03 May, 2014

ये मौसम का खुमार है या तुम हो?

याद रंग का आसमान था
ओस रंग की नाव
नीला रंग खिला था सूरज
नदी किनारे गाँव

तुम चलते पानी में छप छप
दिल मेरा धकधक करता
मन में रटती पूरा ककहरा
फिर भी ध्यान नहीं बँटता

जानम ये सब तेरी गलती
तुमने ही बादल बुलवाये
बारिश में मुझको अटकाया
खुद सरगत होके घर आये

दरवाजे से मेरे दिल तक
पूरे घर में कादो किच किच
चूमंू या चूल्हे में डालूं
तुम्हें देख के हर मन हिचकिच

उसपे तुम्हारी साँसें पागल
मेरा नाम लिये जायें
इनको जरा समझाओ ना तुम
कितना शोर किये जायें

जाहिल ही हो एकदम से तुम
ऐसे कसो न बाँहें उफ़
आग दौड़ने लगी नसों में
ऐसे भरो ना आँहें उफ़

कच्चे आँगन की मिट्टी में
फुसला कर के बातों में
प्यार टूट कर करना तुमसे
बेमौसम बरसातों में

कुछ बोसों सा भीगा भीगा
कुछ बेमौसम की बारिश सा
मुझ सा भोला, तुम सा शातिर
है ईश्क खुदा की साजिश सा 

06 April, 2014

समंदर की बाँहों में - डे २- पटाया

रात थी भी क्या? सुबह उठी तो लगा कि कोई सपना देखा है। सपने में बहुत सारा पानी था। समंदर था। डूबता सूरज था। फिर बालकनी में गयी तो दूर तक फैला नीला-हरा समंदर दिखा। ख्वाब नहीं था। नेहा उठ गयी थी। बगल वाले बालकनी से भी आवाज आ रही थी। नेहा ने तब तक मार्क को कौल कर लिया था। जौर्ज और मार्क का रूम हमारे रूम के नीचे वाले फ्लोर पर था। फोन किया तो मार्क  तैयार होकर नाश्ता कर चुका था और कमबख्त ने जौर्ज को उठाया तक नहीं था। हम दोनों पहले बौस को उठाने का शुभ काम निपटाये, कौफी पी थी या नहीं अब याद नहीं। मेरी आवाज अच्छी खासी लाउड है, उस पर नेहा साथ हो तो बस। पूरी बिल्डिंग न उठ गयी गनीमत है।

सब लोग फटाफट रेडी हो कर खाने पहुंच गये। शेरटन का ब्रेकफास्ट बढ़िया था एकदम। आज का प्लान था कोरल आईलैंड जाने का। बस टाईम पर आ गयी थी। लोगों ने शौर्टस वगैरह खरीदीं, कुछ ने टोपी भी लीं। फिर हम स्पीडबोट पर बैठ कर आइलैंड की तरफ चल दिए. समंदर में स्पीडबोट ऐसे चलती है जैसे बैंगलोर की सड़कों पर मेरी बाइक, कसम से क्या स्पीडब्रेकर थे समंदर में. लहर लहर पर उछलती स्पीडबोट। बहुत सारा पानी उड़ता हुआ. नमक का खारा पानी। दूर तक दिखता खूबसूरत समंदर। कैमरा वैगेरह मैंने बैग में ही डाल दिया था. कभी कभी जीना रिकॉर्ड करने से ज्यादा जरूरी और खूबसूरत होता है. बीच समंदर में कहीं एक बड़ी सी बोट पार्क थी. वहाँ पर लोग पैरासेलिंग कर रहे थे. टीम में सबने पैरासेलिंग की. नेहा। जॉर्ज। बग्स। अनिशा। मैंने नहीं की :( वो जो पैराशूट को पानी में डुबाते हैं वो देख कर मेरी जान सूखती है.


वहाँ से आइलैंड के पास एक और बोट पार्क थी. वहाँ आप मछलियों को देखने पानी के अंदर जा सकते थे. मुझे क्लौस्ट्रफ़ोबिया है. बंद जगहों से डर लगता है. उस पर पानी से तो और भी डर लगता है. यहाँ पर दोनों का कॉम्बिनेशन था. एकदम किलर। एक हेलमेट पहनना होता है, जैसे स्पेस ट्रैवेलर पहनते हैं न, वैसा और फिर आप पानी में नीचे चल सकते हैं. कुल मिला कर बीस मिनट का प्रोग्राम था. पहले तो मैंने सोचा नहीं जाउंगी पर देखा कि सब जा रहे हैं. तो बस ज्यादा सोचे बिना भाग के गयी कि मैं भी जाउंगी। इंस्ट्रक्टर ने बताया कि नीचे पानी के दबाव के कारण कान में दर्द हो सकता है, ऐसे में हेलमेट के नीचे से हाथ डाल कर नाक बंद करनी होती है और तेजी से सांस बाहर निकालनी होती है ताकि कान से हवा निकले। ऐसा करने के बाद दर्द बंद हो जाएगा। किसी भी हाल में घबराने की जरूरत नहीं है. लोग आसपास ही रहेंगे। अगर सब ठीक है तो ओके का साइन नहीं तो तर्जनी से ऊपर की ओर इशारा करने पर ऊपर ले कर आ जायेंगे। फिर सबने समझाया कि घबराना मत, सारे मेरे साथ हैं. मेरा सफ़ेद हुआ चेहरा शायद दिख रहा होगा सबको। पानी में पैर डालते ही मेरे होश फाख्ता होने लगे. मगर मैंने खुद को कहा कि मैं कर सकती हूँ. मुझे बस गहरी सांस लेनी है, बाहर छोड़नी है. बस. हेलमेट पहनाया गया तभी लगने लगा कि बड़ी आफत  मोल ली है, मुझसे नहीं होगा। पानी के अंदर बोट की सीढ़ियां उतर कर गहरे पानी में जाना था. कोई बहुत सी सीढ़ियों के बाद इंस्ट्रक्टर ने पैर पकड़ कर नीचे गहराई में खींच लिया। जाने कितने फीट नीचे थे हम पानी में. कानों में बहुत तेज़ दर्द हुआ और बहुत डर लगा. जैसे कि दम घुट रहा है और जान चली जायेगी। इंस्ट्रक्टर बार बार ओके का साइन बना के पूछ रहा था कि सब ठीक है और मुझे कुछ ठीक लग ही नहीं रहा था. जॉर्ज भी सामने, कितनी बार उसने भी ओके का साइन बना के पूछा। मगर मुझे इतनी घबराहट हो रही थी कि लगा जान चली जायेगी। मुझे आज तक उतना डर कभी नहीं लगा था. ऊपर जाने कितना गहरा पानी था. हम पानी में जाने कितनी दूर और कितनी देर तक चलने वाले थे. सब कुछ स्लो मोशन में था। मुझे लगा मुझसे नहीं होगा। मैंने ऊपर जाने का सिग्नल दिया। इंस्ट्रक्टर मुझे लेकर ऊपर आ आया.

जैसे ही पानी से बाहर आयी जान में जान आयी. फिर मालूम चला कि नहीं जाने पर भी जो ढाई हज़ार रुपये लगाए हैं वो वापस नहीं मिलेंगे। फिर ये भी लगा कि डर गयी तो हमेशा डर लगता रहेगा। अपनी बहादुरी का झंडा जहाँ तहां गाड़ते आये हैं यहाँ कैसे हार मान जाएँ। एक बार ये भी लगा कि सब चिढ़ाएगा बहुत। उस वक्त ऑफिस की टीम का कोई भी नहीं था बोट पर, सब लोग नीचे थे पानी में. एक थाई लड़की थी, उसने समझाया कि पांच मिनट में सब नॉर्मल हो जाएगा, बस गहरी सांस लेते रखना...याद रखना कि पानी में सांस लेना भी एक काम होता है. हिम्मत करके चली जाओ. उस वक्त लग रहा था कि इश्क़ के बारे में भी तो ऐसे ही कुछ नेक ख्याल हैं मेरे। फिर जब इतना खतरा वाला तूफानी काम करने में कभी डर नहीं लगा कि तो ये अंडरवाटर वॉक क्या है. मैं कर लूंगी। मैंने कहा कि मैं फिर से अंदर जाना चाहती हूँ. बोट पर जितने क्रू मेंबर थे सबसे खूब तालियां बजा कर मेरा उत्साह बढ़ाया। मैं फिर पानी में उतरी। वापस बहुत सी सीढ़ियां और नीचे। नीचे बग्स और जॉर्ज थे सामने। उनके चेहरे पर 'यु हैव डन इट गर्ल' वाला भाव था. मैंने गहरी गहरी सांसें लीं और जैसा कि इंस्ट्रक्टर ने कहा था चुविंगम चबाती रही. सारा ध्यान सांस लेने पर. थोड़ी देर में सब नॉर्मल लगने लगा. सारे लोग एक दूसरे का हाथ पकड़े हुए थे. मेरे एक तरफ जॉर्ज और एक तरफ बग्स  था. एक आधी बार लगा कि कहीं बेचारों का हाथ फ्रैक्चर न हो जाए मैंने डर के मारे इतनी जोर से पकड़ रखा था. फिर सामने बहुत सारी मछलियां आयीं। ये किसी बड़े अक्वेरियम में होने जैसा था. सब कुछ एकदम साफ़ दिख रहा था. मछलियां जैसे स्लो मोशन में सामने तैरती थीं. चटक पीले रंग की मछलियां, गहरे नीले रंग की मछलियां, कोरल, सी स्पंज और बहुत सारा कुछ. इंस्ट्रक्टर हमें ब्रेड का एक टुकड़ा देता था हाथ में और मछलियां ठीक आँखों के सामने आकर उसे खाने लगती थीं. मुझे पिरान्हा याद आने लगी थी. हम जाने कितनी देर तक समंदर के अंदर चलते रहे. ये सब सपने जैसा था. सब कुछ एकदम ठहरा हुआ. कोई फ़ास्ट मोवमेंट नहीं। धीमे धीमे चलना। आसपास की खूबसूरती को देखना। महसूसना। जीना।

वक्त ख़त्म हुआ तो हम बोट पर वापस आ गए. सबने शब्बाशी दी कि मैंने डर पर काबू पा लिया। कि मैंने हिम्मत की. डर के आगे जीत है :) फिर हम स्पीडबोट से आइलैंड पर गए. बैग वैग धर कर सारे लोग समंदर की ओर दौड़े। मुझे तैरने का एक स्टेप आता है बस तो मैं बस पानी में चल रही थी. जॉर्ज और नेहा फ्लोट कर रहे थे. उन्हें देख कर मुझे बहुत रश्क हो रहा था कि काश और कुछ भी न आये स्विमिंग करने में बस फ्लोट करना आ जाए किसी तरह. जॉर्ज बहुत अच्छा टीचर है, सिखाने की बात पर एकदम एंथु में आ जाता है. उसने कहा खुद को पानी में छोड़ के देखो, नहीं डूबोगी और कमर भर पानी में कोई डूबता है भला और उसके भी आगे मैं हूँ बचने के लिए. मैंने एक आध बार कोशिश की और हर बार डूबने लगती थी. फिर मुझे लगा कि नहीं होगा मुझसे। सब लोग फिर पानी में नॉर्मल बदमाशी कर रहे थे. तैरना बहुत कम लोगों को आता था. मैं थोडा और गहरे पानी में गयी कि घुटने भर पानी में तो फ्लोट नहीं ही होगा। समंदर एकदम शांत है वहाँ। कोई लहरें नहीं। उसपर पानी गर्म। जैसे गीजर से आ रहा हो. चूँकि बहुत सारे लोग थे आसपास तो डूबने का डर नहीं लग रहा था।  मैंने गहरी सांस ली और रोक ली. खुद को पानी में छोड़ दिया। बाँहें खोल लीं और पैरों के बीच लगभग डेढ़ फुट का फासला बना लिया। मैं पानी में ऊपर थी. एकदम फ्लैट। कान पानी के नीचे थे. पानी का लेवल चेहरे के पास था. बस नाक ऊपर थी पानी में. मैंने आँखें भींच रखी थीं. यकीं नहीं हो रहा था लेकिन आई वाज फ्लोटिंग। मैंने आँखें बंद रखीं और जोर से चीखी 'जॉर्ज आई एम फ्लोटिंग'. इसके थोड़ी देर बाद मैं पानी में वापस खड़ी हो गयी. इतना अच्छा लग रहा था कि क्या बताएं। फिर मैंने देखा कि ऑफिस के सारे लोगों ने नोटिस किया कि मैं वाकई फ्लोट कर रही थी. बस फिर क्या था सारे लोग जॉर्ज के पीछे कि मुझे भी सिखाओ। जॉर्ज ने लगभग सबको फ्लोटिंग सिखायी। कुछ देर बाद तो इतना मजा आ रहा था जैसे फ्लोटिंग क्लास चल रही हो. मैंने अनिशा और प्रदीप को फ्लोटिंग सिखायी। अनिशा ने कर लिया मगर प्रदीप के लिए जॉर्ज की जरूरत पड़ी. वो डूबता तो उसे मैं बचा भी नहीं पाती ;) बेसिकली पानी में सबसे डर सर नीचे करने में लगता है. सब एक बार उस डर से उबर गए तो फ्लोटिंग बहुत आसान है.

मुझे वो पहली बार फ्लोटिंग जिंदगी भर याद रहेगी। पहले बहुत सा शोर था. बहुत से लोग. फिर बाहें फैला कर पानी में पीठ की और हौले से गिरना होता है, ऐसा भरोसा कर के कि कोई है जो बाँहों में थाम लेगा, जैसे समंदर पानी का कोई मखमली गद्दा हो. साँस रोके हुए. फिर पहली सांस छोड़ते हुए महसूस होता है कि सब कुछ शांत हो गया है. कहीं कोई आवाज नहीं है. कहीं कुछ भी नहीं है. बहुत शांति का अनुभव होता है. इस शोर भरी दुनिया में जैसे अचानक से पॉज आ जाता है. पानी चारो तरफ होता है. जैसे समंदर चूम रहा हो. जिस्म का पोर पोर. Its like a giant hug by the sea. समंदर की बाँहों में जैसे बहुत सा सुकून है. जिंदगी भर का सुकून।

श्रीकांत -पैरासेलिंग के बाद
किसी का वापस जाने का मन ही ना करे. मगर लंच का टाइम हो रहा था. वापस तो जाना ही था. सब झख मार के वापस आये. कपड़े बदलने की जगह नहीं थी और वक्त भी नहीं। किसी जगह शायद ४० बाथ (लगभग ८० रुपये) देने थे तो सर्वसम्मति से निर्णय हुआ कि बोट पर चलते हैं. लंच करके होटल चले जायेंगे और वहीं कपड़े बदल लेंगे। मौसम गर्म था तो कपड़े सूख भी जाते। अब मेरी चप्पल ही न मिले। भारी दुखी हुयी मैं. अभी कुछ दिन पहले क्रॉक्स खरीदी थी, ढाई हज़ार की चप्पल का चूना लग गया. बहरहाल हम किनारे लौटे। हमारी बस नहीं आयी थी. धूप के कारण जमीन बहुत तप रही थी और पैर रखना पौसिबल नहीं था।  जॉर्ज ने कहा जब तक बस आती है चलो तुमको चप्पल दिलाता हूँ नहीं तो यहीं भंगड़ा करती रहोगी। हम भागे भागे आये चप्पल लेने। जब जो चाहिए होता है उसके अलावा सब कुछ मिलता है दुनिया में. समुद्र किनारे घड़ी घड़ी लोग चप्पल बेच रहे थे और हम खरीदने चले तो चप्पलचोर सारे नदारद। कुछ दूर जाके फाइनली चप्पल मिली तो हम खरीद के वापस आये. अब ऑफिस के सारे लोग गायब। फोन करो तो कोई फोन न उठाये। मैं, जॉर्ज, रवि और श्रीकांत थे. वहाँ एक मॉल था और सबका वहीं अंदर जाने का प्रोग्राम था. मैंने देखा कि ऊपर फूड कोर्ट है. अब चूँकि ऑफिस में सब तरह के लोग हैं तो मुझे लगा कि लोग फूड कोर्ट ही गए होंगे खाने के लिए कि सबको अपनी पसंद का खाना मिल जाए तो जॉर्ज और मैं ऊपर देखने बढ़े. ऊपर गए तब भी कोई नहीं दिखा और तब तक भूख के मारे जान जाने लगी. तैरने के बाद एक तो वैसे ही किलर भूख लगती है उसपर मुझे भूख बर्दाश्त नहीं होती। हमें एक इन्डियन जगह दिख गयी. वहाँ छोले भटोरे थे. बस हिंदी में आर्डर किया मजे से और एक ग्लास अमरुद का जूस. मेरा बैग चूँकि मेरे पास था तो पैसे, कपड़े सब थे पास में. जब तक खाना आया मैंने चेंज भी कर लिया वाशरूम में जा के. कसम से क्या कातिल छोले भटोरे थे, मैंने आज तक वैसे छोले भटोरे भारत में नहीं खाये कभी. खाना खा रहे थे तो रहमान का कॉल आया जॉर्ज को, वो लोग इसी मॉल में दूसरे फ्लोर के रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे. बस के आने में डेढ़ घंटे का टाइम था. खाना खाते, गप्पें मारते कब वक्त निकल गया मालूम ही नहीं चला. बाकी लोगों का खाना हो गया तो नेहा और बग्स भी ऊपर आ गए. कुछ देर हम सब समंदर निहारते रहे. फ़ोटो खींचते रहे और जाने क्या क्या बतियाते रहे. टीम में मेरे आलावा सिर्फ बाला वेजिटेरियन है. बस में उसको खूब चिढ़ाये कि हम तो छोला भटूरा खाये, तुम क्या खाये ;) ;)

रात को ऐलकजार शो था, बेहतरीन म्यूजिक, कॉस्चुम और सेट डिजाइन। मैंने उतना खूबसूरत शो नहीं देखा है आज तक. सब कुछ बेहतरीन था वहाँ।  फिर समंदर किनारे एक रेस्टोरेंट में खाना। ग्रीन सलाद। वेज आदमी को और क्या मिलेगा। बहुत सी कहानियां कहीं, कुछ सुनीं। थोड़ा भटकी। दिवाकर रास्ता खो गया था उसको उठाये और फिर होटल वापस। हम ऑफिस में जिनके साथ काम करते हैं और घूमने जिनके साथ जाते हैं उनमें कितना अंतर होता है. इतना अच्छा लगा सबको ऐसे जानना। हमेशा किसी नए से बात करना। कोई नया किस्सा सुनना। हिंदी में सवाल करना, तमिल में जवाब सुनना, मलयालम में लोगों का बतियाना। उफ्फ्फ्फ़ ही था बस.

पटाया में आखिरी दिन था. अगले दिन बैंगकॉक के लिए निकलना था. हम स्विमिंग पूल में पैर डाले बैठे रहे. बतियाते। हँसते। दिल भर सा आया था. मुझ सी को ऐसे पूरा का पूरा ऐक्सेप्ट करना थोड़ा मुश्किल है. मेरा शोर. मेरा पागलपन। सब कुछ. मगर सब ऐसे थे जैसे एक बड़ा सा परिवार, जिसमें शामिल होने की कोई शर्त नहीं होती। बहुत अच्छा सा लगा. सुकून सा.
---
समंदर था कि आसमान था कि समंदर में पिघलता हुआ आसमान था. जमीन कहाँ ख़त्म होती है आसमान कहाँ शुरू। समंदर से पूछूं उसे मेरा नाम याद रहेगा? सितारे हैं या कि आँखों में यादों का जखीरा।

शुक्रिया जिंदगी। इन मेहरबान दो दिनों के लिए. 

03 April, 2014

अ मैड ट्रिप टु पटाया- डे १

याद से सब कितनी जल्दी फिसलता जाता है.
पिछले वीकेंड हमारा पूरा ऑफिस पटाया गया था, थाईलैंड में एक जगह है 'पटाया' नाम की :)
---
याद कितनी जल्दी बिसरने लगती है. लोग. नाम. जगहें। सब.

यहाँ सिर्फ कुछ चीज़ों को सकेर रही हूँ क्यूंकि जिस तरह से भूल रही हूँ सब लगता है कुछ ही दिनों बाद यकीन भी नहीं होगा कि हम गये भी थे. घर से एयरपोर्ट के लिए अनु और अनिशा भी साथ थे. टीम से अधिकतर लोग पहली बार विदेश जा रहे थे. पूरा हंगामे का मूड था सबका। इतनी एनेर्जी थी  कि उससे पूरा एयरपोर्ट चार्ज हो जाता। पतिदेव और सासुमाँ को टाटा बोल कर तीन दिन की छुट्टियों पर निकल गए. मैं आज तक कभी ऐसे ऑफिस ट्रिप पर नहीं गयी थी. पिछले साल हम सबने वाकई जान धुन कर काम किया था उसका रिवार्ड था तो सेन्स ऑफ़ अचीवमेंट भी थी.

ट्रिप की मेरी सबसे फेवरिट फोटो- जॉर्ज
टिकट चूँकि सबकी ग्रुप में बुक थी इसलिए हम अपनी सीट खुद चुन नहीं सकते थे. चेक इन के वक्त सीट नंबर आये तो मेरी और नेहा की सीट साथ में थी. हमने बहुत ढूँढा कि बेचारा और कौन फंसा है हमारे साथ तो पता नहीं चला. प्लेन बोर्ड कर गए तो नेहा, जॉर्ज और हम साथ में सामान ऊपर के कम्पार्टमेंट में रख रहे थे. वो तीसरी सीट प्रियंका की थी. जॉर्ज ने पूछा, कि वो सीट जॉर्ज से बदलना चाहती है कि नहीं तो उसने कहा बिलकुल नहीं, फिर जॉर्ज ने उससे पूछा 'तुम्हें मालूम है तुम्हारी सीट किसके पास है, पूजा के' :) फिर तो हमारे नाम का टेरर कुछ ऐसा है कि उसने एक बार भी कुछ नहीं कहा और सीधे जॉर्ज की सीट पर शिफ्ट हो गयी. मैं और नेहा अकेले अकेले भी कम आफत नहीं हैं मगर एक साथ हम दोनों को झेलना बहुत हिम्मत का काम है. हम और नेहा दोनों साइड की सीट पकड़ के बैठ गए और जॉर्ज को बीच में सैंडविच कर दिया। हम सारे लोग पगलाये हुए थे. रात के एक बजे की फ्लाईट थी लेकिन हम न सोयेंगे न किसी और को सोने देंगे की फिलॉस्फी में यकीन करते हैं. तो पूरे टाइम खुराफात चलती रही कभी सामने वालों की सीट पर तकिया फेंकना, बाकि सोये हुए लोगों को मार पीट के उठाया इत्यादि कार्य हमने पूरी डेडिकेशन के साथ किये। मेरे आसपास की सीट पर किशोर, सतीश, श्रीकांत, प्रदीप और पीछे की सीट पर दिवाकर, अनु, अनिशा, प्रियंका थे. राहिल मेरे से ठीक कोने वाली सीट पर था. एक सतीश के आलावा सारे लोग खुराफाती थे. इन फैक्ट जब आस पास के लोगों को परेशान करके दिल भर जाता था तो हम सारे उठ के दूसरे आइल में चले जाते थे और कुछ और लोगों को जगा देते थे. कोई बेईमानी नहीं, सबको बराबर आफत लगनी चाहिए। We were all high...on life and we were gonna have the time of our lives.

 Tiger zoo- me, bugs, maryam, anu, maya, dhiva, ani
ऑफिस में रहते हुए काम ऐसा रहता है कि बात करने की फुर्सत नहीं मिलती। लगभग दो साल होने को आये लेकिन मैंने कभी जॉर्ज को अपनी लिखी कोई कहानी नहीं सुनायी थी. सोने टाइम कहानी सुनना अच्छा भी लगता है. मैंने उसे तीन कहानियां सुनायीं। मजे की बात ये थी कि मैं कहानी सुना रही हूँ और वो मुझे बताता जा रहा है कि इसे ऐसे शूट कर सकते हैं, ये वाली चीज़ बहुत अच्छी लगेगी और मैं हल्ला कर रही थी कि ध्यान से कहानी सुनो न आप अपनी ही पिक्चर बनाने लगते हो. उसने बोला कि मेरी कहानियां ऐसी होती हैं, सुन कर सब कुछ दिखने लगता है आँखों के सामने। फिर मैंने कहा कि काश आप हिंदी में मेरी कहानी पढ़ पाते क्यूंकि सुनाने में सिर्फ प्लाट रह पाता  है. मगर उसे मेरी कहानियां बहुत अच्छी लगीं। मुझे भी अच्छा लगा क्यूंकि उसकी राय इम्पोर्टेन्ट थी. बहुत कम लोगों की बात को ध्यान से सुनती हूँ. उसके साथ के इतने वक्त में इतना हुआ है कि उसकी बहुत रेस्पेक्ट करती हूँ. चीज़ों को लेकर उसकी समझ गहरी है ऐसा मैंने देखा है. उसे मेरी कहानियां अच्छी  लग रही थीं तो फिर एक के बाद दूसरी करते हुए चार घंटे बीत गए। मुझे सुनने वाला कोई मिल जाए तो मैं पूरी रात कहानी कह तो सकती ही हूँ :) फिर सामने वाली सीट से कोई तो बोली कि उसे सोना है अब। जॉर्ज ने बोला कि मैं उत्साह में बोलती हूँ तो मेरा वॉल्यूम अपनेआप ऊपर हो जाता है और मुझे मालूम भी नहीं चलता। उसपर प्लेन में कान बंद रहते हैं। एनीवे, आधा घंटा सो लिए इसी बहाने।
जाने क्या तूने कही

पटाया में जाने के लिए बस थी. मुझे सफ़र में भूख प्यास सब बहुत लगती है तो मैं सारा इंतेज़ाम करके रखती हूँ. ऑफिस में मेरी टीम मुझे फेज वैन कैंटीन बुलाती है. इस बार भी रसद का इंतेज़ाम मैंने बैंगलोर एयरपोर्ट पर ही कर लिया था. चिप्स, बिस्किट्स, आइस टी.… सब बेईमानी से बांटे गए जिसके हाथ जो लगा टाइप्स :) वहाँ से निकलते हुए कोई १० बज गए थे. हम कोई तो चिड़ियाघर में रुके और नाश्ता किया। वहाँ पर खाना खाते हुए आप शेर को देख सकते हैं. मुझे जानवरों के साथ ऐसा करना अच्छा नहीं लगता। आगे के प्रोग्राम में शेर और बाकी जानवरों का शो भी था मगर मैं वो देखने नहीं गयी. टीम के और भी बहुत से लोग नहीं गए. क्रिएटिव टीम पूरी की पूरी गप्पी टीम है. हमें कैमरा लेकर भटकना, कहानियां सुनाना और ऐसी ही चीज़ों में ज्यादा मज़ा आता है.


Foot fetish
लंच करके शेरटन होटल पहुँचने में कोई चार बज गए थे. बस में थोड़ी नींद मारी मैंने भी. शेरटन क्या खूबसूरत होटल है, उफ्फफ्फ्फ़। होटल पहुँचते ही सारे लोग क्रैश कर गए अपने अपने कमरों में. अच्छा था कि मेरी रूममेट नेहा थी. हम एक सा सोचने वाले लोग हैं. ट्रिप पर भी कोई सोता है क्या। धाँय धाँय ब्रश किया, नहाये और तैयार। मैंने दो स्विमसूट रखे थे तो फटाफट चेंज करके रेडी हो गए. पूल में सिर्फ हम दोनों ही थे. पूल में पानी हल्का गर्म था, इनफिनिटी पूल, आसपास खूब सारी हरियाली और पास में ही समंदर। नेहा ने बहुत देर तक मुझे थोड़ी बहुत स्विमिंग सिखाने की कोशिश की. इतना अच्छा लग रहा था वहाँ। मुझे पानी बहुत पसंद है. समंदर। नदी. पूल. अब हल्का सा तैरना आता है तो डूबने का डर नहीं लगता। वहाँ फिर मेरी जिद कि समंदर चलो, सनसेट देखना है. नेहा को खींचते हुए ले गयी. तब तक जॉर्ज भी पहुँच गया था. ये मल्लू लोग पानी में मछली की तरह तैरते हैं. सबके घर के पीछे पोखर होता है. बचपन से सबको तैरना आता है. मुझे तैरते हुए लोगों को देख कर बहुत रश्क होता है कि काश मुझे आता. अब जल्दी ही सीख लूंगी। समंदर से वापस स्विमिंग पूल पहुँच गए. जॉर्ज बहुत अच्छा तैराक है और उससे भी अच्छा टीचर, उसने सिंपल टेक्निक्स सिखायीं और फिर नेहा और जॉर्ज दोनों मेरा बहुत उत्साह बढ़ा रहे थे कि मेरी स्पीड बेहतर हो गयी है और मैं बहुत दूर तक जा पाती हूँ. बाकी भी बहुत सारे लोगों को हमने जिद्दी मचा मचा के पूल में उतारा। पानी की लड़ाइयां। यहाँ भी जॉर्ज की टेक्निक थी कि जिससे विरोधी टीम पर अधिक से अधिक पानी उछाला जा सके.
  जानेमन रुममेट

रिश्ते अलग अलग किस्म के होते हैं. नेहा और जॉर्ज के साथ अजीब सा लगता है…पूरा पूरा सा.…जैसे फैमिली पूरी हो गयी हो. जैसे हम तीनों एक दूसरे को बिलोंग करते हैं. सेंटी हो रही हूँ. कुछ दिन में ही चले जाना है इसलिए।

शाम को अवार्ड्स नाइट थी. मेरी टीम को बेस्ट इवेंट का अवार्ड मिला टाइटन स्किन लांच के लिए. अच्छा लगा. मजे की बात ये थी कि पटाया आना का प्रोग्राम इतनी हड़बड़ी में बना था कि सारे अवार्ड्स रेडी नहीं हो पाये थे. तो एक ही अवार्ड था :) अपना अवार्ड ले कर फ़ोटो खिंचा कर वापस कर देना होता था :) फिर वही अवार्ड बाकी विनर को भी दिया जाता था.

वहाँ से निकल के हमारा वाकिंग स्ट्रीट जाने का प्लान बना. पूरा गैंग रेडी- मैं, जॉर्ज, नेहा, अनिशा, अनु, दिवाकर, भगवंत, बाला और साजन। हम होटल से बाहर निकले और टुकटुक पर बैठ गए. ऑफिस के अलावा सबको जानना एक अलग सा अनुभव था. टीम में चुप्पे रहने वाले लोग भी खूब सारी बातें करते हैं, भाषा के बैरियर के बावजूद। कुछ को हिंदी नहीं आती और मैं उनसे हिंदी में बकबक िकये जाती हूँ. वाकिंग स्ट्रीट रात भर जगी रहने वाली, नियोन लाइट्स वाली ऐसी जगह है कि लगता है हैलूसिनेशन हो रहे हों. माहौल ऐसा हो, लोग अच्छे हों तो मुझे पानी चढ़ जाता है ;) हमने घूम घूम कर बहुत सी चीज़ें देखीं जिनको यहाँ लिखना स्कैंडल्स हो जाएगा। हमारी छवि अच्छी है फिलहाल :) लिखने को इतना सारा कुछ मसाला मिला है कि नोवेल लिख सकती हूँ. चुपचाप जैसे पी रही थी अपने इर्दगिर्द का सारा जीवन। कितना अलग, कितना रंगीला और चमक के नीचे कैसे कैसे ज़ख्म छुपे होंगे। दिमाग पैरलेल ट्रैक पर था. कोई रात के एक बजे तक टीम में सब साथ घूमे। सभी रिस्पॉन्सिबल लोग थे. सबने तमीज से दारु पी. किसी को सम्हालने की जरूरत नहीं पड़ी. बाकी लोगों को और भी देर रुकने का मन था, मैं जॉर्ज और साजन वापस लौट आये. कुछ देर गप्पें मारीं और फिर टाटा बाय बाय.

फिर समंदर किनारे चली गयी. होटल की बेंच थी और पूरा खाली समंदर का किनारा। चश्मा नहीं पहना था तो सब धुंधला सा. समंदर का शोर. लहरें। बहुत देर बेंच पर बैठी जाने क्या क्या सोचती रही. जिंदगी। ठहरी हुयी सी. अच्छी सी।  सुकून सा बहुत सारा कुछ.
---
बाकी दोनों दिन के किस्से कल। शायद। कभी।

18 March, 2014

सदा आनंद रहे एही द्वारे मोहन खेले होली

कब है होली?
बंगलोर में रह कर भूलने लगे थे होली कैसी होती है। हमारे लिये होली एक बाल्टी पानी में मन जाती थी। चार लोग आये, छत पर गये और दस मिनट में होली खत्म। छत पर कोई नल नहीं था इसलिये पानी का कोई इंतजाम नहीं। बाल्टी उठा कर किसी पर डाल नहीं सकते कि फिर एक तल्ला नीचे जा कर पानी कौन लायेगा। भागने, भगा कर रंग लगाने की भी जगह नहीं। अड़ोसी पड़ोसी कोई ऐसे नहीं कि जिनके साथ खेला जाये। विद औल ड्यू रिस्पेक्ट टु साऊथ इंडियन्स, बड़े खड़ूस लोग हैं यहां, कोई खेलना ही नहीं चाहता। हम तो यहाँ तक डेस्पेरेट थे कि पानी से खेल लो, चलो रंग भी और्गैनिक लगा देंगे। बिल्डिंग में पाँच तल्ले हैं, खेलने वाले किसी में नहीं। बहरहाल...रोना रोने में पूरी पोस्ट लग जायेगी, मुद्दे पर आते है।

इस साल मोहित और नितिका इलेक्ट्रौिनक सिटी में एक अच्छे से सोसाईटी में शिफ्ट हुये थे। होली के पहले उनके असोसियेशन का मेल आया कि होली खेलने का पूरा इंतजाम है। दोनों ने हमें इनवाईट किया। होलिका दहन का भी प्रोग्राम था, हमने सोचा वो भी देख लेंगे। तो फुल जनता वहां एक दिन पहले ही पहुँच गयी। जनता बोले तो, हम, कुणाल, उसकी मम्मी, साकिब कीर्ति, रमन, कुंदन, चंदन, नितिका की एक दोस्त भी आयी। खाने के लिये दही बड़ा हम यहां से बना कर ले गये थे। शाम को ही अबीर खेल लिये। जबकि पुराने कपड़े भी नहीं पहने थे, हम तो होलिका दहन के लिये अच्छे कपड़े पहन कर निकले थे कि त्योहार का मौसम है। बस यही है कि बचपन का एक्सपीरियंस से यही सीखे हैं कि होली के टाईम पर हफ्ता भर से नया कपड़ा पहनना आपका खुद का बेवकूफी है, इसमें आप के उपर रंग डालने वाले का कोई दोष नहीं है। कल शाम को पिचकारी खरेदते वक्त ये गन खरीदी थी। पीले रंग की। हम तमीजदार लोग हैं(कभी कभी खुद को ऐसा कुछ यकीन दिलाने की कोशिश करते हैं हम। अनसक्सेसफुली) तो गन में सादा पानी भरा था। इस पिद्दी सी गन से कितना कोहराम मचाया जा सकता है ये हमारे हाथों में आने के पहले गन को भी पता नहीं होगा। देर रात तक खुराफात चलती रही। हौल में दो डबल बेड गद्दे लगा कर ८ लोग फिट हो गये। कुंदन घर चला गया था, रात के डेढ़ बजे चंदन पहुँच रहा था मलेशिया से। जस्ट इन टाईम फौर होली। पहले तो हौरर फिल्म देखा सब, हम तो पिक्चर शुरू होते ही सो गये। हमसे हौरर देखा नहीं जाता। वैसे ही चारो तरफ भूत दिखते हैं हमें। 

अगली सुबह हम साढ़े सात बजे उठ कर तैयार। बाकी सब लोग सोये हुये। ऐसा लग रहा था कि जैसे शादी में आये हुये हैं। भोले भाले मासूम लोगों पर पिचकारी से भोरे भोर पानी डालना शुरू। सब हमको गरियाना शुरू। लेकिन फिर सब उठा। अब बात था कि चाय कौन बनायेगा। डेट औफ बर्थ से पता चला कि सब में रमन सबसे छोटा है, तो जैसा कि दस्तूर है, रमन चाय बनाया। तब तक हम पुआ के इंतजाम में जुट गये। क्या है कि हमसे खाली पेट होली नहीं खेली जाती। जब तक दु चार ठो पुआ अंदर नहीं जाये, होली का माहौल नहीं बनता। होली का इंतजाम सामने के फुटबौल फील्ड में था। नौ बजे से प्रोग्राम चालू होगा ऐसा मेल आया था। नौ बजे वहाँ कबूतर तक नहीं दिख रहा था। लोग तैयार होके औफिस निकल रहे थे। कुछ लोग वहाँ प्राणायाम कर रहे थे। हम लोग सोचे कि बस हमीं लोग होंगे खेलने वाले। साकिब कीर्ति दोनों मिल कर गुब्बारा में रंग भरना शुरु किया। हम सबसे पहले तो काला, जंगली वाला रंग लगा दिये कुणाल को, उसको होली में कोई और रंग लगा दे हमसे पहले तो हमारा मूड खराब हो जाता है। पजेसिव हो गये हैं हम भी आजकल। अब रंग लगा तो दिये ई चक्कर में भूल गये कि पुआ बनाना है। फिर बहुत्ते मेहनत से रगड़ रगड़ कर रंग छुड़ाये। पहला राउंड पुआ बनाते बनाते फील्ड में लोग आने चालू, लाउड स्पीकर पे गाने भी बजने लगे। कीर्ति ने चौथे फ्लोर की बालकनी से गुब्बारे फेंक कर टेस्टिंग भी कर ली थी कि सारे हथियार रेडी हैं। 
असली होली
हमारे पास कुल मिला के दो बंदूक, तीन बड़ी पिचकारी और बहुत सारा रंग था। कमीने लोगों ने मेरे पक्के वाले जंगली रंग छुपा दिये थे कि और्गैनिक होली खेलेंगे। शुरुआत तो फील्ड में दौड़ा दौड़ा के रंग लगाने से हुयी। कुछ बच्चे थे छोटे छोटे, अपनी फुली लोडेड पिचकारी के साथ दौड़ रहे थे। रंग वंग एक राउंड होने के बाद सब रेन डांस करने पहुंच गये। म्युजिक रद्दी था पर बीट्स अच्छे थे, और लोग डांस करने के मूड में हों तो म्युजिक कौन देखता है। धीरे धीरे लोगों का जमवाड़ा होते गया। कुंदन और चंदन भी पहुंच गये तब तक। उनको लपेटा गया अच्छे से। अब गौर करने की बात ये है कि रेन डांस के कारण चबूतरे से इतर जो जमीन थी वहां कीचड़ बनना शुरु हो गया था। थोड़ी ही देर में सबके रंग भी खत्म हो गये। बस, लोगों को कीचड़ में पटका जाना शुरु हुआ। फिर क्या था बाल्टियां लायी गयी और बाल्टी बाल्टी कीचड़ फेंका गया। चुंकी पानी के फव्वारे चल रहे थे और कीचड़ भी विशुद्ध पानी और मिट्टी का था इसमें नाली जैसे किसी हानिकारक तत्व की मिलावट नहीं थी मजा बहुत आ रहा था। 

हम और चंदन- सबसे डेडली कौम्बो
अब मैंने नोटिस किया कि लड़कियों को पटकने की कोशिश तो की जा रही है पर वे भाग निकलती हैं, कयुंकि किसी को सिर्फ कंधे से पकड़ कर कीचड़ में लपेटा नहीं जा सकता है, जरूरी है कि कोई पैर जमीन से खींचे। तो हमने माहौल की नाजुकी को देखते हुये लीडरी रोल अपनाया और पैर पकड़ के उठाओ का कामयाब नारा दिया। बहुत सारे उदाहरण भी दिखाये जिसमें ऐसी ऐसी लड़कियों का नंबर आया जिन्होनें हमारा कुछ नहीं बिगाड़ा था। लेकिन हम होली में हुये किसी भी भेदभाव के सख्त खिलाफ हैं। फिर तो एकदम माहौल बन गया, लोग दूर दूर से पकड़ कर लाये जाते और कीचड़ मे डबकाये जाते। उस छोटी सी जगह में हम पूरा ध्यान देते कि कहीं भी मैनपावर की कमी हो, जैसे कि मोटे लोग ज्यादा उछलकूद कर रहे हैं तो आसपास के लोगों को, अपने भाईयों को भेजती कि मदद करो...आगे बढ़ो। इसके अलावा जब कोई कीचड़ में फेंका जा रहा होता तो हम वहीं खड़े होकर पैर से पानी फेंकते, एकदम सटीक निशाना लगा कर। अब रंग खत्म थे, पिचकारियां थी खाली। पानी के इकलौते नल पर बहुत सी बाल्टियां, बस हमने वहीं कीचड़ से पिचकारियां भरने का जुगाड़ निकाला। उफ़ कितना...कितना तो मजा आया। 

काला रे सैंया काला रे
फव्वारों के नीचे खड़े हम चंदन से बतिया रहे थे, कि बेट्टा आज जितने लोग को कीचड़ में लपेटा है, अच्छा है कि रंग लगा है, नहीं तो ये लोग कहीं पहचान लेते हमको तो बाद में बहुत्ते धुलाई होता हमारा। नये लोगों का आना जारी रहा, हम साइक्लिक तरीके से कीचड़, पिचकारी, बाल्टी का इस्तेमाल करते रहे। सरगत तो कब्बे हो गये थे लेकिन मौसम गर्म था तो ठंढ नहीं लगी। लास्ट राउंड आते आते वहां सब हमें चीन्ह गये थे। लोगों ने श्रद्धा से हमें बाल्टी वगैरह खुद ही देनी शुरू कर दी थी। पानी में लगातार खेलने के कारण रंग धुल गया था तो एक भले इंसान ने रंग भी दिये। पक्के रंग। खेल के बाद एक राउंड डांस भी किये। ये सारे कांड हमने नौ बजे से लेकर दुपहर देढ़ बजे तक लगातार किये। 

फिर कुछ लोगों को औफिस जाना था तो जल्दी से नहा धोकर तैयार हो गये। एक राउंड पुआ और बनाये और पैक अप। इस बार सालों बाद ऐसी होली खेले थे। एकदम मन आत्मा तक तर होकर। दिल से बहुत सारा आशीर्वाद सब के लिये निकला। सदा आनंद रहे एही द्वारे, मोहन खेले होली। 

पूरी टोली
घर आये तो बुझाया कि पिछले छह साल में जो होली नहीं खेले हैं ऐसा उ साल में उमर भी बढ़ गया है। पूरा देह ऐसा दुखा रहा था। और कुणाल चोट्टा उतने चिढ़ाये। फिर हम जो कभी दवाई नहीं खाते हैं बिचारे कौम्बिफ्लाम खाये तब जाके आराम आया। चिल्लाने के कारण गले का बत्ती लगा हुआ था अलग। हमारी मेहनत से छीले गये कटहल की सब्जी बनाने का टाईम ही नहीं मिला था। उसपर नितिका के यहां ही फ्रिज में रखे थे तो लाना भी भूल गये। शाम को कुंदन चंदन अबीर खेलने आया। फिर रात को हमने बिल्कुल नौन होली स्टाईल में पिज्जा मंगाया। खुद को हिदायत दी कि कल से कुछ एक्सरसाईज करेंगे रेगुलर। आधी पोस्ट रात को लिखी थी फिर सौलिड नींद आ रही थी तो सो गये। 

आज उठे हैं तो वापस सब कुछ दुखा रहा है। एक्जैक्टली कौन ज्वाईंट किधर है पता चल रहा है। होर्लिक्स पी रहे हैं और सोच रहे हैं...उफ़ क्या कमबख्त कातिलाना होली खेले थे। ओह गरदा!

10 March, 2014

फिल्म के बाद की डायरी

दिल की सुनें तो दिल बहुत कुछ चाहता है। कभी बेसिरपैर का भी, कभी समझदार सा।
इत्तिफाक है कि हाल की देखी हुयी दो फिल्मों में सफर एक बहुत महत्वपूर्ण किरदार रहा है...किरदार क्युंकि सफर बहुत तरह के होते हैं, खुद को खो देने वाले और खुद को तलाश लेने वाले। हाईवे और क्वीन, दोनों फिल्में सफर के बारे में हैं। अपनी जड़ों से इतर कहीं भटकना एक अलग तरह की बेफिक्री देता है, बिल्कुल अलग आजादी...सिर्फ ये बात कि यहाँ मेरे हर चीज को जज करने वाला कोई नहीं है, हम अपनी मर्जी का कुछ भी कर सकते हैं...और ठीक यही चीज हमें सबसे बेहतर डिफाइन करती है, जब हम अपनी मर्जी का कुछ भी कर सकते हैं तो हम क्या करते है। बहुत समय ऐसा होता है कि हमसे हमारी मर्जी ही नहीं पूछी जाती, बाकी लोगों को बेहतर पता होता है कि हमारे लिये सही क्या है...ये लोग कभी पेरेंट्स होते हैं, कभी टीचर तो कभी भाई या कई बार बौयफ्रेंड या पति। कुछ कारणों से ये तय हो गया है कि बाकी लोग बेहतर जानते है और हमारे जीवन के निर्णय वही लेंगे। कई बार हम इस बात पर सवाल तक नहीं उठाते। इन्हीं सवालों का धीरे धीरे खुलता जवाब है क्वीन, और इसी भटकन को जस का जस दिखा दिया है हाईवे में, बिना किसी जवाब के। मैं रिव्यू नहीं लिख रही यहां, बस वो लिख रही हूं जो फिल्म देखते हुये मन में उगता है। क्वीन बहुत अच्छी लगी मुझे...ऐसी कहानी जिसकी हीरो एक लड़की है, उसका सफर है।

कई सारे लोग जमीनी होते हैं, मिट्टी से जुड़े हुये...उनके ख्वाब, उनकी कल्पनाएं, सब एक घर और उसकी बेहतरी से जुड़ी हुयी होती हैं...लेकिन ऐसे लोग होते हैं जो हमेशा कहीं भाग जाना चाहते हैं, उनका बस चले तो कभी घर ना बसाएं...बंजारामिजाजी कभी विरासत में मिलती है तो कभी रूह में...ऐसे लोग सफर में खुद को पाते हैं। कल फिल्म देखते हुये देर तक सोचती रही कि मैं क्या करना चाहती हूं...जैसा कि हमेशा होता है, मुझे मेरी मंजिल तो दिखती है पर रास्ते पर चलने का हौसला नहीं दिखता। मगर फिर भी, कभी कभी अपनी लिखने से चीजें ज्यादा सच लगने लगती हैं...हमारे यहां कहावत है कि चौबीस घंटे में एक बार सरस्वती जीभ पर बैठती हैं, तो हमेशा अच्छा कहा करो।

मुझे लोगों का सियाह पक्ष बहुत अट्रैक्ट करता है। लिखने में, फिल्मों में...हमेशा एक अल्टरनेट कहानी चलती रहती है...जैसे हाइवे और क्वीन, दोनों फिल्मों में इन्हें सिर्फ अच्छे लोग मिले हैं, चाहे वो अजनबी लड़की या फिर किडनैपर...मैं सोच रही थी कि क्या ही होता ऐसे किसी सफर में सिर्फ बुरे लोग मिलते...जिसने कभी किसी तरह की परेशानियां नहीं देखी हैं, वो किस तरह से मुश्किलों से लड़ती फिर...ये शायद उनके स्ट्रौंग होने का बेहतर रास्ता होता। मेरा क्या मन करता है कि एक ऐसी फिल्म बनाऊं जिसमें चुन चुन के खराब लोग मिलें...सिर्फ धमकी देने वाले नहीं सच में कुछ बुरा कर देने वाले लोग...सफर का इतना रूमानी चित्रण पच नहीं रहा। फिर लड़की डेंटी डार्लिंग नहीं मेरे जैसी कोई हो...मुसीबतों में स्थिर दिमाग रखने वाली...जिसे डर ना लगता हो। अजब अजब कीड़े कुलबुला रहे हैं...ये लिखना, वो लिखना टाईप...ब्रोमांस पर फिल्में बनती हैं तो बहनापे पर क्युं नहीं? कोई दो लड़कियाँ हों, जिन्हें ना शेडी होटल्स से डर लगता है ना पुलिस स्टेशन से...देश में घूमने निकलें...कहानी में थोड़ा और ट्विस्ट डालते हैं कि बाईक से घूमने निकली हैं कि देश आखिर कितना बुरा है...हमेशा कहा जाता है, खुद का अनुभव भी है कि सेफ नहीं है लड़कियों का अकेले सफर करना...फिर...सबसे बुरा क्या हो सकता है? रेप ऐंड मर्डर? और सबसे अच्छा क्या हो सकता है? इन दोनों के बीच का संतुलन कहां है?

So, when you come back, you may have a broken body...but a totally...absolutely...invincible soul...now if that is not worth the journey, I don't know what is!

मुझे हमेशा लगता था मुझसे फुल टाईम औफिस नहीं होगा...हर औफिस में कुछ ना कुछ होता ही है जो स्पिल कर जाता है अगले दिन में...ऐसे में खुद के लिये वक्त कहां निकालें! लिखने का पढ़ने का...फिर भी कुछ ना कुछ पढ़ना हो रहा है...आखिरी इत्मीनान से किताब पढ़ी थी IQ84, फिर मुराकामी का ही पढ़ रही हूं...किताबें पढ़ना भाग जाने जैसा लगता है, जैसे कुछ करना है, वो न करके भाग रही हूं...परसों बहुत दिन बाद दोस्त से मिली...श्रीविद्या...एक बच्चे को संभालने, ओडिसी और कुचीपुड़ी के रिहर्सल के दौरान कितना कुछ मैनेज कर लेती है...उसके चेहरे पर कमाल का ग्लो दिखता है...अपनी पसंद का जरा सा भी कुछ मिल जाता है तो दुनिया जीने लायक लगती है...दो तरह की औरतें होती हैं, एक जिनके लिये उनके होने का मकसद एक अच्छा परिवार है बसाना और बच्चे बड़ा करना है...जो कि बहुत जरूरी है...मगर हमारे जैसे कुछ लोग होते हैं, जिन्हें इन सब के साथ ही कुछ और भी चाहिये होता है जहां हम खुद को संजो सकें...मेरे लिये लिखना है, उसके लिये डांस...इसके लिये कुर्बानियां देते हुये हम जार जार रोते हैं मगर जी भी नहीं सकते अगर इतना जरा सा कुछ ना मिल सके।

हम डिनर पर गये थे, फिर बहुत देर बातें भी कीं...थ्री कोर्स डिनर के बाद भी बातें बाकी थीं तो ड्राईव पर निकल गये...पहले कोरमंगला तक फिर दूर माराथल्ली ब्रिज से भी बहुत दूर आगे। कल से सोच रही हूं, लड़कियों के साथ का टूर होता तो कितना अच्छा होता...मेरी बकेट लिस्ट में हमेशा से है...अनु दी, नेहा, अंशु, शिंजिनी...ये कुछ वैसे लोग हैं जिनके साथ कोई वक्त बुरा नहीं हो सकता। कोई हम्पी जैसी जगह हो...देखने को बहुत से पुराने खंडहर...नदी किनारे टेंट। बहुत से किस्से...बहुत सी तस्वीरें। जाने क्या क्या।

बहरहाल, सुबह हुयी है और हम अपने सपने से बाहर ही नहीं आये हैं...चाह कितना सारा कुछ...फिल्में, किताबें...घूमना...सब होगा, धीरे धीरे...फिलहाल कहानियों को ठोकना पीटना जारी है। फिल्म भी आयेगी कभी। औफिस में आजकल सब अच्छा चल रहा है, इसलिये लगता है कि जाने का सबसे सही वक्त आ गया है। यहां डेढ़ साल से उपर हुये, इतना देर मैं आज तक कहीं नहीं टिकी, अब बढ़ना जरूरी है वरना जड़ें उगने लगेंगी। फ्रेंच क्लासेस शुरू हैं, अगले महीने...सारे प्लान्स हैं...वन ऐट अ टाईम। 

04 March, 2014

डाकिये से कहना, घर में कोई नहीं रहता

खत जो आते हैं तेरे
लगाते हैं कागज़ को गुदगुदी
तेरी उँगलियों की खुशबू में लिपटे
आफ्टर शेव, हाँ क्या?

खत जो आते हैं तेरे
बताते हैं मेरे शहर में तेरे मौसम का हाल
खुल के गिरते हैं लिफाफे से सूखे पत्ते कई
मैं भटक जाती हूं तुम्हारे ख्वाबों से अपने घर का रास्ता

मुझे रोकने को तुम पकड़ते हो हाथ
ठीक वहीं से सूखने लगती है रुह की सारी नदियां
लहरें दम तोड़ती हैं तुम्हारी आंखों के आईने में
तुम्हारे शहर में प्यास बहुत है

तुम्हारे इंतजार में मैं उलीचती हूं
समंदर का सारा पानी
फिर पड़ता है सौ बरस अकाल
मेरी आंखों से गिरता है एक बूंद आँसू

तुम लगाते हो भींच कर गले
कि जैसे कुबूल करने हों दुनिया के सारे गुनाह
अनामिका उंगली में चुभती है निब
गहरे लाल से मैं लिखती हूं सजाये मौत

हम सो जाते हैं गलबहियां डाले
हमारी पहली पूरी नींद
दुनिया के नाम लिख कर
एक ही, आखिरी सुसाईड नोट


*Pic: Kurt's suicide note. Last part. Photoshopped. 

27 February, 2014

सीले उलाहने, देर, बहुत देर बाद


तुमने मुझे आखिरी चिठ्ठी कब लिखी थी? क्या कहा, सुसाईड लेटर? बेईमान कहीं के...उसमें तो सबका नाम था...तुम्हारी मां का, बहन का, एक आध पुरानी प्रेमिकाओं का भी कि तुम शादी का वादा नहीं निभा पाये, वो फलाना चिलाना से शादी कर ले ईत्यादि...मैं भीड़ में शामिल थी। तुम्हें इतना भी नहीं हुआ कि एक पर्सनल सुसाइड नोट मेरे लिये लिख जाते।

मरने का इतना ही शौक था तो मुझसे कहा क्युं नहीं, मैं तुम्हारे लिये अच्छा सा इंतजाम कर देती...हमारे बिजनेस में बहुत से ग्राहक मौत ही तलाशने आते हैं...उन्हें अदाओं से फुसला कर उनकी बीवियों के लिये जिन्दा रखने का काम मैं और मेरी सहेलियां अच्छी तरह कर लेती हैं। तुम्हें मैं पसंद नहीं थी तो एक बार कहना तो था, मैडम से कह कर कोइ और तुम्हारे लिये रेगुलर कर देती...जीने के लिये इतना ही तो चाहिये होता है ना कि कोई आपका इंतजार कर रहा हो...इससे क्या फर्क पड़ता है कि इंतजार घर पर हो रहा है या कोठे पर, बीवी कर रही है या रखैल...अच्छा चलो, रखैल न कहूं प्रेमिका कह दूं...तुम्हारी तसल्ली के लिये। कितने खत लिखा करते थे तुम मुझे...तुम्हारी परेशानियां, तुम्हारा गिरवी रखा घर, बौस के पास तुम्हारा गिरवी रखा जमीर...सब तो लिखते थे तुम, फिर इतना सा क्युं नहीं लिख पाये कि तुम्हारा जहर खाने को दिल कर रहा है।

तुम्हें मालूम होगा ना कि तुम्हारे खत मुझे जिलाये रखते थे। कैसी बेरंग दुनिया है मेरी मालूम है ना तुम्हें? दीवारों का रंग उड़ा हुआ, जाने कब आखिरी बार पुताई हुयी थी...सियाह लगता है सब। बस एक छोटा सा रोशनदान जिससे धुंधली, फीकी रोशनी गिरती रहती थी और ठंढ की रातों में कोहरा। लोग भी तो वैसे ही आते थे, बदरंग...जिन्होनें सुख की उम्मीद भी सदियों पहले छोड़ दी थी...कैसा बुझा हुआ सूरज दिखता था उनकी आँखों में...वो काली रातों के लोग थे...दिन में उनकी शक्लें पहचानना नामुमकिन है...मगर दिन में तो शायद मैं खुद को भी पहचान नहीं पाती। कैसा होता है दिन का उजाला?

तुम्हारे खतों में गांव होता था...हरे खेत होते थे...दूर तक बिछती पगडंडियां होती थीं...मैं अक्सर सोचती थी कि तुम जाने किस तलाश में इस बड़े शहर में भटक रहे हो। बिना नौकरी के सिर्फ छोटे मोटे काम करने से तुम्हारा गुजारा कैसे चलता होगा। बहुत बाद में मुझे पता चला कि तुम बहुत बड़े जमींदार के बेटे हो, खर्चा-पानी की तुम्हें कोई दिक्कत नहीं है, मगर फिर तुम्हारे चेहरे पर बिहारी मजदूरों की तरह रोज की रोटी के इंतजाम की दहशत क्युं दिखायी देती थी? तुम्हें क्या चाहिये था हर रोज? रोजी कहती थी कि तुम ड्रग अडिक्ट हो। मुझे लेकिन तुम्हारी बात पर पूरा यकीन था कि तुम्हारी कलाई पे निशान कलम की निब से हो जाते थे...मुझे कभी कभी शक होता था कि तुम मुझे खून से चिठ्ठियाँ लिखते थे...तुम्हारे खून का रंग चमकते सूरज की तरह लाल होता होगा जब तुम निब चुभाते होगे फिर कागज सारा जीवन सोख कर उसे मटमैला भूरा बना देता होगा। दुनिया ऐसा ही न करती है तुम्हारे साथ?

कौन थे तुम? आखिर क्यूं आये थे मेरी जिन्दगी में? खतों की इस जायदाद के बदले पेट में तुम्हारा बच्चा होता तो कमसे कम इस नर्क से निकलने का कोई कारण होता मेरे पास। तुम्हारे सारे खत मैंने गद्दे के नीचे बिछा दिये हैं...कोई भी कस्टमर हो, तुम्हारे होने का धोखा होता है तो तकलीफ थोड़ी कम हो जाती है। सिसकी रोकने में थोड़ी परेशानी हो रही है मगर जल्दी ही मैं फिर से चुप रोना सीख जाउंगी। यूं भी अंधेरे में किसे महसूस होती हैं हिचकियां। गर्म बियर की दो बोतल अंदर जाने के बाद क्या अंदर क्या बाहर, दुनिया पिघल जाती है बस उतने में। नसों में बहता है धीमे धीमे। दर्द की चुभन होती है धीरे धीरे।

तुम्हें नहीं होना चाहिये था। या फिर तुम्हें नहीं जाना चाहिये था। बचपन से बहुत बुरी आदतें रहीं हैं मेरी...एक तुम भी रह जाते। आज तुम्हारे घर वाले मंदिर के बाहर कंबल बांट रहे थे, तुम्हारे पुराने कपड़े भी...तुम्हारी कलम, दवात, किताबें...यूं टुकड़ों में तुम्हें बँटते देखा तो लगा तुम इतने विशाल थे, मेरे पास तो तुम्हारे वजूद की कोरी पुर्जियां मौजूद थीं। मैंने वो पीला कुरता मांग लिया जिसमें तुम पहली बार मुझसे मिलने आये थे। मैंने आज तक वैसा सुंदर कपड़ा नहीं पहना...धुला...इस्त्री किया हुआ...लोबान की गंध में लिपटा।

तुमसे कभी कहा नहीं, धंधे का उसूल है...मगर भटके हुये मेरे मालिक...मुझे तुमसे प्रेम हो गया था...मैं तुम्हें जिन्दा रखने के लिये कुछ भी करती...बस एक खत लिख के जाते तुम मेरे नाम। खुदा तुम्हें जन्नत बख्शे।
आमीन। 

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...