23 February, 2012

Life. Hurts.

विषबेल उगती है पैरों के पास से कहीं...उसके बहुत महीन कांटे हैं जो त्वचा में चुभ जाते हैं...वो न केवल परजीवी है जो की मुझसे प्राणशक्ति पाती है बल्कि उन काँटों से ही जहर भी मेरे शरीर उतारती जाती है. रिसोर्स optimisation का अद्भुत उदहारण है.

मुझे समझ ये नहीं आता की इसके बावजूद मेरी जान क्यूँ नहीं जाती...क्या वो जहर वाकई जहर नहीं है बस जहर का छलावा है...एक ऐसा द्रव्य जो वक़्त के गुजरने की रफ़्तार धीमी कर देता है...कि मेरी जिंदगी रहेगी वही कुछ साल पर लगेगी कुछ ऐसे जैसे जेल में बंद आत्मा को लगे...शरीर एक जेल ही तो है न...ऐसा जिसे तोड़ना मुमकिन न हो.


लम्हा...गुज़रता है पर नहीं गुज़रता...जिंदगी खाली साफ़ की हुयी स्लेट हो गयी है जिसमें पुराना कुछ याद नहीं है...सब एक धुंधली याद के जैसा है...कोई हंसी की किरण इस ओर तक नहीं आती कि मन में उजाला भर जाए...कोई पुराना लम्हा नहीं आता. याद के सारे फोटोग्राफ्स में एक अधूरा दर्द साथ खड़ा रहता है...धुंध भरे शीशे के पार देखती हूँ...कोई नज़र नहीं आता.


एक दो लोग हैं...पर उन्हें छूने में डर लगता है कि वो भी धुआं हो गए...उन्हें बताने तक में डर लगता है कि वो मेरी जिंदगी में कितने जरूरी हैं...किसी के गले लगने में भीगने लगती हूँ...डरती हूँ...टूट जाउंगी. ऐसे में वाकई तुम्हें बाँध के रखना चाहती हूँ...कहने में डरती हूँ...बहुत बहुत बहुत.


मैं खुद को एकदम अच्छी नहीं लगती...जाने तुम्हें कैसी लगती हूँ...सोचती हूँ...बारहा सोचती हूँ कि मुझसे कोई प्यार क्यूँ करता है...मुझे इस सवाल का जवाब कभी नहीं मिलता है. हर बार चाहती हूँ कुछ ऐसा कह दूं कि तुम्हारा दिल टूट जाए और तुम मुझसे दूर चले जाओ मगर दिल को इतना पत्थर कर ही नहीं पाती हूँ. कितना भी चाहूं तुम्हें तकलीफ न दूं...पर फितरत ही ऐसी है...तुमने मेरे हाथ देखे हैं...न न ध्यान से देखो...आंसू क्रिस्तलाइज कर गए हैं...देख रहे हो कहाँ कहाँ खूबसूरती दिखती है मुझे. पर छूना न इन्हें ये बीज हैं उस विषबेल के...तुम रो दोगे तो मैं मर ही जाउंगी.


मुझे इतना तनहा रहना एकदम अच्छा नहीं लगता...ऐसे में हमेशा दिल करता है सारे दोस्तों को फोन कर लूं...पर इतना सा हक नहीं समझती...और पता है मुझे फोन नहीं चाहिए...मुझे मेरे दोस्त दिल्ली में या और किसी शहर में नहीं चाहिए...मुझे मेरे सारे दोस्त बैंगलोर में चाहिए...मेरे पास...मुझे खींच कर गले लगाने के लिए...कि मैं फोन कर सकूँ...आ जाओ और आधे घंटे में दरवाजे पर ढेरों चोकलेट के साथ लोग खड़े हों.


ऐसे कैसे खुश होती हूँ मैं...सारी खुशियाँ कमबख्त दर्द से ही जीती हैं...यही आँखों का पानी उन्हें भी सींचता है...मगर होता है न ज्यादा दिन आंसू छुपा के नहीं रखने चाहिए...फिर किसी दिन बाँध टूट जाता है. फिर सब बह जाते हैं.


बहुत हुआ...उदासी में लिखना नहीं चाहिए...अच्छा लिखने के लिए दर्द का एक थ्रेशोल्ड होता है...उससे गुज़र जाओ तो आप भरी सेंटी, वाहियात और किसी के न पढ़ने लायक लिखते हो. लेकिन मुझसे इतना नहीं होता. डायरी लिखे बहुत साल हुए. लिख के कुछ नहीं होता...कोई दर्द नहीं घटता...लिख रही हूँ बस कि बिना लिखे भी रहा नहीं जाता.


उन सारे लोगों से माफ़ी चाहती हूँ जिन्हें आज ये पढना पड़ा है. कोशिश करुँगी कि मेरे सपनों की दुनिया जो है उसमें से बाहर न आना पड़े.


Bloody Fucking Hell. Life. Hurts.

दर्द के सिरहाने कोई थपकी नहीं होती

The only day I become inconsolable is when I miss you ma. 
---
अब किसी से नहीं कहती...अच्छा नहीं लगता...किसी से बात भी नहीं करती...अब इतने साल हो गए माँ...अब सच में कोई भी नहीं है जिसको फोन करूँ और बस रो दूं...इतना कह पाऊं कि तुम्हारी याद आ रही थी. खूब सारा रो के चुप जो जाऊं...उधर से कोई आवाज़ नहीं आये...कोई कुछ न कहे. समझाने की कोशिश न करे...कुछ न कहे...कुछ नहीं. 

माँ को भूलने में कितना वक़्त लगता है...हर गुज़रते साल के साथ समय की रेतघड़ी को पलट देती हूँ इस उम्मीद में कि कभी तो दर्द ख़त्म होगा...कभी ख़त्म होगा...कभी ख़त्म होगा. सब कहते हैं वक़्त दो...वक़्त दो. जैसे कि मेरे पास और कोई उपाय भी है. 

पता है मम्मी मेरे जैसी लड़की की मम्मी को इतनी जल्दी नहीं जाना चाहिए था...मैं हमेशा ऐसी ही तो रही हूँ न...हर कुछ दिन में उदास हो जाती थी...किसी के कहे से तकलीफ हो जाती थी...किसी के बिना कुछ कहे तकलीफ हो जाती थी...इस बड़ी दुनिया में कहीं भी तो फिट नहीं होती हूँ माँ...बहुत अकेली रहती आई हूँ हमेशा...दोस्त पता नहीं क्यूँ नहीं बनते. अपने आप को सम्हालते सम्हालते कभी कभी एकदम अच्छा नहीं लगता है. वैसे दुनिया की extrovert बनी फिरती हूँ पर वाकई जब किसी की जरूरत होती है उस समय किसी को इतना अपना समझ ही नहीं पाती हूँ. 

कभी समझ ही नहीं आता कि किसी की जिंदगी में मेरी जगह भी होनी चाहिए...मैं भी जरूरी हूँ...बहुत रोना आता है...और ऐसा नहीं है कि हमेशा दुखी रहती हूँ...पर जब बहुत बहुत खुश होती हूँ उसी दिन से मन का एक कोना छीजना शुरू कर देता है...मैं इग्नोर करने की कोशिश करती हूँ...अब रोती नहीं हूँ...अच्छे गाने सुनती हूँ...कुछ लोगों से बातें करती हूँ...खुद को व्यस्त रखती हूँ. पर मम्मी...हर ख़ुशी थोड़ी सी आधी रह जाती है...आधी नहीं बहुत कम रह जाती है...चाहे चोकलेट खाना हो. पता है मम्मी तुमको कभी डार्क चोकलेट नहीं खिलाये...तुम होती न तो तुमको पूरा स्लैब देते...और किसी को हम इतना प्यार नहीं करते...कुणाल को भी नहीं. तुम रही नहीं तो तुमको कैसे बताते...हम तुमसे पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार करते हैं...आज भी मम्मी. 

पता है, घर में तुम्हारी एक भी फोटो नहीं है...कभी कभी भूलने लगती हूँ कि तुम्हारी आवाज़ कैसी थी...माथे पर तुम्हारा हाथ रखना कैसा था...तुम्हारे हाथ से कौर खा के कोलेज भागना कैसा था...इधर एक दिन खाना बनाये तो सब्जी एकदम वैसा बना था जैसा तुम बनाती थी...समझ नहीं आया कि हंसें कि रोयें...अनुपम को मेसेज किये...अभी भी उसको फोन करते हैं तो सोचते हैं कि उसको इतना क्यूँ परेशान करते हैं...फिर लगता है कि बस वही तो है जो कमसे कम जानता है तुमको. बाकी मेरी जिंदगी में जितने भी लोग हैं तुमको नहीं जानते मम्मी...कोई भी नहीं. 

तुम सबसे अच्छी मम्मी थी...पर हमको भी तो थोड़ा वक़्त देती...हम समझदार हो गए हैं अब...हम तुमको सबसे अच्छी बेटी बन के दिखाते. सबसे अच्छी...तब हम बहुत कुछ करते मम्मी...वो हर प्राइज जीत के लाते जो तुम कहती...याद है कैसे हम प्राईज खोलते भी नहीं थे...तुम्हारे पास दौड़ के ले के आते थे. 

तुम थी न मम्मी तो हम सबसे अच्छे थे...तुम नहीं हो न...तो हम कहीं नहीं हैं. कहीं भी नहीं. कुछ भी नहीं. तुम बहुत बहुत बहुत याद आती हो मम्मी...हम कितना भी कोशिश कर लें...हमसे कुछ नहीं होता है. 

काश तुम होती मम्मी...काश. 
तुम्हारी बहुत याद आती है माँ...मी...मम्मी. 

चाँद मवाली. रोक के रास्ता. रोज सताए


काँधे पर
ऊँगली भर काला
दाग पड़ा है

चाँद ने कल फिर
'रुक जाओ' की
जिद पकड़ी थी

गुस्सा हुआ था
रो के खुद ही
चुट्टी काटी

रूठ के मुझसे
ओढ़ के बादल
छुपा हुआ है

चाँद मवाली
रोक के रास्ता
रोज सताए

महबूब के घर की
पिछली गली में
हाथ पकड़ ले

किससे ज्यादा
प्यार है तुमको
उससे/मुझसे?

न माने ना
हाँ बोलू ना
चुप मर जाऊँ

इश्क मुसीबत
तेरे कारण
बुद्धू आशिक

मैंने तो
पहले ही कहा था
चाँद बुझा दो

सब तेरी गलती
जो उसको
प्यार हुआ है

रात परेशां
सुन सुन कर
ये सारे झगड़े

सूरज भी तो
मिला हुआ है
चाँद की साइड

चाँद औ सूरज
रस्साकशी
खेलेंगे एक दिन

हम उल्का की
पीठ पे बैठ
दूर निकलेंगे

अबकी बार
मिलो मुझसे तो
अकेले मिलना

19 February, 2012

बदमाश दुपहरें...

'तुम्हें कहीं जाना नहीं है? घर, दफ्तर, पार्क...सिगरेट खरीदने, किसी और से मिलने...कहीं और?'
'कौन जाए कमबख्त महबूब की गलियां छोड़ कर'
'ए...मुझे कमबख्त मत कहो'
'तो क्या कहूँ  मेरी जान?'
'तुम आजकल बड़े गिरहकट हो गए हो...पहले तो लम्हों, घंटों की ही चोरी करते थे आजकल तो पूरे पूरे दिन पर डाका डाल देते हो, पूरी पूरी रातें चुरा ले जाते हो'
'बुरा क्या करता हूँ, इन बेकार दिनों और रातों का तुम करती ही क्या?'
'कह तो ऐसे रहे हो जैसे तुम्हारे सिवा मेरे पास और कोई काम ही नहीं है'
'है तो सही...पर मुझसे अच्छा तो कोई काम नहीं है न'
---

लड़की ने कॉफ़ी का मग धूप में रखा हुआ है...हेडफोन पर एमी का गाना लगा हुआ है कल रात से 'वी ओनली सेड गुडबाई विद वर्ड्स'. पूरी रात एक ही गाना सुना है उसने...गाने से कोई मदद मिली हो ऐसा भी नहीं है. गैर तलब है कि बिछड़ने के लिए एक बार तो मिलना जरूरी होता है. उसने सर को हल्का सा झटका दिया है जैसे कि उसका ख्याल बाहर आ गिरेगा...धूप के चौरस टुकड़े में उसके शर्ट की उपरी जेब का बिम्ब नहीं बनेगा...उसका दिल कर रहा है लैपटॉप एक ओर सरका कर धूप में आँखें मूंदे लेट जाए...शायद ऐसा ही लगेगा कि जैसे उसके सीने पर सर रखा हो. वो बेडशीट के रंग को उसकी शर्ट के कलर से मैच कर रही है...दिल नहीं मानता...उठती है और चादर बदल लेती है...नीले रंग की...हाँ ये ठीक है. शायद ऐसे रंग की शर्ट पहनी हो उसने...अब ये धूप का टुकड़ा एकदम उसके पॉकेट जैसा लग रहा है. यहाँ चेहरे पर जो गर्मी महसूस होगी वो वैसी ही होगी न जैसे शर्म से गाल दहक जाने पर होती है. डेरी मिल्क बगल में रखी है...उसे कुतरते हुए दिमाग में डेरी मिल्क के ऐड के शब्द छुपके चले आते हैं...किस मी...क्लोज योर आईज...मिस मी...और उसका दिल करता है किसी से खूब सारा झगड़ा कर ले.

महबूब शब्दों को छोड़ कर जा ही नहीं रहा...प्रोजेक्ट कैसे ख़त्म करेगी लड़की...स्क्रिप्ट क्या लिखनी है...डायलोगबाजी कहाँ कर रही है. वाकई उसका काम में मन नहीं लगता...दिन के लम्हे बड़ी तेजी से भागते जा रहे हैं...जैसे वो बाइक चलाती है, वैसे...बिना स्पीडब्रेकर पर ब्रेक लिए हुए...फुल एक्सीलेरेटर देते हुए...और जब बाइक थोड़ी सी हवा में उड़ कर वापस जमीन पर आती है तो उसके बाल एक अनगढ़ लय में उसकी पीठ पर झूल जाते हैं...थोड़ी सी गुदगुदी भी लगती है...कभी कभार जब कोई गाड़ी रस्ते में आ खड़ी होती है तो वो जोर से ब्रेक मारती है...एकदम ड्रैग करती हुयी बाइक रूकती है. सामने वाले के होश फाख्ता हो जाते हैं, उसे लगता है बाइक लड़की के कंट्रोल में नहीं है...वो नहीं जानता लड़की और बाइक अलग हैं ही नहीं...बाइक लड़की के मन से कंट्रोल होती है...लड़की अधिकतर लो बीम में ही चलाती है पर कभी कभी जब स्ट्रीट लैम्प के बुझने तक भी उसका घर आने का मन नहीं होता तो हाई बीम कर देती है...बाइक की हेडलाईट चाँद की आँखों में चुभती तो है मगर क्या उपाय है...माना कि उत्ती खूबसूरत लड़की रात को किसी को बाइक से ठोक भी देगी तो लड़का ज्यादा हल्ला नहीं करेगा...एक सॉरी से मान जाएगा फिर भी...किसी अजनबी को सॉरी बोलने से बेहतर है कि चाँद को सॉरी बोले.

वो एमी को बाय बोल चुकी है और इंस्ट्रूमेंटल संगीत सुन रही है...सुनते सुनते मेंटल होने की कगार आ चुकी है...दिन आधा बीत चुका है...आधी चाँद रात के वादे की तरह. सोच रही है कि अब क्या करे...कॉफ़ी का दूसरा कप बनाये या ग्रीन टी के साथ सिगरेट के कश लगा ले...या हॉट चोकलेट में बाकी बची JD मिला के पी जाए. बहुत मुश्किल चोइसेस हैं...लड़की ने जूड़े से पिन निकाल फेंका है...लैपटॉप के उपरी किनारे से पैरों की उँगलियाँ झांकती हैं...नेलपेंट उखड़ रहा है...पेडीक्यूर जरूरी हो गया है अब. दुनिया की फालतू चीज़ें सोच रही है...जानती है कि दिन को उससे काम बहुत कम होता है. पर रात को तो उसकी याद और बेतरह सताती है...रात को काम कैसे करेगी.

इतना सोचने में उसका सर दर्द करने लगा है...अब तो लास्ट उपाय ही बचा है. लड़की ऐसी खोयी हुयी है कि फिर से उसने दो शीशे के ग्लासों में नीट विस्की डाल दी है...सर पे हाथ मारते हुए फ्रीज़र से आइस निकलती है...और ग्लास में डालती जाती है...ग्लास में बर्फ के गिरने की महीन आवाज़ से उसे हमेशा से प्यार है. 'तुम जो न करवाओ' जैसा कुछ कहते हुए एक सिप लेती है...धीमे धीमे लिखना आसान होने लगता है...दूसरे ग्लास में बर्फ पिघल रही है...पर लड़की को कोई हड़बड़ी नहीं है आज...दो पैग पीने के लिए उसके पास इतवार का बचा हुआ आधा दिन और पूरी रात पड़ी है.

उसने महबूब के हाथ में अपनी कलम दे रखी है...महबूब परेशान 'तुम जो न करवाओ' जैसा कुछ कहते हुए उसके साथ प्रोजेक्ट ख़त्म करने में जुट गया है...वरना लड़की ने धमकी दी है कि विस्की का ग्लास भूल जाओ. लड़की खुश है...कभी तो जीती उस दुष्ट से. फ़िज़ा में लव स्टोरी का इंस्ट्रूमेंटल बज रहा है...खिड़की से सूखे हुए पत्तों की खुशबू अन्दर आ रही है...वो खुश है कि महबूब के साथ किसी प्रोजेक्ट पर काम करना भी इश्क जैसा ही खूबसूरत है.

ऐसी दोपहरें खुदा सबको नसीब करे. आमीन!

अलविदा के पोस्ट इट्स चिपकाने वाली लड़की

रोज़ अलविदा के पोस्ट इट्स
चिपकाने वाली लड़की
मुझे भी मालूम है
तुम्हारे आखिरी दिन
तुम भूल जाओगी कहना
विदा 
---
तुमने जो बनवा रखे हैं
ज़ख्मों के टैटू
उनमें मेरा नाम नहीं है
---
तुम लिखती हो सबसे ज्यादा ख़राब
जब तुम गहरे प्यार में होती हो
(हैप्पीनेस डज़ नॉट सूट द राईटर इन यू
बीइंग इन लव सफोकेट्स हर)
या तो ऐसे प्यार न करो...या लिखो मत
ईमानदारी से एक दुखती बात कहूँ 
तुम्हारे महबूब की बातों में
किसी की दिलचस्पी नहीं है 
तुम्हारे सिवा
---
तुम में ऐसा कुछ भी नहीं है
जिसे सहेजने की जरूरत आन पड़े
तुम एकदम साधारण लड़की हो 
भीड़ में गुम कोई भी
तुम्हारे चेहरे पर जो ओज है न
वो इश्क का है
तुम्हारा नहीं
---
सुनो लड़की
मुझे कभी तुमसे प्यार नहीं होगा
जितनी जल्दी तुम्हें ये बात समझ आ जाए
बेहतर है
---
तुम्हारा एकतरफा प्यार
निकृष्ट और छिछला है
इसमें कुछ नहीं है
जो मुझे बांध सके
स्टॉप एम्बरासिंग मी
डोंट क्राय
---
जब कहता हूँ
आई हेट स्मोकर्स
तो मेरा निशाना होती हो
सिर्फ तुम
---
काश! उसने कही होतीं
ऐसी बातें
मेरा दिल तोड़ते हुए
उसे भूलना आसान होता 
उफ्फ्फ उसे तो ठीक से
दिल तोड़ना भी नहीं आता
मैं अपनी सोच में भी नहीं कह सकती  उसे
आई हेट यू
गेट लौस्ट
---
या खुदा
मैं नहीं चाहती
कि वो थोड़ी सी देर रुक जाए
मेरी आखिरी साँसों भर 
कि वो रोये
मेरी लाश को बांहों में भर कर 
मुझे लौटा लाना चाहे
कुछ इतना ऐम्बिशीयस नहीं 
बस इतना 
कि वो जाते हुए 
देख ले मुड़ के
एक बार 
---

15 February, 2012

पतझड़ का शहर

उसके शहर में
बहुत करीने से गिरते थे पत्ते भी

अक्सर सोचता हूँ 
दुनिया में कुछ है भी
जो उसकी तरह बिखरा हुआ है
या कि बेतरतीब 

सूखे पत्तों पर बाइक उड़ाती लड़की
मुझसे यूँ प्यार न करो
अभी मेरा दिल हरा ही है
अभी इंतज़ार अधूरा बाकी है 

तुम तो मौसम की तरह गुज़र जाओगी
पर मैं कतार में कैसे बिखेरूँगा सूखे पत्ते 

कि तुम कैसे पहचानोगी वापसी की राह?
तुम्हारी तसवीरें देख कर एक ही बात सोचता हूँ
तुम वाकई करोगी क्या मुझसे प्यार...ताउम्र?

या कि तुम्हें भी झूठे वादे करने
और झूठी कसमें खाने में लुत्फ़ आता है?

(एक लड़की थी...एक नंबर की झूठी...और वैसी ही दिलफरेब...एक शहर था...जिसे उस लड़की से प्यार हो गया था...एक लड़का था जिसे वो शहर दरवाजे पर रोक लेता था...और इश्क था...एक नंबर का बदमाश...ये इन तीनो(चारों?) की कहानी है. हाँ, इस कहानी के सारे पात्र असली हैं...बस उनका पता नहीं मिलता)

आइस क्यूब्स


ये झूठ है कि
किसी से बिछड़ता है कोई
हम बस, मर जाते हैं.
---
एयरटेल कहता है
हमारी दुनिया में आप कभी अपनों से कभी जुदा नहीं होते
ऐसा वादा खुदा क्यूँ नहीं करता कभी?
---
कहीं से आती कोई हवाएं
नहीं बता पाती हैं
कि तुम्हारे काँधे से कैसी खुशबू आती है?
---
किसी भी पहर
तुम्हारी आवाज़ नहीं भर सकती है 
मुझे अपनी बांहों में! 
---
मैं वाकई नहीं सोचती 
लिप बाम लगाते हुए
कि तुम्हारे होटों का स्वाद कैसा है! 
---
मेरी सिगरेट से
नहीं है तुम्हारा कोई भी रिश्ता
सिवाए ब्रांड सेम होने के... 
---
मुझे कभी मत बताना
कितनी आइस क्यूब डालते हो
तुम अपनी विस्की में.
---
कच्ची डाली से
मत तोड़ा करो मेरी नींदें
इनपर ख्वाब का फूल नहीं खिलता फिर.   
---
बातों का कैसे ऐतबार कर लूं
तुम न कहते हो मुझसे झूठ झूठ 
'आई लव यू'.
---
सच कहती हैं सिर्फ उँगलियाँ
जो तुम्हारा फ़ोन कॉल पिक करते हुए
तुम्हें छूना चाहती हैं... 
---
काश! कह देने भर से
तुम वाकई हो जाते मेरे 
एक शहर तुम्हें मुझसे कभी मिलने न देगा. 
---
मेरी उम्र फिर से हो गयी है अठारह की
तुम भी इक्कीस के हो ही गए होगे
चलो, कहीं भाग चलते हैं!

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...