12 May, 2013

तुम्हें इजाजत है


वो मुझे ऐसे गले लगाता है जैसे मैं कांच की बनी हूँ...जरा से जोर से टूट जाउंगी...बिखर जाउंगी किरिच किरिच. जितने से मेरी जान चली जाए, उससे बस एक लम्हा ज्यादा रखता है अपनी बांहों में. ऐसा क्यूँ महसूस होता है कि उसने मेरी रूह को छू लिया है? ठीक उस लम्हे, मैं जानती हूँ...मुझे उसे जाने की इजाज़त दे देनी चाहिए.

पहले मुझे लगता था उसके आने का नियत मौसम है. वो हर साल नवम्बर से दिसंबर के बीच कभी आएगा. मगर वो बैंगलोर की बारिश की तरह मूडी होता चला गया है. अब उसके आने का कोई नियत वक़्त नहीं है. हमेशा बिना किसी नोटिस के आता है. ये नहीं कि आने के पहले कोई हिंट दे दे कि मैं तैयार रहूँ...वैसे में चोट ऐसे तो नहीं लगेगी. ऑफिस में काम कर रही हूँ या किसी मीटिंग में हूँ...बात करते करते देखती हूँ तो जिंदगी का फ्रेम ऑफ़ रेफरेंस गड़बड़ा जाता है, ऐसे उसने आने को प्रोसेस नहीं कर पाती है आँखें. दिल पे हाथ रख कर इतना ही कह पाती हूँ...तुम मेरी जान ले लोगे किसी दिन, कसम से.

कभी किसी बहुत बारिशों वाले डिप्रेशन के दिन इस गुलमोहरों वाले शहर में टहलने निकली होती हूँ...एक मिलीजुली गंध होती है...मिट्टी में गिरे फूलों की पंखुड़ियों की. ऐसे में सिगरेट के लम्बे कश खींचती हूँ...कहीं अपनी साँसों को वैलिडेट करती हुयी. लगता है जैसे सांस ली नहीं जा रही तो उस खालीपन को सिगरेट के धुएं से रंगती हूँ...फिर हर सांस महसूस होती है. मेरी पसंदीदा चीज़ों में बारिश रुक जाने के बाद की सिगरेट है. यूँ भी मुझे सिगरेट पीते हुए किसी की कंपनी पसंद नहीं है. तो जब हवा में बेतरह नमी होती है...मूड कुछ अनसुलझा होता है तो मैं कहीं बाहर होती हूँ...ऐसे में उसकी तलाशती नजरें मिलती हैं...सिगरेट के धुएं के उस पार...और वो मुझे देखते ही बाँहें खोल देता है...मैं चाहती हूँ कि अहतियात से उससे गले मिलूं...कि उँगलियों में सिगरेट फँसी हुयी है...कि सीने में सांस अटकी हुयी है...कि दिल की धड़कन...बारिश के बाद किसी पेड़ की डाली को पकड़ कर हिला दो तो पत्तों पर अटकी सारी बूँदें बौछार की तरह गिरेंगी...वैसे ही भीगती हूँ मैं ... अचानक ... सराबोर.

'माय सनशाइन, खुश हो मेरे मौसमों का रंग बदल कर?'. सिगरेट बुझा दी है मैंने. उसके होते हुए मुझे हमेशा यकीन होता है कि मैं हूँ. उसके साथ चलने से कितनी कैलोरीज बर्न होती होगी सोचती हूँ...दिल इतनी तेज़ तो आधे घंटे की जॉगिंग के बाद धड़कता है. साथ चलते हुए तकलीफ ये है कि मैं उसका चेहरा नहीं देख पाती हूँ...मैं किसी जगह उसके साथ थोड़ा वक़्त बिताना चाहती हूँ जहाँ मैं उसे देख सकूं...वो किसी धूमकेतु की तरह है...इतने कम वक़्त के लिए दिखा है कि उसका चेहरा ठीक से याद नहीं लेकिन हर बार जब वो दिखा है मेरी पूरी दुनिया टॉप्सी टरवी कर गया है. वो चुटकी बजाता है और सितारे घबरा कर उसे जगह दे देते हैं...मेरा हाथ अपने हाथ में लेता है तो लकीरें उसकी मन मुताबिक बदल जाती हैं.

मैं उसको लेकर पजेसिव नहीं हूँ. पूछती हूँ उससे कि अब मेरी उम्र हुयी...उसके लिए तो दुनिया की सारी सोलह साला लड़कियां पलकें बिछा कर इंतज़ार कर रही हैं, वो मेरे लिए फुर्सत कैसे निकालता है...क्यूँ निकालता है...इश्क कुछ कहता नहीं...उसकी मुस्कुराहटों में बहुत से राज़ छुपे हैं...मैं देखती हूँ उसे, एक पूरी नज़र...इस साल्ट-पेपर हेयर पर कितनी लड़कियां फ़िदा होती होंगी...उम्र हो गयी है अब उसकी भी. कहीं न कहीं दर्द की एक बारीक रेखा भी दिखती है उसकी आँखों के इर्द गिर्द. मैं उसका हाथ अपने हाथों में लेती हूँ...मैं जानती हूँ. उसकी कद्र अब पहले जैसी नहीं रही. आजकल कितने तरह का गुबार लोग इश्क पर निकालते हैं. दिल टूटने पर भी मैंने इश्क को कभी बुरा-भला नहीं कहा बल्कि हम पुराने दोस्तों की तरह हर हार्ट ब्रेक के बाद साथ ड्रिंक पर चल देते थे. मैंने जब उसके होने की दुआ मांगी थी तभी उसने वादा किया था कि वो मेरा साथ कभी नहीं छोड़ेगा.

वो बहुत अहतियात से मुझे बरतता है क्यूंकि उसे मालूम है उसके आने से मुझे बेहद तकलीफ होने वाली है...वो बड़े अहतियात से जहर का प्याला मेरी ओर बढ़ाता है. विस्की में घुला धीमा जहर. उसके रहते हुए रगों में घुलना शुरू करता है. मैं इश्क की ओर हाथ बढ़ाती हूँ...

वो मुझे ऐसे गले लगाता है जैसे मैं कांच की बनी हूँ...जरा से जोर से टूट जाउंगी...बिखर जाउंगी किरिच किरिच. जितने से मेरी जान चली जाए, उससे बस एक लम्हा ज्यादा रखता है अपनी बांहों में. ऐसा क्यूँ महसूस होता है कि उसने मेरी रूह को छू लिया है? ठीक उस लम्हे, मैं जानती हूँ...मुझे उसे जाने की इजाज़त दे देनी चाहिए.

10 May, 2013

जरा सा पास, बहुत सा दूर

इससे तो बेहतर होता कि वे एक दूसरे से हजारों मील दूर रहते. ऐसे में कम से कम झूठी उम्मीदें तो नहीं पनपतीं, हर बारिश के बाद उसको देखने की ख्वाहिश तो नहीं होती. ऊपर वाला बड़ा बेरहम स्क्रिप्ट राइटर है. वो जब किरदार रचता है तो मिटटी में बेचैनी गूंथ देता है. ऐसे लोगों को फिर कभी करार नहीं आता.

इस कहानी के किरदार एक दूसरे से २०० किलोमीटर दूर रहते हैं. एक बार तो सोचती हूँ कहानी को किसी योरोप के शहरों की सेटिंग दे दूं...वहां शहर इतने खूबसूरत होते हैं...बरसातों में खास तौर पर. लेकिन उस सेटिंग में मेरे किरदार नैचुरल नहीं महसूस करेंगे. उनके अहसासों में एक अजनबियत आ जायेगी. यूँ मुझे वियेना और बर्न बहुत पसंद है. पर उनकी बात फिर कभी.

उन दोनों के शहरों के बीच हर तरह की कनेक्टिविटी थी. बसें चलती थीं, ट्रेन थी, हवाईजहाज थे और उन्हें जोड़ने वाला हाइवे देश का सबसे खूबसूरत रास्ता माना जाता था. वो रहता था सपनों के शहर मुंबई में और वो रहती थी बरसातों के शहर पुणे में.

आज किरदारों का नाम रख देती हूँ कि कुछ तसवीरें हैं ज़हन में...तो मान लेते हैं कि लड़के का नाम तुषार था. किसी सुडोकु पजल जैसा था लड़का, सारे खानों में सही नंबर रखने होते थे जब जा कर उसके होने में कोई तारतम्य महसूस होता था वरना वो बेहद रैंडम था और जैसा कि मेरी कहानी की लड़कियों के साथ होता है, उसके नंबरों से डर लगता था. वो उसे सुलझाना चाहती थी मगर डरती थी. हालात हर बार ऐसे होते थे कि वो मिलते मिलते रह जाते थे. वे सबसे ज्यादा ट्रैफिक सिग्नलों पर मिलते थे, जिस दिन किस्मत अच्छी होती थी उनके पास पूरे १८० सेकंड्स होते थे.

एक लेखक ने अपनी किताब का कवर सरेस पेपर का बनवाया था ताकि उसके आसपास रखी किताबें बर्बाद हो जायें. तुषार ऐसा ही था, उसे पढ़ने की कोशिश में उँगलियाँ छिल जाती थीं. उसके ऊपर कवर लगा के रखना पड़ता था कि उसके होने से जिंदगी के बाकी लोगों को तकलीफ न हो. गलती मेरी ही थी...मैंने ही ऐसा कुछ रच दिया था कि लड़की को कहीं करार नहीं था.

लड़की कॉफ़ी में तीन चम्मच चीनी पीती थी, तुषार ने उसके होटों का स्वाद चखने के लिए उसके कॉफ़ी मग से एक घूँट कॉफ़ी पी ली थी, मगर उसने लड़की ने इतना ही कहा कि मुझे देखना था तुम इतनी मीठी कॉफ़ी कैसे पी पाती हो. तुषार को ब्लैक कॉफ़ी पसंद थी, विदाउट मिल्क, विदाउट शुगर. लड़की ने वो कॉफ़ी मग अपनी खिड़की पर रख दिया था. उसे लगता था जिस दिन कॉफ़ी मग बारिश के पानी से पूरा भर जाएगा उस दिन उसे तुषार के साथ बिताने को थोड़ा ज्यादा वक़्त मिलेगा.

दोनों शहर इतने पास थे कि दूर थे...और ये ऐसी तकलीफ थी कि सांस लेने नहीं देती. लड़की सोचती कि ऐसे मौसम में मुमकिन है कि वो वाकई आ सके. तीन घंटे क्या होते हैं आखिर. वो छत के कोने वाले गुलमोहर के नीचे खड़ी भीगती और सोचती बारिशों में तेज़ ड्राइव करना जितना खतरनाक है उतना ही खूबसूरत भी, या कि खतरनाक है इसलिए खूबसूरत भी. एक्सप्रेसवे पर गहरी घाटियाँ दिखतीं थें और उनसे उठते बादल. दोनों उसी रास्ते से विपरीत दिशाओं में जाते हुए मिलते. तुषार उसका गहरा गुलाबी स्कार्फ पहचानता था. ऐसा हर बार होता कि जब तुषार का पुणे आने का प्रोग्राम बनता, लड़की को बॉम्बे जाना होता. वे तकरीबन एक ही समय खुश हो कर एक दूसरे को फोन करते कि अपने शहर में रहना. जब उनकी गाड़ियाँ क्रोस करतीं लड़की अपना स्कार्फ हिला कर उसे अलविदा कहती थी.

इतनी दूरी कि जब चाहो उससे मिलने जा सको लेकिन उतना सा वक़्त न मिले कभी, धीमे जहर से मरने जैसा होता है. फिर भी कभी कभी उनके हिस्से में कोई बारिश आ जाती थी. कैफे में बैठे, अपने अपने पसंद की कॉफ़ी पीते हुए वे सोचते कि जिंदगी तब कितनी अच्छी थी जब एक दूसरे से प्यार नहीं हुआ था. या कि वे दोनों बहुत दूर के शहर में रहते जब आने की उम्मीद न होती...या कि एक दूसरे को सरप्राईज देने के बजाये वे प्लान कर के एक दूसरे के शहर आते. लड़की के सारे दोस्त भी तुषार के साथ मिले हुए थे...तो अक्सर उसे उसकी किसी दोस्त का फोन आता कि कैफेटेरिया में तुम्हारा इंतज़ार कर रही हूँ और वहां तुषार मिलता. कभी कभी लगता कि अचानक उसे देखने की ख़ुशी कितना गहरा इंतज़ार दे जाती है कि वो हर जगह, हर वक़्त उसे ही तलाशती फिरती है.

वे अक्सर टहलने निकल जाया करते थे. घुमावदार गलियों पर, सीढ़ियों पर, शीशम के ऊंचे पेड़ों वाले रस्ते पर...तुषार दायें हाथ में घड़ी बांधता था और लड़की बायें हाथ में, अक्सर उनकी घड़ियों के कांच टूटते रहते थे. उन्हें कभी हाथ पकड़ के चलना रास नहीं आया. अक्सर जब ऐसा होता था तो वे ध्यान से अपने चलने की साइड बदल लेते थे.

इस कहानी में बहुत सारा इंतज़ार है...उन दो शहरों की तरह जो अपनी सारी बातें सिर्फ उनको जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे के माध्यम से कर पाते थे. कहानियों को फुर्सत होती है कि वे जहाँ से ख़त्म हों, वहां से फिर नयी शुरुआत कर सकें. मैं उन्हें इसी मोड़ पर छोड़ देती हूँ...जहाँ प्यार है और इंतज़ार है बेहद. उम्मीद नहीं है क्यूंकि ख्वाहिश नहीं है. दोनों अपने अपने शहरों से भी उतना ही प्यार करते हैं जितना कि एक दूसरे से.

बेचैनी के इस आलम में सुकून बस इतना है कि दोनों जानते हैं कि हर बारिश में यहाँ से कुछ दूर के शहर में रहने वाला कोई उनसे प्यार करता है और चाहता है कि वो एक्सप्रेसवे पर २०० की स्पीड से गाड़ी उड़ाता हुआ उनके पास चला आये.जीने के लिए इतना काफी है.

03 May, 2013

सिगरेट सी तुम्हारी उँगलियों के/ फीके बोसे हम चखेंगे

We are the people in search of a 'Refuge'. That eternal dwelling place where we find peace.
---
हम पनाह तलाशते हुए लोग हैं.

खानाबदोश...हम किसी ज़मीन के अहसानमंद नहीं. हम प्यासे, पानी की खोज में जमीनों को मारे मारे फिरते लोग हैं.

हमारी मुट्ठियों में बस पानी की मरीचिका है. हम बेदखल किये लोग हैं. अपनी जमीनों से बेदखल, हम दुनिया में एक ठिकाना तलाशते हैं. हमारे हिस्से की ज़मीनों पर उग आये कारखाने, हमारे हिस्से की ज़मीन धंस गयी खदानों में. कोलियरी के काले चूरे में खोये हुए हम बदकिस्मत नहीं...बे-किस्मत लोग हैं. अपनी ही ज़मीं पर बेगारी खटते, अपने खोये हुए जंगल से निकले हम बंजारे लोग हैं. हमारे साथ ही खो जाएगा संथाल प्रदेश का सारा सौन्दर्य...हमारी औरतें भी सीख लेंगी करना पर्दा और हम भूल जायेंगे नृत्य की थाप. हम अपने आप को कहीं दिहाड़ी मजदूरी करते पायेंगे...हम बनायेंगे दूसरे शहरों में अट्टालिकाएं और भूल जायेंगे मिट्टी के घरों पर उकेरना ताड़ और बांस के पेड़.

हमारे हिस्से की मुहब्बत लिख दी गयी किसी और के नाम...हम कहाँ जी सके अपने हिस्से का हिज्र...हमने कहाँ की कभी अपने हिस्से की शिकायतें...न भेज ख़त हमें बेरहम...हमने कभी कासिद को अपना नाम भी कहाँ बताया...हम एकतरफा इश्क करने के तरफदार अपनी ही ख़ामोशी में घुटते गए...हमने कब कहा उनसे कि आपके बिना जी न सकेंगे.

हमारे हिस्से के बादलों ने अपना रंग बदल दिया...हमारे हिस्से की बारिश भटक कर पहुँच गयी चेरापूंजी...हम अपनी ज़मीं...अपनी मुहब्बत से उजाड़े हुए लोग हैं.

हम लुप्त होते लोग हैं. हाशिये पर धकेले हुए. हम अपने खुले आसमानों के कैदी हैं. हम अतीत के एक टुकड़े को फिर से जी लेने की जिजीविषा लिए हुए वर्त्तमान को नकारते लोग हैं.

किसको बुरी लगती है अपने गाँव की मिटटी? हम बहुत ऊंचा उड़ते हैं मगर लौट कर उसी छोटे से घर में जाना चाहते हैं. हम खुदा को मानने और नकारने के बीच झूलते हुए अपनी जिंदगी की अकेली लड़ाइयाँ लड़के हुए लोग हैं.

अपने हक को मांगने और छीनने के बीच की रस्साकशी में उलझे हम हालातों के मारे उलझे हुए लोग हैं. हम वो मज़ाक हैं जो संजीदगी से सुनाया जाता है...डार्क ह्यूमर रचते किसी डायरेक्टर की प्रेरणा हैं हम. जिंदगी हमें तमाशे की तरह बेचती है और लोग हमें मनोरंजन की तरह खरीदते हैं. दिल भर जाने पर ठुकराए हुए हम बनारसी साड़ी बुनने वाले जुलाहे हैं. हमारे काम की अब किसी को दरकार नहीं...हम शोपीस में रखे हुए सबसे खूबसूरत नमूने हैं जिन्हें बेचना अपराध है. हमारी कीमत इतनी ज्यादा है कि बेशकीमती हैं...कि हमें खरीदने को कोई तैयार नहीं...कि हमें खरीदने की किसी की औकात नहीं. एक मरते हुए शहर के लुप्त अजायबघर में रखे धूल खाते तेवर हैं हम...हमने कभी इसी तेवर से राज्य की चूलें हिला दीं थीं.

दिल, अमां कौन सा...ज़ख्म...कौन से? जो दिखता है वही बिकता है सरकार...कलेजे में कितना दर्द है कि कलेजा पत्थर है...अरे इस पत्थर से चिंगारियां क्यूँ नहीं निकलतीं. उम्र बीतने को आई, मगर ये कौन सा आक्रोश है कि अब भी आग लगा देने को उतारू है. काले चिथड़ों में लिपटा ये कौन सा आन्दोलन है...किसे फूँक देना चाहता है...उसने कहा था गंगा किनारे काली रेत पर मिलेगा वो...पूरनमासी की रात को. हम जागने के लिए आये हरकारे का इंतज़ार करते लोग हैं. हमारी सारी कोमल शिराएं झुलस गयी हैं. हम मुहब्बत से परे...नफरतों से बच कर चलते हुए लोग हैं.

हम भीड़ से भागते हुए भीड़ का हिस्सा बनते हैं...हम सुबह से शाम तक अनगिन चेहरे बदलते हैं. हम इश्क को शौक़ की तरह जीते, जिंदगी को विरक्त भाव से टालते, मुस्कुराने को तरसे हुए लोग हैं. हमें कोई भींच कर सीने से लगाए...हमें कोई समंदर में तैरना सिखाये...हमें कोई इश्क में डूबना सिखाये...हम इस आपाधापी वाली जिंदगी में खोये हुए लोग हैं. बेचैन. तन्हा. उदास.

सिगरेट की गंध में लिपटे/ फीके बोसे हम चखेंगे
माथे पे अमृतांजन के/ किस्से बहुत लिखेंगे
विस्की में जिंदगी है/ जब तक बची हुयी
तुम्हारे हैंगोवर से जानां/ वादा है न उबरेंगे 

01 May, 2013

स्लो मोशन राईटिंग



आजकल मुझे कोई स्क्रीन अच्छी नहीं लगती. घर आते ही लैपटॉप टीवी से कनेक्टेड और गाने चालू. स्क्रीन ऑफ. मोबाईल चार्जिंग पर. किचन में या तो खाना बनाती हूँ या रोकिंग चेयर पर झूलते हुए अख़बार या मैगजीन पढ़ती हूँ. चैन और सुकून लगता है. आज सुबह लैपटॉप खोला लेकिन फिर जैसे इरीटेशन होने लगी. लिख रही थी, सोचा अपलोड कर देती हूँ. कभी बाद में अपनी हैण्डराईटिंग देखूंगी इधर. कोपियाँ तो जाने कहाँ जायेंगी.
ये जो लिफाफा सा दिख रहा है, एक छोटा सा पाउच है, पेन रखने के लिए.
खास नहीं. बस. ऐसे ही. 

27 April, 2013

न लिखना, न पढ़ना, न फिल्में देखना

लिखना या तो मुश्किल होता है या तो एकदम आसान. मुझे मुश्किल से लिखना नहीं आता. कितनी बार होता है कि अन्दर बहुत कुछ उमड़ घुमड़ रहा है पर शब्दों का आकार नहीं लेता...तब एक चुभन सी होती रहती है. जैसे कोई कील चुभी हो पाँव में...सिर्फ चलते वक़्त टीसती है. 

किसी को पढ़ना उसकी आत्मा से बात करने जैसा है. लेखक जितनी ही बड़ी कल्पना की दुनिया रचता है, उतनी ही सच्चाई से अपने आप को उसमें लिखते जाता है. मुझे कम लोगों का लिखना पसंद आता है. जाने क्यूँ कि किसी का लिखा छू नहीं पाता है दिल को. कुछ मिसिंग सा लगता है, जैसे उसने कुछ लिखना चाहा है जिसमें मैं डूबना चाहती हूँ पर पानी इतना उथला है कि चाह कर भी खुद को पूरा खोना नहीं हो पाया. मुझे फंतासी अच्छी लगती है. किसी ऐसी दुनिया में खो जाना जहाँ कुछ भी सच्चा न हो आसान होता है. किसी को पढ़ना कहीं भाग जाने का रास्ता खोलता है, ये लिखते हुए ऐलिस इन वंडरलैंड याद आती है. 

इधर काफी दिनों से कुछ अच्छा नहीं पढ़ा...कुछ भी अच्छा नहीं. मुराकामी की नार्वेजियन वुड रखी हुयी है, एक पन्ना भी पढ़ने का मन नहीं किया है. अकिरा कुरासावा की जीवनी जो कि बड़े शौक़ से खरीदी थी, जब कि उतने ही पैसे थे जेब में. कर्ट कोबेन के जर्नल्स पढ़ती हूँ कभी कभार. हैरी पोटर नहीं पढ़ा बहुत साल से शायद. दुष्यंत कुमार...अब अच्छे नहीं लगते. अज्ञेय...कभी कभी थोड़ा सा पढ़ती हूँ. और कोई नाम याद नहीं आ रहा. फिलहाल कोई पूछे कि तुम्हें पढ़ना अच्छा लगता है तो तुम्हारे पसंदीदा लेखक कौन हैं तो मेरे पास कोई नाम नहीं होगा. मैंने आखिरी कोई किताब कब पढ़ी थी...1Q84, शायद साल होने को आया. मैं टुकड़े में पढ़ नहीं सकती और एक पूरा समय मेरे पास है नहीं. 

कभी कभी सोचती हूँ कि आज के दस साल बाद शायद इस ऑफिस में बिताये लगभग एक साल के समय को कभी माफ़ नहीं कर सकूंगी. इस दौरान कितना कुछ खो गया मुझसे. मैंने लिखना बहुत कम कर दिया...मुझे सोचने का वक़्त ही नहीं मिलता. घर और ऑफिस के बीच भागती हुयी फुर्सत के लम्हों को ढूंढती रहती हूँ जब मैं कुछ सोच सकूं. इधर काम का प्रेशर भी इतना है कि अपने लिए वक़्त ही नहीं मिलता. इस पूरे हफ्ते मेरे पास कोई मेजर प्रोजेक्ट नहीं था. मेरे पास बहुत वक़्त था कुछ पढ़ने के लिए...कुछ लिखने के लिए मगर मैंने कुछ नहीं किया. लिखना भी एक आदत होती है जब आप चीज़ों को देखते हो और कुछ शब्दों में वे खुद ढलते चलते जाते हैं, लिखना हमेशा एफर्टलेस होता है, कोशिश करके लिखा नहीं जा सकता. 

कुछ फिल्में देखने की कोशिश की. कल दो फिल्में देखीं. इटरनल सनशाइन ऑफ़ दा स्पॉटलेस माइंड और आयरन मैं ३. दोनों फिल्मों ने मुझे निराश किया. आयरन मैन से तो मुझे बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं थी मगर इटरनल सनशाइन मैंने बहुत दिनों से टाल रखी थी...फुर्सत में देखने के लिए. उसका कांसेप्ट कितना अच्छा था...कहानी के साथ कितना कुछ अच्छा किया जा सकता था. फिल्म हड़बड़ी में बनायी गयी लगती है जैसे कोई डेडलाइन छूट रही हो. कांसेप्ट के साथ जो रोमांस शुरू होता है, जब धीमी आंच पर पकता है...बहुत वक़्त लगता है तब जा कर एसेंस कैप्चर हो पाता है. आजकल मुझे कहानियां भी उतना नहीं बांधतीं जितना कांसेप्ट बांधता है. शायद वोंग कार वाई की ज्यादा फिल्में देखने का असर है. इधर हाल में सोर्स कोड देखी थी...अच्छी लगी थी. 

कुछ पसंद करना मुश्किल क्यूँ होता जा रहा है. मैं क्या ओवेर्टली क्रिटिकल हो गयी हूँ चीज़ों के प्रति? नार्मल तरह से सोचूं तो मुझे आजकल कुछ अच्छा नहीं लगता, किसी चीज़ पर खुश नहीं होती. पहले चीज़ें अनकोम्प्लिकेटेड हुआ करती थीं. बारिशों में खुश, बहार में खुश, पतझड़ में खुश और जाड़ों में तो ख़ुशी से पागल. छोटी छोटी चीज़ों में खुश हो जाने वाली वो लड़की जाने कहाँ छुप गयी है. जिंदगी में एक लिखने के अलावा न कभी कुछ समझ में आया न कभी कुछ करने की कोशिश की. हर कुछ दिन में लेकिन जब ऐसा फेज आता है तो कुछ खुराफात मचती है. जैसे घर पेंट करने का मन करता है. खुद से ड्रिल करके घर में कुछ तसवीरें टांगने का मन करता है. बेसिकली कुछ ऐसा करने का मन जिसमें हाथ व्यस्त रहे...कलम से कुछ न लिखूं तो कुछ तो करूँ. इन फैक्ट खाना बनाना भी अच्छा लगता है. पर मम्मी वाला हाल है, नार्मल दाल चावल बनाने में अच्छा नहीं लगता. पास्ता, थाई ग्रीन करी, चाऊमिन जैसा कुछ बनाने का मन करता है. 

ये खुद को समझना कितना मुश्किल होता है. कोई किताब नहीं आती अपने ऊपर. क्या क्या करने का मन करता है...फिर से कहीं भाग जाने का मन करता है. समंदर किनारे खूब सारी रेत हो...लहरों पर रेस लगाऊं, साइकिल चलाऊं...कुछ करूँ...कुछ ऐसा जो करके सुकून मिले. बेसिकली खुद के होने को हमेशा वैलिडेट करने की जरूरत होती है. आखिर हम कर क्या रहे हैं...जिस दिन इसका जवाब नहीं मिलता जवाब ढूँढने की कवायद शुरू हो जाती है. 

कहानियों के किरदार कहीं चले गए हैं. कविताओं का राग भी. बस कुछ इने गिने शब्द हैं, इनका कोलाज है. मुझे एक लम्बी छुट्टी चाहिए. समंदर किनारे. तुम्हारे ही साथ कि अब तुम साथ नहीं होते तो सब अधूरा लगता है. भले ही तुम दूसरे वाले झूले पर अपने पसंद की किताब पढ़ते रहो और मैं अपनी. मगर एक लम्बी छुट्टी, सबसे दूर...फार फ्रॉम दा मैडिंग क्राउड. जिंदगी इतनी छोटी है वाकई कि मुझे लगती है!




How happy is the blameless vestal's lot!
The world forgetting, by the world forgot.
Eternal sunshine of the spotless mind!
Each pray'r accepted, and each wish resign'd.

20 April, 2013

जिला मासूमगंज, थाना मिसरपुर, गाँव पुरैनी

'सुनो, मेरे नाम जो ख़त लिखे थे, वो किसी लाल डब्बे में गिरा दो'
'क्यूँ?'
'ख़त लिख के नहीं गिराने से विद्या चली जाती है'
'कौन सी विद्या'
'चिट्ठी लिखने की'
'मुझे कौन सी चिट्ठी लिखनी आती है'
'वो मैं नहीं जानती, बस मेरे नाम की सारी चिट्ठियां किसी और को भेज दो'
'किसे भेज दूं?'
'किसी को भी भेज दो'
'और जो तुम्हारा नाम लिखा है, सब चिट्ठी के ऊपर सो? पीटेगी न कोई भी लड़की'
'मेरे नाम की एक ही लड़की को थोड़े जानते हो तुम'
'इतना प्यार मुहब्बत से लिखा हुआ चिट्ठी है, ऐरी गैरी किसी को भी कैसे भेज दें, उसको समझ में भी आएगा कुच्छो?'
'ऐसा कौन अजनास बात लिख दिए हो जो किसी को समझ नहीं आएगा, खुल्ला चिट्ठी है, और जो नहीं समझ में आये तो बैठ के समझा देना'
'इतना मेहनत जो करेंगे तो हमको क्या मिलेगा?'
'क्या चाहिए तुमको?'
'तुम'
'मेरा क्या करोगे?'
'बोतल वाला चिट्ठी में बंद करके समंदर में डाल देंगे'
'और जो हम किसी और को मिल गए तो?'
'जिसका किस्मत फूटा है उसको मिलेगा...हम पूरी दुनिया का ठेका लिए हैं'
'इतना है तो हमको इतना चिट्ठी काहे लिखे हो, और कोई काम नहीं था तुमको दुनिया में करने के लिए. इतना में कुछ लिख पढ़ जाते तो आज चार पैसा कमा लेने लायक हो जाते'
'चार पैसा कमाने लायक हो जायेंगे तो हमसे बियाह कर लोगी?'
'नहीं'
'काहे?'
'तुम खाली बोलते हो, तुमको कौनो काम धंधा में मन नहीं लगता है,  टिकुली के मामाजी अपना दूकान पर जो तुमको रखवाए थे, सो काहे भाग आये वहां से?'
---
लड़के की आँखों के सामने वो भयानक दिन कौंध जाते हैं. एक बार खाना मिलता था, वो भी आधा पेट...उसपर धौंस और अहसान अलग से. चिलचिलाती लू में दिन भर बोरी उठा उठा कर गोदाम में रखना होता था. सेठ के पास कितना अनाज था, जौ, चना, मक्का, धान, गेहूं...रोज कमसे कम बीस बोरे वो अकेला गिन के उतारता था  लेकिन देने को जी जरा भी नहीं. खाने में एक मुट्ठी ज्यादा चावल मांग लो तो सेठानी का कलेजा फट जाता था. रात को मारे भूख के नींद नहीं आती थी...माँ की याद आती थी, गाँव की याद आती थी. स्कूल ड्रेस में तैयार हुयी तितली भी तो याद आती थी उसे. काजल लगी काली काली आँखें, कित्ती तो सुन्दर लगती थी. वहां दूर अबोहर में एक पल फुर्सत नहीं मिलता था. कभी कभार जो ट्रक आने में देर हो जाती थी तो भाग कर लंगर चला जाता था. वहां सफ़ेद चोगे में जो बाबाजी दिखते थे उनसे उसे अक्सर गाँव के मुखिया की याद आती थी. मुखिया की बेटी तितली. स्कूल में उसके साथ पढ़ती. उसके लिए टिफिन में आम की फांक वाला अचार रखती. उसकी उँगलियों से कैसी शुद्ध घी की खुशबू आती थी, तितली की माँ टिफिन में पराठे देती थी अक्सर. वो कभी कभी उसकी चोटी छू कर देखता था...उसके बाल कितने चिकने थे. स्कूल में सीडीपीओ वाली मैडम आयीं थीं...उनकी साड़ी कैसे फिसलती थी. सब बच्चों के कहा कि रेशम की साड़ी है. उसे रेशम नहीं मालूम था मगर तितली के बाल बहुत मुलायम लगते थे. तितली की माँ उसके बालों में हर रोज़ खूब सारा तेल चुपड़ कर भेजती थी. गुरुवार को जब तितली बाल धोती थी तो कैसे फर फर उड़ते थे उसके बाल. सबकी माँ कहती थी गुरुवार को बाल धोने से अच्छा पति मिलता है.

सेठ के यहाँ ऐसी नौबत आ गयी कि कुछ दिन और रुकता तो जान चली जाती...एक दिन हिम्मत करके वो वहां से भाग गया. एक ट्रेन से दूसरी ट्रेन होते हुए वो कितनी तो जगहें हो आया. देश के नक़्शे में देखते थे तो कहाँ समझ आता था कि देश कितना बड़ा है. पढ़ाई बचपन में छूट गयी थी. घर का खर्चा खाली बाबूजी के रिक्सा चलाने से पूरा नहीं पड़ता. उसे बहुत सारा काम आता था  और हाथ में बड़ी सफाई थी. जब उसे मालूम भी नहीं था कि देश कितना बड़ा है वो अनगिनत पैसेंजर गाड़ियों पर बैठ कर एक छोर तक पहुँच गया था. वहां उसने नारियल के रेशे से रस्सी बटाई करनी सीखी. वो नाव भी बहुत अच्छे से खे लेता था और अक्सर गाँव के छोटे मोटे काम कर देता था. कभी कोई खाना दे देता, कभी कोई छाछ पिला जाता. बहुत दिनों तक उसे यहाँ का खाना पचता नहीं था. बेहद खट्टा और अजीब. रोटी खाए बहुत दिन हो जाते. याद में रोटी पकने की गंध उठती और वो घर की याद में छटपटा जाता.

उसे कहाँ मालूम था कि देश कितना बड़ा है. उसे बस गाँव का नाम मालूम था. भटकते आया था तो वापसी का रास्ता मालूम भी नहीं था. देश का मानचित्र देख कर सोचता कि कहाँ गाँव होगा. गाँव की  याद में तितली की आँखें चमकती...उसका लाल रिबन, माथे पर छोटी सी बिंदी. वो सोचता कि इतने सालों में तितली जरूर कलक्टर बन गयी होगी. उसकी लाल बत्ती वाली गाड़ी घर के आगे आती होगी तो पूरा गाँव जुट जाता होगा. दिन भर हाड़तोड़ मेहनत करता, पैसे जोड़ता कि तितली के लिए एक रेशम की साड़ी खरीद सके. सोचता कि उसके बच्चों के लिए कुछ खरीद लेना चाहिए. इतने सालों में तो तीन बच्चे तो हो ही गए होंगे. तितली के जैसे ही होंगे, सांवले, तीखे नाक नक्श वाले. तितली की बेटी होगी तो कैसी होगी...इतने सारे सवाल वो चिट्ठियों में लिखता जाता. दिन भर के बाद उसे जो वक़्त मिलता उसमे सिर्फ तितली को ख़त लिखता. उसे ख़त लिखने से उम्मीद बंधती थी कि एक दिन घर लौट के जाना होगा.

एक दिन एक स्कूल में उसे वही सीडीपीओ वाली मैडम दिख गयीं...वो स्कूल के बच्चों का खाना बना रहा था कि बचपन का सारा मंज़र आँख के सामने घूम गया. मैडम से उसे अपने घर का पूरा पता मिला. कभी कभी अजनबियों के ऊपर दूसरे जनम के अहसान होते हैं. मैडम पूरे देश का मुआयना करने निकली थीं. अगले दिन वापस जा रहीं थीं. उसी गाड़ी में उसे भी जगह मिल गयी. उसके हाथ के खाने की धूम मच गयी थी.

गाँव लौटते हुए महीना लग गया. मैडम जी ने उसे गाँव के स्कूल में ड्राइवर की नौकरी दिलाने की बात कर ली थी. स्कूल अब काफी बड़ा हो गया था और दूर दूर के बच्चे वहां पढ़ने आते थे. घर पहुंचा तो माँ उसे देख कर लगभग बेहोश हो गयी . इतने बरसों में सब उसे मरा हुआ ही मान चुके थे. दिन भर लोगों का तांता लगा रहा. रात को बात करते हुए माँ पूरी गाँव की खबर सुना रही थी. मुखिया जी का रांची में इलाज चल रहा था. तितली शादी के दो साल बाद विधवा हो गयी थी. सास ने मनहूस बोल कर उसे घर से बाहर कर दिया था. दो साल में एक भी बाल बच्चा नहीं था. कितने धूम धाम से मुखिया जी ने शादी की थी उसकी...पूरे सात कोस के गाँव तक को न्योता दिया था. जाने किसकी बुरी नज़र लग गयी बच्ची को.

तितली को देखा तो मन में ऐसी हूक उठी जैसे खुद के जिस्म का एक हिस्सा मर गया हो. चेहरे पर उजाड़ उदासी. तितली इतनी बेरहम भी हो सकती थी. छोटी छोटी चीज़ों के लिए बच्चों की खाल उधेड़ दिया करती. छड़ी बरसाना शुरू करती तो रूकती ही नहीं. बच्चे उससे सहमे सहमे रहते. आवाज़ ऐसी तीखी कि जैसे छाले पड़े हों. वो तितली को जानता था. ये उसका तरीका था अपने भीतर के दर्द को रोके रखने का...तितली को चोट लगती थी तो बाकी लड़कियों की तरह रोती नहीं थी...गुस्से में लाल हो जाती थी. उस बचपन में उसका गुस्सा ऐसा होता था कि जैसे तालाब सुखा डालेगी. अब मगर उदासी के साथ गुस्सा मिलता तो विद्रूप होता जाता. लड़का सोचता कि पहले वाली तितली कहाँ खो गयी...कहीं से चाबी मिले तो वो वापस से उसे ले कर आये.

वो रोज तितली से बात करता. शुरुआत के कुछ दिन तो बस ऐसे ही दिन भर के इधर उधर के किस्से, तितली भी बस बच्चों की कामचोरी की बात करती. उनके पढ़ने को लेकर चिंतित रहती. धीरे धीरे वे सांझतारे की बातें करने लगे. उम्र के इस पड़ाव पर क्या चाहिए होता है...लड़का अपने कच्चे घर में सुखी था. ड्राईवर की नौकरी से इतने पैसे हो जाते थे कि बरसात में छापर टाप सके. माँ की दवाइयां और एक वक़्त के लिए दूध खरीद सके. तितली मगर दुःख का अबडब करता कुआँ थी...जिंदगी को लेकर कोई बहुत बड़े सपने उसने भी नहीं देखे थे. कलक्टर बनने का सपना तो उसके बाबूजी का था...मगर जब उनके बचपन के दोस्त के तितली का हाथ अपने बेटे के लिए माँगा तो बाबूजी उसकी लाल चूनर में बस 'दूधो नहाओ पूतो फलो' का आशीर्वाद रख सके.

लड़का कभी कभी फुर्सत में होता तो तितली को अपनी पुरानी चिट्ठियां सुनाता. तितली ने इतना नेह देखा नहीं था. उसकी दुनिया में जताने वाले लोग नहीं थे. किसी को बिना मांगे इतना गहरा मन में बसा लेना कैसा तो होता होगा. बाबूजी ने अपने ख्वाब जैसे लड़के की आँखों में रोप दिए थे, वो हर रोज़ तितली को लाल बत्ती वाली गाड़ी का वास्ता देता...पढ़ने के लिए अख़बार ला देता. देश दुनिया की कहानियां सुनाता. तितली को उसकी आदत लगती जा रही थी. उसे अब कभी कभी पहले की तरह दो चोटियाँ गूंथ कर उनमें लाल रिबन लगाने का मन करता. साड़ी में गोटा लगाने का मन करता.
---
ऐसे ही किसी दिन लड़के ने पूछ दिया था
'चार पैसा कमाने लायक हो जायेंगे तो हमसे बियाह कर लोगी?'

कोरी आँखों में सपने बहुत बड़े थे. तितली का कहना था दोनों मिल कर कलक्टरी की तैयारी करें. साथ पढ़ने से तैय्यारी अच्छी होती है. लड़के को बिलकुल भी यकीन नहीं था कि वो एक्जाम पास कर सकता है, किताबें देखे उसे बहुत साल हो गए थे. तितली जिद्दी थी लेकिन. रोज स्कूल ख़त्म होने के बाद दोनों साथ बैठ कर किसी भी क्लासरूम में पढ़ते रहते. उनके पढ़ने की खबर कुछ दूर गाँवों तक पहुंची और उनके जानने के पहले उनके साथ चार लोग और भी पढ़ने लगे थे. साल बीतते कुल जमा पच्चीस लड़के और लड़कियों उनके गाँव आ कर साथ में पढने लगे. कोई कोस्चन का जुगाड़ कर देता तो फिर देर रात सब उसका हल निकलने में लग जाते. कई बार तो भोर हो जाती. पूरा गाँव आस लगाए इन पच्चीस नौजवानों को देख रहा था कि गाँव का नाम पहले कौन रोशन करेगा.

उन्हें किसी चीज़ की हड़बड़ी नहीं थी...दो साल बीतते सबको यकीन था कि तैयारी अच्छे से हो गयी है. एक्जाम देने सब स्कूल की गाड़ी में बैठ कर गए. अकेला सपना अब साझा हो गया था. उनके पास हारने को कुछ था भी नहीं. रिजल्ट अख़बार छापाखाने से आउट हो गया...एरिया का रिपोर्टर रात के साढ़े बारह बजे तितली के घर का दरवाजा पीट रहा था. तितली एक्जाम टॉपर थी. साथ के सात लोगों का बेहद अच्छा रिजल्ट आया था. डिस्ट्रिक्ट में धूम मच गयी थी.

लड़का मंदिर में लड्डू चढ़ाने गया तो तितली भी साथ थी...अब तितली के हिसाब से चार पैसे कमाने लायक हो गया था वो. पंडित जी ने वसंत पंचमी का मुहूर्त निकाला था. पूरा गाँव उनके नाम से रोशन हो रहा था. तितली आखिरी चिट्ठी पढ़ रही थी 'प्यार को हम अक्सर कितना छोटा कर देते हैं...सिर्फ अपना दर्द देखते हैं...प्यार तो बहुत बड़ा होता है...आसमान से ऊंचा...समंदर से विशाल...प्यार तो जोड़ता है...प्रेरणा देता है...रास्ता दिखलाता है...जब हम किसी से प्यार करते हैं तो पूरी दुनिया इसकी परिधि में आ जाती है और हम कुछ अच्छा करना चाहते हैं, कुछ नया बनना चाहते हैं.'
---
अनगिन रंग रुलाता, कितने बसंत खिलता, सावन पूर्णिमा को रक्षा का वचन निभाता...कैसा तो होता है प्यार...मुस्कुराता...फागुन में बौराता...समझाता...और अगर सच्चा हो...मन से कोरा तो प्यार समंदर की तरह विशाल होता है...उसमें से कभी कुछ घट नहीं सकता...लहरों के पास अनगिन सीपियाँ हैं...मोती हैं...कौड़ियाँ हैं...मर्जी कि इस किनारे से हम क्या वापस ले कर आते हैं.
---
लड़के ने फिर सारी चिट्ठियां उस पते पर भेज दीं...मेरा गाँव भी पास ही है...सोच रही हूँ कब चली जाऊं डाकखाने.  कि उन चिट्ठियों का जवाब लिखने का दिल कर रहा है. 

16 April, 2013

गीले कैनवास पर लिखना तुम्हारा नाम

उसने कलाइयां पकड़ीं थीं...ठीक उसी जगह शिराओं में दिल के धड़कने की हरकत महसूस होती है...दिल हर धड़कन के साथ उसके नाम के अक्षरों को तोड़ रहा था. मैं जितना ही छुड़ाने की कोशिश करती उसकी उसकी उँगलियाँ और तीखेपन से धंसती जातीं...दिल की धड़कन रुकने लगी थी.

उस शाम अचानक से पूरी दुनिया के लोग चाँद की साइट्स का मुआयना करने चले गए थे, शायद इस शहर में हम दो लोग ही बचे थे. कमरे में एक ही स्पीकर था छोटा सा, वो मुझे एक इंस्ट्रुमेंटल पीस सुना रहा था. वो टुकड़ा कुछ ऐसा था कि आसपास की सारी चीज़ें विलय होने लगीं थीं. जैसे हम किसी गीले कैनवास का हिस्सा हों. संगीत में डूबते हुए हम स्पीकर की ओर झुकते चले गए थे, कि जैसे संगीत का एक भी नोट छूट न जाए. वो, मैं, शोपें...सब एक दूसरे में घुल रहे थे. वक़्त को बहुत सी फुर्सत थी उस रोज़.

इस सबके दरमियान एक हल्का सा दर्द संगीत में घुलने लगा. मुझे बहुत देर लगी ये पता करने में कि दर्द किस हिस्से में हो रहा है. वहाँ एक ऐसा तिलिस्म रच गया था जिसमें मैं कोई और हो चुकी थी. कलाई के पास रक्त का निर्वाह बाधित था. फिर से देखा तो पाया कि मेरी कलाई उसकी उँगलियों में लॉक है. इतनी देर में रंगों ने कुछ लकीरें इधर से उधर कर दीं थीं, मुझे मालूम नहीं चल रहा था कि मेरी कलाइयाँ कभी उसकी उँगलियों से जुदा थीं भी या नहीं. कि उसकी उँगलियों के पोरों में वाकई मेरा दिल धड़कता था.

ऐसा कभी नहीं हुआ है कि प्यार एक बिजली के स्विच की तरह औन हो जाए और मालूम चले कि ठीक इसी लम्हे प्यार हुआ है. प्यार एक लम्बा प्रोसेस है और ठीक ठीक किसी लम्हे पर ऊँगली रखना कभी मुमकिन नहीं होता. जिंदगी में मगर बहुत कुछ पहली बार होता है.

जैसे शीशे का दरक जाना...मालूम था कि कुछ भी पहले जैसा नहीं हो पायेगा...वो आखिरी बार था जब उसकी आँखों में देखा था तो तकलीफ की एक बिजली जैसी लकीर सीने को चाक करती नहीं गुजरी थी. उस वक़्त डांस करने का दिल किया था मगर रोक लिया खुद को. जैसे दिल को जाने कैसे उम्मीद थी कि अब भी शायद मुमकिन हो, शायद मैं यहाँ से लौट पाऊं...भूल जाऊं कि उससे प्यार हो गया है अचानक. उसे मालूम भी था...पर सोचती हूँ तो लगता था कि उसे मालूम था.

अंग्रेजी में माइक्रोकोस्म बोलते हैं इसे...दुनिया में एक बेहद छोटा हिस्सा लेकिन जो अपने आप में पूरा है. कुछ ऐसा जिस तक हम बार बार लौट कर जाते हैं. प्यार हर बार अलग अलग जिद लेकर आता है. उसे उतना सा भर मिल जाए तो आपको चैन से जीने देता है. कभी किसी की आवाज़ के एक टुकड़े के लिए हलकान कर देता है तो कभी किसी के हाथ से लिखे एक सिग्नेचर के लिए, कभी माथे पर एक छोटा सा चुम्बन, कभी किसी की खुशबू को बोतल में बंद करने की जिद बांधता है तो कभी सिर्फ एक बारिश वाली शाम को टहलने की गुज़ारिश करता है. उतना भर मिल जाता है तो हम उस अहसास से गुज़र पाते हैं. इस बार प्यार की जिद बहुत छोटी सी थी. बिछड़ने के पहले एक बार गले मिलना चाहता था इश्क. फिर इजाज़त दे देता उसे जाने की.

उसे मालूम थी ये बात...यूँ तो उसकी दुनिया में अनगिन लोग हैं मगर वो जाने क्यूँ मेरी इस बेतरतीब दुनिया में रहना चाहता था. वो जो सिर्फ अपनी माँ से बात करते हुए 'लव यू' कह कर फोन रखता था...वो जो सोचने के पहले बोलता था, सिवाए मुझसे बात करते हुए...मुझसे बात करते हुए जैसे हर बात को तोलता था. एक दिन फोन पर 'ओके लव यू, बाय' कह गया. मैं उस दिन शायद किसी रोड एक्सीडेंट में मर जाती...आँखों के सामने गुलाबी शामें खिल रही थीं...अमलतास लहक रहे थे...मैं सोचती रही पर पूछ नहीं पायी कि कितने लोगों को वो फोन पर लव यू कहता है.

उसका असाइंमेंट कुछ ही दिनों का था...अगला फेस्टिवल कवर करने के लिए वो क्यूबा के किसी छोटे से गाँव जा रहा था. उसकी फितरत थी, जाते हुए सबके गले लगा...कुछ ड्रामा किया...एक आधी बार आंसू भी बहाए. मुझे देखा, आधी नज़र...कैसा गया वो कि अभी तक ठहरा हुआ है. ऐसे जाना कोई मुझे भी सिखाये. बहरहाल. कुछ दिनों से किसी भी तरह का म्यूजिक नहीं सुन रही हूँ. कैसी भी कविता नहीं पढ़ रही हूँ. लिखने का मूड भी नहीं होता. सब ब्लैंक सा है. मेरा रचा हुआ किरदार है...पन्नों से निकल कर पूछता है...मुझे कब तक भूल पाओगी लड़की?

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...