21 November, 2008

तुम्हें प्यार है मुझसे

फ़िर से एक पुरानी नज़्म, फ़िर से पीले जर्द पन्ने...और लबों पर वो हँसी कि क्या लिखती थी मैं उस समय...ये लिखा है ३१/०८/०२ को। अब सोचती हूँ तो लगता है कितने साल बीत गए...

सोचती हूँ की जी लोगी मेरे बगैर

एक दिन के लिए कोशिश कर कर देखो

गूँज उठेगा तुम्हारी धडकनों में नाम मेरा

कभी खामोशी में मुझे याद कर देखो

मैं कोई ख्वाब नहीं की मुझे भूल जाओ कल सुबह तुम

मैं हकीकत हूँ न यकीं हो तो छू कर देखो

झूठ कहती हो कि हर नज़्म तुम्हारी अपनी है

मुझे सोचे बगैर एक लफ्ज़ भी लिख कर देखो

रात भर रोओगी मगर छुपाओगी मुझसे

कभी अपने गम मेरे साथ बाँट कर देखो

तुम्हारा हर अहसास जुड़ा हुआ है मुझसे

मेरी हँसी को अपने लबों से जुदा कर देखो

मेरा हर दर्द टीस उठता है तुम्हारे अन्दर

तुम्हारी आँखें नम हैं मेरे अश्कों से जा कर देखो

तुझे मालूम नहीं ए मेरी मासूम सी ख्वाहिश

तुम्हें प्यार है मुझसे मेरा यकीन कर देखो।

19 November, 2008

जागने का वक्त आ गया है.

हमें याद है की १०वीं में हमारा सिविक्स नाम का विषय होता है...उसी में हम संविधान के बारे में पढ़ते थे। हम जब fundamental rights के बारे में पढ़ते हैं तो उसी पैराग्राफ में हमारी duties के बारे में भी लिखा होता है। ऐसा क्यों होता है कि हम अपने अधिकारों को लेकर बहुत सचेत रहते हैं और हो हल्ला भी मचाते हैं पर अपनी जिम्मेदारियों का क्या? क्या अपनी जिम्मेदारियां ताक पर रखने के बाद हमें अपने अधिकारों के लिए लड़ने का हक है?
इस दौर में सब सब सवाल करते हैं कि आप क्या कर रहे हो...समाज के लिए...देश के लिए वगैरह वगैरह, ये सवाल करने के पहले वो ये बताएं कि उन्होंने क्या किया है, किस बदलाव कि दिशा में कदम उठाये हैं?
आज मैं भी ऐसे ही एक बदलाव के बारे में कहना चाहती हूँ जी बहुत जरूरी है। और ये है वोट देना, हममें से अधिकतर लोग सरकार को कोसते हैं उसकी हर नाकामी पर, मगर जब वोट देने का वक्त आता है हम अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट जाते हैं। हालाँकि मैं मानती हूँ कि इसका एक बहुत बड़ा कारन ये है कि कोई भी एलेक्टीओं में खड़ा होने वाला नेता इस काबिल नहीं होता कि उसे चुना जाए। सारे भ्रष्ट और अक्सर अपराधिक पृष्ठभूमि के होते हैं। पर वोट देना पहला कदम है हमारे देश के लिए कुछ सार्थक करने कि दिशा में।
हम कॉलेज में थे जो चुनाव और राजनीति को गंभीरता से लेते थे...जेएनयू में तो खास तौर से इस तरह कि हवा चलती है कि आप किसी न किसी विचारधारा से प्रेरित हो ही जाते हैं। मेरे कुछ दोस्त ऐसे भी हैं जिन्होंने राजनीति में उतरने का और चीज़ों को बदलने का प्रण लिया है। मुझे उन पर गर्व है, मैं सीधे इलेक्शन में उतर तो नहीं सकती पर मैंने वादा किया है कि उनका इलेक्शन कैम्पेन मैं सम्हालूंगी।
मैं और मेरे जैसे कई लोग इस लिए भी वोट नहीं दे सकते क्योंकि हमारा नाम हमारे घर कि वोटर लिस्ट में जुदा है, और हम रहते हैं दूसरे शहर में...अब वोट कैसे दें।मुझे ये मालूम नहीं था कि किसी भी शहर में ६ महीने तक रहने के बाद हम अपना नाम वहां की वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए आवेदन दे सकते हैं। और वोट करने के लिए बस लिस्ट में नाम होना जरूरी है, वोटर आइडी कार्ड नहीं है तो DL या PAN कार्ड भी चलता है।इस सारी प्रक्रिया को बिल्कुल आसान कर दिया है टाटा टी ने अपने नए वेबसाइट में
मेरा आपसे अनुरोध है कि आप www.jaagore.com पर जरूर जाएँ। वाकई वोट करना अब बिल्कुल आसान हो गया है। मैंने अपने सारे दोस्तों को इस बारे में बताया और उन्होंने भी सूचना को आगे forward किया।ummid है इन छोटे छोटे क़दमों से ही हमारा हमारे अपने भारत का सपना पूरा होगा।

वंदे मातरम्

18 November, 2008

मैं और तुम

मेरे तुम्हारे बीच

उग आया है

कंटीला मौन का जंगल

जाने कब खो गयीं

शब्दों की राहें

खिलखिलाहटों की पगडंडियाँ

ऊपर नज़र आता है

स्याह अँधेरा

नहीं दिखता है चाँद

नहीं दिखती तारों सी तुम्हारी आँखें

काँटों में

उलझ जाता है तुम्हारा स्पर्श

ग़लतफ़हमी की बेल

लिपट जाती है पैरों से

और मैं नहीं जा पाती तुम्हारे करीब

बहुत तेज़ होता जाता है

झींगुरों का शोर

मैं नहीं सुन पाती तुम्हारी धड़कन

पैरों में लोटते हैं

यादों के सर्प

काटने को तत्पर

शायद मेरी मृत्यु पर ही

निकले तुम्हारे गले से एक चीख

और तुम पा जाओ

शब्द और जीवन ...

16 November, 2008

फ़िर


इंतज़ार में
बिल्कुल कण कण में
टूट जाता है मेरा वजूद
और क्षण क्षण गिरता रहता है
रेत घड़ी के एक से दूसरे छोर पर

धीरे धीरे फ़िर से जुड़ जुड़ कर
पूरी होने लगती हूँ मैं
और एक तरफ़ से बिल्कुल खाली

पर स्थायित्व नहीं है मेरे जीवन में
जैसे ही गिरता है पूरा वजूद
वक्त मुझे फ़िर से पलट देता है
और शुरू हो जाता है
मेरा बिखरना
फ़िर से...

15 November, 2008

नया टेम्पलेट मुबारक हो :)

अब रात के दो बजे कोई भूत प्रेत ही मुबारक दे सकते हैं, तो मैंने सोचा उससे पहले मैं ख़ुद को ही बधाई दे लूँ। पिछले टेम्पलेट में ऐसी प्रॉब्लम आ गई थी की पोस्ट्स एडिट ही नहीं हो रहे थे, बहुत कोशिश की सुधारने की, कुछ नहीं हुआ। हमने सोचा मुसीबत को जड़ से ही समाप्त कर देते हैं। वैसे अभी बहुत काम बाकी है इसपर....एक तो ऊपर का टूलबार ही गायब है, समझ नहीं आ रहा लोगिन कहाँ से करें और न्यू पोस्ट्स कैसे लिखें। खैर ये सब करके इसे पूरी तरह अपने जैसा बनाने में टाइम लगेगा। उसपर वीकएंड भी आया है...मैं इस खूबसूरत टेम्पलेट के लिए उन सब लोगों को धन्यवाद करती हूँ जिन्होंने घंटों मेहनत करके इसे बनाया है।

कल मेरे ड्राइविंग लाइसेंस का प्रैक्टिकल टेस्ट है...भगवान बचाए। बाप रे ! बंगलोर में लाइसेंस ऐसे मिलता है की गाड़ी चलने से डर लगने लगे। रिटेन परीक्षा में १५ सवाल थे, जवाब देने में कम से कम १५०० बार भगवान् का नाम तो लिया ही होगा। उसपर कुणाल के साथ गई थी कि समझदार लड़का है, थोड़ा ताक झांक कर लेने से काम हो जायेगा, मगर हाय रे gender inequality, वहां लड़के और लड़कियों को अलग अलग बैठा दिया गया...अलग क्या बैठे हमारा तो दिल बैठ गया। हनुमान चालीसा तब से ही पढ़ना शुरू कर दिए थे। औए सवाल तो क्या हैं...हमें अपने PG में भी ऐसे सवाल नहीं रटने पड़े थे।
बानगी देखिये:
there is a cow standing across the road, what will you do?
a)cross the road from the cow's behind
b)cross the road from front of the cow
c)wait till the cow has crossed the road
अगर मैंने ख़ुद से सवाल नहीं देखा होता तो मुझे कभी यकीं नहीं होता कि ऐसे सवाल भी आ सकते हैं। खैर हमारी तो पूरी इच्छा थी कि हम तब ताख खड़े रहे तब जब गोमाता सड़क पार न कर लें, लेकिन पहले जो चित पढ़ी थी उसमें लिखा था कि गाय के पीछे से निकल जाएँ। अब भइया बताओ कि अगर गाय के सामने से जाने पर उसके सींग मारने का भय है तो पीछे से जाने पर भी तो गोबर और गोमूत्र पढ़ने का डर है...इससे क्या रुक जाना बेहतर नहीं होगा। पर शायद कुएस्शन सेट करने वालों को लगा होगा कि इससे शुद्धि होगी हमारी तो ऐसा नियम बनाया।
मैंने यह भी सोचा कि अगर गाय कि जगह भैंस खड़ी तो क्या करें...फ़िर लगा कि उनसे पूछने से बेहतर है कि मैं ताऊ से पूछ लूँ। खैर वो सवाल फ़िर कभी।

फिलहाल तो कल कि तैयारी ठेंगा हो रखी है...भगवान उस instructor को बचाए जो मेरा टेस्ट लेने वाला है। पटना में मैं साईकिल भी चलती थी तो खम्भे वगैरह रास्ता दे देते थे। :D aur कुणाल को जितनी अच्छी तरह से मैं जानती हूँ वो आराम से कह देने वाला है कि मैं उसके साथ नहीं हूँ...उफ़ ये बंगलोर। मुझे फ़िर से देवघर, पटना और दिल्ली की बहुत याद आ रही है.

अब सपने में बाकी प्रक्टिस करुँगी...

ये यादें कौन सी bike से चलती हैं
कहीं भी जाऊं मुझसे पहले पहुँच जाती हैं

क्या इन्हें पेट्रोल भी नहीं bharana होता...

12 November, 2008

असहमति

मैं कविता लिखती हूँ, प्रायः मुक्त छंद में ही लिखती हूँ, मुझे ऐसा लगता है कि भावनाएं किसी व्याकरण में बंधने लगती हैं तो उनका स्वरुप नियमों के अनुकूल होने लगता है। अभिव्यक्ति एक दिशा में मुड़ने लगती है...आजकल लिखने का तरीका भी ऐसा हो गया है कि अक्सर जो एक बार लिख देती हूँ, वापस उसमें संशोधन नहीं करती हूँ/नहीं कर पाती हूँ। कहने को ये भी कह सकती हूँ कि वक्त नहीं मिलता...पर उससे ज्यादा ये होता है कि कुछ भी लिखते वक्त जो ख्याल आते रहते हैं दिमाग में, वो कुछ समय बाद बदल जाते हैं। अब ऐसे में अगर मैं कुछ बदलाव करती हूँ तो लगता है उस ख्याल के प्रति अन्याय कर रही हूँ।
मेरा लिखना हमेशा कविता नहीं होता है...मैं बस जो शब्द उमड़ते घुमड़ते रहते हैं उन्हें लिख देती हूँ, उनमें एक प्रवाह होता है, एक अहसास होता है, बस...इससे ज्यादा कुछ होता नहीं है, इससे ज्यादा मुझे कुछ चाहिए भी नहीं होता है मेरी लेखनी से।
अभी तक से एक दो सालों में कुछ ही बार ऐसा हुआ है कि लोगों कि प्रतिक्रिया पढ़ कर मेरा वाकई मन किया है कि मैं उनसे इतनी बहस करूँ कि वो हार कर चुप हो जाएँ...उनके लिखे कि धज्जियाँ उड़ा दूँ।परसों एक कमेन्ट आया जिससे उस वक्त से मेरा दिमाग ख़राब हो रखा है, और मैं जानती हूँ कि जब तक मैं लिख न लूँ शान्ति नहीं मिलेगी।

तो ये रहा कमेन्ट

HEY PRABHU YEH TERA PATH said...कविता आज का जनप्रिय काव्य-कथ्य हो गया है।पुराने जमाने मे जो स्थान दोहा, सोरठा या मनोहर-छन्द का था उसे आज कविताओ ने छीन लिया है।आपकी बेतरतीब कविता मे अपेक्षाकृत सुगमता कि झलक थी,यघपि इसमे अनुभुति की प्रखरता तो अपेक्षित है, पर तुकबन्दी के कारण एक चमत्कार भी आ जाता है। "ओक" शब्द का भावार्थ क्या है ? "झेलें" शब्द कुछ मजा नही आया।"गुलाबी गुलाबी सा चाँद", अगर चाँद को निला या सफेद धुधीया रग का बताते तो कैसा रहता? आशा है, बेतरतीब अपने सवेदन सन्देश को अन्य लोगो तक पहुचाने की परम्परा को निभाने मे समर्थ हो सकेगा।

महावीर बी सेमलानी "भारती'

मुबई 09-11-२००८


मुझे इस कमेन्ट पर आपत्ति है...
पहली बात कविताओं ने कभी किसी का स्थान नहीं छीना, कवितायेँ कोई नेता नहीं हैं जो हमेशा कुर्सी छीनने के बारे में सोचती रहे।


दूसरी बात...मेरी कविता में तुकबंदी है ही नहीं, किन्ही पंक्तियों में नहीं, तो फ़िर ये कहना कि तुकबंदी के कारण चमत्कार आ जाता है", क्या मायने रखता है, सिवाए ये दिखने कि इन महाशय को या तो पता नहीं है कि तुकबंदी क्या होती है या फ़िर इन्होने कविता पढ़ी नहीं है।


तीसरी बात" ओक शब्द का भावार्थ क्या है" जनाब शब्द का शब्दार्थ होता है, भावार्थ नहीं...पंक्ति या कविता का भावार्थ होता है।


चौथी और सबसे IRRITATING बात..."गुलाबी गुलाबी सा चाँद", अगर चाँद को निला या सफेद धुधीया रग का बताते तो कैसा रहता? " मैं नहीं बताउंगी नीला या पीला, क्यों बताऊँ, मेरी कविता है मेरा जो मन करेगा लिखूंगी, आपको इतना ही शौक है कि चाँद नीला या सफ़ेद हो तो आप ख़ुद एक कविता लिखिए....आप कौन होते हैं मुझे मेरे चाँद के रंग पर सलाह देने वाले...इसको सरासर हस्तक्षेप कहते हैं, बिन मतलब और बेसिरपैर की सलाह देना भी कहते हैं।


और आखिरी पंक्ति "आशा है, बेतरतीब अपने सवेदन सन्देश को अन्य लोगो तक पहुचाने की परम्परा को निभाने मे समर्थ हो सकेगा।" जी नहीं, इसमें कोई संवेदन संदेश नहीं है...कृपया आसान सी चीज़ों में जबरदस्ती के गूढ़ भाव न खोजें। आपसे अगर पूछूँ की संवेदन संदेश का अर्थ क्या होता है तो शायद आप भी नहीं बता पायेंगे. क्या सिर्फ़ कुछ भी लिख देने के लिए कमेन्ट लिखने की जगह होती है...चाहे वो relevant हो या नहीं? ऐसा कुछ भी लिखने के लिए ब्लॉग होता है जहाँ पर आप उल्टा सीधा जो मन करे लिख सकते हैं, क्योंकि ब्लॉग लिखने का उद्देश्य अपनी बात कहना होता है। मैंने कई और बार भी देखा है कि कोई कुछ भी लिख जाता है।


कमेन्ट लिखते वक्त बेहद जरूरी है की आप पोस्ट को पढ़ लें ...फ़िर जो चाहें लिखें. और अगर पढने का मन नहीं है तो सिर्फ़ बढ़िया है, अच्छा लगा...जैसे कमेन्ट दें. खास तौर से बुरा लगा मुझे जब दिवाली के समय मैंने माँ की बरसी पर एक पोस्ट लिखी थी और उसमें भी कमेन्ट में लोग मुझे दिवाली की शुभकामनाएं दे गए थे. क्या क्षण भर ठहर के ये देखना जरूरी नहीं था की जिसे आप हैप्पी दिवाली कह रहे हैं वह इस दिवाली को किस तरह से मना रहा है...दिवाली है या मुहर्रम उसके घर में.
खैर चलता रहता है ये सब भी...

ब्लॉग्गिंग भी जिंदगी का हिस्सा ही तो है

08 November, 2008

बेतरतीब

आज मुझे शब्द न दो

बस थोडी खामोशी दे दो

ओक में भरकर पीने के लिए

जैसे डूबते सूरज की आखिरी रौशनी पकड़ती थी

उसी तरह से...

आज मुझे वैसे खामोशी दो

जो हम दोनों मिल कर बाँट सकें

अकेले अकेले झेलें नहीं...

वक्त हुआ करता था

जब साथ होना ही काफ़ी होता था

पर अब नहीं होता

क्यों मन मांगने लगता है

सिन्दूरी सी शामें

घर लौटते पंछियों की चहक

जंगल से आती शीतलहरी

गुलाबी गुलाबी सा चाँद

पीली रौशनी में नहाई सड़कें

एक टुकडा बादल की बारिश

रोशनदान से आती किरणों की डोर

क्यों प्यार मांगने लगता है

और देना भूल जाता है...

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...