03 February, 2013

पातालगंगा

इक नदी थी कि जिसे उसके बहते हुए रहने का धोखा था...सालों पड़ती ठंढ में पानी जम गया था...नदी अब बर्फ की एक चट्टान सी हो गयी थी...टनों मोटी बर्फ की चादर थी. कौन जानता था नदी के दिल का हाल. गाँव की बूढी औरतें ही थीं जो कहती थीं कि नदी के सीने में अब भी गर्म पानी का सोता है, सोने के रंग की मछलियाँ हैं...मोती बुनती सीपियाँ हैं...डूबी हुयी किश्तियाँ हैं...लिखी हुयी चिट्ठियां हैं, समंदर तक पहुँचाने के लिए.

नदी थी कि देख नहीं सकती थी कुछ भी, उसे महसूस होती थी अपने बदन पर प्रियतम की उँगलियाँ...कि वो धीरे धीरे सरकती थी बंजर मैदानों पर और उसे लगता था कि एक दिन दूब उगेगी इन्ही ढलानों में, हरी मखमली दूब. नदी पागल थी कि सपने देखती थी समंदर के...ग्लेशियर से निकल कर भी डूबना चाहती थी समंदर के अन्दर बहने वाली किसी नदी में. बरक़रार रखना चाहती थी किसी पहाड़ की उँगलियों की गर्मी, बर्फ की परतों के नीचे. उसने सुना था कि बर्फ में चीज़ें कभी ख़राब नहीं होतीं.

किसी पहाड़ ने समेटा था एक बार उसे अपनी बांहों में...नदी उसी दिन पिघलनी शुरू हुयी थी मगर पिघलते ही उसे छोड़ कर आना पड़ा था वो पहाड़ी कबीला जो उसके सदानीरा होने के गीत गाता था. घाटियों के लोगों के दिल पत्थर थे...उनके किनारे घिसते घिसते नदी छिलती जाती...परत दर परत छूटती जाती. किसी ने कहाँ समेटा छूटी हुयी नदी के टुकड़ों को. नदी के आंसू कोयला खदानों की अमानत हो गए.

कभी कभी पूरी नदी सिर्फ एक पुकार का शब्द बन जाती थी मगर नदी की शिराओं में आवाज़ सफ़र करते ही गुम हो जाती थी. कोई भी नहीं बुला पाता उसे जिसे नदी बुलाती थी. नदी की एक सखी थी... पातालगंगा... मरनेवालों को पार लगाती थी. नदी में रोज जान देती थीं कितनी लहरें.

नदी थी कि बंजर मैदानों की फटी बिवाईयों पर जड़ी बूटियों सी उगती जाती थी...नदी थी कि प्रवासी पक्षियों को रास्ता दिखाती थी...नदी थी कि हीर को रांझे से जुदा करती थी और मिलाती थी.

गीतों में कहते हैं कि नदी है...मगर गीत गाती औरतों की आँखों में देखो तो जानोगे कि नदी थी...

01 February, 2013

सलेटी उदासियाँ

याद का पहला शहर- साहिबगंज.
साहिबगंज में एक पेन्सिल की दूकान...स्कूल जाते हुए पड़ती बहुत सारी सीढियां, साइकिल की बीच वाली रोड पर लगी एक छोटी सी सीट और हर सीढ़ी के साथ किलकारी मारती मैं...साइकिल चलाते हुए बबलू दादा.
---
मेरी आँखें अब भी एकदम ऐसी ही हैं...इतनी ही खुराफात भरी दिखती हैं उनमें. मन वापस ऐसी किसी उम्र में जाने को नहीं करता पर ऐसी किसी तस्वीर में जाने को जरूर करता है जिसमें कैमरे के उस पार मम्मी हो.

भरा पूरा ससुराल, बहुत सारा प्यार करने वाले बहुत से लोग...जैसी हूँ वैसे अपनाने वाले सारे लोग...सब बहुत अच्छा और अनगिन अनगिन लोग. सुबह से शाम तक कभी अकेले रहना चाह कर भी नहीं रह पाती मगर लोगों के साथ होने से अकेलेपन का कोई सम्बन्ध नहीं. मेरा अपना ओबजर्वेशन है कि लोगों के बीच तन्हाई ज्यादा शिद्दत से महसूस होती है.

कभी कभी लगता है कि ऐसे ही प्यासे मर जाने के लिए पैदा हुए हैं. समझ नहीं आता कि क्या चाहिए और क्यों. सब कुछ होने के बावजूद इतना खाली खाली सा क्यों लगता है. कब समझ आएँगी चीज़ें. कैसा अतल कुआँ है कि आवाज़ भी वापस नहीं फेंकता...किस नाम से बुलाऊं खुद को कि तसल्ली हो. ये  मैं हर वक़्त बेसब्र और परेशान क्यूँ रहती हूँ.

ठंढ बेहद ज्यादा है और आज धूप भी नहीं निकली है. छत पर मुश्किल से थ्री जी कनेक्शन आता है. ऑफिस का काम करने थोडा ऊपर आई थी तो कुछ लिखने को दिल कर गया. छत पर बहुत सारा कबाड़ निकला पड़ा है. बेहद पुराने संदूक जिनमें जंग लगे ताले हैं. पुराने हीटर, कुछ कुदाल और पुराने जमाने के घर बनाने के सामान, एक टूटी बाल्टी, कैसा तो हीटर, कुर्सियों की जंग लगी रिम्स, पलंग के पाए और भी बहुत कुछ जो आपस में घुल मिल कर एक हो गया है...समझ नहीं आता कि कहाँ एक शुरू होता है और कहाँ दूसरा ख़त्म.

मन के सारे रंग भी आसमान की तरह सलेटी हो गए हैं...मौसम अजीब उदासी से भरा हुआ है. आज घर में तिलक है तो बहुत गहमागहमी है. मेरा नीचे रहने का बिलकुल मन नहीं कर रहा. मेरा किसी से बात करने का मन नहीं कर रहा. एक बार अपने वाले घर जाने का मन है. जाने कैसे तो लगता है कि वहां जाउंगी तो मम्मी भी वहीँ होगी. दिल एकदम नहीं मानता कि उसको गए हुए पांच साल से ऊपर हो चुके हैं. कभी कभी लगता है कि वो यहीं है, मैं ही मर चुकी हूँ कि वो सारी चीज़ें जिनसे ख़ुशी मिलती थी कहीं खोयी हुयी हैं और मुझे दिखती नहीं.

रॉयल ब्लू रंग की बनारसी साड़ी खरीदी थी, उसी रंग की जैसा मम्मी ने लहंगा बनाया था मेरा. तैयार हुयी शाम की पार्टी के लिए. लगता रहा मम्मी कि तुम हो कहीं. पास में ही. हर बार साड़ी पहनती हूँ, अनगिन लोग पूछते हैं कि इतना अच्छा साड़ी पहनना किससे सीखी...हम हर बार कहते हैं...मम्मी से. सब कह रहे थे कि हम एकदम अलग ही दीखते हैं...किसी भीड़ में नहीं खोते...एकदम अलग.

सब अच्छा है फिर भी मन उदास है...ऐसे ही...कौन समझाए...फेज है...गुजरेगा. 

17 January, 2013

मिर्ची लाइट्स से सजे शहर की उदासियाँ

बहुत अजीब थीं कि ये एक मिर्ची लाइट्स से सजे हुए शहर की उदासियाँ थीं...

मुश्किल होता होगा यूँ आँख मिचमिचाती रोशनियों को देख कर भी नहीं मुस्कुराना...लेकिन न तो ये किसी के ख्वाबों का शहर था न वो लड़की झूठी थी जो यहाँ के किस्से सुना रही थी. तो फिर मेरी जान, सूखे पत्तों पर उदास क़दमों से चलता ये लड़का क्या वाकई में था की नींद उठी आँखों को ख्वाबों का पता नहीं चला था.

बेरौनक यहाँ कोई चेहरा नहीं था, नूर से दमकती थीं इस शहर के पेड़ की शाखें...कि सो नहीं पाते थे पंछी रात भर अपने घोसलों में कि बिना परदे के घोंसले वाला सजायाफ्ता ये शहर मिर्ची लाइटों से सजा था. देर रात शहर की सड़कों पर आवारा घूमती रहती थी एक लड़की कि उसके बालों की लटों में रास्ता भूल गया था इस शहर से बाहर जाने का रास्ता. बहती हवा में उड़ कर आया था उसके बचपन का एक पुर्जा कि जिस पर लिखा हुआ था एक नाम जो उसे पुकारा करता था चाँद परछाई वाले पानी में से. लड़की कूद जाना चाहती थी गंगा में मगर उसके शहर से गुज़रता रेगिस्तान पी गया था उसके डूब मरने के हिस्से का सारा पानी. उसकी आँखों में हमेशा जिंदगी जलती बुझती रहती कि ये मिर्ची लाइटों में कैद उदासियों का शहर था...

उसे एक बार को हो गया था इश्क शहर के बरगद की सबसे ऊंची शाख पर रहने वाले परिंदे से...कि वो उसकी मुहब्बत में भूल जाती थी रास्तों को उनके शहर की ओर भेजना और शहर के सारे लोग भटक कर किसी और के घर चले जाते थे. फिर भी किसी के मेहमानखाने में जगह कम नहीं पड़ती थी कि शहर की औरतें जलाये रखती थीं चूल्हा रात के सारे पहर कि उन्हें मालूम होता था कि मुसाफिर दिल कभी खुद के घर का रास्ता भूल जाए मुमकिन है...तो वो हर अजनबी का ऐसी स्वागत करतीं जैसे उनका महबूब लम्बे सफ़र से वापस लौटा हो.

शहर की औरतों का आँचल उनके होठों के कोने में फंसा हुआ रहता था...कई बार लोगों का दिल भी कुछ यूँ ही अटक जाता था किसी की आधी मुस्कराहट के पास कहीं. अजनबियों से भरे हुए इस शहर में किसी ने नहीं पहने थे किसी और के चेहरे इसलिए यहाँ घूंघट दरम्यान रहता था...कोई किसी घर में दुबारा नहीं जाता था कि जब भी किसी और शहर से कोई शख्स यहाँ आता था तो उसका शहर भी फिसल कर इस शहर की सरहद में मिल जाता था. फिर उसके घर के लोग, दोस्त और दुश्मन इसी शहर में भटकते रहते थे...मुसलसल अपने घर का पता ढूंढते हुए.
---
दिखता नहीं था कोई भी...साफ़ इस रौशनी में...कोई चेहरा नहीं होता था. ट्रैफिक के शोर में गुम थीं आवाजें...फिर ऐसी ही एक शाम थी...ऐसा ही एक शहर था...तुम्हें बड़ी शिद्दत से याद किया था. सुना उस रात बहुत तेज़ बारिश हुयी थी और खिड़की के पास रखी तुम्हारी डायरी बिलकुल भीग गयी थी...ये वही डायरी थी न जिसके आखिरी पन्ने पर मैंने साइन किया था?
---
मेरा नाम भी कब तक याद रहना था तुम्हें...

02 January, 2013

हैप्पी न्यू इयर २०१३

सितारों से आगे जहाँ और भी हैं
अभी इश्क़ के इम्तिहां और भी हैं ।
....
नये साल में उम्मीदों की एक सुबह...
---
नए साल में हम कैम्पिंग करने एक नदी किनारे गए थे. छोटे छोटे टेंट्स और खाने पीने का थोड़ा सामान.

शहर को पीछे छोड़ते हुए गाँव शुरू हो चुके थे...गाँव की भी आखिरी सीमा से एक पगडण्डी शुरू होती थी...उधर से आगे बढ़ते हुए दो छोटी पहाड़ियों के ऊपर कोई किलोमीटर से ऊपर का सफ़र था.

जब हम घाटी में पहुँचते तो जैसे पूरी दुनिया पीछे छोड़ आये थे. साथ थे ९ लोग...कुणाल और मैं, मोहित-नीतिका, कुंदन, चन्दन, साकिब और रमन और दिनेश.

कहीं से कोई शोर नहीं...कहीं एक इंसान नहीं दूर दूर तक...नए साल का कोई हल्ला नहीं, कोई फ़िक्र नहीं मुझे ऐसा ही शांत नया साल चाहिए था. एक बार नए साल में ताज गए थे...वहां डांस फ्लोर पर किसी ने हमारी दोस्त के साथ बदतमीजी की, एक बार नहीं कई बार...और ताज वालों ने उसे होटल से बाहर तक नहीं निकाला. हमें कम से कम ताज से ऐसी उम्मीद नहीं थी. लगा कि कम से वहां तो सेफ्टी होगी. उसके बाद कभी नया साल मनाने का उत्साह ही नहीं रहा. बाहर जाकर पार्टी और हल्ला करने की अब मेरी उम्र नहीं रही. मुझे अब बहुत शोर शराबा और नौटंकी करना अच्छा नहीं लगता है.

३१ की सुबह घर में दो रोटियां बनाने के बाद गैस ख़त्म हो गयी थी...सुबह से भूखे ही थे. दिन में ऑफिस का ये हाल था कि दस मिनट निकाल कर बगल की दूकान से एक पैकेट चिप्स ला के खाने की फुर्सत नहीं थी. सुबह से एक सेब खाया था बस. ढाई बजे बैंगलोर से निकले...और इस बार कार मैं ड्राइव कर रही थी. हमें पहुँचते पहुँचते पांच बज गए थे. भूख के मारे बुरा हाल था...फिर गरम गरम पकोड़े मिले खाने को...जान में जान आई. आलू और मिर्च के पकोड़े. हैंगोवर से बचने के नुस्खों में एक था...पहले कोई तली हुयी चीज़ खा लो...

कुंदन, कुणाल और चन्दन 
नदी किनारे एक राफ्ट बंधा हुआ था...तारे उग आये थे...मुझे खुले में सितारों के नीचे सोये बहुत वक़्त हुआ था. कौन सी बातें थी अब याद नहीं पर अच्छा लग रहा था. सबसे अच्छा लग रहा था कि सेफ महसूस कर रहे थे कि सब अपने लोग हैं. किसी तरह की टेंशन नहीं थी. अधिकतर नेटवर्क नहीं था तो कोई फोन करके परेशान भी नहीं कर सकता. देर तक मूंगफली खाते और भूंजा फांकते वक़्त कटा...फिर अलाव जलाया गया. अलाव के इर्द इर्द बैठे हुए हमने पहाड़ी के पीछे उगता चाँद देखा...पूरा जंगल चांदनी में नहा गया था. मैं फिर से ट्राईपोड ले जाना भूल गयी थी कम रौशनी में फोटो ऐसे खींचे जाते थे कि रेडी बोलते ही फोटोग्राफर समेत सारे सब्जेक्ट्स सांस रोक लेते थे. थोड़ी सी मूवमेंट से भी फोटो ब्लर आ जाती थी.

रात को थोड़ा डांस थोड़ा गाना...थोड़ा चिल्लाना...थोड़ा थोड़ा करके सब बहुत हो गया. सुबह ६ बजे नेचर वाक पर जाना था. मोहित का हल्ला कि मैं सबको उठा दूंगा...चार बजे सो कर ६ बजे तो सब उठने से रहे लेकिन हल्ला करने में सब रेडी...

सात बजे मेरी नींद खुली तो बाकी किसी टेंट में कोई हलचल नहीं दिख रही थी. सुबह का समय, सब एकदम शांत था. कैमरा, अपनी नोटबुक, पेन तीनो उठा कर वहीं नदी किनारे चली गयी. सूरज का रंग फीका था और नदी का पानी रूपहला. हर साल की शुरूआती आदत...डायरी लिखना. सो कुछ तसवीरें खींचीं, एक आध गिलास पानी टिकाया और फिर जैसे धूप गरमाती गयी खुद के साथ थोड़ा वक़्त बिताया. नेरुदा की किताब ट्वेंटी पोयम्स ऑफ़ लव एंड अ सोंग ऑफ़ डिस्पेयर नयी डिलीवर हुयी थी फ्लिप्कार्ट से. कुछ कवितायें पढ़ीं. कोई अख़बार नहीं...कोई मेल नहीं...कोई एसएमएस नहीं. कभी कभी जीने के लिए दुनिया से कटना भी जरूरी होता है. सुबह की कॉफ़ी तैयार हो रही थी. नौ बजते बजते बाकी लोग उठे.

दिन का मेन अट्रेक्शन था लाइफ जैकेट पहन कर नदी में 'डेड मैन फ्लोट' करना. अधिकतर को तैरना नहीं आता था. नदी में थोड़ी थोड़ी दूर पर पानी गर्म और ठंढा था. हम कितनी देर तो नदी में ही रहे. फिर खाने का कोई इन्तेजाम नहीं था तो एक डेढ़ बजे निकले...भूख लगनी शुरू हो गयी थी. रस्ते में जहाँ से घाटी दिखती थी एक राउंड फोटो सेशन चला. बैंगलोर पहुँचते चार बज गए थे. खाने पर हम इस तरह से टूटे जैसे एक साल के भूखे हों. चाइनीज...थाई...इन्डियन...जिसने जो मंगाया, सबने खाया. कोई पच्चीस रोटियां, पांच प्लेट चाव्मीन, एक प्लेट चावल, एक थाई ग्रीन करी, पांच चिली पनीर...कहाँ गया किसी को मालूम नहीं.

घर पर आराम करने के मूड में आये कि पेट में दर्द शुरू. मुझे शिमला मिर्च से अलर्जी है...हमेशा प्रॉब्लम नहीं होती...पर जब होती है जान चली जाती है. और दर्द कभी दिन में शुरू नहीं होता...रात में होता है कि हॉस्पिटल में भी इमरजेंसी में जाना पड़े. कल भी आसार बुरे दिख रहे थे. दर्द के मारे जान जा रही थी उसपर डि-हाईड्रेशन. पता नहीं कितना तो ओआरएस पिया और कोई तो टैबलेट खायी. अभी सुबह उठी हूँ तो लगता है पुर्जा पुर्जा दर्द कर रहा है. बुखार बुखार सा लग रहा है...ऑफिस में इनफाईनाईट काम है...गैस ख़त्म है सो उसका इन्तेजाम करना है...कुणाल की मौसी-मौसाजी और बच्चे आये हैं तो रात का कुछ अच्छा खाना बनाना है. बाप रे! दिन बहुत लम्बा लग रहा है और चलने की हिम्मत नहीं. कल रात दोनों बच्चों को माइक्रोवेव में मैगी बना कर खिलाये थे. आज पता नहीं नाश्ता का क्या करेंगे. दस बजे टाइप्स गैस एजेंसी खुलेगी. बाबा रे...पैक्ड डे अहेड!

१३ मेरा लक्की नंबर है. देखे ये साल क्या रंग दिखाता है...नए साल में नयी उम्मीदें...नए सपने...आप सबको भी हैप्पी न्यू इयर. 

14 December, 2012

खोये हुए लोग कहाँ चले जाते हैं?

बहुत साल पहले दूरदर्शन पर एक प्रोग्राम आता था...मैं उसे देख कर हमेशा बहुत उदास हो जाती थी. सोचती थी कि ये दुनिया कितनी बड़ी है कि इतने सारे लोग खो जाते हैं और किसी का पता भी नहीं मिलता. मर जाने से ज्यादा बुरा है खो जाना...मर जाने में एक स्थायित्व है. लोग रो पीट कर समझा लेते हैं...कैसी भी परिस्थिति में जी लेते हैं. लेकिन खोये हुए लोग अपने पीछे एक इंतज़ार छोड़ जाते हैं. फिर कोई उस मोड़ से आगे नहीं बढ़ता जहाँ उसका हाथ छूटा था. सब कुछ लौट लौट कर वहीं आता है.

मुझे एक ज़माने में खो जाने का मन करता था...लुका छिप्पी खेलते हुए मैं अक्सर सोचती थी कि अगर ऐसा हुआ कि मैं खो जाऊं और कभी न मिलूँ तो? मैं टीवी में खोये हुए लोगों को बहुत गौर से देखती थी और सोचती थी अगर कोई मिलेगा तो मैं पक्का उसे इस एड्रेस पर पहुंचा दूँगी.

जब से पोलैंड से लौटी हूँ एक अजीब चीज़ होती है...अख़बार में अक्सर मरे लोगों की तसवीरें छपती हैं. मुझे आज तक समझ नहीं आया कि ऐसा क्यूँ करते हैं. मैं उन तस्वीरों को देखती हूँ तो अजीब सा महसूस होता है, जैसे कि मैं उनको दूर से जानती हूँ...जैसे मरने के बाद वो मेरी दुनिया का हिस्सा बन गए हैं. उनकी कोई कहानी होती है जो उन्हें कहनी होती है...वो मुझसे कहना चाहते हैं. मैं पेपर पलट कर रख देती हूँ और कैल्विन और होब्स में खो जाती हूँ...एक शैतान बच्चा और एक स्टफ टाइगर...इससे ज्यादा कॉम्प्लिकेशन हैंडल नहीं कर सकती हूँ.
---
आज सुबह अखबार में बैंगलोर फिल्म फेस्टिवल के बारे में छपा था...आज ही अपनी बुकिंग कराई है. ऑफिस के और भी तीन चार लोगों की बुकिंग करायी है. पांच सौ रुपये का डेलिगेट पास है...इसमें कोई डेढ़ सौ फिल्में दिखा रहे हैं. मन तो कर रहा है कि हफ्ते भर की छुट्टी लेकर सारी फिल्में देख जाऊं, लेकिन गड़बड़ है कि जोर्ज भी जा रहा है...हमने कहा तो बोला...एय...छुट्टी मैं लेकर जाऊँगा...तुम लोग यहाँ काम सम्हालो. असल में होगा ये कि वीकेंड पर जो फिल्में हैं वो तो देख लेंगे, क्रिसमस वाले दिन भी तीन चार फिल्में देखी जा सकती हैं. उसके अलावा रात के शायद कोई शो देख पाऊं, डिपेंड करता है कि जिस हौल में लगा होगा वो घर से कितनी दूर है. एक दोस्त है निशांत वो भी जा रहा है...अभी कुणाल की बुकिंग नहीं कराई है, उसके घर आने पर करेंगे. टोटल में बहुत से लोग हैं तो अकेले देखने का टेंशन नहीं है. नेहा आज दिन भर ऑफिस से बाहर रही है तो उसकी टिकट भी नहीं हुई है...लौट के आती है तो उसको पकड़ते हैं. मिस करती हूँ उसको. बड़े दिन बाद किसी से थोड़ी दोस्ती हुयी है. बच्ची है वैसे तो...मुझसे छः साल छोटी है...पर हाँ...अच्छा लगता है कि कोई लड़की दोस्त है, गॉसिप करने के लिए, शोपिंग के लिए, उसके जिंदगी और प्यार पे ज्ञान देने के लिए...जरूरत सी लगती है. नन्ही परी है मेरे लिए. अच्छी. प्यारी.
---
सिंपल होने का मन करता है...लगता है कि मन इतने सारे पैरलल ट्रैक्स पर एक साथ सोच नहीं पाता तो अच्छा होता न...इतनी उलझन नहीं होती. शामें अक्सर डिप्रेसिंग होती हैं. मुझे समझ में ये नहीं आता कि खुद के साथ तालमेल बिठाने के लिए कितनी जिंदगी चाहिए. अब भी मैं खुद को समझ क्यूँ नहीं आती...जब कि बहुत सी चीज़ें बार बार घटती हैं...मैं फिर वहीं कैसे चोट खाती हूँ. दो कमरों का घर है, साढ़े चाल साल होने को आये, मुझे अब तक दीवारें कहाँ है पता क्यूँ नहीं है. अब भी टकरा जाती हूँ...कितने सारे नीले निशान होते हैं. अचानक से मन बहुत बहुत उदास हो आया है...सोचती हूँ तो पाती हूँ कि अचानक नहीं है...एक जिंदगी किसी और जिंदगी की रिपीट तो नहीं हो सकती. देजा वू है...
---
काश तुम्हारा ऑफिस इतनी दूर नहीं होता...सिर्फ एक नज़र तुम्हें देखने का कितना मन कर रहा है...कोर्नर हाउस में आइसक्रीम खाने का...एक अच्छी फिल्म साथ देखने का. अपने घर जाने का मन कर रहा है...तुम्हारे ऑफिस होते हुए. कभी कभी लगता है एकदम अकेली हूँ और बेहद रोने का मन करता है...फिर काम में भी मन नहीं लगता. मम्मी की बेतरह याद आ रही है सुबह से. और कितने साल लगेंगे उसके बिना जीना सीखने में?

13 December, 2012

आई लव यू टू

तुम किसी मूक फिल्म की तरह मेरी जिंदगी का हिस्सा हो...कभी कभार एक टाइटल आ जाता है जिसके अलावा सारी बातें किस प्लेन पर घटती हैं कोई नहीं जानता. कितने सारे सिनरिओज इमैजिन कर लेती हूँ ना...तुम आये हो...ऐसे बात करते हो मुझे. कितनी कम बातें की हैं तुमसे...मगर उन कुछ लम्हों को इतनी बार रिवाईंड कर चुकी हूँ कि अब तो फिल्म घिस जानी चाहिए मगर ये मन का कैमरा कैसा है कि हर बार नए शेड्स ले आता है. अरे...क्या...तुम्हें बताया नहीं, तुम्हारे रंग याद नहीं हैं मुझे...तुम बस काले और उजले के शेड्स में बस गए हो मेरे अन्दर कहीं.

या कि मौसम की शरारत है कि ऐसा लगा जैसे खिड़की के पार तुम हो...तुम्हारा होना ऐसे महसूस हुआ जैसे धक् से लगता है प्यार में गिरने पर...और यु तो नो...देयर इज नो फालिंग इन लव...इट जस्ट हैपन्स...धाड़...गिर गए...भटाक! अब लो...सम्हालो, कभी घुटने पर चोट लगती है, कभी दिल पर...रोंदू सी शकल लिए घूमते रहो फिर. यूँ तो प्यार बहुत तमीज से ठंढ के मौसम की तरह आता है लेकिन क्या करोगे, जिंदगी है...कभी कभी उससे भी गलती हो जाती है. इस बार दो महीने पहले आ गया. टाइमिंग गलत हो गयी...वो क्या है कि मुझे मालूम नहीं था कि उसके आने का मूड बन गया है और तुम स्टाइल में एंट्री सीक्वेंस के लिए खड़े मेरा इंतज़ार कर रहे हो...पगली मैं...कपड़े भी ढंग के नहीं पहने थे...तभी तो तुम्हें भी धोखा हो गया कि मैं ही हूँ या कोई और है. साइड हीरोइन पर कौन ध्यान देता है...बट लाइफ माय फ्रेंड इज फुल ऑफ़ सरप्राइजेज. प्यार हमेशा धमाकेदार एंट्री नहीं करता...चुपके से भी चला आता है.

कसम से, मेरे पास तुम्हारे दिल की भागती धड़कन को सुनने की कोई डिवाइस नहीं है...मेरा फोन आता है तो घबराया मत करो...एक गहरी सांस लेकर फोन उठा लिया करो. मैं जानती हूँ तुम्हें इतनी अच्छी एक्टिंग आती है कि मूक फिल्म में भी फोन उठा कर कुछ न कुछ मैनेज कर लोगे. होते हैं...सबकी लाइफ में ऐसे लम्हे आते हैं जब समझ नहीं आता कि कहें तो क्या कहें...लेकिन जानां...प्यार में हो तो उल्टा-पुल्टा मत सोचो...मुझे तुम्हारी हर अदा से प्यार है. उसे क्या कहते हैं जब आप किसी को इतनी अच्छी तरह जानते हो कि उससे फोन पर बात करते हुए आपको मालूम है कि सामने वाले का एक्जैक्ट एक्सप्रेशन कैसा है? मेरे तुम्हारे बीच वैसा कुछ है...है तो वैसे और भी बहुत कुछ...इस हसीन शहर का दिलफरेब मौसम...पुल के ऊपर का खाली ठहरा हुआ समय...बहुत बहुत से गुलमोहर के पेड़ों पर रुकी हुयी धूप...प्यार? कन्फर्म नहीं है.

मेरा आज तक कभी ध्यान नहीं गया था कि रियल जिंदगी में तुम वाकई कितनी बकवास बातें करते हो...तुम मेरी मूक फिल्म में ही सही थे...वो क्या है कि जब भी तुम्हारा फोन आया है मेरा किसी बात पर ध्यान ही नहीं रहता...सारा ध्यान इस बात पर रहता है कि तुम फोन रखते हुए साइन ऑफ़ में क्या कहते हो. क्यूँ? हुआ यूँ कि एक बार मुझसे बात करते हुए तुम ऑफिस को भाग रहे थे...तो फ़ोन रखते हुए तुम कुछ कह गए थे...क्या..गलती से...हाँ बाबा, जानती हूँ गलती से...ऐसी हसीन गलतियाँ जिंदगी में गिन के ही देता है खुदा...तो उस दिन तुम कह गए थे...ओके...लव यू...बाय. मैं हक्की-बक्की-बोक्की...सोच रही थी कि कभी तुमसे पूछूं...कितने लोगों को लव यू बाय बोलते हो कि आदत पड़ गयी है. वो दिन है और आज का दिन है...बाय और टाटा के सिवा कुछ नहीं मिलता.

जाने दो...देखो न कितनी बातें कर गयी तुमसे...ऐवें ही...फोन रखती हूँ...टाटा...बाय. जानती हूँ फोन रखने के बाद तुमने भी उधर कहा होगा...लव यू टू. 

12 December, 2012

एक तारीख से गुज़रते हुए...

१२/१२/१२                                      
इसी सुबह को...सपना...किसी ने काँधे से भींच कर पकड़ा है और झकझोर रहा है...आँखों में देख रहा है...उसकी नज़र ऐसे भेदती है जैसे आत्मा तक के सारे राज़ पता हैं उसे...कोई सवाल है जो वो मुझसे पूछता नहीं. किसी टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है मैंने...कुछ ऐसा है जो मुझे बिलकुल नहीं आता...वो कहता है...तुम कर सकती हो...मुझे मालूम है तुम जीत जाओगी...तुम्हें खुद पर यकीन क्यूँ नहीं होता. मैं कहता हूँ न तुम जीत जाओगी. मैं उसके यकीन पर भरोसा करती हूँ तो पाती हूँ कि मुझे वाकई मालूम थी पूरी प्रक्रिया...पूरा खेल...और मैं जीत जाती हूँ. खेल ख़त्म हो जाता है लेकिन कंधों पर रह जाती हैं उसकी हथेलियाँ और मैं दिन भर ऐसे चलती हूँ जैसे नशे में हूँ. कौन है वो जो मुझपर मुझसे ज्यादा यकीन करता है?

कोई आवाज़ है...पूछती है...तुम मुझे किस नाम से बुलाती थी? जाने किस शाम मैंने कौन सी कहानियां सुनायीं थीं उसे...मैं चली आई दूर मगर मेरी कहानियों के किरदार उसकी जिंदगी में रह गए. वे अक्सर उससे मेरा हाल-चाल पूछते रहते हैं. वो मुझसे पूछ रहा है कि ये किरदार कितने सच हैं, उनका किसी अल्टरनेट दुनिया में कोई ठिकाना है तो वो उन्हें उनके घर छोड़ आएगा. वो परेशां है थोड़ा, उसे इस दुनिया के लोग समझ नहीं आते...वो कहता है तुम ये लोग किस दुनिया से लाती हो, कोई ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करोगी क्या जो इस दुनिया के लोगों को थोड़ा तुम्हारी दुनिया के लोगों जैसा बना सके. उसे मेरी कहानी के किरदारों से जितना प्यार है अपनी जिंदगी के लोगों से नहीं. 
कोई क्यूँकर होता है इतना तन्हा?
---
ऑफिस के बगल में एक दूकान है...जेनरल स्टोर्स टाईप...भूख लग रही थी, कुछ खाने का मन कर रहा था...सोचा कुछ ले आऊँ जा कर. देखती हूँ उसके ठीक सामने वाइन शॉप खुली है नयी...हाय कमबख्त, गालियाँ निकालती हूँ दूकान खोलने वाले को. बेहद खूबसूरत शॉप है...पूरा ग्लास का एक्सटीरियर है...सामने हर तरह की खूबसूरत बोतलों की अंतहीन कतारें...शोकेस में लगे बेहतरीन कांच के दिलफरेब टुकड़े...क्लास्सिक पोस्टर्स. एक तिलिस्म है अपनी ओर खींचता हुआ...एक हम हैं काम की उलझनों में उलझे हुए. दोस्त को फोन किया...ऐसे ही वीतराग मूड में...उधर से बोलता है...क्या है बे? अचानक हँसी आ गयी. शायद इसी लिए फोन किया भी था. चार गालियाँ पटकीं, फिर उसे घर निकलना था...कल बात करते हैं. देखें कल कितने दिन में आता है. 

किसी को समझा रही थी कि मैं लिखती कैसे हूँ. तीन चीज़ें होती हैं...किरदार, प्लाट और असल घटना...इसमें से कोई न कोई हमेशा सच रहता है. कभी किरदार सच होता है...मेरी जिंदगी से गुज़रा कोई या किसी और की जिंदगी का कोई नमूना...कभी प्लाट सही होता है कि ऑफिस, शहर, धूप, कोहरा, मौसम, बैंगलोर...ये  सबसे ज्यादा कॉमन एलिमेंट है जो अक्सर सच रहता है...और फिर वो है जो शायद ही सच होती है...इन सबके साथ घटा हुआ कुछ...ये अक्सर कोरी कल्पना होती है. 

एक प्रोजेक्ट पर काम करना था अभी...पर कुछ लिखने का मन था...उसके बिना काम में मन नहीं लगेगा...सो पहले लिखना निपटा देते हैं. इधर बहुत दिनों से कोई अच्छा म्यूजिक नहीं सुना है...खुद से खोजने का ट्रैक रिकोर्ड बेहद ख़राब है...शायद ही अपना तलाशा हुआ कुछ पसंद आता है. 

मुझे आजकल सबसे ज्यादा एट होम कार में फील होता है. उसमें अपनापन है...कहीं घूमने जाने का वादा है...कार चलाते हुए शीशे चढ़ा लो तो एक पैरलल दुनिया बन जाती है जिसमें मेरे दिमाग में घूमते किरदार होते हैं...सीडी प्लेयर पर मेरी पसंद का म्यूजिक होता है और हर सू बदलते नज़ारे होते हैं...बहुत सी शान्ति होती है. दुनिया के कुछ सबसे पसंदीदा कामों में से एक है कुणाल को ऑफिस से रिसीव करने जाना. आज जनाब बिना स्वेटर लिए चले गए हैं, सर्दी-खांसी-बुखार हो रखा है. तो आज हम ड्राइवरी करके जनाब को ऑफिस से उठाने जायेंगे. रोड अपना...चाँद अपना...गाने अपने...ओ हो हो. 

आज रजनीगंधा के फूल खरीदने का मन कर रहा है...सुबह सारे गर्म कपड़े धूप में सुखाये हैं...घर ईजी की नर्म खुशबू से भर गया है...दिसंबर...सर्दियाँ...खुशामदीद. 

फोटो वाली बिल्ली हमारे ऑफिस की है...हमारे प्रोजेक्ट्स की बहुत चिंता करती है...हमने इसे स्पेशल रास्ता काटने के लिए पाला है :)

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...