नै खायेंगे...ऐसे नै बैठेंगे. खाली सारी सब से बात करने में मन लगता है उनको. 

आंगन ठीक से निपाया है आज...रे बच्चा सब ठीक से जाओ, बेसी कूदो फांदो मत...पिछड़ेगा तो हाथ गोड़ तूत्बे करेगा. राक्षस है ई बच्चा सब...पूरा घर बवाल मचा रखा है...लाओ त रे अमरुद का छड़ी, पढ़ाई लिखाई में मन नै लगता है किसी का. एक ठो रूम है जिसमें एक ठो पुराना बक्सा है...तीन चार ठो बच्चा उसी में मूड़ी घुसाए हुए हैं कि कितना तो पुराना फोटो, कोपी, कलम सब है उसमें. सब से अच्छा है लेकिन ऊ बक्सा का गंध. गाँव का अलमारी में भी वैसा ही गंध आता है. वैसा गंध हमको फिर कहीं नै मिला...पते नै चलता है कि ऊ कौन चीज़ का गंध है. 

गाँव नै छूटता है जी...केतना जी कड़ा करके सहर में बस जाइए...गाँव नै छूटता है...नैहर नै छूटता है. मम्मी से बात किये कितना साल हुआ...दिदिमा से भी बाते नै हो पाता है. चाची...बड़ी मम्मी...सोनी दीदी, रानी दीदी, बोबी दीदी, बड़ी दिदिया, बडो दादा, भाभी, दीपक भैय्या, छूटू दादा, बबलू दादा, गुड्डी दीदी, जीजू, तन्नू, छोटी, अजनास...बिभु भैय्या...कितने तो लोग थे...कितने सारे...पमिया रे पम्मी रे पम्मी. 

देवघर...मम्मी जैसा शहर...जहाँ सांस लेकर भी लगता था कि चैन और सुकून आ गया है. कहाँ आ गए रे बाबा...केतना दूर...मम्मी से मिलने में एक पूरी जिंदगी बची है. अगले साल तीस के हो जायेंगे. सोचते हैं कि पचास साल से ज्यादा नहीं जियेंगे किसी हाल में. वैसे में लगता है...बीस साल है...कोई तरह करके कट जाएगा. कलेजा कलपता है मैका जाने के लिए. कि मम्मी ढेर सारा साड़ी जोग के रखी है...कि मम्मी वापस आते टाइम हाथ में पैसा थमा रही है...मुट्ठी बाँध के. के दशहरा आ रहा है दुर्गा माँ के घर आने का...और फिर नवमी में वापस  जाने का...कि कोई भी हमेशा के लिए थोड़े रहता है. कि खुश रहना एक आदत सी होती है. कि नहीं कहने से ऐसा थोड़े होता है मम्मी कि तुमको भूल जाएँ हम. काश कि भूल पाते. 

मिस यू माँ...मिस यू वैरी वैरी मच. 

03 October, 2012

चुप का शोर...


When I look at my shadow
I often wonder
Amongst us,
which one is darker?


-----
ग्रे...उजले रंग में थोड़ा सा भी काला रंग मिलाने से ग्रे बन जाता है मगर काले रंग को थोड़ा सा भी हल्का करने के लिए उसमें बहुत सारा सफ़ेद रंग मिलाना पड़ता है. किरदार भी ऐसे ही होते हैं. थोड़ा सी सियाही और हीरो एंटी-हीरो में तब्दील हो जाता है मगर विलेन को थोड़ा सा भी अच्छा बनने के लिए अपनी पूरी जीवन शैली ही बदलनी पड़ती है.

कहानी का श्याम पक्ष लिखना मुश्किल है...इसलिए नहीं कि ऐसे किरदार रचने मुश्किल हैं बल्कि अपने अंदर के अँधेरे का डर इतना ज्यादा है कि सूरज पर ग्रहण लग सकता है. लंबे समय तक कोई किरदार साथ रह जाए तो सच और कहानी के बीच का फासला मिटने लगता है. कहानी सिर्फ अच्छे लोगों की नहीं होती। वो तो कहानी का सिर्फ एक हिस्सा होता है...प्रतिनायक, कहानी को उसके नज़रिए से भी देखना होता है. लंबी कहानी लिखना खुदके साथ शतरंज खेलने जैसा है. जब आप पाले बदल कर दुश्मन के खेमे से खेलते हो तब आप खुद के दुश्मन हो जाते हो...तब कई बार ये भी लगता है कि काले सफ़ेद प्यादे कुछ नहीं...जीतने की रणनीति एक जैसी ही होती है. खून उतने ही करने होते हैं...चालें वैसी ही खतरनाक चलनी होती हैं।
-----
आजकल लाल फूलों के खिलने का मौसम है। मुझे उनका नाम नहीं पता। सड़क के दोनों ओर सूखे हुए पत्तों और धूल के साथ लाल-नारंगी-धूसर फूल भी दिखते हैं। मैं मुराकामी की एक किताब पढ़ रही थी. IQ84. सच और सपने की बारीक रेखा के इस पार उस पार डांस करती हुयी कहानी है. रात को जब साइकिल चलाने निकलती हूँ दुनिया स्लो मोशन में चलने लगती है. पैदल चलते हुए भी ऐसा कभी नहीं लगा था. फेंस-सिटर्स. ऐसे लोग जो निर्णय नहीं ले सकते. आर या पार की बात आती है तो उस फेंस/बाउंडरी/चारदीवारी पर ही घर बना लेते हैं. मैं जब साइकिल पर होती हूँ तो ऐसा लगता है कि मेरी दुनिया और मेरी कहानियों के बीच एक दीवार बनती जा रही है...बहुत लंबी और ऊंची...चीन की दीवार की तरह और मैं कहीं जाना नहीं चाहती...उसी दीवार पर घंटों रहना चाहती हूँ.
------
'काला रे सैय्याँ काला रे...काली जबां की काली गारी...काले दिन की काली शामें...'
-गैंग्स ऑफ वासीपुर के गीत से

प्रतिनायक के बारे में लिखते हुए उसके नज़रिए से दुनिया देखती हूँ...लगता है सब सही तो है. वहाँ फिर खून भी माफ होता है, गालियाँ माफ होती हैं, प्यार न कर पाने की क्षमता, विध्वंस करने की उसकी प्रवित्ति...सब सही है क्यूंकि उसकी दुनिया में वो नायक है...प्रतिनायक नहीं...उसके नियमों से वो सही है. नीत्ज़े की कही एक पंक्ति है 'He who fights with monsters might take care lest he thereby become a monster.' अक्षरशः अनुवाद ये होगा कि 'जो दानव से लड़ता है उसे इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि वो खुद ही दानव न बन जाए'. प्रतिनायक को लिखते हुए एक दूरी बना के रखनी पड़ती है. कहानी में सबसे महत्वपूर्ण रोल उसका ही होता है. सबसे जरूरी होता है कंट्रास्ट बनाना...जितनी तेज रौशनी होती है, परछाई उतनी ही काली होती है...फीकी रौशनी की परछाई फीकी ही होती है.
------
Our deepest fear is not that we are inadequate. Our deepest fear is that we are powerful beyond measure. It is our light, not our darkness that most frightens us.
(Not sure about the sources)
हमें डर अपने अंधेरों से नहीं...अपने उजालों से लगता है...हम अपनी कमजोरियों से नहीं...अपनी अकूत क्षमताओं से डरते हैं. 
------
मेरी आवाज़ ही पर्दा है मेरे चेहरे का
मैं खामोश जहाँ हूँ मुझे वहाँ से पढ़ो 
-निदा फाजली 

इधर कुछ बहुत अलग अलग चीज़ें पढ़ी...विन्सेंट वैन गोग की जीवनी...लस्ट फॉर लाइफ...एक कलाकार के जीवन की छटपटाहट का सबसे बेहतरीन उदहारण मिला है मुझे. किसी से डिस्कस कर रही थी तो उसने कहा कि लस्ट फॉर लाइफ बहुत डार्क है...उदास कर देने वाला. मैंने मुस्कुरा कर कहा...मुझे पता है...मैं भी कुछ कुछ वैसी ही हूँ. मुझे भी सियाह और उदास कर देने वाली चीज़ें पसंद हैं. 

कितना ज्यादा विरोधाभास है जीवन में...मैं जितना बोलती हूँ उतना ही चुप रहती जाती हूँ. बहुत गहरा कुआँ होता है मन...सीली सीढ़ियाँ...अँधेरा...कितनी ही बार उतरती हूँ...कितना भी नीचे उतरती हूँ काई लगी दीवारें उतनी ही डरावनी लगती हैं. जैसे काला गाढ़ा पानी रिस रिस कर भर रहा है. मन की तलछट पर से ऊपर देखती हूँ...किसी बहुत गहरे पथार के कुएं की तरह ऊपर एक गोल खिड़की दिखती है जिससे दिन में भी तारे नज़र आते हैं. आसमान काला होता है...बीच सावन बरसते परदेस में भिगाने वाला काला. 

कोई सवालों का झग्गड़ झुलाता है नीचे...अनगिन प्रश्चिन्हों के हुक...पानी में जवाबी बाल्टियाँ गिरी हुयी हैं. कुएं में लोहे के टकराने की आवाजें होती हैं और गोल दीवारों से टकराती हुयी अजीब धुन पैदा होती है...दिल की धड़कन के जैसी...अनियमित. 
---------
Interrobang=?! or ?!

शब्दों/संकेतों की दुनिया लाजवाब है. कुछ कुछ चीज़ें पढ़ते हुए पहली बार इन्टेरोबैंग से सामना हुआ था. इंटेरोगेशन मार्क और क्वेस्चन मार्क को मिला कर बना ये चिन्ह बहुत से फोंट्स में पाया जाता है. ये ऐसी मानसिक अवस्था को दर्शाता है जब आप चकित हैं और मन में अनेकों सवाल भी हैं. बहुत दिन बाद मैंने अपना फैवआइकन बदला है. मज़े की बात ये है कि ये चिन्ह अंग्रेजी के P अक्षर जैसा लगता है...तो ब्लॉग के लिए परफेक्ट है. 
-------
पहेली जिंदगी नहीं होती...हम हो जाते हैं. खुद से मिलते रहना जरूरी है. थोड़ा भाषण देना जरूरी है. बहुत दिन बाद लिखो तो बेहद फालतू चीज़ें लिखती हूँ...मगर बहुत दिन पहले एक दोस्त को कहा था...लिखने से मोह करना...लिखे हुए से नहीं. तो लिखने की आदत को बरकरार रखने के लिए इतना सारा कुछ.
-------
आँख से सुबुक गिर पड़ता है पांचवां आँसू...पगली नमक से मर जायेंगे चिरामिरा के पौधे. घबराती हूँ, आँचल बारिश में तानती हूँ आसमान पर. रोकती हूँ गाँव पर आने वाले फ्लैश फ्लड को...डूब जाती हूँ...कोई जाल में छांक लेता है लाश को.

कांच का गुलदान उठा कर सामने फेंका है दीवार पर...किरिच किरिच चेहरा गिरा है फर्श पर.

27 September, 2012

अ-तीत

साइकिल एक टाइम मशीन है...पैडल पर पाँव पड़ते हैं तो आसपास का सारा दृश्य भूतकाल में परिवर्तित होने लगता है. जैसे जैसे उसके पहिये घूमते हैं समय का चक्र भी उल्टा घूमने लगता है. साइकिल चलाते हुए अचानक से दुनिया एकदम खामोश पड़ने लगती है और कुछ आवाजें ज्यादा स्पष्ट सुनाई देने लगती हैं. बचपन के नाम याद आने लगते हैं. देर रात साइकिल चलाते हुए हमेशा घर पहुँच कर पड़ने वाली डांट का शुबहा साइकिल कैरियर में बंध जाता है. शहर में हवा तेज़ी से चलती है...लड़की को अपना घर याद आता है जहाँ उसने बचपन में साइकिल सीखी थी. ऐसी ही तीखी ढलान वाली सड़क हुआ करती थी.

लगभग दस साल हो गए हैं जबसे उसने आखिरी बार साइकिल को हाथ लगाया है. नयी साइकिल है, शुरू शुरू में चलाने में दिक्कत हुयी है मगर फिर आदत सी पड़ने लगी है. साइकिल चलाना आप एक बार सीख कर कभी नहीं भूल सकते हैं ऐसा किसी ने कहा था. उसे ठीक ठीक याद नहीं कि साइकिल खरीदने का मन क्यूँ किया...शायद ऑफिस जाने के लिए या फिर ऐसे ही. रोज़ रात का रूटीन सा बन गया है...ऑफिस से घर जाना...कार पार्क करना...ऊपर जा कर लैपटॉप और बाकी सामान रखना. स्पोर्ट्स शूज पहनना और सब्जी लाने के लिए निकलना. सब्जियां फ्रिज में रख कर बोतल में पानी भरना. एक ऊँची पोनीटेल बनाना...डियो स्प्रे करना, घड़ी बदलना. आईने में खुद को देखना. आईने में हर बार कोई १२ साल की लड़की क्यूँ दिखती है?

मोहल्ले में एक तीखी ढलान वाली सड़क है. रिहाइशी इलाका है तो रात को बहुत कम गाड़ियां आती जाती हैं, कभी कभार कोई कार या मोटरसाइकिल गुज़रती है. लोग नौ बजे तक तो टहलते दिख जाते हैं मगर उसके बाद सड़कें सुनसान होने लगती हैं...घरों का शोर भी म्यूट पर चला जाता है. जैसा कि देश के हर मोहल्ले में होता है, कुछ स्ट्रीटलैम्प्स फ्यूज रहते हैं तो उन टुकड़ों पर अँधेरा रहता है. माहौल को अलग अलग तरीके से इंटरप्रेट किया जा सकता है मनोदशा के मुताबिक. कुछ लोगों को डर भी लग सकता है. लेकिन जैसा कि मेरी कहानी के किरदारों के साथ अक्सर होता है...लड़की को डर नहीं लगता है.

कमोबेश हर घर के आगे एक दरबान ऊँघता दिखता है. देर रात कुछ लोग कुत्तों को टहलाते हुए भी दिख जाते हैं. लड़की को कुत्ते कभी पसंद नहीं आते. यही वक्त सड़क के आवारा कुत्तों के जमीनी संघर्ष का भी होता है. वे अपना अपना इलाका निर्धारित करते रहते हैं. ऐसे में अक्सर किसी एक कुत्ते के खदेड़े जाने की गवाह भी  बनना होता है लड़की को. कुछ कुत्ते सड़क पर निर्विकार पड़े रहते हैं...दुनिया से दया की आखिरी उम्मीद उन्हें ही है.

रात की अपनी गंध होती है. अलग अलग फूलों की गंध झोंके के साथ आती है जब वो उन घरों के आसपास से गुज़रती है. इतने दिनों में उसे याद हो आया है कि किस घर के पास से रातरानी की गंध आती है, कहाँ गंधराज खिलता है और कहाँ मालती की उदास गंध उसे छूने को पीछे भागती है. साइकिल के हर चक्कर के साथ खुशबुएं बदलती रहती है...हर बार जब लड़की उन खुशबूदार घरों के आसपास से गुज़रती है तो खुशबू की एक तह उसके ऊपर लगती जाती है...गंध का अपना मनोविज्ञान और रसायनशास्त्र होता है. वो जब घर से चलती है कोई और होती है मगर कोई घंटे डेढ़ घंटे बाद वो कोई और होने लगती है. लड़की का इत्र हवाओं में बिखरने लगता है...वो थोड़ी थोड़ी घुलने लगती है...साइकिल के हर राउंड के साथ.

तीखी ढलान पर उतरते हुए लड़की साइकिल लहराती हुयी चलती है...हैंडिल को तीखे झटके देती है...जैसे साइकिल न चलाती है नृत्य कर रही हो...यक़ीनन गुज़रते हर सेकण्ड के साथ वो रिदम में होती है. साइकिल के हैंडल के दो लेवल हैं...ऊपर का लेवल वो ऐसे थामती है जैसे बॉल डांसिंग करने के लिए अपने पार्टनर के कंधे पर हाथ रखा हो...बेहद हलके. आधी ढलान आते वो दोनों हाथ छोड़ देती है जैसे लड़के ने ट्वर्ल किया हो उसे और वो एक पूरा गोल चक्कर काट कर वापस उसकी बाँहों में आएगी. ढलान की आखिर में एक स्पीडब्रेकर है जहाँ से वो दायें मुड़ती है और जाहिर तौर से मुड़ने के पहले ब्रेक नहीं लगाती है. अगर आपने बॉल डांस देखा है तो जानते होंगे कि उसके एक स्टेप में लड़का अपनी पार्टनर को लगभग जमीन तक झुका कर वापस खींचता है...ये कुछ वैसा ही होता है...मुड़ते हुए वो पैंतालीस डिग्री का कोण बना कर झुकती है...साइकिल का कलेजा मुंह को आता है कि नहीं मालूम नहीं पर सड़क जरूर उसके सरफिरेपन पर परेशान हो जाती है.

चढ़ाई के अंत में दो लैम्पपोस्ट हैं. एक की लाईट किसी उदास दिन बारिश की मार खा कर ऐसे उदास हुयी कि फिर नहीं जली...दूसरे छोर पर उसे मुंह चिढ़ाता सौतेला लैम्पपोस्ट है. लड़की बारी बारी से इन दोनों के नीचे रुकती है. साइकिल के कैरियर से पानी की बोतल को आज़ाद करती है और सांसों को काबू में करती हुयी घूँट घूँट पानी पीती है. पसीने से भीगा उसका चेहरा लैम्प की पीली रौशनी में अजीब खूबसूरत दिखता है. देखने वाले को ऐसा लग सकता है कि लैम्प से हुस्न की बारिश हो रही है, इस लैम्पपोस्ट के नीचे खड़ी कोई भी लड़की सुन्दर लगेगी...मगर ऐसे देर रात तीखी ढलान पर साइकिल चलाने वाली लड़की पहले आये तो सही...फिर वहाँ लैम्पपोस्ट के नीचे रुके तो सही. ऐसे हसीन वाकये जिंदगी में कम होते जा रहे हैं.
---
एक खुशनुमा सी रात थी. चाँद का पहला कतरा आसमान में हाजिरी लगा रहा था. लैम्पोस्ट की रौशनी थी...चार लड़के खाना खाने के बाद सिगरेट खरीदने निकले थे. तेरा मेरा करके सिगरेट का स्टॉक खत्म हो गया था, वीकेंड की बची हुयी बियर भी खत्म थी. चलते हुए डिसाइड हुआ कि बियर भी खरीद ली जाए. ऑफिस में साथ काम करती लड़कियों के नाम से एक दूसरे को चिढ़ाते वो बीच सड़क पर चल रहे थे कि घंटी की आवाज़ से  अचानक साइड होना पड़ा. गाली देने के लिए मुंह खोला ही था कि सन्न से वो साइकिल आगे निकल गयी. साइकिल पर एक लड़की थी...टी शर्ट के ऊपर झूलती पोनीटेल और जींस. उम्र का अंदाजा करना मुश्किल था मगर पीछे से अच्छी लगी. चारों की बातों का रुख लड़की की ओर मुड़ गया. पहले कभी तो नहीं दिखी थी इधर...शायद नयी आई है मोहल्ले में. जाने शहर में भी.

जितनी देर में वे टहलते हुए सड़क के मोड़ पर पहुंचे लड़की चार बार राउंड लगा चुकी थी जिसमें तीन बार लैम्प पोस्ट के नीचे रुक कर उसने पानी पिया था. बातों बातों में लड़कों में शर्त लग गयी कि लड़की से बात करके दिखाओ. तीन बार रुकी है, चौथी बार भी रुकेगी ही...जिसने बात कर ली उसके बियर के पैसे बाकी लोग देंगे. फिर लगा कि चारों लड़के अगर उसी मोड़ पर खड़े रहे तो शायद वो रुके न...इसलिए दो लड़कों ने हिम्मत की. ऊपर ऊपर वे दिखा रहे थे जैसे बहुत साधारण सी बात है मगर ऐसे लड़की को टोक कर कुछ बोलने में उन्हें भी समझ नहीं आ रहा था कि बात कैसे शुरू की जाए. हीरो बनकर आगे तो आ गए थे पर लेकिन लड़की अगर एक बार तेज आवाज़ में डांट भी देती तो इज्ज़त में पलीता लग जाना था.
---
'एक्सक्यूज मी'
'यस'
'कैन यू टेल अस व्हेयर सेवंथ मेन इज?'
'सेवंथ मेन....अम्म्म्म....'
लड़की ने पानी का पहला ही घूँट लिया था...चढ़ाई में साइकिल चलाने के कारण उसकी सांसें तेज चल रही थीं...गला सूख रहा था...उसने एक घूंट पानी पिया...अपने दायीं ओर दिखाते हुयी बोली....
'सेवंथ मेन इज पैरलल टू दिस रोड.'
उसे संयत होने का वक्त नहीं मिला था, बोलना भी मुश्किल हो रहा था.
'रिलैक्स...रिलैक्स' लड़के को लगा शायद उनके सवाल पूछने से वो हडबड़ा गयी है...
'अपहिल साइक्लिंग' और लड़की ने थोड़ा और पानी पिया.
'हिंदी...इंग्लिश?'
'हिंदी चलेगा'
'कहाँ से हो?'
'बिहार से' लड़की कुछ और जोड़ना चाहती थी जैसे कि इतनी रात गए ऐसे काम बिहारी ही करते हैं या ऐसा कुछ...मगर उसके कहने का टोन अक्खड़ सा था और वैसा ही कुछ कह चुका था.
'यहाँ कैसे आई?'
'उड़ कर' लड़की हँस पड़ी...
'उड़ कर क्यूँ?'
'बिहार बहुत दूर है न...साइकिल से तो आ नहीं सकती थी'
'सेवेंथ मेन इधर से पैरलल वाली सड़क है, दायें से बाएं दिसेंडिंग आर्डर में...ट्वेलफ्थ मेन और इधर सिक्स्थ मेन' लड़की हाथ के इशारे से समझा रही थी.
'यहाँ क्या कर रही हो?'
'तुमने आखिरी बार किसी लड़की से ऐसे टोक कर बात कब की थी?'
'याद नहीं'
'पता है, बिहार में होते तो अभी तक थप्पड़ खा चुके होते, जनता अलग आ जाती पीटने के लिए, सरे राह लड़की छेड़ रहे हो'
'लेकिन बिहार में हैं नहीं न', लड़का थोड़ा सा झेंप गया था.
'तुम्हें डर नहीं लगा?'
'किस चीज़ का डर?'
'भूत होती तो? मम्मी ने बचपन में सिखाया नहीं कि रात-बेरात अकेली लड़की देख कर टोकना नहीं चाहिए'
लड़का एक मिनट चुप...नीचे सर करके सोच रहा है कि जवाब क्या दे...लड़की अपने जूते दिखाते हुए कहती है 'स्पोर्ट्स शूज हैं...पैर उलटे हुए तो पता भी नहीं चलेंगे[बिहार की किम्वदंतियों के हिसाब से चुड़ैल के पैर उलटे होते हैं]
लड़का अब भी सकपकाया हुआ खड़ा था. लड़की ने ही हँसते हुए शुरुआत की...
'घबराओ नहीं, भूत हूँ...चुड़ैल नहीं. खून नहीं पियूंगी तुम्हारा'
इतने में दोनों लड़के एक दूसरे की शक्ल देख रहे थे कि अब चलने का वक्त आ गया कि इससे थोड़ी देर और बात की जा सकती है...लड़की या भूत जो भी थी...उसके पास रहते हुए डर तो एकदम नहीं लग रहा था. अच्छा लग रहा था. जैसे अपनी हमउम्र लड़की से बात करते हुए लगता.
'अच्छा चलो जाने दो, ये बताओ कि इधर क्या कर रहे थे. हम सेवेंथ मेन में खड़े हैं, ऑन सेकण्ड थौट्स तुम लोग ठीक सेवेंथ मेन के बोर्ड से टहलते हुए यहाँ आये हो मुझसे सेवेंथ मेन का पता पूछने. रात के ग्यारह बजे पैदल रास्ता भटके हुए तो लगते नहीं हो, कहाँ जा रहे थे?'
'दूध खत्म हो गया था, चाय पीने निकले थे' सफ़ेद झूठ बोल गया लड़का.
'सिगरेट पीते हो?'
'हाँ'
'दो...'
'अभी नहीं है...दरअसल सिगरेट ही लेने निकले थे, घर पर भी खत्म हो गयी है, बाकी दोस्त पनवाड़ी की दुकान पर इन्तेज़ार कर रहे हैं'
'कितने की शर्त लगायी थी?'
'कैफे कॉफी डे में कॉफी की'
'झूठ अच्छा नहीं बोलते हो...लड़की के सामने तो और भी बुरा'
'हाँ मेरी माँ...बीयर की शर्त लगी थी, तुम तो पीछे ही पड़ गयी'
'रास्ता रोक कर रास्ता पूछो तुम...और पीछे पड़ गयी मैं, कमाल करते हो!'
किसी ने ध्यान नहीं दिया था पर बात करते करते वे चलने लगे थे और अब दूसरा मोड़ सामने खड़ा था...यहाँ से दायें परचून की दूकान थी और बाएं लड़की का नोर्मल रास्ता जिस पर वो शाम से साइकिल चला रही थी.
'अनन्या' लड़की ने हाथ बढाते हुए कहा...
'क्या?'
'अनन्या...मेरा नाम है'
'ओह...अच्छा...मेरा नाम तरुण है और ये मेरा दोस्त है विकास, आगे परचून की दूकान पर दो और नमूने खड़े हैं सुनील और अमित, आज मिलोगी या अगले इंस्टालमेंट में?'
'तुम्हारे घर क्या रोज रोज सिगरेट खतम होती है?'
'अक्सर हो जाती है फिर इधर ही रहते हैं तो कभी न कभी तो मिलोगी ही...उनसे भी आज न कल टकराना ही है...तो आज ही निपटा दें क्या?'
'नहीं रहने दो...आज के लिए तुम काफी हो'
फिर वो उड़नपरी अपनी साइकिल पर उड़नछू हो गयी.
कहना न होगा कि शर्त जीतने की खुशी में उस रात फ्लैट में बीयर की नदियाँ बह रही थीं...तरुण को कंधे पर उठा कर नारे लगाए गए और आखिर में नशे में डूबे बाकी तीनो लड़कों ने कागज़ पर लिख कर क़ुबूल किया कि तू सबमें सबसे बड़ा हीरो है...या ऐसा ही कुछ.
---
इसके बाद लगभग रोज का नियम हो गया...रात का खाना खा कर तरुण को रोज बाहर टहलने जाना ही होता था. साथ में कभी विकास तो कभी सुनील या अमित होते और कोई आधा घंटा बतियाते हुए परचून की दूकान तक जाते और वहाँ से फिर अनन्या अपनी साइकिल पर वापस चली जाती. वो तेरी भाभी है जैसे मजाक होने शुरू हो गए थे और तरुण जाने अनजाने थोड़ा अपने कपड़ों पर ध्यान देने लगा था. शाम को घर से बाहर निकलते हुए कोई फोर्मल कपड़े तो नहीं पहन सकता मगर पहले जहाँ कोई भी मुड़ीतुड़ी टीशर्ट चल जाती थी अब कपड़े बकायदा आयरन करके रखे जाने लगे थे. इस छोटी चीज़ के अलावा कोई बड़ा बदलाव आया हो ऐसा नहीं था.

अनन्या के तीन चार शौक़ थे...घूमना, पढ़ना, गप्पें मारना इनमें सबसे जरूरी थे. तरुण और बाकी जो भी उसके हत्थे चढ़ जाता उसके किस्से सुनते चलता. कितनी तो जगहें घूम रखी थीं लड़की ने. एक दिन जाने कैसे बातों बातों में भूतों का किस्सा चल पड़ा...विकास तरुण की खिंचाई कर रहा था कि उसे भूतों से बहुत डर लगता है. कहीं भी अकेले नहीं जाता. अनन्या को रात में अकेले डर कैसे नहीं लगता. उस दिन सबको थोड़ा आश्चर्य हुआ कि अधिकतर अनन्या किसी की खिंचाई करने का कोई मौक़ा नहीं जाने देती थी मगर उस दिन कुछ नहीं बोली. दूसरी बातों की ओर ध्यान भटका दिया सबका.

अब रोज रात को किसी लड़की से बात करोगे तो जाहिर है कि दिन में भी कभी कभार उसका ख्याल आयेगा ही. उसपर अनन्या ऐसी दिलचस्प लड़की थी कि तरुण अक्सर दिन में सोचता रहता कि आज क्या बात करेगा उससे या फिर आज वो कौन सी कहानी सुनाएगी. इसी सिलसिले में एक दिन ऐसे ही गूगल पर अनन्या टाइप कर के खोज रहा था कि फेसबुक या कहीं और वो आती है कि नहीं. अनन्या बहुत ज्यादा कोमन नाम तो था नहीं. तीसरे चौथे पन्ने पर जो तस्वीर अनन्या की थी...टाइम्स ऑफ इण्डिया में खबर रिपोर्टेड थी...रोड एक्सीडेंट केस. क्रिटिकल कंडीशन में अस्पताल लायी गयी लड़की तीन चार घंटों में ही ब्रेन डेड डिक्लेयर कर दी गयी. उसके पर्स में एक ओरगन डोनेशन कार्ड था...अस्पताल ने उसकी आँखें, दिल, लिवर और दोनों गुर्दे ट्रांसप्लांटेशन के लिए ओरगन बैंक भेज दिए थे. घर वालों को इत्तला दी गयी थी. एक बड़ा भाई था उसका, बॉडी पिक करने वही आया था.

तरुण को ऐसा सदमा लगा था कि उसे कुछ देर तो समझ ही नहीं आया कि क्या करे, किससे बात करे जो उसे पागल नहीं समझे. मगर अनन्या सिर्फ उससे तो मिलती नहीं थी...बाकी सारे दोस्तों से भी तो मिली है. गूगल पर उसका पूरा नाम डाल के खोजा...दो साल पुराना उसका ब्लॉग मिला, वहाँ उसकी लिखी अनगिनत कहानियां. कमेंट्स में उसके दोस्तों के बहुत सारे सन्देश. किसी के चले जाने के बाद भी कितना कुछ बाकी रह जाता है इन्टरनेट की इस निर्जीव दुनिया में भी. तरुण सोच रहा था कि अगर वो कमेन्ट करे कि अनन्या से रोज उसकी बात होती है तो कोई उसकी बात पर यकीन करेगा.

एक और समस्या थी...शाम को घर से बाहर कैसे जाये. ये जानने पर भी कि अनन्या को गए दो साल से ऊपर बीत चुके हैं, तरुण को विश्वास ही नहीं हो रहा था. हर डर के बावजूद वो जानता था कि उसे अनन्या से बात करनी ही होगी. आज चारों लड़के ऑफिस से जल्दी घर आ गए थे, पूरी बात जान कर सब एक अजीब से सन्नाटे में डूब गए थे. जाने क्यूँ तरुण को लगता था कि अब अनन्या से कभी मिल नहीं सकेगा. जाने वो आज रात आएगी भी कि नहीं. शाम की घड़ियाँ सिगरेट फूंकते बीतीं.

साढ़े नौ बजते बजते बेचनी हद तक बढ़ गयी थी...कमरे में ताला लगा कर चारों लड़के बाहर सड़क पर आ गए. आधा घंटा जाने किन किन भगवानों को याद करते कटा. अनन्या समय की पक्की थी...ठीक दस बजे सन्न से लहराती हुयी उसकी साइकिल उनके आगे से निकली...पर आज किसी ने कोई कमेन्ट नहीं किया कि मरेगी लड़की या जान प्यारी नहीं है तुझे. मोड़ पर लैम्पपोस्ट चुप खड़ा था.

अनन्या ने सबको इतने गंभीर मूड में देखा तो हौले से तरुण के पास आके पूछा...'कोई मर गया क्या?' तरुण चुप रहा मगर बाकी तीनो एक साथ चीख पड़े 'अनन्या'. तरुण कुछ देर चुप रहा...मगर सवाल बिना पूछे वापस भी तो नहीं जा सकता था.
'तुम मर चुकी हो?'
'हाँ'
एकदम फैक्चुअल जवाब...सीधा, सपाट...कोई मेलोड्रामा नहीं.
'मुझे बताया नहीं'
'दो साल पुरानी खबर थी, क्या बताती.' और वो खिलखिला के हँस पड़ी.
'मुझसे मिलने मत आया करो'

चुप्पी....

बहुत सारी चुप्पी....

'क्यूँ, मैं मर गयी तो मुझसे दोस्ती नहीं कर सकते?'
'नहीं.'
....
.........
'तुम कब तक ऐसे भटकती रहोगी? कोई तो उपाय होगा...तुम्हारा तर्पण नहीं हुआ होगा शायद, कोई अधूरी इच्छा रही होगी...मुझे बताओ'
'मेरा तर्पण हो गया है...बिलकुल सारे रीति रिवाजों के साथ...लेकिन मेरा केस कुछ अलग था इसलिए मुझे स्पेशल परमिशन मिली है'
'किस चीज़ की?'
'ऐसे भटकते हुए रहने की'
'क्या बांधे रखता है तुम्हें अनन्या?'
'जिंदगी...मुझे जिंदगी से प्यार है'
......
.................
'तुम हमेशा ऐसी ही रहोगी?'
'हाँ'
'तुम हमेशा यहीं रहोगी?'
'पता नहीं'

'मैं यहाँ से जाना चाहता हूँ'
'ठीक है'
'और तुम?'
'और मैं क्या?'
'कुछ नहीं'
.......
..............
'सुनो तरुण, आगे से किसी लड़की को ऐसे रात में अकेले देखोगे तो टोकना मत. सारे भूत मेरे तरह अच्छे नहीं होते. किसी और का दिल आ गया तुम पर तो तुम्हें अपने साथ ले जायेगी. तुम्हें जाने देना बहुत मुश्किल है. मरने से भी ज्यादा मुश्किल.'
........
.................
उस दिन के बाद अनन्या वहाँ कभी नहीं दिखी. सालों साल बाद भी कई बार तरुण गाड़ी चला रहा होता है और कोई लड़की साइकिल पर रिव्यू मिरर में दिखती है तो उसे अनन्या याद आ जाती है. अनन्या की कही आखिरी बात...जा रहे हो...कभी भी...मुड़ कर वापस नहीं देखना. वरना मैं कहीं जा नहीं पाउंगी और तुम कभी वापस नहीं आओगे. अनन्या ये नहीं जानती कि कई बार लोग कहीं जाते नहीं. ठहर जाते हैं. उसी मोड़ पर. उसी वक्त में.
......
..............
उफ़...जिंदगी कितनी लंबी है. तरुण अपने आखिरी दिनों में अपनी पसंद की साइकिल खरीदते हुए सोचता है...जिंदगी के पार...उस मोड़ पर...अनन्या होगी न?

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...