16 December, 2013

अाँख बंद करने में क्या जाता है


अगर अाप को खुद की अौकात पता न हो तो दिन में ऐसे अनगिन लोग अायेंगे जिनका अापके जीवन में होने का इकलौता उद्देश्य ये होगा कि अापको अापकी अौकात याद दिलाते रहें। यूं अपनी अौकात बड़ी पर्सनल चीज़ है, मगर इतनी पर्सनल कि सार्वजनिक, जैसे पटना के गर्ल्स स्कूल के उस लेस्बियन अफेयर का अभी याद अाना...कैसी दो लड़कियां थीं वो, साथ वैसे ही रहतीं जैसे स्कूल की बाकी लड़कियां, फिर उनके प्यार में ऐसा क्या था कि उनके चर्चे लंच की रूखी रोटी में अचार का जायका डाल देते थे? पता नहीं सच क्या था, वे नॉर्मल बेस्ट फ्रेंडस भी तो हो सकती थीं, फिर स्कूल में एन्टरटेन्मेंट की कमी को ध्यान रखते हुये सर्व सम्मति से बिल पास हुअा कि सब को उनके बारे में अफवाह फैलाने की पूरी इजाजत है, बशर्ते अफवाह में सच की कोइ मिलावट न हो। ऐसे किसी भी अफेयर के बारे में वो मेरा पहला इन्ट्रो था। फिर याद तो इस्मत की कहानी 'लिहाफ' भी अा रही है, उसका मुकदमा, मंटो के साथ की उसकी बातें भी 'तुमने एक ही तो तबियत से कहानी लिखी है'। 

अाजादी। द अायरनी अॉफ इट...किलर। हम कैसे देश में रहते हैं जहाँ का सर्वोच्च न्यायालय निर्णय लेता है कि बंद कमरे में दो वयस्क अपनी मर्जी से जो करें उनका पर्सनल नहीं सामाजिक मामला है! एक तरफ गे/लेस्बियन रिलेशन क्रिमिनल हैं लेकिन मैरिटल रेप के मामले में कोइ ठोस लॉ नहीं हैं, ना ही ये एक क्रिमिनल ओफेन्स है। जहाँ इन्वोल्व होना चाहिये वहाँ पीछे और जहाँ स्पेस देने की जरुरत है वहाँ अपना कानून चला दिये। ये कैसा इंसाफ है? 

हर कुछ दिन में चैन की साँस लेने के दिन अाते हैं तो ऐसा ही फैसला कोई भी सुना कर हमारी अौकात याद दिला दी जाती है, ठंढे पाले में चलो इंडिया गेट पर, मोमबत्ती जलाते हैं...सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बेहद निराशा हुयी। मुझे एक तो समाज चलाने के नियम वैसे ही खास समझ नहीं अाते। ये क्या कम बुरा है कि LGBT को हर तरफ मजाक का विषय बनाया जाता है कि वापस इसे इलिगल भी बना दिया गया। दिल्ली हाई कोर्ट ने एक ऐतिहासिक जजमेंट दिया था। सोचो, एक प्यार के बीच कितने लोगों से परमिशन लेनी पड़ती है. हर तरह का कानून सही लोगों के खिलाफ अौर गलत लोगों के पक्ष में खड़ा दिखाई देता है। 

कोलेज में बहुत सी चीज़ें सीखीं पर जो सबसे जरुरी लेसन था वो ये कि लोगों को उनके हिस्से के निर्णय लेने की स्वतंत्रता अौर उनके फैसले का हर हद तक सम्मान...यही एक बेहतर मनुष्य की पहचान होती है। किसी के मुश्किल निर्णयों में हमेशा उसके साथ खड़े रहना, न कि खिलाफ, चाहे तुम्हें वो फैसला कितना भी गलत लगे। अपनी गलतियों से सीखना सबका बुनियादी अधिकार है। अपनी खुद की खुशियाँ तलाश करना भी। 

किसी भी तरह की माइनोरिटी होना त्रासद होता है, कम से कम इसे क्रिमिनल ना किया जाये। अपने देश के संविधान अौर न्यायपालिका पर अब भी मेरा पूरा विश्वास है...शायद ये अपने देश से प्यार के कारण ही है...उम्मीद है, हमारे नेता सिर्फ हवा में बातें ना करेंगे बल्कि कुछ कारगर करेंगे। तब तक के लिये सिर्फ प्रार्थना कि हमारे देश को थोड़ी सद्बुद्धि अाये।

मेरा नया मैक बुक प्रो

इधर बहुत दिन से अपना पर्सनल लैपटौप नहीं था पास में. पिछली बार जब सोनी वायो खरीदा था तो देखा था कि मैक में हिन्दी टाइपिंग का कोई ऐसा औप्शन नहीं था जिसे इस्तेमाल किया जा सके. मेरे लिये लैपटौप का अच्छा काम करना जितना जरुरी था उतना ही जरुरी था कि दिखने में भी अच्छा हो. लाल रंग का वायो मुझे बेहद पसंद था. उसपर कुछ बहुत पसंदीदा लिखा भी. फिर पिछले साल, बिना किसी वार्निंग के वो क्रैश कर गया. अपने साथ मेरा कितना कुछ हमेशा के लिये लेकर. हार्ड डिस्क से अाजतक भी कुछ रिकवर नहीं हुअा. इस बीच काम के लिये औफिस से नया लैपटौप मिला, डेल का...मैंने उससे बोरिंग पीसी अाजतक नहीं देखा. जहाँ मुझे कलम तक अलग रंगों में चाहिये होती है, वहाँ उस लैपटौप पर कुछ लिखने का मन ही करे. साल होने को अाया, अाखिर सोचा कि अब अौर इंतज़ार नहीं...नया लैपटौप लेना ही होगा.

दूसरी परेशानी अौफिस के काम को लेकर थी, लैपटौप बेहद स्लो है. मुझे मेरी सोच की रफ्तार से चलने वाला कुछ चाहिये था. दिन भर स्लो लैपटौप में काम करने से वक्त भी ज्यादा लगता अौर इरिटेशन अलग होती. कलम के बजाये लैपटौप पर ज्यादा लिखने की अादत भी इसलिये पड़ी कि लैपटौप फास्ट ज्यादा है. फिर से अॉप्शन देखे तो मैक के बराबरी का कुछ भी नहीं दिखा...दिक्कत सिर्फ ये थी कि मैक में लिखने के लिये सब कुछ फिर से सीखना पड़ता. इतने सालों से गूगल का ट्रान्सलिटरेट टूल इस्तेमाल करने के बाद बिना सोचे टाईप करने की अादत बन गयी है...लिखना एकदम एफर्टलेस रहा है. यहाँ हर शब्द लिखने के बाद देखना पड़ता है. रफ्तार इतनी स्लो है कि कोफ्त होती है. मगर उम्मीद पे दुनिया कायम है...मूड बना कर स्टोर गये तो देखे कि जो पसंद अा रहा है करीब ९० हज़ार का है. इतना सोच के गये नहीं थे, वापस अा गये. फिर शुरु हुअा अपने को समझाने का वही पुराना सिलसिला जो हर महँगी चीज़ की इच्छा हो जाने पर होता है...जस्टिफाय करना खुद को कि मुझे इतना महँगा सिस्टम क्यूँ चाहिये. मन कहता इतनी मेहनत करती हूँ अाइ टोटली डिजर्व इट. फिर लगे कि फिजूल खर्ची है...कहीं पर थोड़ा ऐडजस्ट कर लूँ तो कम पैसे में बेहतर चीज अा सकती है, मन कौम्प्रमाइज करना नहीं चाहे, उसे या तो सब कुछ चाहिये, या कुछ भी नहीं।

नया मैक प्रो हाल में ही अाया था। रिव्यु सारे अच्छे दिखे। अब सारी अाफत सिर्फ इस बात की थी कि नये सिरे से सब सीखना कितना मुश्किल होने वाला है। दिन भर सोचा, फिर लगा, अाज नहीं कल करना ही है, जितनी जल्दी शुरु हो जाये, सुविधा ही रहेगी। हिन्दी टाइपिंग सारी फिर से सीखनी होती...काल करे सो अाज कर...मेरे वाले प्रो में ५१२ जीबी रैम है, रेटिना डिस्पले है अौर इसका वजन सिर्फ १.५ किलो है। कैलकुलेट किया तो देखा कि इससे ज्यादा वजन तो पानी की बोतल जो लेकर चलती हूं उसका होता है। नया मौडल पुराने वाले से कहीं ज्यादा हल्का भी है अौर तेज़ भी...इसमें फ्लैश मेमोरी है, गिरने पर भी डेटा खराब नहीं होगा, काफी तेज भी है। दो हफ्ते होने को अाये इस्तेमाल करते हुये, बहुत प्यारी चीज़ है।

अगर अाफत है तो सिर्फ ये, कि इस पर अभी लिखने की अादत नहीं बनी है, थोड़ा वक्त लगेगा। दूसरी अाफत है कि इस पर हिन्दी लिखना मुश्किल है काफी...बहुत सी मात्राअों के लिये शिफ्ट दबाना पड़ता है, कुछ के लिये तो अौप्शन की अौर शिफ्ट की, दोनो दबाना पड़ता है, इसके बाद जा के तीसरा की दबाते हैं। फिलहाल लिखना दुःस्वप्न जैसा है। हर अक्षर लिखने के पहले सोचना पड़ता है, कभी कभी लगता है कि क्या अाफत मोल लिये। स्पीड भी बहुत स्लो है टाइपिंग की। कितना कुछ तो बस लिखने के अालस में नहीं लिखती हूं। पर धीरे धीरे स्थिति बेहतर हो रही है। साल खत्म होने को अाया, कुछ नया, इस साल के जाते जाते। १३ इंच का मेरे मैक मेरी रिसर्च के हिसाब से ये अभी दुनिया का सबसे अच्छा लैपटौप है :)

मुश्किलें बहुत हैं...पर सीखना जारी है। जस्टिफिकेशन भी कि मुझे यही लैपटौप क्युँ चाहिये था। वो सब चलता रहेगा। फिलहाल I am trying to prove to myself, I am worth it :) वो लोरियल के ऐड जैसा। गिल्ट है जोर से। पर बाकी खर्चे पर कंट्रोल कर लूंगी, अौर खूब सारी मेहनत से काम करूँगी इसपर वगैरह वगैरह, फिर कुणाल ने न खरीदा होता तो हम खुद से थोड़े इतना महंगा लैपटौप खरीदने जाते, ये तो गिफ्ट है...इतना क्या सोचना। हज़ार अाफतों वाली जिन्दगी में, डूबते को तिनके का सहारा है मेरा मैक। दिसंबर महीने का मेरा प्यार का कोटा फुल :) इंस्टैन्ट लव। हाय मैं सदके जावां...बुरी नज़र वाले तेरा मुँह काला :) :)

11 December, 2013

सवालों का बरछत्ता

मैं हवा में गुम होती जा रही हूँ, उसे नहीं दिखता...उसके सामने मेरी अाँखों का रंग फीका पड़ता जाता है, उसे नहीं दिखता...मैं छूटती जा रही हूँ कहीं, उसे नहीं दिखता...
---
मैं गुज़रती हूँ हर घड़ी किसी अग्निपरीक्षा से...मेरा मन ही मुझे खाक करता जाता है। यूँ हार मानने की अादत तो कभी नहीं रही। कैसी थकान है, सब कुछ हार जाने जैसी...कुरुक्षेत्र में कुन्ती के विलाप जैसी...न कह पाने की विवशता...न खुद को बदल पाने का हौसला, जिन्दगी अाखिर किस शय का नाम है?

कर्ण को मिले शाप जैसी, ऐन वक्त पर भूले हुये ब्रम्हास्त्र जैसी...क्या खो गया है अाखिर कि तलाश में इतना भटक रही हूँ...क्या चाहिये अाखिर? ये उम्र तो सवाल पूछने की नहीं रही...मेरे पास कुछ तो जवाब होने चाहिये जिन्दगी के...धोखा सा लगता है...जैसे तीर धँसा हो कोई...अाखिर जिये जाने का सबब कुछ तो हो!
---
क्या चाहिये होता है खुश रहने के लिये? कौन सा बैंक होता है जहाँ सारी खुशियों का डिपॉजिट होता है? मेरे अकाउंट में कुछ लोग पेन्डिंग पड़े हैं। उनका क्या करूँ समझ नहीं अाता...अरसा पहले उनके बिना जिन्दगी अधूरी थी...अरसा बाद, उनके बिना मैं अधूरी हूँ...किसी खाके में फिट कर सकती तो कितना अच्छा होता...दोस्त, महबूब, दुश्मन सही...कोई नाम तो होता रिश्ते का।
---
ऐसा नहीं है कि मैं नहीं जानती कि एक दूसरे के बिना हम जी लेंगे, बस इतना भर लगता था कि एक झगड़े में पूरी उम्र बात न करने जैसी कोई बात नहीं होनी चाहिये। खुश होगे तुम, कि तुम्हें खुश रहने का हुनर अाता है, बस इतना जानना था कि कभी तन्हा बैठे हुये मेरी याद तुम्हें भी अाती है क्या?

मैं अब भी खुद को नहीं जानती...कितना कुछ समझना अब भी बाकी है। अफसोस ये है कि मै कोई अौर होना चाहती हूँ, बेहतर कोई...जिसे रिश्तों की, जिन्दगी की ज्यादा समझ हो। खुद को माफ कर पाना अासान नहीं लगता। अब कोरी स्लेट नहीं मिल सकती जिसपर फिर से लिखा जाये सब कुछ।
---
कुछ खत रखे हैं, ताखे पर। उन्हें भेज दूँ। बहीखाता जिन्दगी का बंद करने के पहले कुछ उधार चुका दूँ लोगों का बकाया। निगेटिव होती जा रही हूं, अपनी मुस्कान भूल अायी हूँ कहीं। सब उल्टा पुल्टा है। खुशी अंदर से अाती है। बस इस अंधेरे का कुछ करना होगा। 

08 December, 2013

एकांत मृत्यु


कैसा होता है...बिना खिड़की के कमरे में रहना...बिना दस्तक के इंतजार में...चुप चाप मर जाना. बिना किसी से कुछ कहे...बिना किसी से कुछ माँगे...जिन्दगी से कोई शिकवा किये बगैर. कैसे होते हैं अकेले मर जाने वाले लोग? मेरे तुम्हारे जैसे ही होते हैं कि कुछ अलग होते हैं?

अभागा क्यूँ कहती थी तुम्हें मेरी माँ? तुम्हारे किस दुख की थाती वो अपने अंदर जिये जाती थी? छीज छीज पूरा गाँव डूबने को आया, एक तुम हो कि तुम्हें किसी से मतलब ही नहीं. मुझे भी क्या कौतुक सूझा होगा कि तुमसे दिल लगा बैठी. देर रात नीलकंठ की परछाई देखी है. आँखों के समंदर में भूकंप आया है. कोई नया देश उगेगा अब, जिसमें मुझ जैसे निष्कासित लोगों के लिये जगह होगी. 

रूह एक यातना शिविर है जिसमें अतीत के दिनों को जबरन कैदी बना कर रखा गया है. ये दिन कहीं और जाना चाहते हैं मगर पहरा बहुत कड़ा है, भागने का कोई रास्ता भी मालूम नहीं. जिस्म का संतरी बड़ा सख्तजान है. उसकी नजर बचा कर एक सुरंग खोदी गयी कि दुनिया से मदद माँगी जा सके, कुछ खत बहाये गये नदी किनारे नावों पर. दुनिया मगर अंधी और बहरी होने का नाटक करती रही कि उसमें बड़ा सुकून था. सब कुछ 'सत्य' के लिये नहीं किया जा सकता, कुछ पागलपन महज स्वार्थ के लिये भी करने चाहिये. 

मैं उस अाग की तलाश में हूँ जो मुझे जला कर राख कर सके. कुछ दिनों से ऐसा ही कुछ धधक रहा है मेरे अंदर. जैसे कुछ लोगों की इच्छा होती है कि मरने के बाद उनकी अस्थियाँ समंदर में बहा दी जायें ताकि जाने के बरसों बाद भी उनका कुछ कण कण में रहे. मैं जीते जी ऐसे ही खुद को रख रही हूँ...अनगिन कहानियों में अपनी जिन्दगी का कुछ...कण कण भर.

वैराग में दर्द नहीं होना चाहिये. मन कैसे जाने फर्क? वसंत का भी रंग केसर, बैराग का भी रंग भगवा. पी की रट करता मन कैसे गाये राग मल्हार? बहेलिया समझता है चिड़ियों की भाषा...कभी कभी उसके प्राण में बस जाती है एक गूंगी चिड़िया, उसके अबोले गीत का प्रतिशोध होता है अनेक चिड़ियों का खुला अासमान. एक दिन बहेलिये के सपने में आती है वही उदास चिड़िया अौर गाती है मृत्युगीत. फुदकती हुयी अाती है पिंजरे के अन्दर अौर बंद कर लेती है साँकल. बहेलिये की अात्मा मुक्त होती है अौर उड़ती है अासमान से ऊँचा. 

दुअाअों की फसल उगाने वाला वह दुनिया का अाखिरी गाँव था. बाकी गाँवों के बाशिन्दे अगवा हो गये थे अौर गाँव उजाड़...अहसानफ़रामोश दुनिया ने न सिर्फ उनकी रोजी छीनी थी, बल्कि उनके अात्मविश्वास की धज्जियाँ उड़ा दीं थीं. गाँव की मुद्रा 'शुकराना' थी, कुबुल हुयी दुअा अपने हिस्से के शुकराने लाती थी, फिर हफ्तों दावतें चलतीं. मगर ये सब बहुत पुरानी बात है, अाजकल अालम ये है कि बच्चों की दुअाअों पर भी टैक्स लगने लगा है. फैशन में अाजकल बल्क दुअायें हैं...लम्हा लम्हा किसी के खून पसीने से सींचे गये दुअाअों की कद्र अब कहाँ. कल बुलडोजर चलाने के बाद जमीन समतल कर दी गयी. खबर बाहर गयी तो दंगे भड़क गये. हर ईश्वर उस जगह ही अपना अॉफिस खोलना चाहता है. गाँव के लोग जिस रिफ्यूजी कैम्प में बसाये गये थे वहाँ जहरीला खाना खाने के कारण पूरे गाँव की मृत्यु हो गयी. मुअावज़े की रकम के लिये दावेदारी का मुकदमा जारी है. 

खूबसूरत होना एक श्राप है. इस सलीब पर अाप उम्र भर टाँगे जायेंगे. अापकी हर चीज़ को शक के नज़रिये से देखा जायेगा...अापके ख़्वाबों पर दुनिया भर की सेन्सरशिप लगेगी. अापको अपनी खूबसूरती से डर लगेगा. ईश्क अापको बार बार ठगेगा और सारे इल्ज़ाम अापके सर होंगे. इस सब के बावजूद कहीं, कोई एक लड़की होगी जो हर रोज़ अाइना देखेगी और कहेगी, दुनिया इसी काबिल है कि ठोकरों मे रखी जाये. 

एक जिन्दगी होगी, बेहद अजीब तरीके से उलझी हुयी, मगर चाँद होगा, लॉन्ग ड्राइव्स होंगी...थोड़ा सा मर कर बहुत सा जीना होगा. कर तो लोगी ना इतना?

01 December, 2013

तितलियों का राग वसंत

टेक १: इनडोर. कमरा
वो नीले रंग में उँगलियाँ डुबाती है...एक पूरा का पूरा ओर्केस्ट्रा बज उठता है...लड़की घबरा उठती है और उँगलियों की अचानक हुयी हरकत से पेंट की शीशी नीचे गिर कर टूट जाती है...टूटने की कोई आवाज़ नहीं होती. यादों का एक अंधड़ आता है और उसे किसी बेहद पुराने समय में खींच कर ले जाता है...एक महीने की बच्ची के पालने पर एक नीले रंग का खिलौना झूल रहा है. उसकी माँ नीले रंग के दुपट्टे में उसे देख रही है और एक गीत गा रही है...रिकोर्ड प्लेयर पर क्लासिक एलपी बज रहा है...ला वि एन रोज...

बहुत दिन बाद उसे ला वि एन रोज का मतलब पता चलता है...गुलाबी रंग की दुनिया या ऐसा कुछ...मगर इस गाने को सुनती है तो उसकी आँखों में एक नीला आसमान ही खुलता है...परदे दर परदे हटा कर.

उस लड़की को रंग सुनाई देते हैं...
---
जिंदगी से संगीत चले जाने पर एक बेहद बड़ी जगह खाली हो गयी थी...उसके डॉक्टर ने उसे बताया कि उसे शायद खुद को एक्सप्रेस करने के लिए किसी और माध्यम का इस्तेमाल करना चाहिए...बचपन से उसकी पेंटिंग सीखने की दिली तमन्ना भी थी...तो आज वो एजल लेकर आई थी और ऐसे ही बेखयाली में नीली रंग की शीशी में हलके से ऊँगली को डुबोया था.

उसे कोई भी आवाज़ सुने महीनों बीत गए थे...उसे कभी कभी लगता था कि इतनी खामोशी है कि वो पागल हो जायेगी.

शुरुआत सिर्फ रंगों और पुरानी यादों से हुयी फिर उसे डॉक्टर ने कुछ और केसेज के बारे में बताया...जहाँ पूर्णतः या आंशिक बहरे लोग चीज़ों को छू कर सुन सकते थे...सुनना वैसे भी कंपन का एक दिमागी इन्तेर्प्रेटेशन ही होता है...

वो छू कर सुन सकती है...
---

टेक २: आउटडोर, बारिश

खिड़की से बाहर बारिश हो रही है...लड़की चुपचाप देख रही है...लड़की बाहर निकलती है बारिश में...पोर्टिको से जरा सा हाथ बाहर निकाला है. गुदगुदी होती है और सरगम दौड़ जाती है पानी की बूंदों में...रे ग म प ग रे सा नी...कौन सा राग था? नी-इ-र भ-र-न कैसे जा-आ-ऊँ सखी री...डगर चलत छेड़े...श्याम सखी री...वो प्यासी पानी में खोये सुरों की तलाश में निकली थी. उसने हलके नीले रंग की टीशर्ट पहनी थी और काली चेक के शॉर्ट्स. ये उसका सबसे पसंदीदा नाईटवियर था. उसने छोटे छोटे कदम लिए और बाँहें फैला कर बारिश में खड़ी हो गयी. वो वाद्ययंत्र थी...वायलिन के तार सी खिंची हुयी...बारिश की हर बूँद एक नया सुर उत्पन्न कर रही थी उसमें. संगीत कहीं बाहर नहीं...उसके अंदर था...उसके कण कण से फूटता हुआ. वो देर तक बारिश में भीगती हुए इस नए राग को अपने अन्दर सकेरती रही.

उसे सुनने के लिए चीज़ों को छूना पड़ता इसलिए संगीत सीखना उसके लिए बेहद मुश्किल होने वाला था मगर उसकी जिद अभी भी गयी नहीं थी. उसने कई लोगों से बात कर कर फाइनली अपना टीचर पसंद किया. उसके जैसा ही था वो भी. या उससे ज्यादा सिरफिरा और पागल मगर उसकी उँगलियाँ गिटार पर ऐसे भागती थीं जितनी तेज़ तो बारिश भी नहीं होती. लड़की दिन दिन भर उसे सुनते रहती. रात रात भर प्रैक्टिस करती. उसकी दुनिया में किसी और चीज़ की जरूरत नहीं थी.

फिर एक रात उसे नीले रंग के सपने आये. पेरिस की सड़कों पर नीले गुलाब की पंखुडियां बिखरी हुयी थीं और उसके चाहने वालों को दो तरफ से पुलिस ने रोके रखा था. वो तेज़ी से सड़कों पर भागी जा रही थी. उस रात पहली बार एक कंसर्ट करने की ख्वाहिश ने उसके अन्दर जन्म लिया.

टेक ३: आउटडोर, कंसर्ट, पागल होते लोग, बहुत सा शोर और फिर...म्यूट.
घंटों बारिश होती रही थी मगर इंतज़ार करते लोग टस से मस नहीं हुए थे. उसने सब कुछ काले रंग का पहन रखा था. सिर्फ गले में एक स्कार्फ के सिवा. (फ्लैशबैक) उसे आज भी वो दिन याद है...देर रात तक वो प्रैक्टिस करती रही थी. अगली सुबह वो ऐसी बेसुध थी कि महसूस भी न कर पायी कि घर का दरवाज़ा खुला है और कोई अन्दर आया है. उँगलियाँ लहूलुहान हो गयी थीं. उसे बारिश के शोर को संगीत में उतारना था. उसने कुछ नहीं कहा...उसकी उँगलियाँ चूमीं और गले से स्कार्फ उतार कर उसके हथेली पर लपेट दिया. फिर अपने साथ खींच कर ड्राइव पर ले गया था. उसके घर पर जाने के लिए एक लकड़ी का पुल था...पुल पर दौड़ते हुए बिल्ली और कुत्ते के बच्चे. लड़की नहीं जानती थी कि वो उसे अपने घर क्यूँ ले गया था. उस स्कार्फ को गले में बांधते हुए उसे लगा था वो दुनिया में अकेली नहीं है. कंसर्ट पर जाने के पहले उसने खुद को आदमकद आईने में देखा. ऊपर से नीचे तक ब्लैक और गले में लिपटा गहरा लाल स्कार्फ...जैसे वो कान में धीरे से कह जाए...आई लव यू.

बहुत देर तक लोग उसे सांस थामे सुनते रहते...आखिरी गीत में उसने लोगों के बीच खुद को छोड़ दिया...वो हवा में थी...उसका पूरा बदन हवा में...उसके चाहने वालों ने उसे हाथों हाथ उठा रखा था. ऐसा कौन नहीं था जिसने उसे छुआ न हो...हर आत्मा का अलग शब्द था...राग था...कंसर्ट ख़त्म होते हुए वो सिम्फनी हो गयी थी.

डॉक्टर कहता था वो सुन नहीं सकती थी...दुनिया के डिफिनेशन के हिसाब से वो सुन नहीं सकती थी...मगर कहीं कोई खुदा था जिसने उसके हिस्से इतना सारा संगीत लिख रखा था कि वो बारिश सुनती थी, लहरें सुनती थी, धूप सुनती थी, पागलपन सुनती थी...मौसम सुनती थी, तितलियों का वसंत राग सुनती थी...विन्सेंट की स्टारी नाईट सुनती थी...वो इतना कुछ सुनती थी कि कोई और सुन नहीं पाता था. उसने ही एक दिन मेरी नब्ज़ सुनी और मुझे बताया कि मेरा दिल हर तीन सौ पैंसठ बार धड़कने के बाद एक चुप साधता है. दिल को कमबख्त साल और दिन में अंतर नहीं मालूम न. उसे लगता है इतनी सी धड़कनों बाद तुम्हारा फोन आएगा...वो जो तुम मेरे बर्थडे पर करते हो.

मैंने फिलहाल उसे फुसला दिया है कि उसकी भी मैथ मेरे जैसी ख़राब होगी...ऐसा कोई नहीं जिसे मैं इतना याद करूँ. अच्छा हुआ उसने नब्ज़ पर ही हाथ रखी थी...जो दिल पर रखती तो तुम्हारा नाम जान जाती. अभी अभी उसे फ्लाईट पर चढ़ा कर आई हूँ. ड्राइव करते हुए तुम्हें ही सोचती रही. रात बहुत हुयी...हिचकियों से तुम्हारी नींद खुली हो तो माफ़ करना. 

29 November, 2013

सियाही का रंग सियाह

उसे उदास होने का शौक लगा रहता...वो देखती साथ की दोस्तों को उदास आहें भरते हुए...गम में शाम की उदासी का जिक्र करते हुए...धूप में बादल को तलाशते और बारिश वाले दिनों में सूरज की गर्मी ढूंढते हुए. उसकी बड़ी इच्छा होती कि वो भी किसी के प्यार में उदास हो जाए...कोई उससे दूर रहे और वो उसकी याद में कवितायें लिखे लेकिन उसके साथ ऐसा होता नहीं. उसे किसी से प्यार होता तो वो उसे अपने दिल में बहुत सी जगह खाली कर के परमानेंट बसा लेती...फिर उसे कभी उस ख़ास को 'मिस' करने का मौका नहीं मिलता.

उसके इर्द गिर्द बहुत सुख थे इसलिए वो दुःख के पीछे मरीचिका सी भागती...उसे दुःख में होना बहुत ग्लैमरस लगता. इमेज कोई ऐसी उभरती कि करीने से लगा मस्कारा थोड़ा थोड़ा बह गया है...काजल की महीन रेखा भी थोड़ी डगमगा रही है कि जैसे हलके नशे में काजल लगाया गया हो. चेहरे पर के मेक-अप की परतों में रात को नहीं सोने वाले काले गड्ढे ढक दिए गए हैं...कंसीलर से छुपा लिया है टेंशन के कारण उगे मुहांसों को भी...और इतने पर भी अगर कमी बाकी रह गयी तो एक बड़ा सा काला चश्मा चढ़ा लिया कि कुछ दिखे ही ना. फीके रंग के कपड़े पहनना कि आसपास आती रौशनी भी उदास दिखे. चटख रंग के कपड़े उदासी को पास नहीं फटकने देते. 
---
तारीखों का चकमक पत्थर है, घिसती हूँ तो कुछ चिंगारियां छूटती हैं...हाथ छुड़ा के भागती है कोई लड़की दुनिया की भीड़ में कि उसे मालूम है कि जब जंगल में आग लगती है तो किसी मौसम से कोई फर्क नहीं पड़ता. उसने भारी बरसातों में जंगल जलते देखे हैं...धुआं इतना गहरा होता है कि देख कर मालूम करना मुश्किल होता है कि आसमान का काला रंग जंगल से उठ रहा है या जंगल का सियाह रंग बादलों से बरस रहा है.
---

कि उसकी उँगलियों से स्याही और सिगरेट की गंध आती थी. उसके लिए सिगरेट कलम थी...सोच धुआं. बारिश का शोर टीन के टप्पर पर जिस रफ़्तार से बजता था उसी रफ़्तार से उसकी उँगलियाँ कीबोर्ड पर भागती थीं. उसके शहर में आई बारिशें भी पलाश के पेड़ों पर लगी आग को बुझा नहीं पाती थीं. भीगे अंगारे सड़क किनारे बहती नदियों में जान देने को बरसते रहते थे मगर धरती का ताप कम नहीं होता था.

तेज़ बरसातों में सिगरेट जलाने का हुनर कई दिनों में आया था उसे. लिखते हुए अक्सर अपनी उँगलियों में जाने किसकी गंध तलाशती रहती थी. उसकी कहानियां बरसाती नदियों जैसी प्यासी हुआ करती थीं.
---
एक लड़की थी...बहुत दिनों से कहानी लिखने की कोशिश कर रही थी पर उसके किरदार पूरी जिंदगी जीने के पहले ही कहानी के पन्नों से उठ कर कहीं चले जाते थे. उसे लिखते हुए कभी मालूम नहीं होता किस किरदार की उम्र कितनी होगी. वो हर बार बस इतना ही चाहती कि कहानी का अंत कम से कम उसे मालूम हो जाए मगर उसके किरदार बड़े जिद्दी थे...अपनी मनमर्जी से आते थे अपने मनमाफिक काम करते थे और जब उनका मूड होता या जब वे बोर हो जाते, लड़की से अलविदा कहे बिना भी चले जाते. यूँ गलती तो लड़की की ही थी कि वो ऐसे किरदार बनाती ही क्यूँ थी...मगर बहुत सी चीज़ों पर आपका हक नहीं होता...वो आपके होते हुए भी पराये होते हैं.
---
मेरी उँगलियों में तुम्हारी सिगरेट की गंध बसी हुयी है, मेरी शामों में तुम्हारा रूठ कर जाना...मेरी बरसातों में हरा दुपट्टा ओढ़े एक लड़की भीगती है...ठंढ की रातों में मुंह से सफ़ेद धुआं निकलता है तो स्कूल ड्रेस के लाल कार्डिगन की याद आती है. मौसमों के पागल हो जाने के दिन हैं और मैं पूरे पूरे दिन भीगते हुए गाने सुनना चाहती हूँ.

मैं समंदर में एक कश्ती डाल देना चाहती हूँ...मैं तूफ़ान की ओर बढ़ती हूँ और तूफ़ान कदम समेटता है...मैं देखती हूँ उस लड़की को जो मुझसे एकदम अलग है...मुझे उस लड़की से डर लगता है...उस लड़की से किसी को भी डर लगता है. वो जाने किस नींद से जागने लगी है...वो लड़की कितनी गहरी है कि प्यार का एक बूँद  भी नहीं छलकता उसकी अंजुरी से...उस लड़की में कितना अंधकार है कि हर रौशनी से दूर भागती है. वो कितनी डिसट्रक्टिव है...उसमें कितना ज्यादा गुस्सा है. मैं उसकी इच्छाशक्ति को देखती हूँ तो थरथराती हूँ. देखती हूँ कि दुर्गा अवतार से काली बनना बहुत मुश्किल नहीं होता.

तांडव करते हुए सबसे पहले जो टूटता है वो अभिमान है...

28 November, 2013

नीले कोट की सर्दियाँ कब आएँगी?

कभी कभी लगता है सब एकदम खाली है. निर्वात है. कुछ ऐसा कि अपने अन्दर खींचता है, तोड़ डालने के लिए. और फिर ऐसे दिन आते हैं जैसे आज है कि लगता है लबालब भरा प्याला है. आँख में आंसू ऐसे ही ठहरे रहते हैं कोर पर और खूब खूब सारा रो लेने को जी चाहता है. मन भरा भरा सा लगता है. कुछ ऐसा कि लगता है विस्फोट हो जाएगा. जगह नहीं है इतने कुछ की.

बहुत शिद्दत से एक सिगरेट की तलब महसूस होती है. पैकेट निकाल कर सामने रखा है. इसमें ज़िप लॉक टेक्नोलॉजी है कि जिससे सिगरेट हमेशा फ्रेश रहे. मालूम नहीं कितनी असरदार है तकनीक. एक सिगरेट निकाल कर खुशबू महसूस करती हूँ उसकी. अच्छी ही लगती है. याद नहीं ये वाला पैकेट कितने दिन पहले ख़रीदा था. सिगरेट के पैकेट पर कभी एक्सपायरी डेट दिखी हो ऐसा याद नहीं. हाँ मेरी एक्सपायरी डेट जरूर लिखी दिखती है. स्मोकिंग सीरियसली हार्म्स यू एंड अदर्स अराउंड यू. इसलिए अगर पीना है तो ऑफिस से बाहर सड़क पर टहलते हुए पीनी पड़ेगी. टहलने लायक एनर्जी है ऐसा महसूस नहीं हो रहा है मुझे. सोच रही हूँ किसी से पूछूं, अगर कोई एकदम ही रैंडम में सिगरेट पीता है, जैसे कि साल के ऐसे किसी दिन तो भी उसके कैंसर से मरने के चांसेस रहते हैं. गूगल कुछ नहीं बताता.

Right now i'd give anything for just the right to smoke here, right at my table...but well...there are the rules.

उदासियाँ अकेले नहीं आतीं, अपने साथ मौसम का मिजाज भी लाती है, गहरा सलेटी...जिसमें धूप नहीं उगती. कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा. आज खाना भी ठीक से नहीं खाया. सुबह कुक देर से आई. उसके आते आते बिना ब्रेकफास्ट किये ऑफिस जाने का मूड हो चुका था. कभी कभी लगता है कि भूख कोई चीज़ नहीं होती है. मूड ख़राब हो तो अच्छा खाना भी खाया नहीं जाता और गंध से ही उबकाई आती है. सुबह कुछ काम करना था, मेल्स वगैरह. थोड़ा और काम.

लंच कोई तरह से अन्दर धकेला...कि खा लेना जरूरी है समय पर. फिलहाल उदासी एकदम गहरी नदी की तरह है और उबरने का कोई तरीका नहीं दिख रहा. न कुछ पढ़ने का दिल कर रहा है न लिखने का. फिल्म देखने का भी कोई असर नहीं. अन्दर अन्दर भीगना और रिसना जैसा कुछ. जैसे सारी दीवारें सीली हैं और छूने से डर लगता है. एक कहानी लौट लौट कर याद आ रही है आदमखोर इमारतों में बंद रूहों को आज़ाद कर दो. लगता है वैसे ही किसी अस्पताल के कमरे में भर्ती हूँ सदियों से. न कोई मिलने वाला आया है, न डॉक्टर इलाज की कोई आखिरी तरीख बताते हैं.

मर जाने के सारे तरीके बेअसर साबित हुए हैं. इतना थका हुआ सा लगता है कि मर जाने की भी सारी प्लानिंग करनी मुश्किल लग रही है. उस रास्ते पर जाने के लिए बहुत टेक्नीकल होना पड़ता है. बहुत सी और चीज़ें सोचनी पड़ती हैं. अभी सिर्फ और सिर्फ उसकी याद आ रही है. एक वो ही थी न जिसको दिन में कभी भी फ़ोन करो समझ जाती थी कि सब ठीक नहीं है. उसके बिना जीने की आदत क्यूँ नहीं लगती. छः साल हो गए उसे गए हुए. अब भी ऐसे किसी दिन उसे खोजना बंद क्यूँ नहीं करती. कितना भागती हूँ उससे. उसकी कहीं फोटो नहीं रखी है फिर भी खुले आसमान के नीचे खड़े होने पर लगता है, वो है कहीं. देख रही है हमको.

१८ घंटे लगातार काम करने की कैपेसिटी नहीं है मेरी. थक जाती हूँ. सीढियां चढ़ती उतरती भागती. खाने का होश नहीं. कभी कभी कुक के नहीं आने से बहुत इरीटेशन होती है. मैं बिना खाए रह भी जाऊं...कुणाल के लिए घर का खाना नहीं होता है तो इतनी गिल्ट फीलिंग होती है कि समझ नहीं आता क्या करूँ. कल रात भी बाहर खाया है. मुझसे घर सम्हालता क्यूँ नहीं. आज उन सारी लड़कियों से बड़ी जलन होती है तो तरतीब से सजाया हुआ घर रख लेती हैं. पति का ख्याल रखती हैं. बच्चे बड़े करती हैं. मैं कुछ तो नहीं करती ख़ास. एक लिखने के अलावा मेरा और किसी काम में मन भी तो नहीं लगता.

लॉन्ग हॉलिडे...मेंटल पीस के लिए. हफ्ते भर. महीने भर. साल भर. जिंदगी भर. समंदर किनारे लेटे रहे गीली रेत पर. मुझसे और कुछ होता क्यूँ नहीं. आज लिरिक्स भी लिखने हैं. थक गयी हूँ. कन्धों में दर्द हो रहा है. सर में दर्द. दो दिन से घर का बना खाना नहीं खाया है. मैं बाकी लोगों की तरह मैनेज क्यूँ नहीं कर पाती? कैसे कर लेता है कोई, घर ऑफिस सब कुछ अच्छे से. मैं कहाँ फंस जाती हूँ. मौका मिलते लिखने लगती हूँ...अभी कायदे से इस वक़्त मुझे नहा कर तैयार होना चाहिए. आज एक जरूरी मीटिंग है. थोड़ा अपनी शक्ल पर ध्यान दूँगी तो बुरा नहीं होगा किसी का. पर मुझे फिलहाल यही सोच के सर दर्द है कि कौन से कपड़े आयरन करूँ. पीच कलर की एक शर्ट है. वही पहनती हूँ.

दिमाग बर्रे का छत्ता बना हुआ है. सिगरेट. कहाँ है सिगरेट. मैं एडिक्ट की तरह बात करती हूँ, जबकि मेरा पैकेट हमेशा कोई और ख़त्म करता है. आखिरी सिगरेट किस जन्म में पी थी याद नहीं मगर बैग में चाहिए जरूर. ब्रांड को लेकर ऐसी जिद्दी कि और कुछ नहीं पी सकती. मेरा दिमाग ख़राब है. उफफ्फ्फ्फ़....कोई लाओ रे कहीं का मौसम...कहीं की बारिश...कोलेज का बेफिकरपन...मम्मी की डांट...दोस्तों से झगड़ा...जीने के लिए जरूरत है एक अदद खुद की. किसी डब्बी में बंद करके भूल गयी हूँ. घर की भूलभुलैय्या की चाबी कहाँ गयी? 

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...