Showing posts with label 40s. Show all posts
Showing posts with label 40s. Show all posts

26 March, 2026

हमारी सिगरेट से उसके एक कश मार लेने से हमारे भीतर की कोई पुरातन आग बुझ जाती है

अधूरी ख्वाहिशों का क्या करूँ? दफ़ना दूँ? काग़ज़ में लिख कर चिता जला दूँ? दिया जला, पत्ते के दोने में रख गंगा में बहा दूँ? गाँव में थोड़ी ज़मीन ख़रीद कर मंदिर बनवाऊँ और फिर पास में इन्हीं इच्छाओं की समाधि बनवा दूँ? कैसे मिलेगी शांति? ये मन इतना छटपटाता क्यों रहता है हमेशा? हमेशा? 
एक हूक उठी रहती है भीतर…हमेशा…हमेशा… 

Music is an ancient memory. Carried across lifetimes, like an almost soul-ache.
Almost.

एक पुरातन दुख है, हमारे भीतर। इस जन्म तो इतना मिलना हुआ नहीं है कि बिछोह इस तरह हमारे वजूद के टुकड़े करते जाये। कोई संगीत सुनें और जैसे कि आरी से काटा जा रहा हो बहुत पुराने जंगल में देवदार कोई, ऐसा दुखे…जंगल में पगडंडियों पर चलते जायें और सोचें कि ये चिकने पत्थर जहाँ तक हैं, गंगा यहाँ तक बहती थी…पहाड़ों को डुबाने इतनी गहरी…प्रेम ऐसे ही बहता था हृदय में, बहुत पहले…प्राचीन गंगा नदी की तरह…कई सौ फीट गहराई…कहीं चुपचाप, कहीं शोर करता हुआ।

तुमसे मिल कर लगा, सब कुछ मिला है, सिवाए वक़्त के…लेकिन इतने वक्त के बाद, कौन सा वक्त था कि घट गया। क्या वक़्त कभी पूरा नहीं पड़ेगा?

कोई यूनिट नहीं है न कि किसी के गले लगने पर कब हटा लेनी है बाँहें, है ना? आधा सेकंड और रुकना था…या एक मिनट और? कोई टाइमर, कोई स्टॉपवॉच क्यों नहीं होती जो बता दे…कि नहीं हुआ है वक्त पूरा…थोड़ी देर और रुको…हम क्यों नहीं रुक पाये?

डॉक्टर बताते हैं कि इस उम्र में बेहतर डाइजेशन के लिए ज़रूरी है कि खाना खाते हुए थोड़ी सी भूख बची रही, तब खाना बंद कर देना चाहिए। ऐसी आदत डिसिप्लिन से आती है। लेकिन हम यह डिसिप्लिन खाने पर ही नहीं, हर चीज़ में लागू करते हैं। जितना काफ़ी है, उसके पहले रुक जाना।

लेकिन जो थोड़ा सा और चाहिए, वो जो भीतर भीतर घुमड़ता रहता है, उसका क्या करें?
क्या हमेशा बचा ही रह जाएगा कुछ न कुछ? क्या अधूरी ख्वाहिशों के लिए कोई तर्पण, कोई मुक्ति नहीं?

कुछ लोगों को सिगरेट माँग के पीना अच्छा लगता है। अपनी नहीं जलायेंगे, अपनी ख़रीदेंगे भी नहीं। उनसे कहो कि अपनी नई जला लो, तो मानेंगे भी नहीं, कि पूरी सिगरेट नहीं पीनी है…एक दो कश मारना है, तुम दे दो। अब क्या कहें कि हमारी सिगरेट से जो दो कश मार लिए तुम, उसके कारण मन नहीं भरता…फिर चाहे पूरी सिगरेट की डिब्बी खत्म कर दें…वो जो दो कश था, वो बाक़ी रह गया। तुमने हमारे हिस्से की सिगरेट पी ली। 

क्या सिखाने से शेयरिंग आ जाती है? या फिर हम अनिच्छा से दे तो देते हैं, भीतर भीतर भुनभुनाते हुए…कि हमारे हिस्से का था…मत लो। कोई किस समय इतना अपना हो जाता है कि हमारी बॉटल से उसके एक घूँट पानी पी लेने से हमारे भीतर की कोई पुरातन प्यास बुझ जाती है…हमारी सिगरेट से उसके एक कश मार लेने से हमारे भीतर की कोई पुरातन आग बुझ जाती है…ये तो हिसाब की गलती है ना, जितना काफ़ी था, उससे कम में रुकना था ना? फिर हमने उसके लिए अपने बनाए नियम क्यों तोड़ दिए। 

हम कभी-कभी बहुत हाइपर होते हैं…एक क्षण नहीं ठहर पाता मन हमारा…पास्ट, प्रेजेंट, फ्यूचर में भागता रहता है। मन तुम्हें हर समय से अलगा कर देखना चाहता है…एक समय, सिर्फ़ अपने लिए…एक समय मन तुम्हें तुम्हारी दुनिया से उठा लाता है और एक कहानी में रख देता है। कि बाक़ी चीज़ें एक जगह, पहले जरा इत्मीनान से देखने दो तुम्हें…थोड़ा मेरा हाथ पकड़ के चुप बैठो…कोई दुखता हुआ म्यूजिक पीस चला दो…ऐसा कि जिससे रूह के दो फाँक हो जायें।

कितना अच्छा होता है ना, प्यार में न होना। हम कितने बहादुर होते हैं। हमें बिल्कुल भी डर नहीं लगता। किसी भी चीज़ से नहीं…काश कि हमारे बस में होता, किसी से प्यार करना, न करना…कम/ज़्यादा प्यार करना…काश कि समझ आता, कि चिंगारी कई सालों में भी नहीं बुझती है। तुम्हें डर नहीं लगता, क्यूंकि तुम्हें प्यार नहीं है। हम कितने बहादुर होते हैं, जब तक हमारे दिल में किसी का नाम थोड़ा सा दुखने नहीं लगे। कि हम कोई नाम सुन कर मुस्कुरा रहे होते हैं, पर आँख भर भर आती है।

औरत को आग बचा के रखने की सलाह दी गई थी…कि हर रोज़ खाना बनाने के पहले आग मांगने जाना न पड़े…उसने जलाये रखे कोयले, गोयठे के भीतर…लाल लाल आग सुलगती रही…उन दिनों माचिस भी मुश्किल से मिलती थी…और खाना चूल्हे पर बनता था। दुनिया बदल गई, खाना बनाने के तरीके बदल गए, लेकिन जो आग बचाये रखने की सलाह दी गई थी, वो लड़की ने भीतर बचा कर रख ली। वो अपने भीतर एक चिंगारी हमेशा बचाये रखती है। अन्तर इतना रहा, कि ये डायनामाइट के पलीते में लगी चिंगारी रही मेरे दोस्त…लड़की को आग-आग में अंतर करना नहीं आया। तुमसे मिली थी तो सूखे पत्ते बिखरे हुए थे जंगल के फर्श पर…जरा रगड़ने से चिंगारी सुलगने लगी…

सिगरेट जलाने की आग और होती है, दिल जलाने की आग और होती है…ये जो भीतर भीतर जलता है…इस आग को आँसुओं से बुझा देना चाहिए.

ये दिल जो हमारा इतना दुखता रहता है, सारा दुख, सारा बिछोह इसी जन्म का हो नहीं सकता। कुछ है जो कई जन्मों से थोड़ा थोड़ा कर ख़त्म हो रहा, लेकिन पूरी तरह ख़त्म नहीं होता। कुछ है जो वापस लौटने के लिए तड़पता रहता है। शायद हम में से कई लोग ईश्वर के पास आत्माओं के रूप में रहते हुए भी एक दूसरे से जुड़े हुए थे।

एक हूक उठती है भीतर, एक दुख तड़पता है। एक गीत में किसी की आवाज़ हमारे दुख से रिज़ोनेट करती है।
ईरान-इजराइल-अमरीका के इस युद्ध का असर हमारे प्रेजेंट और फ्यूचर पर पड़ रहा है। पता नहीं, सफ़र करना कितना आसान या कि मुश्किल होगा। हम तयशुदा तरीक़े से नहीं कह सकते कि अब हम कब मिलेंगे। गीत उसी दिन सुना था, इतवार को…

आज सुबह रहा नहीं गया तो खोज कर इसके पुराने वर्शन सुने…
हिंदी उर्दू के कुछ शब्द हमारे जाने पहचाने हुए हैं…समझ आता हैं उनका मतलब…एक दिल कहता है चले जाओ, एक दिल कहता है रुक जाओ…Soltane Ghalbhan नाम का यह गीत ईरान के लिए सिर्फ़ एक गीत न हो कर याद और लौटने के नामुमकिन सपने जैसा है। रुकने और चले जाने के ठीक पहले। Between memory and hope. 

Soltane Ghalbhan जो वर्शन एकदम कलेजा चाक कर रहा है वह डैनी ने गाया है। बहुत साल पहले Siboney सुना था। उसमें कौनी फ़्रांसिस की आवाज़ ऐसी ही थी, कि ऊँचा खींचती थी तो साथ ही रूह का जैसे तागा तागा खिंच जाता था। saudade को आवाज़ में ढालता Jab Harry met Sejal में एक गाना था, यादों में…ये गीत जैसे ज़ख़्म और मरहम एक साथ होते हैं। 

मैं लिख कर तुम्हें ज़िंदा कर देना चाहती हूँ किसी कहानी में…काग़ज़ पर इतना लिखूँ, इतना कि उँगलियाँ दुखने लगें। कि हथेली पसीने से तरबतर हो जाये और साड़ी के आँचल में हाथ को धीरे धीरे पोंछते हुए तुम्हारे हाथ याद आयें, दुखते हुए। कि जाने कैसा लगता है तुम्हारा हाथ पकड़ कर थोड़ी देर को बैठना, जब वसंत हो और अमलतास खिले हों पूरे शहर में।

पाँच तल्ले नीचे उतर कर पानी मिलता है।
दिल ऐसी ही गहरी बावली है।
***

मैं अब भी खूब सारा लिखती हूँ। भले कहीं फ़ेयर न लिखूँ। कोई कहानी न लिखूँ। लेकिन ज़िंदगी में जो जिया, जो गहरे महसूस किया, उसको दर्ज करना अच्छा लगता है। हर साल की एक नोटबुक तो होती है सो होती है, उसके अलावा ढेर सारी छोटी-बड़ी ट्रैवल नोटबुक्स, बहुत तरह के पिक्चर पोस्टकार्ड्स। अन्तर्देशी। चिट्ठी के काग़ज़। लिफ़ाफ़े। 

मेरी हर नोटबुक में अधूरी चिट्ठियाँ, दोस्तों के नाम के पोस्टकार्ड्स होते हैं। शायद हमारे शहरों से इस तरह चिट्ठी गिराने का लाल डिब्बा हटाया नहीं जाता तो मैं ख़त लिख कर गिराती भी। कुरियर बहुत औपचारिक होता है। चिट्ठी बहुत पर्सनल, इसलिए न चाहते हुए भी चिट्ठी कुरियर करने में एक बेईमानी लगती है। जिन्होंने सालों साल चिट्ठियाँ लिखी हैं और डाकघर जा कर रजिस्टर की हैं, वे शायद इस बात को समझ पायें कि पोस्टऑफ़िस के स्टाफ को आप कितनी अच्छी तरह पहचानते हैं…और वे आपको। किस्से में डाकिये के होने से मुहब्बत एक साझा साज़िश हो जाती है। वे आपके गुनाह में शामिल ही नहीं, उसके गवाह भी होते हैं। मुझे लगता है डाकिया के हाथ में लिफ़ाफ़ा हो या कि पोस्टकार्ड, वो ख़त को समझता है। 

डाकिया सिर्फ ख़त डिलीवर नहीं करता, वो दो प्रेमियों के बीच के काग़ज़ के रिश्ते का गवाह होता है। 

किसी रोज़ अदालत में उससे पूछो, कि क्या मैंने तुमसे प्रेम किया था कभी…तो कुरियर वाले को नहीं मालूम होगा, लेकिन डाकिया अपना चश्मा पोंछते बोलेगा…ज़िंदगी के आख़िरी पोस्टकार्ड इसी लड़की के डिलीवर किए। सिर्फ़ इन पोस्टकार्ड और चिट्ठियों के कारण तो रिटायरमेंट का अफ़सोस रहा। तुम्हें देखेगा और कहेगा, मैंने तो सारे ख़त पढ़े भी नहीं, फिर भी तुम्हारा नाम लिखा देख कर जान जाता था कि कोई तुमसे बहुत प्यार करता है। तुम भीतर के ख़त पढ़ कर भी नहीं जान पाये कि कितनी मुहब्बत है, ऐसा कैसे हुआ?

तुम क्या जवाब दोगे भरी अदालत में, कि मैंने तुम्हें कोरे काग़ज़ भेजे हैं उम्र भर। कि बहुत साल पहले कभी मैंने तुमसे पूछा था कि ख़त का जवाब क्यों नहीं देते तो तुमने मोमिन का शेर सुनाया था, “हाल-ए-दिल यार को लिखूँ क्यूँ कर, हाथ दिल से जुदा नहीं होता”

क्या ही पूछें तुमसे, तुम, जो ख़त के आख़िर में लिखते हो, तुम्हारा। 

*** 

तुम्हें गोल्ड फ्लेक कब से अच्छी लगने लगी?
तुम अच्छे लगने लगे हो। 

24 March, 2026

छोटी गोल्ड फ्लेक, दिल पर नन्हे लेकिन मज़बूत टांके लगाने के लिए।

जल्दी ठीक हो जाने के लिए, हर बड़े ज़ख़्म को सिलना पड़ता है। छोटी गोल्ड फ्लेक चाक हुए कलेजे को सिलती है। अगर गहरा ज़ख़्म देख कर तुम्हारे हाथ थरथरायें न तो। ये मत कहो, कि छोटी गोल्ड-फ्लेक ही क्यूँ, कि फिर हम कहेंगे, ठीक होने की इतनी भी जल्दी किसको है, फिर तुम क्यूँ भेज देना चाहते हो ऐसे दुखते कलेजे वाली लड़की को ख़ुद से इतना ज़्यादा दूर…बकवास मत करो, कि एक फ्लाइट की दूरी को दूर थोड़े कहते हैं, पास ही कहते हैं…जब मन हुआ, उड़ कर आ जाना। 

ये चारागर है जिसके पास चुप्पी भी है, बातें भी…कहो, किससे ठीक होना है तुम्हें…या कि गोली देना हो तो वो भी है, गोली खानी हो, तो सो भी है…वन स्टॉप सॉल्यूशन। मर्ज़ अच्छा लगने लगे, इतना अच्छा चारागर।

इस सिगरेट की छोटी साइज पर नहीं जाओ, कि इस ऑपरेशन में ज़्यादा देर लगेगी…मेरे पास वक्त ही वक्त है। देर तक पियेंगे, ढेर सारी, छोटी छोटी गोल्ड-फ्लेक…जब तक कि तुम्हारा कलेजा इतना जलने लगे कि भूल जाओ, किस ज़ख़्म की सिलाई करने बैठे थे। कैसा गर्म मौसम था, तसल्लीबख़्श। स्कूल में जब गर्मी छुट्टी होती थी, करने को कुछ नहीं होता था। नानीघर में गलियों में धूल फाँकते रहते थे या अमरूद के पेड़ पर लटके कौन सा अमरूद कब पकेगा का हिसाब लगाते रहते। जरूरी काम होते थे कि माँझे का धागा बनाने के लिए बल्ब या ट्यूबलाइट मिल जाये, तो कचरे में भी ढूँढने जाते थे कभी कभी। ग़ज़ब डेयरिंग हुआ करते थे उन दिनों। ये गर्मी वैसी ही थी। ये दिल वैसा ही होना चाह रहा था, तुम लोगों के साथ।

हम जो कि मग्गे में कॉफ़ी पीते हैं। तुम्हें मालूम, कमसेकम 350ml तो होनी ही चाहिए। छोटी कप में पीने में मजा नहीं आता। कुल्हड़ वाली चाय भी पीने जाते हैं तो लार्ज या मीडियम। यहाँ ये इत्ता छोटा छोटा काग़ज़ के कप में चाय, जैसे टेस्टिंग कराते हैं, वैसा ही…लेकिन जाते साथ थोड़े समझ आ जाता, कि एक ही बार में मग्गे भर चाय क्यों नहीं पी रहे। ये इत्मीनान की जगह थी। दोहराव की…बचपन में लिखना सीखते हैं तो बार बार एक ही शब्द लिखते हैं। खूब जोर से पेंसिल गड़ा कर नोटबुक में। डेस्क की लकड़ी में डिवाइडर से खुरच खुरच कर…याद करने वाली चीज़ को दोहराव चाहिए होता है, हमेशा।

अपने। तुम मेरे अपने लोग थे। मेरे अपने।

मैंने तुम्हें for-granted लिया। मैंने तुम्हें परेशान होने दिया, अपने लिए। कि ठीक है, आओ तुम भी सुबह सुबह उठ के एयरपोर्ट। ऐसा एक इतवार हो सकता है कि नींद से चोरी करें घंटे-घंटे भर। कि बिना किसी मुद्दे के बात करेंगे हम। कि उलझ जाएँगे किसी एक ही बिंदु पर और तुम झेल लोगे, एक रोज़, थोड़ी देर को…इतना साधिकार कहेंगे, अनाधिकार हो, तो भी सही।

मेरे भीतर दो तरह की कहानियाँ रहती हैं। एक जो फर्स्ट पर्सन में लिखी जाए और दूसरी जो थर्ड पर्सन में लिखी जाए। दोनों कहानियाँ अलग अलग तरह की होती हैं। सच वाली कहानियाँ थर्ड पर्सन में लिखना आसान रहता है और पूरी काल्पनिक कहानी फर्स्ट पर्सन में…लेकिन आसान रहता है, इसलिए जरूरी नहीं हैं कि हम वही चुनें। मेरे भीतर लगातार बोलते रहने वाली कोई एक किस्सागो लड़की रहती है। पंखे के चलने की आवाज़, ट्रैफिक का शोर…जैसे ये वाइट नॉइज़ है, जिसपर हम ध्यान नहीं देते, मेंटली म्यूट कर के चलते हैं, मैं भी कहानी सुनाने वाली इस लड़की को अक्सर अनसुना कर के जी रही होती हूँ। लेकिन कभी कभी लेकिन उसका दिमाग़ एकदम ही ख़राब हो जाता है, it is chaotic…फिर वो मेरे भीतर भूचाल, सूनामी और ज्वालामुखी फटने जैसी प्राकृतिक आपदाएँ बुला लेती है…

उस रोज़ स्टारबक्स जाने का मन नहीं किया था। घर से एक घंटा दूर। बाहर बाहर की सड़कें, बिल्कुल भी शोर नहीं, ट्रैफिक नहीं…मौसम प्लीजेंट…मार्च है, बेहद सुंदर फूल खिले हुए हैं सब जगह। खास तौर से गुलाबी और बैगनी फूलों से ढके हुए पेड़…ताम झाम का क़िस्सा ये था कि कुर्ते की स्लीव थोड़ी सी बाँह पर अटकती थी और हमको लिखते हुए अक्सर हत्थे चढ़ाने की आदत है…कुर्ता पहन कर हम अक्सर लिखने तो नहीं ही जाते हैं…तो पहले fabindia में पिट-स्टॉप लिए…एक अच्छा सा कुर्ता खरीदा, मैचिंग झुमके ख़रीदे और फिर उस कैफ़े गई जहाँ कोई मुझे नहीं जानता।

आसमान में बादल की आउटलाइन सुनहली हो गई थी। शाम से वहाँ बैठ कर नॉवेल का पहला चैप्टर लिखे। सोचे, दोस्त ऐसे होने चाहिए जिनके घर बिना एडवांस नोटिस के जा सकें। जिन्हें बुलाने के लिए जिद मचायें तो वे मान जायें और आ जाएँ चुपचाप…तबीयत अच्छी-ख़राब, ऑफिस का काम, पति की किचकिच, सब छोड़छाड़ के…लेकिन ऐसा कोई है तो नहीं शहर में…फिर क्या ही करते। दिल को समझाने की कोशिश की, वही एक बात, जो इतने साल से समझा रहे हैं…कि वैराग्य भी अभ्यास से आता है। कि हम प्रैक्टिस कर के सीख जाएँगे, किसी की याद में तड़पने के बावजूद उसे बताये बिना जिया जा सकता है। कि कायनात के सामने भीख मांगने की जरूरत नहीं है। कि ये वक़्त गुज़र जाएगा और अभी जिसे एक नज़र देखने के लिए जान जा रही है, वो सामने होगा और तुम उस से दूर रह सकोगी। 

भर दोपहर और शाम कहानी लिखने के बाद किसी दोस्त की बहुत तलब लगती है। जिसे थोड़ी सी कहानी सुनायी जा सके। लेकिन बैंगलोर में मेरी कहानी किसी को समझ में तो आएगी नहीं। कि इतना इंटेंस जीना ही क्यों है…क्या समझायें, कि हमेशा ये ऑप्शन नहीं होता कि एसी के टेम्परेचर की तरह इंटेंसिटी कम ज़्यादा कर सकें…इसका कोई रिमोट नहीं होता.

साथ लाए बैग में सब कुछ था, आईपैड, मैकबुक, तीनों नोटबुक्स, सारी कलमों में फ्रेश इंक, बहुत सारे पोस्टकार्ड्स…और मन में एक गहरा दुःख। ख़त लिखने को दिल किया…वर्ड डॉक्यूमेंट खोल के पढ़ा…इस ख़त पर मेरा नाम नहीं है, सिर्फ़ डियर राइटर…कि मुझे जाने बगैर, सिर्फ़ मेरे शब्दों से मुझे जाने वाला कोई मुझे इतनी प्यारी चिट्ठी लिख सकता है। क़ायदे से तो ऐसे लोगों से कभी मिलना नहीं चाहिए…कि हम तो इतने उलझे हुए, बेसब्र, परेशान से हुए रहते हैं। हमसे मिलने का कोई फ़ायदा नहीं है। टाइमपास भी नहीं, टाइमवेस्ट। ख़त इतनी बार पढ़ चुकी थी, ये भी लगा कि कैसे लोग हैं ना दुनिया में…उन्हें तारीख़ें याद रहती हैं, उन्हें नंबर्स समझ आते हैं…उनका समय तक का हिसाब ठीक है।

एक हम हैं, जिससे कल बिछड़े हैं, लगता है पिछले जन्म में मिलेंगे और दुखता ऐसे है कि अगले जन्म उनसे मिले बिना जीवन लगभग सारा बीत जाएगा। इसी बेनामी ख़त में बहुत सुंदर शेर लिखा मिला था

दुख ऐसा चाहिए कि मुसलसल रहे मुझे
और उस के साथ साथ अनोखा भी चाहिए
इक ज़ख़्म मुझ को चाहिए मेरे मिज़ाज का
या'नी हरा भी चाहिए गहरा भी चाहिए
- जव्वाद शेख 


उसका हिसाब थोड़ा भी पक्का होता तो गिन लेती न, कितने दिन बीते…कितने साल, कितने मौसम, कितने लम्हे…सड़क के साथ चलती नदी में कितना पानी बह गया। बहुत साल पहले हम अजनबी थे, बिल्कुल झूठी बात लगती है हालाँकि। उससे पहली बार मिलने पर भी अजनबी जैसा नहीं लगा कभी। ऊँचे पेड़ों वाले एक छोटे से शहर के किनारे किनारे नदी चलती थी। नदी के किनारे किनारे सड़क। सड़क पर छोटे छोटे पत्थर थे। नदी दिखने से ज़्यादा महसूस होती थी। ऐसा लगता था, कोई नदी बह रही है कहीं।

उस दिन ज़िद पर उतर आई थी कहानियों वाली लड़की, कि इस दिल को एब्सेंस से ज़्यादा presence की लत लग रही है, ऐसे में लतखोर दिल को थूर-थकूच के समझाना जरूरी था कि किसी के होने की आदत मत डालो…किसी को आवाज़ न दो। कोई है नहीं, इस भागते शहर में जो तुम्हारे बुलाने पर आ सके। सुनोगी तो मजबूरियाँ सुनायेंगे लोग तुम्हें, बहाने नहीं। इतना आसान थोड़े होता है तुमसे मिलना। लौंग राइड पर जाने के पहले जैसे बाइकर्स राइडिंग गियर पहनते हैं, वैसे ही तो दिल को पूरी तरह सेफ्टीगियर पहना कर लाना पड़ता है तुमसे मिलने। बहुत ताम-झाम है तुमसे मिलना, ऐसे नहीं होता कि कहो, पाँच मिनट में आ जाओ घर के नीचे, चलो, चाय पीने चलेंगे। उसको काल्पनिक किरदारों से मिलने के पहले पूरा तैयार होना होता था, साड़ी झुमके, बिंदी, परफ्यूम…लेकिन ज़िद इतनी भी होती थी कि बाल न उलझें…उससे कौन मिलेगा बिना तैयारी के…कोई भी नहीं तो। जो तुमसे नहीं मिलते, उनसे मिलने को काहे परेशान होती रहती हो। जो मिलना चाहते हैं, वाक़ई, जाओ उनसे मिल आओ।

मुझे लिखने के पहले बहुत से शहर देखने होते हैं। अहमदाबाद में एक पुरानी, रानी की वाव है। स्टेप-वेल…पत्थर की सीढ़ियों वाला कुआँ। याद नहीं बाओलियों के लिए मुझे इतना प्यार कब से उमड़ा…IIMC के अपने दोस्तों के साथ जब पहली बार एक स्टेपवेल देखी थी, तब से उनका सम्मोहन मेरे भीतर रहता है। मन के भीतर गहरे, कहानियाँ ऐसे ही रहती हैं।

सुबह साढ़े छह की फ्लाइट की टिकट साढ़े चार बजे कटायी…पंद्रह बीस मिनट में बैग पैक किया…और चालीस मिनट की ड्राइव है एयरपोर्ट की, सो बीस मिनट में आए, उड़ते उड़ते…दौड़ते हुए एयरपोर्ट के गेट से अंदर पहुँचे…जब वाक़ई प्लेन बोर्ड कर गए…तो दोनों मित्रों को ह्वाट्सऐप कर दिया, कि हम बोर्ड कर रहे…आ रहे हैं तुम्हरे शहर, लेकिन तुम परेशान मत होना. आराम से लंच पर मिलते हैं. और हमको एकदम ही नहीं लगा था, वे पहुँच जाएँगे.

अराइवल्स में बाहर निकलते ही देखा उन्हें…धूप थी. भली. वे भी. भले.
हम ऐसे मिले जैसे जन्मों के बिछड़े दोस्त हों…जैसे न मिलने का हिसाब किताब हम में से किसी को समझ नहीं आता…गाड़ी में बैठे, हम अपना सामान किसी को उठाने नहीं देते, लेकिन पता नहीं कैसे ये कुछ लोग होते हैं, आई insist वाले…कि मैं जाऊँगा ही नहीं तुम ऐसे बैग उठा के चलोगी तो…दूसरी बार मिल रहे थे। तीन साल हो चुके थे। और ये दोनों मुझे सिर्फ़ मेरे लिखे के कारण जानते हैं, प्यार करते हैं।

नाम लिखने का मन है, लेकिन नाम लेने से दोस्ती को नज़र लग जाएगी, इसलिए लिख नहीं रहे।
मैं, तुम, हम…कितना मुश्किल हो जाता है कभी कभी इन तीनों के साथ किसी किस्से को ज़िंदा करना।

पुरानी सीढ़ियों से उतर कर गई तो बहुत साल बाद उस गंध को पाया जो बचपन में गाँव में कुएँ की मुंडेर पर हुआ करती थी। मेरे गांव के घर में दो कुएँ थे, एक भीतरी आँगन में…एक बाहर गोहाल में, खेत के पास…और एक बड़ा इनारा, अर्थात्, बड़ा कुआं…जहाँ से पीने का पानी लाया जाता था। भीतरी कुएँ पर नहाना, मुँह हाथ धोना, और बर्तन माँजने का काम होता था। उन दिनों बर्तन और हाथ, दोनों राख से माँजे जाते थे।

सीले हुए पानी की गंध…मिट्टी और पुरानेपन की…कहानियों की गंध। ये ख़ुशबू मेरे भीतर अंधड़ की तरह उड़ती है…

मुझे अब अकेले घूमने की आदत हो गई है। दोस्तों की आदत छूट गई है।
रानी की वाव में पाँच तल्ले नीचे उतर कर पानी है। हम तीनों आसपास देखते हुए उतर रहे हैं। नक्काशीदार बलुआ पत्थर ऊपर में देखने से भुरभुरा लगता है। स्पंज की तरह सुराख़दार भी। नीचे के तल उतरने पर पत्थर छूने में खुरदुरा, ठंढा और सीला हुआ है। हम बातें कर रहे हैं। मुझे सब कुछ मायावी लग रहा। surreal, जैसे किसी कहानी के भीतर ही हैं। ऐसी पानी वाली ठंढी जगहों पर अजीब सा हौल फील होता है, सीने में…प्राचीन किसी दुख का होना। आत्मा में कुछ गहरा दुखना। दिल डूबता है।
मैं उन्हें देखती हूँ। सोचती हूँ, कितना अच्छा होता है, शहर में एक दोस्त होना भी।
चामुंडा चलते हैं, तुम्हारे सारे दुखों का इलाज वही है। मैं सोचती हूँ, कैसी जगह होगी…लेकिन कोई इमेज नहीं बनती। हम गाड़ी में जाते हैं…खुली हुई जगह है…मैदान जैसी, कुछ पेड़ हैं…वहीं बीच में बसा हुआ है…यह छोटा सा, चामुंडा. नखलिस्तान ही है. इतवार की सुबह है, एकदम अलसायी सी…लोग टेबल पर बैठे गप्पें कर रहे हैं…कुछ कुर्सियाँ हैं, सतरंगी धागे से बने कुछ छोटे स्टूल हैं…हम तीन कुर्सियों पर बैठ गए हैं…जूते मोजे उतार दिए हैं. पैर स्टूल पर टिका दिए हैं. 

छोटी छोटे काग़ज़ के कप में चाय…छोटी वाली गोल्ड फ्लेक…जेट फ्लेम लाइटर.
मैंने अपनी पूरी ज़िंदगी ऐसी किसी दोपहर को नहीं जिया है…शायद इसलिए भी कि कॉलेज के दिनों में चाय पीते नहीं थे, न पॉलिटिक्स की ख़ास समझ थी। IIMC में पढ़ते हुए जब लोग चाय पीने टपरी पर निकलते थे, हम ऑलमोस्ट कभी नहीं जाते थे, ढाबा पर जाते थे तो खाने के लिए। चाय, सिगरेट, पॉलिटिक्स, ये तीनों मेरी ज़िंदगी में नहीं थे।
चाय हमको अब भी पसंद नहीं है। जैसे लोग सोशल ड्रिंकिंग करते हैं, वैसे ही हम चाय सिर्फ़ कुछ स्पेशल लोगों के साथ पीते हैं। ये स्पेशल लोग थे। ये स्पेशल सुबह थी।

इतनी बातें हम ख़ुद के लिए लिख रहे हैं, क्यूंकि बाद में सब कुछ भूल जाते हैं हम। दिन जल्दी शुरू करो तो वक्त धीरे बीतता है। ऐसा इतवार बचपन में ही मिलता था। पापा की छुट्टी रहती थी। सुबह रेडियो पर गाने चल रहे होते थे। मम्मी खाना बना रही होती थी। हम दोनों भाई बहन घास खोद रहे होते थे, कभी आलू उखाड़ रहे होते, कभी मटर छील रहे होते। फालतू के काम। झूला झूल रहे होते, दिन दिन भर। गर्मी छुट्टी के दिन।

कितना अच्छा होता है ना, जब किसी से कुछ नहीं चाहिये होता है। फिर जो भी मिलता है, सरप्लस ही होता है। भूख लगी थी ज़ोर से…दो प्लेट वेजिटेबल सैंडविच…खीरा टमाटर प्याज़, हरी चटनी और शायद चाट मसाला. गर्म. ताज़ा. इतना अच्छा स्वाद था. एक छोटू था, फ्लास्क और चाय के कप लिए घूम रहा था…हर कुछ देर में चाय पिला जाता था। 

कितने इत्मीनान से बैठे थे। कितनी सारी बातें थीं। बातें ही बस। लगातार चाय, सिगरेट, गप्प…लूप में. पानी की बोतलें. कहीं कोई शोर नहीं। कोई संगीत नहीं। कोई ackwardness नहीं…इतना सहज…जैसे कितने पुराने दोस्त हों. जैसे हम महीने की दो तीन इतवार तो वहीं पाये जाते हैं. ऐसी जगह, ऐसे लोग…कि अचानक से उस शहर में रहने को मन करने लगे। कितना कम चाहिए एक शहर से, लेकिन इतने पार्टिक्युअलर, कि बैंगलोर में सब कुछ मिलता…एक ऐसी दोपहर, एक ऐसी टपरी, दो ऐसे दोस्त और इतनी सारी बातें नहीं मिलतीं। इतना सा ही तो चाहिए, लेकिन। यही चाहिए। कोई और कॉम्बिनेशन नहीं।

कोई सिगरेट जला के पी हो, सो याद नहीं…जली हुई सिगरेट माँग माँग के पीते रहे…ये अलग था…ये अजब था…ये भीतर की किसी आग को बुझाता था…कोई दुख पे मरहम करता था। लोग क्यों पीते हैं सिगरेट, मालूम नहीं। हम हमेशा दोस्तों के साथ सिगरेट पीते हैं। सिगरेट अपने आप में एक किरदार है। किसी एक बार की सिगरेट, किसी दूसरे बार की सिगरेट जैसी नहीं होती। किसी एक दोस्त के साथ पी हुई सिगरेट, किसी दूसरे दोस्त के साथ पी हुई सिगरेट जैसी नहीं होती। हम अपने घर में बैठे, कभी सिगरेट पी भी रहे हैं तो ऐसे किसी रोज़ को याद करते हुए ही पी रहे। इत्ती इति सी गोल्ड फ्लेक…छोटी गोल्ड फ्लेक…कड़वी गोल्ड फ्लेक…दिल को जलाती, बुझाती…चारागर।

इम्पॉसिबल था यहाँ होना…ऐसे कैसे अचानक से खिंच के चले आए ना.
उसने ख़त में दिनों की गिनती लिखी थी…आख़िरी बार मिले हुए कितने दिन हुए.

मुझे रश्क हुआ उन दोनों से…कितना आसान था उनके लिए यहाँ होना…कितना मुश्किल और कितना rare है मेरे लिए, जो कितनों को सरलता से मिलता है।

जाना जितना आसान लग रहा था। लौटना उतना ही मुश्किल था।
गाड़ी से उतर कर गले लगे…गेट की ओर लौटे…दिल नहीं भरा…लौट लौट कर जाना चाहता था दिल. ये कौन से लोग हैं जो मुझ टूटे फूटे इंसान से इतना प्यार कर सकते हैं…तो क्या शहर की बात है? Bangalore finds me difficult to love. Impossible to love.
एक बार विदा करने के बाद, वो फिर से दौड़ कर साथ आई। गेट तक। हम दो बार गेट से लौटे। मैं वहाँ खड़ी उसे दूर जाते देखती रही। जब तक वो भीड़ में गुम नहीं गई।

मन नहीं भरा। मन कभी नहीं भरेगा।
फ़्लाइट में रोते सुबकते आई। मेरा कोई मायका है नहीं। बिन माँ की लड़कियों का मायका नहीं होता। लेकिन कभी कभी ज़िंदगी हमें ऐसे लोग दे देती है, जिनके पास हम लौट सकेंगे, ऐसा भरोसा होता है। कि वे हमारा इंतज़ार करेंगे। That they can love us in our worst form. That I can take them for-granted. हमेशा माँगते हुए ज़रूरत भर को हाथ फैलाने वाले हम, किफ़ायती लोग। ज़िंदगी उदार हो कर भेजती है, दोस्त, जान से प्यारे…जो बाँहें खोलते हैं और हमें समेट लेते हैं।

दिल दुखता है। लेकिन इसलिए कि भरा-भरा है।
और कुछ भी पूरी तरह ख़राब नहीं होता। सिगरेट भले बुरी चीज़ है, लेकिन हमारे लिए मरहम है।

ज़िंदगी के सबसे सुंदर मोमेंट्स की कभी तस्वीर नहीं होती। उससे बोला, चामुंडा की एक फोटो भेज दो…उसने जो भेजी है, उसमें एक कुर्सी पर बैग है, दो खाली कुर्सियाँ हैं…टेबल पर एक सिगरेट का पैकेट है…एक कप चाय.
मैंने अपनी ज़िंदगी में इससे उदास तस्वीर नहीं देखी।

दुनिया बदल रही है। हम जाने कब मिलेंगे फिर। लेकिन इस बदलती दुनिया में, मिल लिए। ये अच्छा है।
और अच्छे से ज़्यादा, ये काफ़ी है। 

19 March, 2026

कहो, कर सकोगे, अप्रेम में इतना, मेरे लिए?



मायावी लड़की, ख़ुद से डरती थी। जिसके इश्क़ में एक आँसू रो दे, उसकी आत्मा उसी एक कतरे में क़ैद हो जाती थी…फिर वो आँसू का कतरा जहाँ जज़्ब हो, प्रेमी की रूह का एक हिस्सा वहीं ग़ुम हो जाता था…फिर वे दुनिया में भटके भटके फिरते, कि जाने क्या छूट गया है…क्यों ज़रा खाली खाली सा लगता है, सीने के बीच ज़रा सा दुखता क्यूँ है। सिगरेट के कश में जो पुरसुकून सुख था, वो घट क्यों गया है। किसने मेरी ज़िंदगी का ज़रा सा सुकून ग़ायब किया है। सब कुछ हासिल कर के भी काफ़ी क्यों नहीं लगता…क्या छूट रहा है…क्या फिसल रहा है हाथ से…

काग़ज़ में जज़्ब होता आँसू का कतरा, तो कहानी बनता, उसे पढ़ते हुए हर अधूरे व्यक्ति को लगता, किसी ने उसकी रूह पर जरा सा मरहम लगा दिया है। कहानियों में कच्ची मिट्टी होती। इससे भरे जा सकते गहरे से गहरे ज़ख़्म। दो फाँक दिल पर लगा के जरा सी कहानी की मिट्टी, टांक देती लड़की अपनी हँसी के कच्चे धागे से ज़ख़्म। माचिस लिए घूमती। उसकी नज़र में इतनी तपिश थी, सियाह आँखें, कोयले जैसी। नज़र भर देखती तो आँच लगती, ज़ख़्म की मिट्टी पर खिलते अमलतास। बारिश में झूमते, नशे में…गुनगुनाते उसका नाम…मंत्र बाँधते, कि बिजली ना गिर जाये इस पेड़ पर।
रतजगों के बाद वे आँखें भट्ठी जैसी जलती थीं…कभी कभी आँसू भाप बन जाता। आसमान से बरसता। उसके ये अनजान प्रेमी फँस जाते बहुत तेज बारिश के बाद वाले किसी ट्रैफिक जाम में…सारी गाड़ियाँ खड़ी रहतीं अपनी जगह पर। वे एक ही सड़क के दो तरफ़ होते। एक दूसरे को नहीं देख पाते एक नज़र भी।
वे अजनबी थे, लेकिन जाते हुए एक बार लौट कर आते, हाथ मिलाने को…कि यकीन हो, छुआ हुआ सच है। लड़की हँसती, सिगरेट से जला देती उनकी उँगलियाँ। कहती, ज़ख़्म का निशान देखोगे तो पक्का याद रहेगा, कि मैं सच में थी।
सच तो कुछ भी नहीं था इस हर पल बदलती, युद्धरत दुनिया में…
इश्क़ और जंग में सब जायज़ है, कहती हुई लड़की किसी बहुत तेज बारिश की रात में पूरा भीगती लेकिन बारिश में गुम नहीं होता आँसू का वो कतरा जिसमें नाम घुला हो…वो कतरा चमकता…आसमान में… 
वो अजनबी हर बार जब बिजली कड़कते हुए देखता खिड़की से बाहर तो सोचता, ये उसके नाम का अक्षर हमेशा कैसे दिखता है सेकंड के क्षणांश में आसमान में लपकती रोशनी की लकीरों में…
तेज बारिश में गीली सिगरेट आसमान की ओर उठाती लड़की और आसमान को चैलेंज करती, उस लड़के को मुझसे जरा भी प्यार नहीं है, जो मैं झूठ बोलूँ तो इस सिगरेट को जला कर दिखा…भगवान हँसते, बेवकूफ लड़की, इतना सिंपल टेस्ट…आसमान से धरती की ओर बिजली लपकती और सिर्फ़ सिगरेट का सिरा जला कर ज़मींदोज़ हो जाती…
लड़की गहरा कश लेती, हँसती…यार भगवान, तुम भी ना, ये बिजली हमारे दिल पर गिरा कर क़िस्सा तमाम कर देते, इतना क्या सोचना है तुमको…एक मेरे मर जाने से कुछ भी तो हिसाब-किताब गड़बड़ नहीं होगा दुनिया पर…भगवान जी कहते, जरा-जरा मरो तुम इश्क़ में…पूरा मत मर जाना, जितनी बेवकूफ हो, उतनी ही प्यारी भी तो हो।

***
शहर दिल्ली से बेइंतहा मुहब्बत करने के कोई सुबूत नहीं हैं मेरे पास, सिवाए इसके कि किसी रैंडम से दिन बहुत मुश्किल से पायी हुई एक ख़ाली दोपहर में लिखने बैठी हूँ, कहानी मिजाज में घुली हुई है। मॉल का गेट सामने है। लोग इर्द-गिर्द हैं। मैं किसकी याद में हूँ, मालूम भी नहीं। मुहब्बत को तो उस शहर में भी याद करते हैं, जहाँ उसके होने का कोई ठिकाना नहीं होता। शहर दिल्ली में अभी पलाश और सेमल खिले होंगे। लोधी गार्डन में बोगनविला के उस पेड़ पर झूम कर गुलाबी रंग खिला होगा। हौज खास की इमारतों के पत्थर अभी पूरी तरह धीपते नहीं हैं। शाम को वहाँ बैठा जा सकता है। जिसे एक दिन ज़िद करके हौज खास ले गई थी, कि देखो, ज़िंदगी अभी कमरे से बाहर भी है। कि देखो, शाम के रंग सुंदर हैं। कि देखो, तुम्हरे अपने पर्सनल दुख के अलावा दुनिया कितनी बड़ी है। वो, जिसने उस रोज़ कहा था, तुम्हारे साथ यहाँ आ कर पता नहीं क्यों मन करता है कि फिर से पेंट ब्रश उठाऊँ और कुछ पेंटिंग्स बनाऊँ इस जगह की…वो, जिसने तड़प के कहा था, आज तुम्हारी बहुत याद आ रही है। आज आ जाओ बस, फिर किसी रोज़ नहीं आना। और मैं सिर्फ़ इसलिए नहीं गई थी, कि दो दिन ही लगते हैं दुखती हुई आदत के लिए। किसी से एक दिन मिलना हमेशा anomaly होता है, दिल कभी इस बात का यकीन नहीं करता कि उससे मिल कर जो महसूस हुआ था, वो सच का रूह में धँसा हुआ था। दिल कहता रहता है, एक्सेप्शन था वह, उतनी तेज धड़कना, वो ख़ुशी का फूल जो खिलता था, मुस्कुराता था, एक रोज़ का फूल था…उस पर भरोसा मत करो, वो गलती से बेमौसम खिला था। अभी वसंत आने में एक जन्म का फ़ासला है। वो लड़की नहीं थी, भरम थी। उससे दो बार मिल लोगे, लगातार, तो रूह में ज़ख़्म की तरह दर्ज हो जाएगी। फिर चुभेगी हर रोज़, एक तीसरी बार की मुलाकात की ज़िद लिए। कि स्पेस में भी ग्राफ प्लॉट करने के लिए दो वेल्यूज़ चाहिए होते हैं, एक्स एक्सिस के अलग, वाय एक्सिस के अलग। समय और स्थान। दो बार मिलने से यकीन हो जाता है कि किसी एक जगह पर, किसी एक वक्त में वो सचमुच थी। मरीचिका के पीछे क्यों भागना यायावर। सब कुछ भरम था उसका, किसी पुराने खंडहर में आती खुशबू हमेशा किसी प्रेत की होती है। किसी अधूरी इच्छा की…इन प्रेतों को इग्नोर करना ही सबसे अच्छा उपाय होता है। जैसे ही इनके होने का तुमपर असर पड़ने लगेगा, तुम्हें मालूम भी नहीं चलेगा और तुम्हारी घड़ी की सुइयाँ उलटी दिशा में घूमने लगेंगी। तुम गुज़रा हुआ सारा वक़्त लौटा लेना चाहोगे सिर्फ़ उस एक लड़की के साथ एक शाम, एक दोपहर, एक मौसम पहली बार जीने के लिए। तुम अपना जिया हुआ सब कुछ इरेज कर दोगे उसके लिए। वो जो है भी नहीं, जो कभी नहीं होगी तुम्हारे आसपास। उसने अनाधिकार अपनी साड़ी का आँचल तुम्हारी ओर बढ़ा दिया था कि इसमें धीपा हुआ, भीगा हुआ चेहरा पोंछ लो। वो अपनी साड़ी के आँचल में गाँठ बाँध लेती तुम्हारी ख़ुशबू…फिर तुम्हारी कलाइयों से कपास की गंध उठती और तुम सिगरेट पीते हुए अपनी कलाइयाँ जला लेते लेकिन उसके गीले बालों से उड़ती गंध तुम्हारा पीछा नहीं छोड़ती। 

बरिस्ता ने कॉफ़ी टेबल पर ला कर रख दी, हम दिल्ली में थे, या ख़्वाब के किसी शहर में, अनायास ज़बान से शुक्रिया कहा, और आँख से आँसू उसी समय छलक गए। ऐसे कैफ़े में बैठ बिना मतलब एकदम अचानक आँसू से रो देने की वजह कोई माँग ले, तो क्या ही कह सकेंगे हम। कि लोधी गार्डन में सेमल के पेड़ों का वो छोटा सा जंगल क्या अब भी खिल के आसमान और ज़मीन दोनों को गहरा लाल रंगता है? कि शुक्रिया कहना दुखता है? कि कॉफ़ी कलेजा जलाती है? कि हम कुछ भी कर लें, इस तन्हाई के ख़िलाफ़ कोई मुकदमा जीत नहीं सकेंगे। कि इतने साल में भी आदत क्यों नहीं पड़ती। कहते तो हैं ना, कि “कफ़स भी हो तो बन जाता है घर, आहिस्ता आहिस्ता”, लेकिन किसी औरत ने क्यों नहीं लिखा कि घर हो जाता है कफ़स आहिस्ता आहिस्ता? कि भाग जाने के सपने में गाड़ी उलट जाती है, बस खाई में गिर जाती है। कि बारिश में भीगते हुए दोस्त की याद आती है तो इतना ही कह पाते हैं, वॉइस नोट भेज दिया कर, तेरी याद आती है। ग़ज़ब ज़िद में दुखती है तन्हाई।
***

मुझे कोई बहुत अच्छा लगता है तो उससे सिंपल सवाल पूछती हूँ, तुम्हारा सबसे पसंदीदा रंग कौन सा है…पता नहीं क्यों। शायद उस रंग को उसकी नज़र से देखना होता है। शायद उसकी नज़र से दुनिया देखनी होती है। मेरे पापा का सबसे फ़ेवरिट रंग हरा था। मैंने जब अपनी मर्जी की कलमें खरीदनी शुरू की थीं, तो मेरा सबसे पसंदीदा रंग हरा था। मेरे पास हमेशा एक हरे रंग का पायलट पेन जरूर रहता था। कुछ हादसे आपको कैसे बदल देते हैं ना, ज़िंदगी से कोई एक रंग चुरा लेते हैं। आप कह भी नहीं सकते, ऑलमोस्ट किसी से भी…कि आपको हरे रंग से डर लगता है।
धूसर रंग पसंद था उसे…मिट्टी के सारे रंग। मैंने कई बार ख़ुद को ऑफ वाइट या beige रंग की साड़ी में लपेटते हुए सोचा, वो मुझे देखता तो क्या कहता…क्या वो कहता कि मेरी पसंद के रंग की साड़ी में अच्छी लग रही हो। क्या उसे मालूम होता कि मैंने जो बस, ऐसे ही, लाइट कन्वर्सेशन जैसा सवाल किया है, उसके इर्द-गिर्द मेरी वार्ड-ड्रोब बन रही है? क्रीम पैंट और ब्लैक शर्ट का मेरा सबसे फ़ेवरिट कॉम्बिनेशन सिर्फ़ ब्लैक ऑन ब्लैक से हराया जा सकता है। यार, ब्लैक पहन कर मेरी जान लेने आते हो तो पहले वार्न कर दिया करो, हम दिल का जिरहबख़्तर पहन कर मिलेंगे तुमसे।

***

मेरे दिमाग़ में फालतू चीज़ें सेव्ड रहती हैं। शहर के स्पीडब्रेकर का नक्शा है। और मेरी ज़िंदगी की जिन चीज़ों को तुमने छुआ है, उनका भी…चाहे तुमने किसी कॉफ़ी कप से एक घूँट लिया हो, किसी ग्लास या बॉटल से मुँह लगा कर पानी पिया हो…किसी कॉफ़ी शॉप में लकड़ी के स्टिरर से चीनी मिलायी हो…मैं क्या करूँ कि तुम्हारी छुई हर चीज़ को उठा कर दिल के म्यूजियम में स्टोर करती गई हूँ।

***

तुम इक रोज़ भूल जाओ कि मैं कॉफ़ी में चीनी नहीं पीती, भगवान कसम, उसी रोज़ तुमको एकदम से भूल जाऊँगी। लेकिन इसके लिए किसी कॉफ़ी शॉप में मिलो तो सही…मेरे लिए अमेरिकानो ऑर्डर करो और उसमें अपनी कॉफ़ी की तरह, दो चम्मच चीनी डाल दो…
सिंपल है ना…कहो, कर सकोगे, अप्रेम में इतना, मेरे लिए?

15 March, 2026

वो मेरी रूह में उलझ गया है…मैं जिस्म से रूह को अलगा कर मर जाना चाहती हूँ।

दिल दुख रहा है। फिजिकल। क्यूँ। ठीक-ठीक क्या। डॉक्टर को दिखायेंगे तो कुछ भी नहीं निकलेगा। शायद।
लेकिन दिल थक गया लगता है। मुहब्बत को गुनाह की कैटेगरी में डाल कर ख़ुद को इतना तड़पाया है कि मुस्कुराने से घबराता है दिल। सुख और सुकून के लम्हे को ऐसे बरतता है जैसे जमानत पर रिहा हुआ क़ैदी आसमान के चाँद को देखता है। कचकते, कसकते हुए। भगवान कभी आयें और पूछें कि क्या चाहिए, तो हम मुहब्बत भी नहीं माँगेंगे। कहेंगे, ये दिल का दुखना बंद हो जाये बस। मरने की दुआ माँग नहीं सकते, वरना माँग लेते। 
आज ग़ज़ब दिन बीता है, सुबह लगभग ग्यारह बजे घर से निकले, कोई डेढ़ घंटे दूर गो-कार्टिंग ट्रैक था, वहाँ पर मिनी वालों ने मिनी चलाने के लिए लगा रखी थी। आप तेज चला कर कॉर्नरिंग देख सकते थे…ऐसा कहने को ठीक लगता है, पर असल में मिनी इतनी ज़्यादा पावरफुल कार है कि इतने छोटे ट्रैक पर ठीक से न स्पीडिंग हो पायी, न कॉर्नरिंग। लेकिन वहाँ मिनी की टीम थी, उनसे बात कर के अच्छा लगा। हमने कार के बारे में बात की, रेसिंग के बारे में बात की…मैंने उन्हें बताया कि हाईवे पर गाड़ी चलाते हुए ये मालूम चला कि तेज बारिश में भी बहुत तेज गाड़ी चला रहे हैं तो हुड खोल कर चलाने के बावजूद भीगते नहीं हैं। ये देखने में ग़ज़ब लगता है और इसका फिजिक्स हमको नहीं मालूम, पर प्रैक्टिकली ऐसा ही देखे हैं।
दोपहर में खाने के लिए पेपर ऐंड पाई चले गए, पास में था। वहाँ का अवोकेडो टोस्ट बहुत अच्छा लगता है। साथ में कहवा और अमेरिकानो पिये…याद आया कि हमको वो जगहें कितनी अच्छी लगती हैं जो हमारे दोस्तों ने बतायी हैं। इंदिरानगर में एक जगह थी, घर के पास, Antz Cafe…जेन लेकर गई थी वहाँ पहली बार कितने साल हो गए उस बात को…जेन से बहुत बहुत साल पहले मिली थी, वो सिंगापुर शिफ्ट हो गई तो ज़िंदगी से एकदम ग़ायब ही हो गई है, लेकिन उसके साथ पहली बार उस छोटे से कैफ़े में जाना दिल को इतना सुकून देने वाला था कि वो मेरी अपनी जगह बन गया। मैं वहाँ कई बार कई दोस्तों के साथ गई। कोई जगह क्यों अच्छी लगती है, कह नहीं सकते। कभी-कभी वहाँ का स्टाफ बहुत kind होता है। आपसे इतने प्यार से बात करता है कि आप भूल जाते हैं कि आपने कई दिनों से मुस्कुरा कर किसी को देखा नहीं है। मुझे हमेशा सफेद इमारतें बहुत अच्छी लगती हैं। ऐंट्ज़ कैफ़े में एक सिनेमन कॉफ़ी मिलती थी। उन दिनों अमेरिकानो का चस्का नहीं चढ़ा था। वहीं पर bruchetta मिलता था…ब्रेड के छोटे टुकड़ों पर टमाटर कटे हुए और थोड़ा शायद ओलिव आयल ड्रिज़ल किया हुआ…हम ऐंट्ज़ कैफ़े कई बारिश वाली दोपहर और शाम गए होते थे। अक्सर क्रिसमस लाइट्स लगी होती थीं। हर बार किसी दोस्त के साथ किस टेबल-कुर्सी पर बैठे थे, सो तक याद रहता था। गुज़र गए दिनों के दोस्त, अक्स की तरह दिखते थे। इंदिरानगर छूटा तो वाक़ई जो दोस्त थे, सारे छूट गए।
कितना आसान था उन दिनों, दोस्तों को फ़ोन कर के कॉफ़ी के लिए बुलाना। स्टारबक्स में तो अक्सर ही ऑफिस के बाद मिलते थे। मैं उन दिनों अपने नॉवेल पर काम कर रही होती थी। रात के एक बजे अपने ग्रीन वाली फ्लाइट पर घर लौटती थी। सपनीले दिन और रातें। याद की सारी चीज़ें सच नहीं होती हैं। बहुत कुछ हम अपनी कल्पना से मिला देते हैं, कुछ किसी कहानी का छूटा हुआ जुड़ जाता है। इन दिनों याद में दिक्कत होती है।
इस जनरेशन के पास कितने सारे और कितने अच्छे शब्द हैं। जिन चीज़ों को समझने में हमें कई किताबें लग जाती थीं…उनके लिए इनके पास एक शब्द है, situationship, ये अच्छा भी है और बुरा भी। मुझे जैसे उलझे हुए किरदार अच्छे लगते हैं, उतना उलझा हुआ क्या हर कोई होता है?
मुझे पहले लगता था मुहब्बत पर उम्र का कब्जा है। एक उम्र के बाद मुहब्बत दस्तक दे कर, इजाज़त दे कर आएगी। ऐसे नहीं कि पतझड़ का पत्ता जिधर तेज हवा चली, उड़ गया। कि एक्सिडेंटली नहीं होगी मुहब्बत, कि क्रश नाम की शय पर टीनेजर्स का एकाधिकार है। ईगो पर लग जाता है किसी का इस तरह बदतमीजी से दिल के दरवाज़े एकदम से हिंदी फिल्मी हीरो की तरह तोड़ कर भीतर घुस आना…फ़िल्मों में भी आजकल नेगेटिव किरदार ऐसे लिख रहे हैं कि समझ नहीं आता किससे प्यार करना है, किससे नफ़रत और किसके लिए वफ़ा रखनी है। हम किस तरफ़ के हैं?
सब तरफ़ espionage चल रहा है। दिल अपनी ही जासूसी कर रहा और सारे राज उसे बता रहा है जिसे सिर्फ़ आपके क़त्ल से मतलब है, कोई भी करे।
कायनात, भगवान, शैतान…हमने हर दरवाजे मत्था टेक लिया। कि बस, ये दुखना बंद हो जाये। इक रोज़ तो इस बेतरह दुखा और टूटा कि लगा जान चली जायेगी। रात के जाने कितने बजे थे लेकिन दोस्त को फ़ोन करके फ़ोन पर चीखे, रोए, तड़पे…
वांग कार वाई की एक फ़िल्म है, डेज ऑफ़ बीइंग वाइल्ड। उसका जो सबसे ख़ूबसूरत सीन है, वही उसका सबसे ख़तरनाक सीन भी। कि इक लड़का है, जो एकदम अनजान लड़की को दीवार से टिका कर कहता है, मेरी घड़ी की ओर देखो, एक मिनट बीतता है और फिर वह कहता है, आज से हम एक मिनट के दोस्त हो गए…इसे अब कोई नहीं बदल सकता, क्यूंकि अतीत को बदला नहीं जा सकता…और कि इस एक मिनट के लिए मैं तुम्हें ज़िंदगी भर याद रखूँगा।
वे प्रेम में होते हैं, साथ होते हैं और आख़िर को वो लड़का, उसे छोड़ देता है। लड़की बावलों की तरह रातों को शहर भटकते रहती है। ऐसे में इक रोज़ उसे एक पुलिस वाला मिलता है। वह पुलिस वाले को कहानी बताती है, कहते हुए कि जब उस लड़के ने यह बात कहीं थी, तो सुनने में बहुत अच्छा लगा था, लेकिन जब से उसने मुझे छोड़ा है, मैं रोज़ सोचती हूँ, वो एक मिनट भूलना कितना मुश्किल है। इस सबके बाद वो लड़की कहती है, मैं अगर सिर्फ़ आज की रात काट लूँगी तो फिर चीज़ें ठीक हो जायेंगी। सिर्फ़ एक आज की रात।
मेरे पास भी सिर्फ़ ऐसी रातें हैं। लेकिन कई रातें। मुश्किल वे रिश्ते नहीं होते जो टूट गए। मुश्किल वे रिश्ते होते हैं, जो बने ही नहीं। उनके पास खाद-पानी नहीं रहा कभी कि ज़मीन से झाँक सकें बाहर, धूप चख सकें, चाय-कॉफ़ी का अंतर पता कर सकें। पता नहीं, शायद इस दुनिया में मेरी तन्हाई का कुछ काम होगा…वरना ऐसे थोड़े है कि इतने बड़े शहर में लोग नहीं हों।
शाम में मिलन की किताब के बारे में बातचीत थी, अट्टा-गलाटा में। Heartbreak Unfiltered. नॉन-फिक्शन किताब है। कई तरह के दिल टूटने के किस्से हैं इसमें। किताब कब से पास में है, लेकिन पढ़ नहीं रहे, मन होते हुए भी। एक शाइनी उनसे सवाल पूछती हैं, कि क्या दिल टूटने से लोग मर सकते हैं, तो मिलन बताती हैं, कि किताब लिखते हुए उन्होंने स्टडी की और उनको पता चला कि दिल टूटने से सच में मर जाते हैं लोग।
हमने मुहब्बत को हमेशा रोमांस के चश्मे से देखा है, स्त्री-पुरुष के अलावा भी ऐसे प्रगाढ़ संबंध हो सकते हैं, ऐसे उदाहरण हमने बहुत कम पढ़े हैं। ऐसे रिश्ते होते होंगे, लेकिन हमने आमतौर पर प्रेम में दिल टूटने के सारे किस्से मुहब्बत के ही सुने हैं। नॉन-रोमांटिक जो क़िस्सा मुझे सबसे ज़्यादा पसंद है, वो वैन गो और उसके भाई थियो का है। वैन गो के छोटे भाई, थियो ने हमेशा वैन गो का ख्याल रखा, पैसा भेजते रहे और वैन गो के लिए क्या करना अच्छा रहेगा इसके बारे में भी खतों में लिखते रहे। दोनों भाई आपस में बहुत गहरे जुड़े हुए रहे…वैन गो के मरने के छह महीने के अंदर थियो की भी मृत्यु हो जाती है।
मुझे वैन गो बहुत पसंद हैं। इसलिए भी कि मेंटल हेल्थ बहुत ख़राब होते हुए भी उन्होंने बहुत सी पेंटिंग्स बनाईं। ये वैसा ही है जैसे बहुत डिप्रेशन में भी कोई लेखक लिखना जारी रखे। जैसे स्वदेश दीपक ने ‘मैंने मांडू नहीं देखा’ लिखी होगी। हमेशा मुमकिन नहीं होता है कि कला हमें बचा ले, लेकिन कई बार होता है कि कुछ रचना हमें डिस्ट्रक्टिव होने नहीं देता। हमें थोड़ा सुकून होता है कि जैसे एनर्जी को ना क्रिएट कर सकते हैं न डिस्ट्रॉय कर सकते हैं, वैसे ही दुख है…इसे सिर्फ़ दिल से निकाल कर काग़ज़ पर रखा जा सकता है। दुख को नष्ट नहीं कर सकते। अगर करने की कोशिश करेंगे तो दुनिया वैसे ही तबाह हो जाएगी जैसे एक इलेक्ट्रान को तोड़ कर नाभिकीय ऊर्जा को जन्म दिया जाता है। नार्मल केस में तो यही होता है एक एक व्यक्ति का दुख थोड़ा थोड़ा बहुत लोगों में बंटे…तब जा कर उसके दिल का बोझ थोड़ा हल्का होता है।
13th march. Friday. डायरी में लिखने के बाद भी कुछ चीज़ें इंटरनेट पर सहेजने का मन करता है। खास तौर से शुक्रिया दर्ज करने को…कि हमने जिसके लिए कुछ लिखा है, उस तक तो कभी नहीं पहुँचेगा, लेकिन शायद बहुत लोगों में बँटे तो हमारे सीने में चुभती खुखरी थोड़ी कुंद हो जाये.
कुछ चीज़ें कभी नहीं बदलतीं। मुझे इस दुनिया को उन चीज़ों के लिए शुक्रिया कहना चाहिए।
पता नहीं कितने साल बाद बात कर रहे थे, लेकिन दूर से ट्रेन की सीटी की आवाज़ सुनायी पड़ी फ़ोन पर। इस ट्रेन के सिग्नल से हमेशा लैंडलाइन वाले फ़ोन की याद आती थी। याद ऐसे ही आती है, बेसिरपैर की…उसके आने का न कोई ठिकाना होता है, न कोई तयशुदा वक्त। ग़लत लोगों के साथ होने पर, सही लोगों की याद आती है।
हमारे बीच कितने साल थे, मुझे मालूम नहीं।
मालूम बस इतना था कि इस दुनिया में बदन के इतने हिस्से हो नहीं सकते कि हर बार प्रेम करने पर दिल का टुकड़ा छोड़ आयें उसके पास, इसलिए हमने रूह के हिस्से किए…हर बार जब हमें मुहब्बत हुई। लेकिन उससे मिलने के बाद अफ़सोस हुआ कि काश रूह साबुत सलामत रहती…कि काश उसके पास रहते हुए किसी और हिस्से के लिए दिल टहकता नहीं।
मैंने सबसे ज़्यादा यही पूछा है, कि मुझे इतना गहरा प्रेम क्यों होता है…मुझे कम में जीना क्यों नहीं आता? मुझे इतनी याद क्यों आती है…आती है तो इस बेतरह दुखती क्यों है…इन सवालों का कोई जवाब नहीं होता। इस दुख की कोई दवा नहीं होती।
मुझे वो संगमरमर का फर्श याद रहता है, जिसकी ठंढी, कठोर सतह पर गिरती चाँदनी से दिल पर फफोले पड़ते थे…उस चाँदभीगे फर्श पर तड़पते हुए इक रोज़ सोचा था, काश कभी ऐसा होता, उसे एक क्षण के लिए सही पर इस ताप, इस दाह का अंदाज़ होता…एकदम ठीक ठीक ऐसा नहीं और इतनी देर तक तो बिल्कुल नहीं…पर जैसे आँच को छू कर उँगली जल जाती है, उतना सा छू सके विरह उसको…लेकिन इस विरह में उसकी आँखें जलेंगी तो मेरे दिल के अमलतास और पलाश के जंगल झुलस जाएँगे ये कहाँ मालूम था मुझे।
नया नॉवेल लिख रही हूँ, यहाँ पर लोगों ने अपनी फीलिंग महसूस करनी बंद कर दी हैं। बस कुछ ही लोग हैं, जिनका दिल थोड़ी तेज धड़कता है…यहीं एक किरदार है, ब्लैक शर्ट में जानलेवा दिखता…मुस्कुराता तो उसकी धार से काट लेती कलाइयाँ। वो पास आता है, इतना कि जिसे क़रीब कहते हैं…उसकी आवाज़ बहुत दूर से आ रही है…लैंडलाइन फ़ोन के ज़माने में हैं हम दोनों…मैं खिड़की पर खड़ी चाँद के उगने का इंतज़ार कर रही हूँ, वो तड़प कर कहता है, ‘कोई एक पूरे जन्म मेरे पास रह जाना…जाना मत।’
मैं काग़ज़ पर जल्दी से डायलॉग को लिखती हूँ। कलम के पाउच से खोलती हूँ कई रंग की कलमें, स्याही कौन सी है उसके शर्ट के रंग की…और उसकी आँखों के रंग की?
मैं चीखना चाहती हूँ, लेकिन काग़ज़ कोरा रहता है…
वो मेरी रूह में उलझ गया है…मैं जिस्म से रूह को अलगा कर मर जाना चाहती हूँ।

06 January, 2026

Have you met the wild women that have mysteriously obscure windmills in their hair?

Have you met the wild women that have mysteriously obscure windmills in their hair? When they drive fast on open roads past midnight…the city air feels as free as they are…the windmills create electricity and they come back to their work-desk, charged by the mad, wild, wind…racing through their hair…

They feel indestructible then. The women that thrive on coffee. Prowling their house full of people like time-thieves. They need just a couple of moments, alone, in order to survive the next day.

Do you know women feel like a live time bomb, most of their life? Something is always ticking inside their heart. But it’s been such a long time living with the bomb that they have forgotten if they are a part of the bomb diffuser squad or the bomb detonating one.

***

I’ve often raced like mad to catch a fleeting glimpse of one such woman. Sometimes, she does appear in the rear-view mirror of my Mini Cooper Convertible. They don’t write, “Objects in the mirror are closer that what they might appear”, on these mirrors anymore. Someone believes, all of us already know this fact. Though, we could all do with a reminder, some days, I guess. I might just cause an accident in order to touch her…one of these days. My palpitating heart calms down when it sees her. I should be scared though, the way most people are scared of ghosts. But I can’t ascertain the time to which she belongs…future or the past, definitely not the present…timeless in a way I can’t fully comprehend. We are born fearless and slowly learn to be afraid, a mix of causality and probability we pretend to understand.

***

3:00 a.m., January the 6th, 2026.
मुझे मैकबुक पर लिखने के पहले काग़ज़ पर लिखना ज़रूरी होता है। जब तक इंक पेन से काग़ज़ पर न लिखूँ, सतरें नहीं लगतीं। साँस ज़्यादा रैंडम चलती है। लिखने के लिए साँस का एक लय में आना जरूरी होता है। इतनी देर रात सब कुछ एकदम शांत है। सिर्फ़ कीबोर्ड की आवाज़ आ रही है। निब का काग़ज़ पर चलना, टाइपिंग की आवाज़, सिगरेट का कश खींचते हुए जलते तंबाकू के पत्तों की मद्धम आवाज़…ये मेरी बेहद पसंद की आवाज़ें हैं। रात इसलिए भी अच्छी लगती है कि ये आवाज़ें दिन में इस रिदम के साथ सुनायी नहीं देती। जब से मुझे लिखने का होश रहा है, मेरे सोचने की भाषा हिंदी रही है। लेकिन मेरे बच्चे दिन भर अंग्रेजी में ही मुझसे भी बतियाते रहते हैं इसलिए मैं देखती हूँ कि आजकल पर्सनल भी कुछ लिखना होता है तो शुरुआत हमेशा अंग्रेजी से होती है। हाँ एक दो पैराग्राफ के बाद मन थक जाता है और अपनी आसान मातृभाषा की ओर लौटता है।

2025 कमाल का साल था, कुछ अर्थों में। जिसमें सबसे मजेदार चीज़ रही कि मैंने यह साल हांगकांग में शुरू किया। हम 31 January को हांगकांग पहुँचे थे। तो इस साल मुझे एक्स्ट्रा डेढ़ घंटे मिले। कि मेरा साल 2025, भारत के डेढ़ घंटा पहले आ गया था। साल की शुरुआत में एक बेहद सुंदर घर था, जिसमें बड़ा सा लॉन था। गहरी गुलाबी बोगनविला थी, गराज में झूलती हुई। जब भी मिनी कूपर बाहर निकालती, पहले गुलाबी झालर आती फिर नीला आसमान। गराज से गाड़ी निकालना अपने आप में बेहद सुंदर था। इस साल मैंने अपनेआप को ठहरने की इजाज़त दी। मेरे जुड़वाँ बच्चे हैं, मुझे अपने बच्चों का बचपन एक ही बार मिलना था। जैसे अधिकतर दो बच्चों की मम्मी को होता है, कि बचपन दो बार मिलता है…मेरे साथ नहीं था। लगभग पूरे समय घर पर रहने और एक भी सोलो ट्रिप नहीं करने के बाद भी मैंने महसूस किया, कि वक्त कभी पूरा नहीं पड़ता। हमेशा कम लगता है। बच्चों को भी लगता है कि मैं उनके साथ समय नहीं बिताती, मुझे भी लगता है, मैं उनके साथ ज़्यादा समय नहीं बिता पा रही। मैंने कुछ लिख नहीं रही, पढ़ नहीं रही…तो फिर ये समय जा कहाँ रहा था!

मैंने बच्चों को समझाया। आप किसी से प्यार करते हैं तो ये ज़रूरी नहीं है कि वो हर वैसी चीज़ करे, जिसमें आपको ख़ुशी मिले। Part of loving someone is letting them do things you don’t want them to do…this is called freedom…and this is a very important part of loving someone. वे धीरे-धीरे समझेंगे, मुझे मालूम है। बच्चे समझदार होते हैं। पर उसके पहले उन्हें बिल्कुल नासमझ होने का और बहुत सारा प्यार और समय मांगने का पूरा हक है। मुझसे जहाँ तक हो पाता है, मैं अपने हिस्से का वक्त उनके नाम करती हूँ। There are no rules of motherhood. We are doing the best we can. Really. The full time mothers, the part-time workers, the work from home mothers, the ones that are on a break. All of us. While being mothers, we are slowly being erased from everywhere…we do notice this…and yet choose silence and peace over protest on most days. I’ve realised, I have got my superpower back…making friends…and this time not over writing, because I hardly write anymore…but over motherhood. I’m friends with class-mates of my kids…as casually as I became friends with people who felt too deeply and wrote about the world with an urgency as if not noticing the mood would actually cause it to disappear. Theoretically, It will, but also, no one ever looking at the moon is actually impossible.

Diary by khwaab tanha collective
I have a traveling heartache. जब दिल दुखना बंद होता है, तो दर्द कहीं और शिफ्ट कर जाता है। Logically or medically समझ नहीं सकते, शायरों को समझ आता है, दुष्यंत कहते हैं ना, “सिर से सीने में कभी पेट से पाँव में कभी इक जगह हो तो कहें दर्द इधर होता है”। कुछ न कुछ दुखता रहता है। जयपुर गई थी, आख़िर नवंबर में तभी पैर में चोट लगी थी। हल्का दर्द था तो इलाज की जगह, इग्नोर कर दिया। इधर शिफ्टिंग में इतना ज़्यादा चलना फिरना हो गया कि पैर में दर्द उठ गया था बुरी तरह। हाथों में दर्द अलग। 

अभी चार तारीख को घर शिफ्ट किया है। कितने भी अच्छे पैकर्स एंड मूवर्स बुलवा लो। कितना भी कहो कि किताबें प्यार से, अच्छे से पैक करना…वे किताबों का सत्यानाश करने के लिए पूरी तरह सक्षम होते हैं। सामान सिर्फ़ लोड कर कर दूसरे घर पर रखने में रात के साढ़े नौ बज गए। बॉक्स को लेबल करने के बावजूद इन्होंने मेरी किताबों के बक्से उन कई सारे बक्सों में कहीं मिला कर रख दिया कि खोजते खोजते नहीं मिला। आख़िर को रात दस बजे के आसपास निकलने के ठीक पहले उन्होंने मेरी किताबों के बक्से ला कर रख दिए। बुकरैक अभी दीवार में फ़िक्स नहीं हुआ था इसलिए किताबें वहाँ रखना ख़तरनाक हो जाता, बच्चों का घर है। नौ बजे मैं बच्चों को सुलाने चली गई थी। दिन भर की भयंकर थकान थी। फिर भी रात के डेढ़ बजे नींद खुल गई। किताबों को कार्टन से निकाले बिना सो नहीं सकती थी। मालूम था नींद नहीं आएगी। मुझे पहले बार समझ में आया कि कैसे कुछ औरतें रात को किचन का काउंटर तब तक पूरी तरह साफ़ नहीं कर लेतीं, उन्हें नींद नहीं आती। रात को कम आवाज़ के साथ कार्टन पर लगा टेप निकालना अपनेआप में मुश्किल था। लेकिन धीरे-धीरे उसे काटा। चार कार्टन किताबें निकालीं। किसी तरह टेबल पर ऊँची ऊँची मीनारें बनाईं, ढेर सारी किताबें टीवी रैक पर रखीं। फिर चैन से जा कर सो गई।

फिर अगले दिन movers आ कर सामान अनपैक कर के गए। दिन भर उनके साथ लगी रही। दोपहर बच्चों को स्कूल से लाने के बाद थोड़ी देर आराम किया। फिर से कुछ-न-कुछ काम लगा रहा। इलेक्ट्रीशियन, इंटरनेट, प्लम्बर, कारपेंटर... नौ बजे सोने का टाइम, कि कल स्कूल भी जाना है। दस बजे तक तो जगी हुई थी, बच्चों के साथ, फिर नींद आ गई। कुणाल जब सोने आया तो उससे पूछे, टाइम कितना हो रहा है। वो बोला साढ़े बारह लगभग। हम पूछे, exactly कितना, तो बोला बारह अट्ठाइस। फिर पूछा, कि काहे। तो कहे कि चाय पीने का मन कर रहा है। उसको मालूम है, रात बारह बजे चाय पीने का मन कर रहा है मतलब किचन में चाय बना के पीने का नहीं, इसका मतलब गाड़ी लेकर बाहर जाने और चाय की दुकान चाय पीने का मन कर रहा है। तो बोला, इतनी रात में कहाँ जाएगी, थक गई है। सो जा, कल जाना। हमको मालूम था, दो मिनट में स्वेटर पहन कर, जूता पहन कर तैयार हो सकते हैं। जैकेट पहनने में एक मिनट और लगता, लेकिन देर हो जाती। तो कैलकुलेशन सही था। घर से स्टारबक्स वैसे तो आधा घंटा है, लेकिन रात को गाड़ी उड़ाते जायें तो बीस मिनट में पहुँच सकते हैं। जैसे ही कपड़ा पहनने उठे, बोलता है, इतनी रात को कुछ नहीं मिलेगा। और हम जो स्टारबक्स रेगुलर जाते हैं देर रात, जानते हैं कि भले बिल न हो, लेकिन कॉफ़ी तो मिल ही जाएगी चाहे ठीक एक बजे पहुँचें। तो इसी कॉन्फिडेंस से बोले, कि हमको मिल जाएगी। आँधी की तरह उड़ते हुए गाड़ी में बैठे और उड़ते उड़ते स्टारबक्स ठीक 12:55 में पहुँच गए। और ठीक, कॉफ़ी मिली, कि पेमेंट बाद में कर दीजिएगा। पता नहीं कैसे, लेकिन स्टारबक्स के सभी स्टोर्स में उन्होंने इतने अच्छे कस्टमर रिलेशन बना के रखें हैं, कि it feels like home. Always. अभी जब चीज़ें flux में हैं। पिछले घर से शिफ्ट कर गए हैं, नए घर में सेटल नहीं किए हैं। इस तरह देर रात गाड़ी में गाना बजाते, एक तरफ़ से थोड़े घिसे चाँद के नीचे कॉफ़ी की जादुई ख़ुशबू की तलाश में ड्राइव करते हुए लगता है…I’m home.

घर सिर्फ़ लौटने की जगह ही तो है।

इस घर में पूरब को खुलने वाली खिड़की तो है, पर उसमें पल्ले नहीं हैं, तो खुलती नहीं है। लेकिन ठीक है। सब कुछ तो कहाँ मिलता है किसी को। धूप खा के सूरज देख के संतोष करेंगे और क्या। बड़े शहर में खुला आसमान ही बड़ी बात है। यहाँ तो पूरब की खिड़की भी है। और पश्चिम वाली खिड़की तो खुलती भी है। इस साल ज़्यादा सोचेंगे नहीं। जितना जर्नलिज्म में सीखा था, सो जितना देखा-जिया है। उसको लिखेंगे बस। घर आ कर टेबल पर सामान जमाये तो देखते हैं Utopia का I गिर गया है। सोचे ठीक ही तो है, मेरे बिना थोड़े ना हो जाएगा, सब कुछ...परफेक्ट और impossible to exist. 


आपका नया साल सुंदर हो। रंगभरा हो। आपकी जादूगरी आपके भीतर के दरवाज़े खोले। आप अपने तिलिस्म की दीवारों पर रंग-रोगन करें। नारे-वारे लिखें। 


शुभम अस्तु।

09 December, 2025

एक हिज्र का ठंढा सियाह पत्थर है। कलेजे पर रक्खा हुआ।

मुझे चीज़ों को महसूसने की अपनी इंटेंसिटी से डर लगता है। बहुत गहरा प्यार। बहुत ज़्यादा दुख। बहुत टीसता हुआ बिछोह। मैंने अपने जीवन का बहुत बड़ा हिस्सा अपने इमोशंस को समझने और बहुत हद तक उन पर कंट्रोल करने में उलझाया है। ये ऐसे जंगली जानवर हैं कि जिन्हें पालतू नहीं बनाया जा सकता। इनके लिए गहरे, अंधेरे, ख़ामोश तहख़ाने बनाए जाते हैं और इन्हें क़ैद कर के रखा जाता है। इन्हें कहा जाता है कि बहुत दिन तक अच्छा व्यवहार करने वाले क़ैदियों को जिस तरह खिड़की वाली कोठरियों में डाला जाता है…उसी तरह मैं उन्हें भी खुले मैदान वाली जेल में भेज दूँगी। मैं कहती हूँ कि वहाँ से चाँद दिखता है।

दो बाय दो बाय छह फुट की कोठरी में जिस खतरनाक इश्क़ को रखा गया है उसने सूरज तो क्या चाँद भी कई सालों से नहीं देखा। जीने की उम्मीद छोड़ वो गहरी नींद में चला गया है…एक क़िस्म का सोया हुआ मासूम ज्वालामुखी। इनोसेंट स्लीपिंग वॉल्कैनो। कबसे किसी ने उसका नाम नहीं पुकारा। उसने फुसफुसाहट तक नहीं सुनी। उसके सपने में तुम्हारी आवाज़ का कतरा आता है…पहाड़ से लौटती हुई आवाज़ की तरह। लेकिन तुमने मेरा नाम नहीं पुकारा है…सड़क के इस छोर से मैं कहती हूँ…बाऽऽऽऽय और दूसरी ओर से तुम हाथ हिलाते हो…तुम्हारे होंठ हिले हैं…लेकिन इस बीच दमकल का सायरन बज गया है…तुम्हारे होंटों के हिलने से लगता है बाऽऽऽऽऽऽय ही कहा होगा तुमने…हो सकता है तुमने मेरा नाम पुकारा हो…क्या मालूम…ये दमकल मेरे दिल में लहक कर जलते हुए इश्क़ को बुझाने के लिए दुनिया वालों ने भेजा होगा…इतनी आग में तुम्हारा पूरा शहर जल कर राख हो जाता।

तुम्हें मालूम, तुम्हारी आवाज़ के एक कतरे से दिल के तहखाने का ताला खुल सकता है…तुम्हारा एक वॉइस नोट है, उसमें सबसे चहकते हुए तुम ‘बाय’ कहते हो। जैसे कि तुम्हें पूरा यकीन हो कि हम जल्द मिलेंगे।
***

ट्रॉमा। किसी से बात नहीं कर सकते इस बारे में। फ़िल्म देख कर आए। उसमें धनुष के किरदार का नाम शंकर है…बता रहा है उस बेवकूफ लड़की को, जो असल में इतनी बेवकूफ हो, इम्पॉसिबल है…लेकिन सच में, ऐसे लोग होते तो हैं...उन्हें अपने सिवा कुछ नज़र ही नहीं आता दुनिया में। पीएचडी करती हुई लड़की, मुक्ति...उसका सब्जेक्ट है कि वायलेंस अपेंडिक्स की तरह है, इसे पूरी तरह से शरीर से काट कर निकाला जा सकता है। मुश्किल विषय है, तो उसके प्रोफेसर बोलते हैं जब तक कोई प्रूफ नहीं दिखेगा, क्रेडिबल...यह एक्सेप्ट नहीं होगा। मुक्ति ने शंकर को अपना सब्जेक्ट बना लिया है। कि इस लड़के के अंदर बहुत गुस्सा है…उसने एक बार भी ठीक से जानने की कोशिश नहीं की है कि ट्रॉमा का सोर्स असल में क्या है, कितना गहरा है, कितना कॉम्प्लिकेटेड है…वायलेंस है तो क्यों है…नफ़रत है तो कितनी है…फ़िल्म ही सही, लेकिन हीरोइन है, मेन करैक्टर है...वो इतनी सेल्फिश और इतनी सेल्फ-सेंटर्ड कैसे हो सकती है। थीसिस पर साइन हो गया है। शंकर। आदमी है…ज़िंदा, धड़कता हुआ सामने…आँखें भर आई हैं…कहता है, “मेरी माँ का नाम कावेरी था…मैं दस साल का था, जब वो वो एक पाँच साल के बच्चे को बचाने में जल कर मर गई। कि ग़रीब आदमी हो तो उसकी माँ 20% बर्न्स में भी मर जाती है…कि मेरी खाल जलती है…सब जगह…यहाँ यहाँ यहाँ…लेकिन तुम साथ होती हो तो कम जलता हूँ…” उसकी आँखें भर आई हैं। शायद वह पहली बार किसी के सामने इस तरह वल्नरेबल हुआ है। इस मोमेंट मुक्ति सामने खड़ी है उसके...कोई उसे बुलाता है...वह मुड़ कर देखती है, और अबीर कहती हुई उस लड़के की और दौड़ती है और उसे हग कर लेती है। 

बारिश हो रही है…मुक्ति के दौड़ के जाने से वह चूड़ी टूट गई है, जिसे पकड़ कर शंकर उससे बात कर रहा है। मैं देखती हूँ, कि यहाँ भी उसने छुआ नहीं है उसे...उसका हाथ नहीं पकड़ा है...उसकी चूड़ी पकड़ी है...वह सही तो कहता है, वायलेंट होने के बावजूद 99% लड़कों से अच्छा है वो। 

मेरे भीतर एक बवंडर उठा हुआ है। यह डायलॉग डिलीवरी आत्मा में घबराहट की तरह बसती है। कहते हैं बर्न्स से हुई मृत्यु सबसे तकलीफ़देह मृत्यु होती है। मैं इस डायलॉग को सुनती हुई भीतर तक काँप जाती हूँ। लेकिन फ़िल्म देखते हुए नहीं कह सकती कुछ भी। किसको। क्या कहें। जिसने जिया है, उसके सिवा कोई नहीं जान-समझ सकता है। ट्रॉमा एक शब्द नहीं है…ज़िंदगी के कैनवास की सारी आउटलाइन बदल देता है। हम फिर इससे बाहर रंग भर ही नहीं सकते।

PTSD कहते हैं। Post Traumatic Stress Disorder.

एक बार एक दोस्त ने पूछा था, किसी ने तुमसे कहा नहीं, ये लो मेरा रूमाल…और ये रहा मेरा कंधा…तुम्हें जितना रोना है, रो सकती हो। हमारे यहाँ कंधे पर गमछा रखते हैं लोग। पापा के बेस्ट फ्रेंड थे, पत्रलेख अंकल। मेरी ज़िंदगी के पहले हीरो। पापा हॉस्टल लाइफ की अपनी कहानी सुनाते थे। कि कैसे वो प्याज़ लहसुन नहीं खाते थे…तो कुक को बोल कर सिर्फ़ दाल भात और भुजिया खा लेते थे। पत्रलेख अंकल को लगा बिना प्याज लहसुन खाने वाला लड़का ज़िंदगी में कैसे सर्वाइव करेगा तो कुक को बोल कर दाल में  लहसुन से तड़का लगवा दिए…क्या ही उमर थी उस समय…शायद 11th-12th या शायद कॉलेज फर्स्ट ईयर में आए होंगे…हमको याद नहीं, पर पापा भर आँख आँसू से रोने लगे…अंकल घबरा गए, अरे, रोता काहे है…और उस दिन जो अंकल पापा के लिए हुए…अपनी आख़िरी साँस तक रहे…उनके लिए और मेरे लिए भी। हमारे पैरों के नीचे की ज़मीन, हमारी आँखों के ऊपर का आसमान। हम किनसे कितना प्यार करते हैं, उनको हमेशा बता थोड़े पाते हैं। हम अपने किसी चाचा से भी कभी इतना प्यार नहीं किए जितना अंकल से करते रहे। ज़िंदगी भर।

मार्च में देवघर गए थे। वहाँ से लौटने की फ्लाइट रोज़ तीन बजे दोपहर को होती है। देवघर एयरपोर्ट से कुसुमाहा आधा घंटा-बीस मिनट की दूरी पर है। हम बोले थे कि फ्लाइट के पहले मिलने आयेंगे गाँव। लेकिन उस रोज़ फ्लाइट बारह बजे की थी। हफ़्ते में एक दिन फ्लाइट का समय दोपहर दिन नहीं, बारह बजे होता है। मुझे मालूम नहीं था। इतवार का दिन था। मैंने ठीक घर से निकलते टाइम देखा कि फ्लाइट के लिए लेट हो गए हैं। अंकल को फ़ोन किए कि आ नहीं पायेंगे। और ज़िंदगी हमारे हिस्से ऐसे अफ़सोस लिखती है। घर में खाना बनवा के रखे थे मेरे लिए। भात दाल बचका, बहुत अच्छा दही…बहुत कुछ और…लेकिन हम हड़बड़ में एयरपोर्ट चले गए मिले बिना। तुरंत ही लौटना था, एक अप्रैल को जाना था कुसुमाहा, पूजा में…लेकिन पापा का कैटरेक्ट का ऑपरेशन हुआ था और डॉक्टर डाँट के ट्रैवल मना कर दिया। हमको लगा, ठीक है। एक आध महीने में चले जाएँगे। एक अप्रैल को माँ कुसुमेश्वरी का पूजा हुआ…सब परिवार और गांव का लोग आया…सीने में दर्द से अंकल देर रात नींद से उठे, घर से निकले गाड़ी में, हॉस्पिटल के लिए…दोनों बेटे साथ में थे…लेकिन हॉस्पिटल पहुँचने के पहले उनका दिल जवाब दे गया था। उनके ज़िंदा रहते जो हम और पापा डॉक्टर की बात मान कर पूजा में नहीं गए…कि महीना भर का बात है, उसके बाद जाते रहेंगे देवघर। लेकिन ख़बर आते ही अगले दिन पापा के साथ देवघर निकल गए थे, जानते हुए कि अंतिम बार उनको देख भी नहीं पायेंगे। हमें वहाँ होना था बस। जबकि जाने वाला जा चुका था। 

हम ज़िंदगी के उस दौर में आ गए हैं, जहाँ से लोग जाना शुरू कर चुके हैं। दोस्तों के माता-पिता। अपने जीवन के बड़े भाई-बहन। चाचा-चाची। 

मार्च में छोटी सी गाड़ी ख़रीदे थे देवघर में। स्विफ्ट। बस घर से सोलह किलोमीटर दूर कुसुमाहा आने जाने के लिए। अंकल आंटी से मिलने जुलने के लिए। साल में कई बार दिल कलपते हुए सपने से जागता है। यूकलिप्टस के पेड़ों से ढका हुआ रास्ता…जहाँ अंकल से मिलने जाना था…खाली लगता है। सुलगता है। आँख में धुआँता है। विक्रम भैया से बात करते हैं। बादल भैया से बात करते हैं। हम जहाँ पले-बढ़े हैं...ऐसे दुख में भी तड़पते हुए किसी के सीने पर सर नहीं रख सकते...चुपचाप कोने में बैठ के रोते हैं। बहुत बहुत साल बाद मिले...बीस पच्चीस साल बाद लगभग। अंकल सिर्फ अपने नहीं थे...उनके घर से सब लोग अपने ही घर के लोग थे। आशा दीदी, सरिता मौसी। बचपन की बातें। मम्मी की। उनके लड़कपन के दिन। वे सब कॉलेज आया-जाया करती थीं जब। घर पर पेंटिंग वगैरह सीखती थीं। उन्हें याद था कि हम बचपन में कैसे थे। हमको याद था यह प्यार, जो जाने कबसे हमारे हिस्से नहीं आया था। 

हम लोग जब छोटे थे, हर साल नानीघर जाते थे - पटना। देवघर से पटना ट्रेन में जनरल डिब्बे में। उन दिनों रूमाल या गमछा रख देने से सीट बुक हो जाती थी। ट्रेन आते ही लोग खिड़की से रूमाल अंदर डालने के लिए दौड़ते थे।

दिल पर भी ऐसे ही रूमाल रखा रहता है। इंतज़ार में।
कई कई साल।

***
बच्चों को कोई बात समझाने के पहले ख़ुद को समझानी पड़ती है। पैरेंटिंग की कोई एक गाइड बुक नहीं होती। सबका अपने-अपने हिसाब से सही ग़लत होता है। मैं बच्चों को समझाना चाहती हूँ कि प्यार और आज़ादी दोनों ज़रूरी हैं। कि हम किसी से प्यार करते हैं तो हमको ये समझना पड़ेगा कि उनको ख़ुशी किस चीज़ से मिलती है…भले उन्हें जिस चीज़ से ख़ुशी मिलती है, उससे हमें फ़िक्र हो या दुख हो…हमें उन्हें वो काम करने से रोकना नहीं चाहिए…Love is the ability to set someone free. That our love should not be a shackle, but a home to come back to. ये कॉन्सेप्ट समझना उनके लिए जरूरी है और मुझे उन्हें ठीक से समझाना जरूरी है। लेकिन हम ख़ुद को ही कहाँ समझा पाते हैं अच्छे से। इस साल एक भी सोलो ट्रिप पर नहीं गए। बेटियां मुझे miss करती हैं, और मैं उनको। The most important part of parenting is to get them ready for a world in which I am not there.

***

मेरे भीतर अभी भी बहुत भटकाव है। सतत बदलती दुनिया में जाने किस चीज़ पर ठहरती हूँ। भोर के चार बजने को आए। चौदह डिग्री दिखा रहा है मोबाइल पर। असल में ठंढ दस डिग्री के आसपास की होगी। पहले तल्ले पर खिड़की के पास डेस्क है। खिड़की से बाहर गोल्फ कोर्स दिखता है। वहाँ छोटे से पौंड में सामने वाले घर की परछाई काँपती दिखती है। पानी की वो परछाई एक अलग दुनिया है। एकदम अँधेरी रात है। बादल होंगे, तारे नहीं दिख रहे। खिड़की बंद कर दें ठंढी हवा नहीं आएगी भीतर, पर मालूम नहीं खिड़की खुली रखने की आदत छूटती नहीं। स्वेटर तो पहने हैं, लेकिन गर्म पजामे और मोजे नहीं हैं। पैर में ठंढ लग रही है। लैपटॉप के दोनों तरफ़ कैंडल जला लिए हैं। लिखते लिखते रुकते हैं तो हाथ लौ पर रख लेते हैं।

एक कैंडल का नाम तो वैसे ग्रीन बेसिलिकम है लेकिन महक रहा है पुटूस की तरह। पुटूस माने बचपन। छिले हुए घुटनों पर पुटस के पत्तों का रस लगा लिए, हो गया। उस समय की जादू जड़ी बूटी थी ये। मेरे हाथ पाँच साल की लड़की के हो गए हैं। जिसको पेंसिल छीलने, चौक का चूरा बनाने और होमवर्क भूल जाने की आदत थी। थोड़ा बड़े होने पर कबड्डी और बुढ़िया कबड्डी खेलते थे। किसी को उठा कर पटक देने में कितना मजा आता था। मिट्टी का रंग, स्वाद, गंध, टेक्सचर…सब पता था। सूखी, गीली, लाल मिट्टी। भूरी मिट्टी। काली मिट्टी। मुल्तानी मिट्टी।

***
बॉलीवुड इतना होपलेस क्यों है? कोई भी डायरेक्टर या स्क्रिप्टराइटर इतना ख़राब किरदार क्यों रचता है। हम इस तरह की बॉलीवुड हीरोइनों और हीरो से थक गए हैं। Women having the god-complex, जहाँ वे किसी को बचाने के लिए जान दिए हुए हैं, बिना देखे कि किसी को बचाये जाने की इच्छा या ज़रूरत है भी या नहीं। साइकोलॉजी में पीएचडी कर रही है और ख़ुद में एमपैथी नाम की कोई चीज़ नहीं। अगर किसी सब्जेक्ट(व्यक्ति) को चुना है, तो थोड़ी तो प्रोफेशनल ईमानदारी रखनी थी। अगर वायलेंस की रूट कॉज तक जा रही है तो उसको इतनी सी बेसिक समझ नहीं है कि कोई इस तरह का इमोशनली अन्स्टेबल व्यक्ति प्यार जैसे किसी इमोशन से कितनी गहराई से जुड़ेगा, कितनी इंटेंसिटी से कुछ भी महसूस करेगा। एक एक्स्ट्रा ट्रॉमा देना और उसको लेकर कोई ग्लानि, कोई शर्म, कोई झिझक और ईमानदारी तो छोड़ दें, बेसिक इंसानियत, ह्यूमैनिटी तक नहीं है। रिसर्च अप्रूव हो गया है, लड़का अपनी माँ के बारे में बता रहा है…पहली बार खुला है। शायद किसी के पास पहली बार अपना दुख कह रहा है। मुक्ति एक झटके में वहाँ से दौड़ कर दूसरे लड़के के गले लग जाती है। अगर वह अबीर से प्रेम करती, तो मुझे यह सीन फिर भी क्षम्य लगता क्यूँकि प्रेम में होने पर आप बाक़ी लोगों की भावनाओं से ऊपर अपनेआप को रखते हैं। लेकिन वह तो सिर्फ़ दोस्त था। तो ऐसे व्यक्ति के पास दौड़ कर अगर चली भी गई है तो लौट कर शंकर तक ठीक उसी समय आना था। उसकी फीलिंग को वैलिडेट करना था। कितना आसान है कहना, तुम ना नहीं सुन सकते थे। इस लड़की ने कभी उसे ठीक-ठीक एक इंसान की तरह न देखा, न समझा…स्वार्थी हो कर, सिर्फ़ अपना पीएचडी अप्रूव करवाया। वो भी झूठा। मेरा ख़ून खौल जाता है ऐसी फिल्में देख कर। एयरफोर्स को मज़ाक़ बना दिया है। कोई पायलट मेंटली अन्स्टेबल है तो वहाँ उससे ठीक से काउंसलिंग करने की जगह इमोशनल ब्लैकमेल किया जा रहा है। उसके भीतर गुस्सा है…और वो एक ऐसा एयरफोर्स पायलट है, जिसको सिर्फ़ लड़ना है…इस तरह की बातें करने के बावजूद उसे प्लेन उड़ाने की परमिशन के काग़ज़ पर साइन कर दिया गया है। उसकी ड्यूटी पहले देश, फिर अपनी बटालियन, फिर अंत में ख़ुद के लिए होती है। यही अभी तक की वॉर मूवीज़ में देखा है।

मुझे लगता है, ऐसा नियम होना चाहिए कि आर्मी/नेवी/और एयरफोर्स ऑफिसर्स के बारे में कोई भी फ़िल्म बनाने के पहले अप्रूवल लिया जाये ताकि नियम/कानून का मजाक न बने। एयरफोर्स में प्रोटोकॉल्स होने की कई वजहें हैं। क्रिएटिविटी के नाम पर कहानी कुछ भी बना दे रहे हैं।

मैंने फ़िल्म देखी धनुष की लाजवाब एक्टिंग के लिए। हिंदी फ़िल्म में तमिल डायलॉग्स देख देख कर मेरा तमिल सीखने का मन करने लगा है। फ़िल्म में बनारस है। हम सोचते हैं, बनारस आते नहीं जब तक कि बुलावा नहीं आता। मैं आधे सपने में हूँ...ये कौन सी अल्टरनेट दुनिया है। मैं तुम्हारे साथ नाव पर बैठी हूँ। शोर बहुत है। सामने मणिकर्णिका घाट है...कहते हैं यहाँ की आग कभी नहीं बुझी। 

मुझे लगता है, हम-में कोई धागा है, जन्मपार का बँधा हुआ। फ़िल्म में कहता है, मुक्ति नहीं मिलेगी। ना इस जन्म ना कभी भी और। प्रेम में सिर्फ़ मृत्यु है। मैं नाव पर हूँ। सियाह धुआँ उठ रहा है। मेरी आत्मा में कुछ उमड़ रहा है। कोई गाँठ खुल रही है। एक सिरा तुम्हारे भीतर है इस धागे का। मुझे पक्का यकीन है, हम कई जन्म एक दूसरे से मिलते रहे हैं। 

दिसंबर में इतने सारे प्यारे लोगों का जन्मदिन है। अब गिफ्ट वगैरह में मजा नहीं। मजा है कि इस दिन वाक़ई अपने पसंद के लोगों के साथ समय बिता सकें। उन्हें मिलें तो जोर की जादू की झप्पी दें और कहें। तुमसे जादू है। मेरी कहानी का। मेरा। मेरी दुनिया में बने रहना, तुम्हारे होने से सब जगमग जगमग है। सब मीठा है। और अगर जाओगे तो मीठा खाने का मजा चला जाएगा। फिर हम अपने खुली गाड़ी में चाँद ताकते, सिगरेट फूंकते तुम्हें इतना याद करेंगे कि हिचकी लेते लेते थक जाओगे। 
***

इंडिगो के प्लेन कैंसिल होने के कारण उस शादी में नहीं जा पाये, जिसमें जाने का, क़सम से बहुत बहुत बहुत मन था। और अगर ये भसड़ नहीं होती, तो पक्के से होते। लेकिन ऐसे केस में डर लगता है अकेले जाने से, तो गए नहीं। मुझे भीड़ से डर लगता है, चीज़ें जहाँ uncontrolled हों, वहाँ बहुत ज़्यादा। 

***

बेवकूफ लड़का, हमसे कहता है...हमारी शकल ही ऐसी है वरना प्यार नहीं होता लड़कियों को हमसे। ये साल २०२५ का आख़िरी महीना है। लड़कों को अब भी समझ नहीं आता, प्यार में शकल का कोई काम नहीं होता। मुहब्बत होती है ख़ुशबू से, किसी की मुस्कान से...उसके लाये फूल से...उसकी लिखी चिट्ठी से...उसके भेजे उलाहने से...उसकी समझदारी से...

प्यार होता है तकलीफ़ से। 
***

मन फिर से अंगकोर वात जाने का हो रहा है। 
मन पागल है। 

पिछले छह सालों में ये चौथा घर है। इतना सारा सामान बांधना, फिर से खोलना। ये घर मेरे लिए एकदम परफेक्ट था। सब कुछ अपनी जगह सही। लिखने वाली जगह के आसपास बहुत से पेड़ पौधे। सुबह कई तरह की चिड़ियों की चहचहाहट। हवा में नाचती विंड-चाइम। खुला आसमान।

एक ठंढ है जो भीतर से तारी है।
एक हिज्र का ठंढा सियाह पत्थर है। कलेजे पर रक्खा हुआ। 

19 October, 2025

Tight hugs. Unforgettable goodbyes. Normal days. Grateful heart.

अल्टरनेट वर्ल्ड।

आपको कभी ऐसा लगा है, किसी एक मोमेंट…कि यह सीन हमारी दुनिया का है ही नहीं…हमने अपनी अभीप्सा से कई हज़ार रियलिटीज़ वाले ब्रह्मांड से वो एक यूनिवर्स चुन ली है जहाँ यह हिस्सा होना था और वहाँ की जगह, ये हिस्सा हमारी इस यूनिवर्स में घटेगा…
कि चाह लेने से हमारी दुनिया बदल जाती है…भले पूरी की पूरी न सही और सारे वक्त न सही, लेकिन किसी छोटे वक़्फ़े सब कुछ ठीक वैसा होगा कि आपको आपकी मर्जी का एक लम्हा मिल जाये…
बशीर बद्र हमारे मन के स्याह में झाँकते हैं…गुनाहों के सीले कमरों में भी थोड़ा उजास होता है…मन आख़िर को वह क्यों माँगता है जो उसे नहीं माँगना चाहिए…वो लिखते हैं हमारे बारे में…

मैं कब कहता हूँ वो अच्छा बहुत है
मगर उसने मुझे चाहा बहुत है
मैं हर लम्हे में सदियाँ देखता हूँ
तुम्हारे साथ एक लम्हा बहुत है

सब कुछ किसी को कहाँ मिलता है। कभी।

लेकिन किसी को हग कर रहे हों, तो आँखें बंद कर सकें…थोड़ा इत्मीनान, थोड़ी सी मोहलत, और अपराधबोध न फील करने की आज़ादी, शायद सब को मिलनी चाहिए। शायद सबको, तो फिर किसको नहीं मिलनी चाहिए?

पता नहीं। कुछ तो होते होंगे, गुनाहगार लोग…जिन्हें सज़ा मिली हो, कि जब भी किसी को हग करो…आँखें बंद नहीं कर सकोगे। कि It will always be a fleeting hug. कि तुम्हें हमेशा हज़ार लोग घूर रहे होंगे। कि मेला लगा होगा और उस मेले के बीच चलते मेट्रो स्टेशन पर तुम्हें किसी को गले लग कर अलविदा कहना होगा। कि उस जगह रुक नहीं सकते। कि अगली मेट्रो आने ही वाली है। कि हर बार बिछड़ना, मर जाना ही तो है। ग़ालिब ने जो कहा, जाते हुए कहते हो क़यामत को मिलेंगे, जैसे कि क़यामत का, होगा कोई दिन और!

***

क्रश। पहली बार इस शब्द के बारे में पढ़ा था, तो किसी चीज़ को थूरने-चूरने के अर्थ में पढ़ा था। लेकिन समझ आने के कुछ ही दिनों में इसका दूसरा और ज़्यादा ख़तरनाक…वैसे तो मेटाफोरिकल, लेकिन बहुत हद तक सही शाब्दिक - लिटरल अर्थ समझ आया था। ‘क्रश’ उसे कहते थे जिसे प्यार नहीं कह सकते थे। थोड़ा सा प्यार। प्यार की फीकी सी झलक भर। लेकिन जानलेवा।

ये वो नावक के तीर थे जो गंभीर घाव करने वाले थे। इनसे बचने का कोई जिरहबख़्तर नहीं बना था।
इश्क़ को रोकने का जिरहबख़्तर होता भी नहीं…हम उसके बाद क्या करेंगे, अर्थात्…अपने एक्शन/कांड पर भले कंट्रोल रख लें…महसूस करने पर कोई कंट्रोल काम नहीं करता। अक्सर अचानक से होता है।

जैसे रात को तेज गाड़ी चलाते हुए, इकरार ए मुहब्बत का पहला गाना, ‘तुम्हें हो न हो, मुझको तो, इतना यकीं है…कि मुझे प्यार, तुमसे…नहीं है, नहीं है…’ अचानक से बजाने का मन करे। रात के साढ़े तीन-पौने चार हो गए थे। भोर साढ़े पाँच की फ्लाइट थी, किसी भी तरह साढ़े चार तक उड़ते-उड़ते एयरपोर्ट पहुंचना ही था। कुछ चीज़ों में जीवन बहुत प्रेडिक्टेबल रहा है। कुछ चीज़ों में बेतरह प्रेडिक्टेबल। मुहब्बत की हल्की सी ही थाप होती है दिल पर, इन दिनों। उसे पता है, दरवाज़ा नहीं खुलेगा…लेकिन मुहब्बत ढीठ है, थेथर है…एक बार पूछ ज़रूर लेती है, हम आयें? हम अपने-आप को दिलासा देते हुए गुनगुनाने लगते हैं, मुझसे प्याऽऽर तुमसे, नहीं है...मगर मैंने ये आज अब तक न जाना...कि क्यों प्यारी लगती हैं, बातें तुम्हारी, मैं क्यों तुमसे मिलने का ढूँढूँ बहाना...

खैर, अच्छा ये हुआ कि फ्लाइट छूटी नहीं। 
***

सुबह ज़ुबान पर कड़वाहट थी, पर मन मीठा था।
There is something about almost chain-smoking through the night. While not being drunk. एक नशा होता है जो अपने लोगों के साथ देर तक बतियाने से चढ़ता है। एक मीठा सा नशा।

सिगरेट का धुआँ मन के कोने-कोने पैठता जाता है। इसे समझाना मुश्किल है कि हमें क्या क्या सुनाई पड़ता है और क्या समझ आता है। ध्यान दो अगर, और रात बहुत गुज़र चुकी हो…सन्नाटे में जब सिगरेट का सिरा जला कर कश खींचते हैं तो तंबाकू के जलने की आवाज़ आती है, बहुत महीन, बहुत बारीक…जैसे किसी का हाथ छूटते हुए आप ज़ोर से न पकड़ें, बल्कि हौले से किसी के हाथ के ऊपर अपनी हथेली फिरा लें…वो बह जाये आपसे दूर, किसी पहाड़ी नदी के पानी की तरह।

फिर से कहते हैं न कि दुनिया में सब कुछ तो किसी को नहीं मिलता।

हम ज़्यादा नहीं चाहते। पर शायद इतना, कि किसी को hug करते हुए इतनी फुर्सत हो और इतनी तसल्ली कि आँखें बंद कर सकें। कि हड़बड़ी में न हग करें किसी को, जैसे कि दुनिया बर्बाद होने वाली है। बैंगलोर की भयंकर तन्हाई में इस एक चीज़ की कमी से मेरी जान जाने लगती है। दिल्ली जाती हूँ तो दोस्त बिछड़ते हुए दो बार गले मिलते हैं। एक बार तो अभी के लिए, और एक बार कि जाने कितने दिन बाद फिर मिलेंगे, एक बार और hug करने का मन है तो कर लेते हैं।

अक्सर हम उन लोगों के प्रेम में पड़ते हैं जिनमें हमारे जितनी गहराई होती है। लेकिन कभी कभी हम कुछ बेवकूफ के लड़कों के गहरे इश्क़ में गिरफ़्तार हो जाते हैं। जिन्हें शायरी सुनाओ तो फिर उसका मतलब समझाना पड़ता है। क्या कहें किसी से कि, ‘यूँ उठे आह उस गली से हम, जैसे कोई जहाँ से उठता है…तुम्हारी गली देखनी थी, तुम्हारा घर, तुम्हारे घर के पर्दे…उसे कैसे समझायें कि मुझे तुम्हारे घर की खामोशी से मिलना था। तुम्हारी खिड़की से आसमान को देखना था। इस जरा सी मुहब्बत का ठिकाना दुनिया में कहीं नहीं होता। कि बेवकूफ लड़के, जब हम कहते हैं कि, ‘इश्क़ एक मीर भारी पत्थर है, कब ये तुझ नातवाँ से उठता है’, तो इसका मतलब यह नहीं है कि बॉडी-बिल्डिंग शुरू कर दो। इसका मतलब हम तुम्हारे हक़ में दुआयें पढ़ रहे हैं कि इश्क़ का भारी पत्थर उठाने के लिए तुम्हारा दिल मज़बूत हो सके…फिर हमारे जैसी तो दुआ क्या ही कोई माँगता होगा, कि तुम्हें इश्क़ हो...भले हमसे न को, किसी से हो...लेकिन तुम्हारा दिल जरा ना नाज़ुक रहे। आँख थोड़ी सी नम। 

देख तो दिल कि जाँ से उठता है, ये धुआँ सा कहाँ से उठता है…

देख रहे हैं आसमान। धुएँ के पार। तुम्हारी किरमिच सी याद आती है। तुम्हारी इत्ती सी फ़िक्र होती है। मैं कुछ नहीं जानना चाहती तुम्हारे बारे में…लेकिन कहानी का कोई किरदार पूछता है तुम्हारे बारे में, कि अरे, उस लड़के का बचपन किस शहर में बीता था, तुम्हें याद है? मैं कहानी के किरदार को बहलाती हूँ, कि मुझे कुछ न मालूम है तुम्हारे बारे में, न याद कोई। कि दूर से मुहब्बत आसान थी, लेकिन इतनी आसान भी कहाँ थी।

दिल्ली जाते हैं तो जिनसे बहुत ज़ोर से मिलने का मन कर रहा होता है, ये कायनात उन्हें खींच कर ले आती है दिल्ली। हम बहुत साल बाद इकट्ठे बैठे उसकी पसंद की ड्रिंक पी रहे हैं। ओल्ड मौंक विथ हॉट वाटर। उसके पसंद का खाना खा रहे हैं। भात, दाल, आलू भुजिया। जाने कितने साल हो गए उसकी ज़िंदगी में यूँ शामिल और गुमशुदा हुए हुए। वीडियो कॉल पर ही देखते थे उसको। एक साथ सिगरेट फूंकते थे। सोचते थे, जाने कौन सा शहर मुकम्मल होगा। कि हम कहेंगे, हमारी सिगरेट जला दो। कि you give the best welcome hugs and the most terrible goodbye hugs. कि इतनी छोटी ज़िंदगी में तुमसे कितना कम-कम मिले हैं।

स्वाद का भी गंध के जैसा डायरेक्ट हिट होता है, कभी कभी। कभी-कभी इनका कोई कनेक्ट नहीं होता। एक पुराना दोस्त गोल्ड-फ्लेक पीता था। यूँ तो गाहे बगाहे कई बार गोल्ड फ्लेक पिए होंगे, उसकी गिनती कहाँ है। लेकिन कल शाम गोल्ड फ्लेक जलायी और पहले कश में एक अलविदा का स्वाद आया। सर्द पहाड़ों पर बहती नदी किनारे घने पेड़ होते हैं, उन सर्पीली सड़कों पर गाड़ी खड़ी थी। गुडबाय के पहले वाली सिगरेटें पी जा रही थीं। कभी कभी कोई स्वाद ज़ुबान पर ठहर जाता है। इत्ती-इत्ती सी सिगरेट, लेकिन कलेजा जल रहा था। मन तो किया पूरा डिब्बा फूँक दें। और ऐसा भी नहीं था कि फ्लाइट मिस हो जाती, बहुत वक्त था हमारे पास। लेकिन ये जो सिगरेट के धुएँ से गाढ़ा जमता जा रहा था दिल में कोलतार की तरह। उसकी तासीर से थोड़ा डरना लाज़िमी था। मेरे पास अभी भी वो पीला कॉफ़ी मग सलामत है जो उसने ला कर दिया था। उसके हिस्से का मग। जाने कैसे वो मिल गया था अचानक। यूँ मेरे हिस्से का तो वो ख़ुद भी नहीं था।

***
मुहब्बत में स्पर्श की करेंसी चलती है। यहाँ बड़े नोटों का कोई काम नहीं होता। यहाँ रेज़गारी बहुत क़ीमती होती है। कि सिक्के ही तो पॉकेट में लिए घूमते हैं। यही तो खनखनाते हैं। इन्हें छू कर तसल्ली कर सकते हैं कि कोई था कभी पास। 

स्पर्श को संबंधों में बांटा नहीं जा सकता। हम किसी का हाथ पकड़ते हुए ये थोड़े सोचते हैं कि वो हमारा प्रेमी है या मित्र है या कोई छोटा भाई-बहन या कि अपना बच्चा। हम किसी का हाथ पकड़ते हुए सिर्फ़ ये सोचते हैं कि वो हमारे लिए बहुत क़ीमती है और दुनिया के मेले में खो न जाये। हम उसक हाथ पकड़े पकड़े चलते हैं। झूमते हुए। कि हमें यकीन है कि भले कई साल तक न मिलें हम, इस फ़िलहाल में वो सच में हमारे पास है, इतना टैंजिबल कि हम उसे छू सकते हैं।

दिल्ली की एक दोपहर हम सीपी में थे। दोस्त का इंतज़ार करते हुए। लंच के लिए। गाड़ी पार्क करवा दिए थे। उसके आने में टाइम था, सोचे सिगरेट पी लेते हैं। तो एक छोटा बच्चा बोला, दीदी हमको चाय पिला दो। नॉर्मली हम चाय तो पीते नहीं। लेकिन वो बोला कि पिला दो, तो उसके साथ हम भी पी पीने का सोचे…दो चाय बोल दिए। आइस-बर्स्ट का मेंथोल और चाय में पड़ी अदरक…ऐसा ख़तरनाक कॉम्बिनेशन था कि थोड़े से हाई हो गए। फिर सोचे कि दिल्ली में यही हाल तो रहता है, हवा पानी का असर मारिजुआना जैसा होता है। कितना मैजिकल है किसी शहर से इतना प्यार होना।

***

हम इन दिनों बिखरे बिखरे से रहते हैं। तसल्ली से लेकिन। किसी चीज़ की हड़बड़ी नहीं होती। सिवाए, जनवरी के आने की... और कभी कभी, अब तो, वो भी नहीं लगता। 

96 फ़िल्म में एक सीन है। जानू, राम के घर आई हुई है। वे बारिश में भीग गए थे, इसलिए उसने नहाने के बाद राम की ही शर्ट पहनी है। भूख लगी है तो जानू ने खाना बनाया है। अपनी अपनी थाली में दोनों खाना खा रहे हैं। राम उससे पूछता है, तुम खुश हो...सीन में तमिल में पूछता है, सबटाइटल्स इंग्लिश में हैं लेकिन उस एक सीन में मुझे तमिल समझ आने लगती है। जानू कहती है, हाँ हाँ, बहुत ख़ुश हूँ...राम कहता है, बेवकूफ, अभी नहीं। ऐसे...जीवन में। जानू ठहर जाती है...और उसका जवाब होता है, कि संतोष है। 

मुझसे मेरे करीबी जब पूछते हैं, कि क्या लगता है, तुम्हें जो मिला, वो तुम डिजर्व करती हो...तो हम ठीक ठीक नकारते नहीं। कि डिज़र्व तो क्या ही होता है। जो दुख मिला, क्या वह हम डिजर्व करते थे...तो फिर सुख की यह जो छहक आई है हमारे हिस्से, इसे सवाल में क्यों बाँधे? क्यों न जियें ऐसे कि जिस ऊपर वाले के हाथ में सब कुछ है, वो हमारा हमसे बेहतर सोच रहा है। कि सुख और दुख साइक्लिक हैं। कि फ़िलहाल, हमारे पास बहुत है। और जो थोड़ा नहीं है, सो ठीक है। कि सब कुछ दुनिया में किसी को भी कहाँ मिलता है। कि चाह लो, तो जितना चाहते हैं...और जितने की सच में जरूरत थी। उतना तो मिल ही जाता है। 

***
मुझे लिख के ख़ुशी मिलती है। हम खूब खूब लिखते हैं। 
लेकिन इन दिनों डायरी से शुरू कर के मैकबुक तक आते आते समय पूरा हो जाता है। इसलिए कई सारी चिट्ठियाँ पेंडिंग हैं। कई सारी कहानियाँ भी। कुछ लोग हैं जिनसे मिलने का बहुत मन है। लेकिन वे दुनिया के दूसरे छोर में रहते हैं। 

***
ख़ुशी के बारे में सबसे अचरज की बात ये हैं कि बहुत कम लोग हैं जिन्हें सच में पता होता है कि उन्हें किस चीज़ से ख़ुशी मिलती है। वे कभी ठहर के देख नहीं पाये, सोच नहीं पाये कि उनका मन कब शांत रहता है। कब उन्हें कहीं और भागने की हड़बड़ी नहीं होती। किस से मिल कर किसी और की कमी महसूस नहीं होती। 

ख़ुद को थोड़ा वक़्त देना गुनाह नहीं है। ख़ुद को थोड़ा जानना समझना। भले आपको लगे कि आप मेटामॉर्फ़ोसिस वाला कीड़ा हैं...लेकिन आईने में देखिए तो सही :) क्या पता आपको मालूम चले, आप बैटमैन हैं :D

Happy Diwali. 
अपना मन और आपका घर रोशन रहे।

22 March, 2025

एक घूँट चाय


साल 2025 मेरी ज़िंदगी में थोड़ा जल्दी आ गया। Hongkong में थी और वहाँ इंडिया से डेढ़ घंटा पहले है समय। वो डेढ़ घंटा कवर करने के लिए यह साल बहुत तेज रफ़्तार भाग रहा है। कुछ दिन पहले देखा कि तीन महीने बीत गए और मैंने कोई भी पोस्ट नहीं लिखी। जब कि इतना कुछ चल रहा है जीवन में। आज बस यूँ ही लिख रहे हैं...लहरें जो मन में उठ रहीं, यहाँ बिखर जायें...  

मुराकामी का नावेलनॉर्वेजियन वुडमुझे बहुत पसंद है। खास तौर से, जहाँ वह शुरू होता है। प्लेन लैंड करते समय लड़का सोचता है कि उस लड़की के गुज़रे हुए लगभग एक साल हो गया है और अब उसे उसका चेहरा पूरा याद करने में एक मिनट लगता है। इतना भूल जाना काफ़ी है कि उसके बारे में अब लिखा जा सके। जब उसके गुज़रे हुए ज़्यादा वक़्त नहीं हुआ था तो वह उसके बारे में नहीं लिख सकता था क्यूंकि यह बहुत दुखता था। 

हम में से सारे लोग अपने दुख के बारे में नहीं लिख सकते। लेकिन किसी और के लिखे में अपने दुख का हिस्सा देख कर थोड़ी राहत ज़रूर पा लेते हैं। किताब पढ़ना तन्हाई और मिलने के बीच की जगह है। हमारे हाथ में फिजिकली एक किताब होती है, हम छू रहे होते हैं किसी का लिखा हुआ और मन से हम विषय पर लिखी हुई जगह और अपने जिए हुए जगह के बीच के एक क्रॉसफेड में होते हैं। गाँव और कीचड़ भरी पगडंडी हर किसी के मन में अलग खुलती है। जंगल भी। मृत्यु और उससे उपजा दुख भी। 


मुझे अपनी किताबों से बहुत प्यार है। मेरे जीवन में प्यारे ऐसे लोग हमेशा बने रहे जिन्हें किताबों से बहुत-बहुत प्यार रहा। प्रमोद सिंह की एक किताब है, अजाने मेलों मेंउसकी पहली कहानी एक व्यक्ति के बारे में है जो पूरी दुनिया में भटक कर एक ऐसी किताबों की आलमारी ढूँढ रहा है जो सबसे अच्छी होदेश-विदेश घूमने के बाद और कई अद्भुत लोगों से मिलने के बाद भी उसे उनकी अलमारियों में कोई ख़ास बात नहीं दिखी। लेकिन एक छोटे से गाँव में, एक छोटे से परिवार के पास एक अद्भुत किताबों की आलमारी थीवैसी ही जिसे देख कर उसकी आँखें फटी रह जाएँवैसी ही जैसा वह कई दिनों से तलाश रहा था। मुझे धुंधली सी यह कहानी एक बार पढ़ने के बाद हमेशा याद रही। जैसे प्रमोद जी के पॉडकास्ट रहे, ज़िंदगी की खामोशी में घुले हुए हमेशा। मैं बैंगलोर 2008 में आई थीघर परिवार दोस्तों को छोड़ कर। एक छोटे से दो कमरे के घर को घर बना रही थी। किचन में अक्सर कुछ गुनगुनाती खाना बनाती रहती थी। लूप में वे पॉडकास्ट चलते रहते थे, जिनमें बहुत सी बतकही थीकुछ बेहद सुंदर फिल्मी और ग़ैर-फिल्मी धुनों के साथ रचे बसेकोई भरे हुए घर में माचिस खोज रहा है और लड़के को सिगरेट और माचिस लाने भेज रहा हैकोई दीदी की गुलाबी चप्पल के बारे में कहता है कि कैसी बेढ़ब थी वो चप्पल, लेकिन तुम्हारे पैर में कितनी सुंदर लगती थीतो कहीं जरा सा जापान को जान लेने की बात है और पीछे में ला वियों रोज़ गा रही हबारी मिसोरा की आवाज़ हैउन दिनों Shazam तो था नहीं, तो कोई धुन पसंद आई तो महीनों बौराए उसे खोजते रहते थे। पिछले साल भोपाल में प्रमोद जी से मिले तो उन्हें बताया कि उनके पॉडकास्ट एक अकेली लड़की के लिए, जो शादी के बाद नया घर बसा रही थीपरिवार और दोस्तों को छोड़ कर एक अनजान और अजनबी भाषा के शहर में आई थीवे पॉडकास्ट मेरा मायका थे। मेरे गाँव का घर। दीदी, बड़ी माँ, दादावे सारे लोग जो मुझसे छूट गए थे मुझे वे उन रिकॉर्डिंग में मिलते थे। कि हम कभी अकेले नहीं पड़े, कभी भी नहीं। 


मैंने अक्सर देखा है कि जो लोग मुझे ब्लॉग पढ़ कर जानते हैं उनके सामने सहज होना आसान होता है। इसलिए कि वे मेरे भीतर की बेतरतीबी को जानते हैं। जिन्हें मैं ब्लॉग पढ़ कर जानती हूँ, उनसे कभी भी मिली हूँ ऐसा जगा है कि उन्हें हमेशा से जानती थी। ब्लॉग पर लिखा एकदम मन का होता था। उस समय सोशल मीडिया के फिल्टर अस्तिव में ही नहीं आए थे। हम एकदम ही सच्ची डायरी लिखते थे कई बार यह सोचते हुए कि कौन ही पढ़ेगा और क्या ही फ़र्क़ पड़ेगाइनमें से कौन ही बहस करेगा। 


एक हैं हमारीप्रत्यक्षा…2005-08…याद नहीं कब इनका ब्लॉग पहली बार पढ़े, लेकिन उन दिनों जब सब लोग खूब खूब लिखते थे, हम खूब खूब पढ़ते थे। सोचते थे कैसा टटका स्वाद लगता है पढ़ने में। ऐसे मीठे-धूप सेकते लोग। ऐसा रंग-भीगा आसमान। प्रत्यक्षा इसलिए भी अच्छी लगती थीं कि वे संगीत के बारे में लिखती थीं, शास्त्रीय संगीत के बारे मेंअपनी माँ के गाने के बारे में और कभी कभी अपने गाने के बारे में भीपहर दोपहर ठुमरी में एक कहानी है, सजनवा तुम क्या जानो प्रीतहम अब भी कभी उस कहानी को पढ़ लेते हैं, लगता है उँगली के पोर में बाँस का एक महीन तिनका घुस गया हैअभी भी निकला नहीं है, दुखता हैउनके पानी वाले रंग देखते हैं। संगीतरंगऔर शब्दसबमें उनकी कहानी उतनी ही सुंदर है। एक बार उन्होंने पेरिस में The Shakespeare and Company के सामने की एक तस्वीर डाली थीबस ऐसे हीहम पेरिस गए तो लगभग दस किलोमीटर का चलना हो गया, लेकिन किताबों की उस पुरानी दुकान के आगे कुर्सी पर बैठ कर ख़ुशी हुईअपने प्यारे किसी के जिए हुए में किसी दूसरे समय में ठहर गए


फेसबुक पर देखते हैं कभी कभी धूप में भीगा उनका कमरा। सोचते हैं। ऐसे सुंदर लोग होते हैं। इसी दुनिया में। इतने सुंदर लोग। 


मेले में मिलते हैं तो बहुत हुलस कर बात करने का मन होता है। वे कहीं और जा रही थीं, दो और दोस्तों के साथहम बेख़याली में चलते रहे साथसामने चाय वाले स्टाल्स थेउनके दोस्त ने उनके हाथ में चाय का कुल्हड़ दे दियाहम टाटा कहने को आए, कि ठीक है, हम फिर मिलते हैंवे कहती हैं, ‘अरे, चाय का एक घूँट तो ले लो!’ हम अचरज में देखते हैं। वे बड़ी हैं हमसे उम्र में, अनुभव में, stature मेंहर तरह सेहम उनकी चाय कैसे जुठा देंलेकिन हम इस प्यार को जानते हैं, हाँ ये प्यार हमारे हिस्से आया बहुत कम। उस समय वे बस हमारे घर-परिवार की बड़ी दीदी हो गईंये मेरे लिए इतनी बड़ी बात थी कि ताउम्र याद रहेगीहमेशा हमेशाकि जैसे शायद हम रहे अपने से छोटों के लिए, कोई हमारे लिए भी हो सकता हैचाय का एक छोटा सा घूँटमन प्राण में ख़ुशी का बिरवा रोपता हुआइस दुनिया के सुंदर होने और बने रहने की उम्मीद का बिरवा। 


आज सुबह उठे तो मन खाली था। सोचा कुछ पढ़ लेते हैं। 


किताबों से भरे हुए घर में होना एक कमाल की चीज़ है। आपने सामने कई दुनियाएँ खुली हुई होती हैं। वे लोग जो पूछते हैं कि इतनी किताबें क्यों ख़रीदती हो। क्या तुमने सारी किताबें पढ़ ली हैं जो तुम्हारे घर में हैं? तो बात इतनी ही है कि हम समग्र में कुछ नहीं पढ़ पाते हैं। पूरा पढ़ लेने से ही कौन सा किताब जाती है समझ में पूरी पूरी। निर्मल कीवे दिनकितने बार पढ़ चुकी हूँ, अब भी हर बार ख़ुद से पूछती हूँ कि जब वो पूछती है, ‘तुम विश्वास करते होतो किस चीज़ पर विश्वास करने की बात कह रही है। मुझे नहीं आता समझ मेंमैं बस भटकती हूँ उन किरदारों के साथदूसरे शहरों में, दूसरे लोगों से मिलते हुए। 


पिछले कुछ सालों में हमारी ज़िंदगी बहुत विजुअल हो गई है। फ़ोन हमें कई दृश्य दिखाता है, कमोबेश ठीक-ठीक रंगों में। वीडियो भी। बिना देखे भी हमने बहुत कुछ देखा है। कई सारे रंग हमारी ज़िंदगी में घुले हैं। पहले ऐसा नहीं था, हमने सिर्फ़ पढ़ा था और पढ़ कर ही सोचते थे कि समंदर का फ़िरोज़ी रंग कैसा होता होगा। फ़िरोज़ी स्याही से लिखते थे और आँख बंद कर सोचते थे कोई ब्लैक शर्ट में कैसा दिखेगा। अब आप जो भी इमैजिन करते हैं, ऐसे AI ऐप्स गए हैं कि आपके सोचने के हिसाब से तस्वीर बना कर दिखा देंगे। अब सच में इमैजिन करना ही दुर्लभ होता जाएगा। सब कुछ दिख ही रहा है सामने तो आँख बंद कर के कुछ देखने की क्या ज़रूरत है।


दुख की दुनिया भीतर है। छोटी सी किताब है। आज यही किताब उठायी। दृश्य खुलता जाता है। इसका गाँव, कीचड़ वाला रास्ता, घर तक पहुँचने की यात्रासब खुलता है आँख के आगे। कुछ पन्ने पढ़ के रख दी किताब। अभी यह पढ़ने का मन नहीं है। इसे पढ़ते हुए घर तक पहुँचने की वे यात्राएँ याद आयीं जहाँ अंतिम दर्शन के लिए परिवार के लोग सफ़र कर रहे हैं। मैं ऐसे दो बार गई हूँ। एक बार दादी के गुज़र जाने पर, और एक बार अपने बड़े मामाजी के गुज़र जाने पर। इस विषय पर पढ़ना मुश्किल हैआप एक ख़ास मनःस्थिति में इसे पढ़ सकते हैं। किताब पढ़ने का बहुत मन है, कई बार उलटाती पलटाती हूँ। बीच के कुछ वाक्य पढ़ती हूँ। बेहद सुंदर, सुगढ़ गद्य। जिससे प्यास मिट सकती हो लेकिन मन दुखता है। रख देती हूँ फिर से, कि आज नहीं। 


इसे पढ़ते हुए उस अच्छे एडिटर के बारे में सोचा, जिसका ज़िक्र किताब के आख़िरी पन्ने में आता है। अनुराग। जो कई सालों से दोस्त है। एक अच्छा संपादक रचना से कई बार गुज़रता है, एक पाठक की तरह और एक एडिटर की तरह भी। उसका काम यह देखना है कि किताब में कोई नुक्स रह जाये, कोई टाइपो की कील निकली हो, जो पढ़ते हुए माथे में ठुक जाये। किताब की सरसता अपनी जगह है, टेक्स्ट का अप्रतिम परफेक्शन अपनी जगह। मन हिलग जाता है। सोचती हूँ, दुख की इस भीतरी दुनिया को साथ में रचते/ठीक-करते/सँवारते हुए, उसे कितना कुछ दुखा होगा। किताब में font, काग़ज़, बाइंडिंग, छपाई के लिए प्रेस का चुनावसब कुछ से अक्सर, अकेले जूझते हुए। कितना मुश्किल होगा यहकई साल लगातार सुंदर किताबें रचने के ख्याल से भरे रहना। 


मैंने उसे बहुत साल पहले देखा था। स्काइप की खिड़की में। किताबों और शब्दों से उलझता हुआ लड़का। उसके अनुवाद की हुई कविताएँ पढ़ते हुए मेरी अपनी हो गईं। हिंदी में कविताओं को पढ़ने में अलग मिठास आती है। इतने साल में अब भी वैसा ही है। एक एक शब्द किसी जौहरी की तरह बारीकी से नाप-चुन कर रखता हुआ। उसके लिए शब्द सोने से ज़्यादा क़ीमती हैं। उसके हाथ से गुज़र कर कोई किताब आती है तो ये भी सोचती हूँ कि उसने इसे कैसे पढ़ा होगा। 


2008 से बैंगलोर में हूँ। यहाँ का स्टार्ट-अप कल्चर है। सबने कभी कभी अपना कुछ करने का सोचा ही होगा। स्टार्ट-अप करने वाले एक सपना जी रहे होते हैं। मैंने अपने घर में यह देखा है। कुणाल को कई साल लगातार। ख़ुद भी कब से सोच रहे हैं कि एक स्टार्ट-अप खोलेंगे, लेकिन ऐसा सोचना और सच में एक कंपनी खोलने में बहुत अंतर होता है। एक ज़िद होती है, दुनिया को बेहतर करने कीऔर ये काबिलियत कि अपना सपना सबकी आँखों में रोप सकें। इन दिनों कुणाल दो कमाल के आइडियाज़ पर काम कर रहा है। मैंने पिछली बार उसके स्टार्ट-अप का कम्यूनिकेशन पूरा हैंडल किया था। एक बहुत अच्छी कहानी को उतने ही अच्छे ढंग से सुनाना होता है। मैं उस कंपनी में इम्प्लॉयड नहीं थी, उसकी फाउंडर थी। टेक बनाने और डिप्लॉय करने वो कहानी मेरी भी कहानी थी। अब फिर से वैसी कहानियाँ बन रही हैं। 


मेरे भीतर अब कहानियाँ नहीं उगतीं, लेकिन कभी कभी पुरानी कहानियाँ सुनाने का मन करता है। मेरी ख़ुद की। धूप, समंदर, आसमान की कहानी। उन लड़कियों की जिन्हें प्यार होता था। जो चाय के एक घूँट पर मन में समंदर लिए चलती थीं। मुझे लगता है जैसे मेरे जैसे लोगों की दुनिया में कहीं जगह नहीं हैं। टू सेंसिटिव। ज़्यादा ही दुखता है, ज़्यादा ही ख़ुश हो लेते हैं। ज़्यादा मुहब्बत हो जाती है। ज़्यादा जलन होती है। कम में जीना आया ही नहीं। मेरे जैसी लड़कियों की कहीं जगह नहीं है दुनिया में, इसलिए कहानियों में अपने हिस्से की ज़मीन चाहते हैं हम। थोड़ी सी। 


लिखना भी आदत है। शायद तैरने या साइकिल चलाने की तरह। बहुत साल छोड़ दें तो थोड़ा स्लो हो जाता है। लेकिन बस डेस्क पर बैठ भी जायें तो काफ़ी कुछ लिखा जाता है। इसे पहले की तरह ही ब्लॉग पर पोस्ट कर रहे हैं। कि आज के लिए मन में इतना ही कुछ है। 


Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...