24 October, 2019

इतना काहे मुसकिया रही हो मोना लीसा?

मोना लीसा। दुनिया की सबसे प्रसिद्ध तस्वीर। इतिहास की किताब में यूरोप के रेनिसां के बारे में पढ़ते हुए कुछ तस्वीरों को देखा था। उस समय की उसकी मुस्कान में ऐसा कुछ ख़ास दिखा नहीं कि जिसके पीछे दुनिया पागल हो जाए। ख़ूबसूरती के पैमाने पर भी मोना लीसा कोई बहुत ज़्यादा ख़ूबसूरत नहीं थी। कमानीदार तो क्या, नॉर्मल भवें भी नहीं थी उसकी कि उस समय के फ़ैशन में भवें शेव कर लेना था। हमारी ख़ूबसूरती की परिभाषा से बिलकुल अलग मोना लीसा। हमारे लिए ख़ूबसूरती का पैमाना हमारी अपनी बणी-ठनी थी। क्या ही तीखी नाक, कमानिदार भवें, बड़ी बड़ी आँखें (साइड प्रोफ़ायल है, तो एक ही आँख दिख रही है), मेहंदी रचे हाथ, चूड़ियाँ, ऋंगार…माथे पर से घूँघट। ओह, कितनी ही सुंदर।

बाद के साल में भी कभी ना कभी न्यूज़ में मोना लीसा दिखती ही रही। किताब आयी, दा विंची कोड, इसने फिर से मोना लीसा को ख़बर में ला खड़ा किया। कितनी सारी थ्योरी भी पढ़ी, जिसमें एक ये भी थी कि मोना लीसा असल में लीयनार्डो का सेल्फ़ पोर्ट्रेट है। तब तक कुछ ऐसे लोगों से भी मिलना हो रखा था जिन्होंने मोना लीसा की पेंटिंग को प्रत्यक्ष देखा था। उन्होंने बताया कि पेंटिंग का आकार छोटा सा है और पेरिस के लूव्रे म्यूज़ीयम में सबसे ज़्यादा भीड़ उसी कमरे में होती है। उतने सारे लोगों के बीच, भीड़ में धक्का मुक्की करते हुए, कोई पाँच फ़ीट की दूरी से काँच की दीवार के पीछे लगे मोना लीसा के चित्र में कोई जादू, या कि मुस्कान में कोई रहस्य नहीं नज़र आता है। वे काफ़ी निराश हुए थे उसे देख कर।

मैं पिछले साल लूव्रे म्यूज़ीयम गयी थी। वाक़ई मोना लीसा की पेंटिंग आकार में छोटी थी और कमरे में कई कई लोग थे। अधिकतर लोग मोना लीसा को देखने से ज़्यादा अपनी सेल्फ़ी लेने में बिजी थे। मैं भी भीड़ में शामिल हुयी और लोगों के हटते हटते इंतज़ार किया कि सबसे आगे जा के देख सकूँ। वहाँ से मुझे तस्वीर लेने की नहीं, वाक़ई मोना लीसा को देखने की उत्कंठा थी। उसे सामने देखना वाक़ई जादू है। उसकी आँखें बहुत जीवंत हैं और मुस्कान वाक़ई सम्मोहित करने वाली। उसे देख कर हम वाक़ई जानना चाहते हैं कि आख़िर क्यूँ मुस्कुरा रही है वो ऐसे कि इतने सौ साल में भी उसकी मुस्कान का रंग फीका नहीं पड़ा। वो कैसी ख़ुशी है।

मोना लीसा के बारे में थ्योरी ये है कि जब ये पेंटिंग बनायी गयी, मोना लीसा गर्भवती थी। उसकी सूजी हुयी उँगलियों से ये अंदाज़ा लगाया जाता है, इससे भी कि उसने हाथ में अपने विवाह की अँगूठी नहीं पहनी हुयी है। कुछ तथ्यों के मुताबिक़ ये सही अनुमान है। उसकी मुस्कान के इतने शेड्स इसलिए हैं कि वो अपने अजन्मे बच्चे के बारे में सोच रही है। कई सारी बातें। उसके भविष्य के सपने देख रही है। अपने प्रसव को लेकर चिंतित है। शायद कुछ शारीरिक कष्ट में भी हो। मन में ही ईश्वर से प्रार्थना कर रही है कि सब कुछ अच्छा हो। कई सारी बातों को सोचती हुयी मोना लीसा मुस्कुरा रही है। उसके चेहरे पर दो लोगों - दो आत्माओं के होने की मुस्कान भी है, मोना लीसा और उसके अजन्मे बच्चे की। लीयनार्डो ने इन सारी बातों में खिलती हुयी मुस्कान को उसी रहस्य के साथ अजर - अमर कर दिया है।

मोना लीसा को देख कर मैं भूल नहीं पायी। मैं उतनी देर पेंटिंग के सामने खड़ी रही, जितनी देर के बाद बाक़ी लोगों को दिक्कत होने लगती। वहाँ से जाने का मन नहीं कर रहा था। उस पेंटिंग की अपनी आत्मा थी। अपना जादू, अपना तिलिस्म जो बाँध लेता था। लेकिन जैसे कि कोई आपसे बात करना चाह रहा हो और आप अपने में ही खोए या व्यस्त हों तो आप पर उसकी बात का क्या असर होगा…फिर वो व्यक्ति भी तो आपसे बात करने में इंट्रेस्टेड नहीं होगा। मोना लीसा के रहस्य को सुनने के लिए नोट्बुक का ख़ाली पन्ना खुला रखना होता है। वो कहती है कई कहानियाँ। खुली खिड़की के पीछे नज़र आते शहर की, अपनी ख़ूबसूरती की, अपने होने वाले बच्चे के सोचे हुए नाम भी बता देगी आपको … हो सकता है पूछ भी ले, कि कोई नाम तुम भी बताते जाओ मुसाफ़िर।

उस हॉल में अजीब उदासी फ़ील होती है। जैसे मोना लीसा तन्हा हो। इस भीड़ में सब उसे देखते हैं, अपने अपने पैमाने पर नापते हैं कि कितनी सुंदर है, कैसी मुस्कान है…कुछ लोगों को विजयी भी फ़ील होता है कि मोना लीसा की स्माइल उन्हें अफ़ेक्ट नहीं कर पायी। मुझे ऐसे लोगों पर तरस आता है। ये वही लोग हैं जो अपनी ज़िंदगी में मौजूदा प्यार को या कि ख़ूबसूरती को देख नहीं पाते। जिन्हें शाम देखे ज़माने गुज़र गए हैं। जो गुनगुनाना भूल गए हैं। मोना लीसा हमें याद दिलाती है कि ख़ूबसूरती ज़िंदगी का कितना ज़रूरी हिस्सा है। समझ नहीं आने के बावजूद। जैसे गार्डेंज़ में लगे हुए ट्युलिप… उनकी ख़ूबसूरती और रंग देख कर हम सवाल थोड़े करते हैं कि इसका क्या मतलब है। बस रंग के उस रक़्स में खड़े सोचते हैं, दुनिया कितनी ख़ूबसूरत है। अपने दिल में थोड़े रंग भर लेते हैं। थोड़ी ख़ुशी। कि कई कई साल बाद भी पेंटिंग के रंग जस के तस रहेंगे। उस मुस्कान का जादू भी।

कि सबकी ज़िंदगी में कोई ऐसी मोना लीसा हो। जो किसी शाम आपको देख कर मुस्कुराए तो आप भारी कन्फ़्यूज़ हुए जाएँ कि अब मैंने क्या ग़लती कर दी। और अगर आप शादी शुदा हैं और आपकी बीवी आपको देख कर ऐसे रहस्यमयी मुस्कान मुस्कुरा रही है तो समझ जाएँ, कि इन दिनों इसका एक ही मतलब है। चुपचाप झाड़ू या कि डस्टर उठाएँ और साफ़ सफ़ाई करने चल दें। दुनिया की सारी ख़ुशी एक साफ़ सुथरे घर में बसती है। या कि अगर आप लतख़ोर क़िस्म के इंसान हैं और मम्मी दो हफ़्ते से धमका रही है तो अब दिवाली बस आ ही गयी है, अब भी रूम साफ़ नहीं करने पर कुटाई होने का घनघोर चांस है। मोना लीसा आपको हरगिज़ नहीं बचा पाएगी। और जो कहीं अगर आप दीदी के साथ रूम शेयर करते हैं तब तो सोच लीजिए, दीदी ग़ुस्सा हुयी तो साल भर की सारी सीक्रेट्स की पोल-पट्टी खोल देगी। भले आदमी बनिए। मौसम सफ़ाई का है, सफ़ाई कीजिए। पढ़ना लिखना और कम्प्यूटर के सामने बैठ कर किटिर-पिटिर तो साल भर चलता ही रहता है।

PS: वैसे एक ज़रूरी बात बता दें। एक फ़्रेंच एंजिनियर ने बहुत रिसर्च करके पता लगाया कि पहले पेंटिंग में भवें थीं। लेकिन ज़्यादा साफ़ सफ़ाई के कारण वे मिट गयीं। फ़ालतू का ट्रिविया ऐसे ही। जाइए जाइए। इसके पहले कि मम्मी या कि बीवी या कि बहन की भवें तनें, सफ़ाई में जुटिए। 

20 October, 2019

नॉन रेप्लेसबल किताबें

Everything is replaceable. Well, almost.

Heisenberg uncertainty principle में एक बिल्ली होती है जो एक ही समय पर मरी हुयी या ज़िंदा दोनों हो सकती है। दो सम्भावनाएँ होती हैं। इसी दुनिया में। एक किताब दो जगह हो सकती है एक साथ? या एक लड़की?

लिखते हुए एक शहर में जा रही मेट्रो होती है। मेट्रो दिल्ली की जगह पेरिस में भी हो सकती है और इससे लगभग कोई फ़र्क़ नहीं पड़ेगा। लड़का-लड़की फिर भी मिलेंगे और खिड़की से बाहर दिखते किसी बिल्डिंग पर कुछ कह सकेंगे। कि जैसे अक्षरधाम कितना बदसूरत बनाया है इन लोगों ने, डिटेल पर बिलकुल ही ध्यान नहीं दिया है। या कि एफ़िल टावर और किसी मोबाइल टावर में क्या ही अंतर है। लोहे का जंजाल खड़ा कर दिया है और दुनिया भर के प्रेमी मरे जा रहे हैं उस नाम से। बात में हल्का सा व्यंग्य। लड़का-लड़की हो सकता है इसलिए क़रीब आएँ कि दोनों ठीक वैसा ही सोचते हैं, या इसलिए क़रीब आएँ कि दोनों एकदम अलग अलग सोचते हैं और लगभग लड़ पड़ें कि कोई ऐसा सोच भी कैसे सकता है। 

कुछ लोगों को जगह से जुड़ाव होता है। उनके दिमाग़ में एक जीपीऐस पिन ड्रॉप जैसी कोई सुविधा/असुविधा/दुविधा होती है। वे कॉफ़ी शॉप्स में अपनी नियत टेबल पर बैठेंगे। मेट्रो या बस में एक फ़िक्स जगह खड़े होंगे। सिनेमा हॉल में कोई एक सीट ही बुक करेंगे। उनके अकेलेपन में ऐसी कई हज़ार छोटी छोटी चीज़ें मिल जाएँगी। 

ऐसी एक लड़की थी। जिसे एक लड़का पसंद था। दिल्ली मेट्रो में लड़की का स्टेशन लड़के के स्टेशन से पहले आता था। तीन स्टेशन पहले। इस लड़के के कारण लड़की ने एक बार मेट्रो में अपनी जगह बदली थी। लड़की हमेशा लेडीज़ कोच में आख़िरी वाली दीवार पर टिक कर खड़ी होती थी और कोई किताब पढ़ते मेट्रो में सफ़र करती थी। एक बार अपने किसी दोस्त से साथ मेट्रो में चढ़ी तो जेनरल डब्बे में चढ़ना पड़ा। आगे से दूसरा डिब्बा। भीड़ में उसे जो जगह मिली वो पहले और दूसरे डब्बे के बीच वाली प्लेट्स पर मिली। यहाँ पकड़ने के लिए हैंड रेल्स थे और खड़े रहना ज़्यादा आसान था। किताब पढ़ते हुए उसने देखा कि गेट के पास एक लड़का खड़ा है और उसने न हेड्फ़ोंज़ लगा रखे हैं, न उसके हाथ में कोई किताब है। वो कौतूहल से दरवाज़े के काँच के बाहर देख रहा है। उसके चेहरे पर इतनी ख़ुशी थी कि लड़की का उसकी नज़र से दिल्ली देखने का मन किया। 

अगली रोज़ लड़की लेडीज़ कोच में नहीं चढ़ी। जेनरल में उसी डिब्बे में चढ़ी। यहाँ भीड़ थोड़ी कम होती थी तो उसे उसकी जगह आराम से मिल गयी। तीन स्टेशन बाद वो लड़का चढ़ा और ठीक दरवाज़े से टिक कर खड़ा हो गया। आज उसने काँधे पर एक छोटा सा बैग टांगा हुआ था। जिसमें एक किताब आ सकती थी और कुछ ज़रूरी सामान। उसके हाथ में एक किताब थी। लड़की को लगा कि आज ये किताब पढ़ेगा। लड़के ने लेकिन किताब को खोला और बुक्मार्क क़रीने से रख कर बंद कर दिया और बैग में रख दिया। लड़की इस किताब को पहचानती थी। ये निर्मल वर्मा की ‘धुँध से उठती धुन’ थी। नीले कवर में। कई साल से प्रकाशित नहीं हुयी थी, इसकी कॉपी कहीं नहीं मिलती। जिनके पास होती भी, वे किसी को इस बारे में बताते नहीं। लड़का बाहर देख रहा था। कल की तरह ही, बेहद ख़ुश। 

कमोबेश हफ़्ते भर लड़की उसी जगह खड़ी रहती। लड़का बाहर देखता रहता। लड़की लड़के को देखती रहती। कई सालों में पहली बार ऐसा हुआ कि मेट्रो में पढ़ने वाली किताब हफ़्ते भर तक पढ़ी नहीं गयी। वो हाथ में किताब लिए चढ़ती ज़रूर लेकिन कुछ था उस लड़के में कि उसे देखना टीवी देखने से ज़्यादा रोचक था। इक रोज़ लड़की ने उससे धुन्ध से उठती धुन के बारे में पूछा। लड़के ने कहा कि उसे निर्मल ख़ास पसंद नहीं आए। ये उनकी आख़िरी किताब पढ़ रहा है, फिर कुछ और पढ़ेगा। किताब रेयर थी। मतलब बहुत रेयर भी नहीं कि उसके हज़ारों लाखों दिए जाएँ। लेकिन उस समय किताब आउट औफ़ प्रिंट थी और किताब का देख लेना भी कोई जादू जैसा ही था। 

लड़के ने उसका नाम पूछा, और फिर बैग से क़लम निकाल कर एक कोने में लिख दिया। लड़के ने लड़की की दीवानगी को देखते हुए ये किताब उसे गिफ़्ट कर दी। कि उसे वो निर्मल उतना पसंद नहीं आए थे और लड़की उन पे मरती थी। वे किताब के बारे में बात करते हुए कनाट प्लेस के घास वाली लॉन पर देर तक बैठे रहे थे। लड़के को पढ़ना बहुत पसंद था। बहुत तरह की और बहुत सी किताबें पढ़ता था। उसे किताबों को क़रीने से रखने का शौक़ भी था, लेकिन उसे वो करीना आता नहीं था। उसने एक दिन लड़की को अपने घर की कुछ तस्वीरें दिखायीं। लड़की ने कहा वो उसकी किताबों को ज़्यादा सुंदर तरीक़े से रखना सिखा देगी। लड़की ने अपने घर की तस्वीरें दिखायीं, अपनी बुकरैक की…लड़की ने घर में कई रीडिंग कॉर्नर्ज़ बना रखे थे और मूड के हिसाब से कहीं भी बैठ कर पढ़ा करती थी। उसने लड़के को घर बुलाया कि वो देख सके, कितना अच्छा लगता है क़रीने के घर में। लड़का उसका घर देखने तो गया लेकिन किताबों, रीडिंग कॉर्नर्ज़, सुंदर लाइट्स और इंडोर प्लैंट्स के होने के बावजूद उसकी दिलचस्पी लड़की में ज़्यादा बन गयी। उसे बार बार लगा कि ये लड़की उसके कमरे ही नहीं, ज़िंदगी में भी होनी चाहिए। ख़ुद से ज़्यादा उसकी किताबों को एक ऐसी लड़की की ज़रूरत थी। 

उसे ख़ुद भी उस लड़की की ज़रूरत और आदत लगने लगी थी धीरे धीरे। पढ़ते या लिखते हुए उसके आसपास मौसम के मुताबिक़ हाथ की दूरी पर कभी गर्म चाय कभी शिकंजी जैसी चीज़ें होने लगी थीं। पास वो लड़की नहीं होती थी, मालूम नहीं कैसे। लड़की किसी दूसरे कोने में चुपचाप बैठ कर अपनी किताब पढ़ रही होती थी। उनका ऑफ़िस का टाइम एक ही था तो वे साथ ही निकलते थे और अक्सर किसी किताब के बारे में बात करते ही निकलते थे। लड़के को ऐसा लगता था वो एक साथ कई दुनियाओं में जी रहा है। उसके दोस्तों को उसकी क़िस्मत से ईर्ष्या होती थी। कई बार मेट्रो के दरवाज़े के दोनों ओर खड़े वे बस दिल्ली शहर को देख रहे होते थे। पुरानी इमारतों के बीच से गुज़रते हुए। कभी कभी वे साथ घूमने भी निकल जाते थे। पुराना क़िला, जामा मस्जिद, हौज़ ख़ास। लड़का अतीत में जीता था। किताबों के घट चुके क़िस्से की तरह। लड़की जानती थी कि वो हुमायूँ के मक़बरे को देख कर नहीं मुस्कुरा रहा, उस शाम को याद कर के मुस्कुरा रहा था जब साथ चलते हुए उन्होंने पहली बार एक दूसरे का हाथ पकड़ा था। 

वे बिल्कुल अलग अलग क़िस्म की किताबें पढ़ते। लड़की को जासूसी उपन्यास और छद्मयुद्ध की कहानियाँ पसंद थीं। उसकी रैक में विश्व युद्ध के बारे में कई किताबें होतीं। रोमैन्स या कविताएँ उसे कम पसंद आतीं, पर जब आतीं तो दीवानों की तरह पसंद आतीं। फिर सब जगह बस वही कवि या लेखक होता। उसके फ़ेस्बुक, इन्स्टग्रैम और ट्विटर पर भी और घर के बुलेटिन बोर्ड, किचन, फ्रिज पर भी। लड़के को धीरे धीरे इन युद्ध की किताबों से कोफ़्त होने लगी थी। नाज़ुक मिज़ाज लड़का इतनी भयावह कहानियाँ सुन कर परेशान हो जाता। लड़की उसे बताती रहती हिटलर ने यहूदियों पर कितने अत्याचार किए। जापानी सेना ने किस तरह चीन में गाँव के गाँव जला दिए। लड़के को दुस्वप्न आने लगे थे। उसे आतंकवादी हमलों से डर लगने लगा था, कि कहीं अचानक से ऐसा कोई हमला हो गया तो वो क्या करेगा। वो नींद में अपनी अधजली फ़ेवरिट किताबों के बारे में बड़बड़ाता रहता। 

कुछ दिन बाद दोनों ने महसूस किया कि किताबें ही उन्हें अलग भी कर रही हैं। उनके होने में किताबों का प्रतिशत इतना ज़्यादा है कि एक दूसरे के साथ रहने का आकर्षण भी उन्हें अपनी पसंद की किताबों से दूर नहीं कर सकता। लड़की उदास होती, कि लड़के के दोस्तों ने नज़र लगा दी। पर दोनों जानते थे कि ये ज़िंदगी है और यहाँ क़िस्से ऐसे ही आधे अधूरे होने पर भी छोड़ देने पड़ते हैं। लड़की ने घर तलाशना शुरू किया। अपने ऑफ़िस के एकदम पास, कि मेट्रो लेने की ज़रूरत ही न पड़े। लड़के ने घर शिफ़्टिंग में सारी मदद की। जाने के पहले लड़की ने एक बार ठीक से लड़के के कमरे में सारी किताबें जमा दीं। चादरें, परदे सब हिसाब से आधे आधे कर लिए। किचन के सामान में से अपनी पसंद की क्रॉकरी वहीं रहने दी कि लड़के को भी अब ख़ूबसूरत मग्स में चाय पीने की आदत लग गयी थी। 

अपने घर में शिफ़्ट होने के बाद कुछ दिन लड़की इतनी उदास रही कि उसने किताबें पढ़नी एकदम बंद कर दीं। ऑफ़िस में उसकी एडिटिंग की डेस्क जॉब थी। बस अपनी सीट पर बैठो और दुनिया जहान के बारे में रीसर्च करके आर्टिकल लिखो। उसने बॉस से फ़ील्ड प्लेस्मेंट माँगी। वो कश्मीर की मौजूदा स्थिति पर वहाँ जा के रिपोर्टिंग करना चाहती थी। बॉस ने उसका डिपार्टमेंट शिफ़्ट कर दिया। अगले कई महीने वो घूमती और रिपोर्टिंग करती रही। अपनी जगह से अलग होना चीज़ें भूलना आसान करता है। जब उसे लगा कि अब दिल्ली में रहना शायद उतना न दुखे, तब उसने वापसी की अर्ज़ी डाली। युद्ध के बारे में इतना ज़्यादा कुछ पढ़ना काम आया था। उसके लिखे में संवेदनशीलता थी और स्थिति की बारीकियों पर अच्छी पकड़। बहुत कम वक़्त में उसने बहुत क्रेडिबिलिटी बना ली थी। लोग उसकी रिपोर्ट्स का इंतज़ार करते थे। 

लौट कर आयी तो उसे किताब पढ़ने की तलब हुयी। कविताओं की रैक के आगे देर तक खड़ी रही। कॉन्फ़्लिक्ट एरिया में ग्राउंड रिपोर्टिंग ज़िंदगी की प्राथमिकताओं के बारे में बहुत कुछ सिखाती है। अपनी मर्ज़ी से घूमने फिरने खाने की आज़ादी। बात करने और कहने की आज़ादी। हम किसके साथ हैं और किसके साथ नहीं होना चाहते हैं, ये चुनने की आज़ादी। उसने कभी इन चीज़ों पर सोचा नहीं था। मौत को क़रीब से देखना ये भी सिखा देता था कि ज़िंदगी इतनी लम्बी नहीं है जितनी हमें लगती है। कि लोग कभी भी छिन सकते हैं।  इस बीच उसे लड़के की कई बार याद आयी। लेकिन फिर हर बार उसे लगता था कि जिसे किताबों से दिक्कत हो रही है, वो उसकी सच की कहानियाँ सुनेगा तो शायद उसे कहीं जगह न दे। लड़के के सोशल मीडिया से पता चलता था कि वो अक्सर अपने घर की रीमाडलिंग करता रहता था। ख़ुश भी था शायद। और अकेला और उदास तो बिलकुल नहीं था। यूँ भी पढ़ने लिखने वाले लोग थोड़ी सी उदासी तो फ़ितरत में लेकर चलते हैं, उदासी और तन्हाई थोड़ी ज़्यादा हो जाए तो उसके साथ जीना भी उन्हें आता है। 

लड़की इसके बाद लगभग हर महीने ही रिपोर्टिंग के लिए बाहर पोस्टेड रहती। उसका कमरा, उसकी किताबें, उसके रीडिंग कॉर्नर्ज़, सब उसका इंतज़ार करते रहते। उसे अब बाहर की कहानी ज़्यादा अच्छी लगने लगी थी। ज़िंदा - सामने घटती हुयी। लोग, कि जो किताबों से बिल्कुल अलग थे। उनकी कहानियाँ, उनके डर, उनकी उम्मीदें और सपने… सब किताबों से ज़्यादा रियल था। लड़का मेट्रो पर जाता हुआ अक्सर लड़की को तलाशता रहता। जब कि अख़बार में स्पेशल कोर्रोसपोंडेंट के नाम से जो ख़बर छपती थी, और बाद में लड़की की बायलाइन के साथ भी, तो उसे मालूम रहता था कि लड़की शहर से बाहर है। 

लड़की को लगता था कि सबकी अपनी एक नियत जगह होती है। लेकिन इन दिनों वो अपनी बदलती हुयी जगह की आदी हो गयी थी। कुछ भी एक जैसा नहीं रहता था। रोज़ अलग शहर, अलग लोग, अलग होटेल, अलग बिस्तर...और फिर भी थकान के कारण अच्छी आती थी। 

लेकिन घर लौटना होता था हर कुछ दिन में। ऐसे एक लौटने के दर्मयान लड़की को याद आया, कि  एक रेयर किताब के पहले पन्ने पर उस का नाम लिखा हुआ था, लड़के की हैंड्रायटिंग में। 'था'। पता नहीं किताब थी कहाँ। लड़की उस जगह जाना चाह रही थी दुबारा। जब वो उस लड़के से पहली बार मिली थी और उन्होंने बात शुरू की थी। वो अक्सर सोचती, अगर किताबें न होतीं तो शायद वे साथ होते। एक दूसरे को अपनी ज़िंदगी की कहानियाँ सुनाते हुए। कि अगर किसी और शहर में, कोई और मेट्रो में वो लोग मिले होते तो शायद बात कुछ और होतीं। किसी शहर के आर्किटेक्चर के बारे में। या शायद नदियों, झीलों के बारे में… फिर शायद वो साथ होते। 

लड़का लड़की कोई भी हो सकते हैं। पर होते नहीं। किताबें कई क़िस्म की होती हैं। लेकिन वो ख़ास होती हैं जो घर के किसी खोए हुए कोने में पड़ी होती हैं। जिन पर किसी का नाम लिखा होता है। जिनके साथ सफ़र शुरू होता है। ये किताबें रिप्लेस नहीं की जा सकतीं। लड़के को कभी कभी गिल्ट होता था कि उसे वो किताब लड़की को दे देनी चाहिए थी। लेकिन फिर ख़ुद को समझा लेता था कि किताब थी तो उसकी अपनी ही, उसी ने लड़की को दी थी...वो वापस ले लेने का हक़ तो उसका था ही। 

लड़की को लगता रहा किताब कहीं खो गयी है। लड़के के घर में रखी किताब को भी लगता रहा, लड़की कहीं खो गयी है। 

02 October, 2019

तितली की बहन तिकनी

हम अगर बात नहीं करते हैं तो कई सारे शब्द खो जाते हैं। बात करना यानी कि सामने सामने से बात करना। पिछले कोई 11-12 साल से मैं बैंगलोर में हूँ। मेरी बोल-चाल की भाषा में कई नए शब्द जुड़े हैं जो यहाँ ज़्यादा बोले जाते हैं। टेक्नॉलजी, इवेंट, स्ट्रैटेजी, कम्यूनिकेशन, ईमेल, मोबाइल ऐप, इन्वेस्टर, लौंग वीकेंड, लौंग ड्राइव, चिलिंग, व्हिस्की, पब, सिगरेट, जींस, स्मार्ट वाच, आर्टिफ़िशल इंटेलिजेन्स और entrepreneurship जैसे कई कई शब्द। ग़ौर करने पर देखती हूँ, इनमें अधिकतर अंग्रेज़ी के शब्द हैं। मैं जितने शहर घूमी हूँ और हमारे शहर जिस तरह से बदले हैं, तो मेट्रो, मौसम, ट्रेन स्टेशन, न्यू यॉर्क, पेरिस, डैलस, अमरीका, सीपी, फ़ोटोग्राफ़ी, ह्यूस्टन, टैक्सी, फ़ॉल, पोस्टकार्ड, स्टैम्प, म्यूज़ीयम, मैप, टाइम ज़ोन ... कई शब्द जो मैंने हाल फ़िलहाल में ज़्यादा इस्तेमाल किए हैं। हम जिन शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, वे हमारी ज़िंदगी की कहानी बयान कर सकते हैं। किसी से थोड़ी देर बात करके पता चल जाएगा वो किस फ़ील्ड में काम करती है, उसकी पसंद क्या रही है, उसकी ज़िंदगी में किस तरह के शहर रहे हैं...अगर आप मेरी तरह थोड़े observant हुए तो। 

मैं लिखे हुए शब्दों का इस्तेमाल नहीं कर सकती। किताब में पढ़ा कोई शब्द मुझे ज़िंदा नहीं लगता। जैसे निर्मल की ‘एक चिथड़ा सुख’ में चहबच्चे शब्द का इतना इस्तेमाल है कि दो तीन बार तो इस शब्द के खटकने के कारण मैं किताब पढ़ नहीं पायी। हम पढ़ते हुए कई नए शब्दों और उनके इस्तेमाल तक पहुँचते हैं, लेकिन मेरे लिए जब तक वे शब्द मैंने किसी से बातचीत में नहीं सुने हैं, मैं उन्हें इस्तेमाल नहीं कर सकती। ब्लॉग या फ़ेस्बुक, इससे अलग है… मेरे कुछ पसंदीदा लेखक भी। चूँकि उनसे मिल चुकी हूँ, या उनसे बात होती रहती है, मैं जब उनका लिखा पढ़ती हूँ तो कई बार लगता है उन्हें बोलते हुए सुन रही हूँ। इसका और कोई ठीक ठीक स्पष्टीकरण नहीं है मेरे पास कि ऐसा कैसे है। बस है। 

बहुत साल पहले जब मैं बैंगलोर आयी थी तो बहुत बातूनी थी। लोगों को टोक कर बात कर लेती थी, हँसती मुस्कुराती ज़्यादा थी। ख़ुश ज़्यादा रहती थी। मेरे इर्द गिर्द एक एनर्जी बबल रहता था। बहुत हाइपर क़िस्म के लोगों में आती थी। कुछ उम्र की बात थी, कुछ शहर की। शायद दिल्ली में रहती तो बहुत हद तक वैसी ही रहती। बैंगलोर में ऑफ़िस में अधिकतर लोग अंग्रेज़ी में बात करने वाले मिले। परायी भाषा में आप जानकारी का आदान प्रदान कर लेते हैं, सम्बंध नहीं जोड़ पाते। उसके लिए ज़रूरी है हम उस भाषा में बात करें जो हमारी अपनी हो। मुझे अपने जीवन में इसका एक ही अपवाद मिला है और वो कुछ ऐसा था कि उसके लिए एक पूरी कहानी लिखनी पड़ी। मेरे और उसके बीच बहुत सा संगीत भी था, इसलिए शायद भाषा की ज़्यादा ज़रूरत महसूस नहीं हुयी। अभी भी दिल्ली जाती हूँ तो कोई और हो जाती हूँ, ऐसा हमेशा लगता है। भले अंग्रेज़ी मेरी सेकंड लैंग्विज रही हो और कॉन्वेंट स्कूल में लगभग std 9 से इसका नियमित इस्तेमाल स्कूल, कॉलेज और फिर ऑफ़िस में किया है लेकिन अभी भी हिंदी में बोलना ज़्यादा आसान है। सहज है। 

कई सारे शब्द हमारे इस्तेमाल से बाहर होते हैं क्यूँकि वे वस्तुएँ हमें नहीं दिखतीं तो हम उनके बारे में बात नहीं करते। या कई बार वे लोग नहीं होते जिनसे हम उन चीज़ों के बारे में बात कर सकें, जिन्हें उससे फ़र्क़ पड़ता है। मैं लिख के सहेजना चाहती हूँ बहुत सारा कुछ जो शायद मेरे बहुत से दोस्त होते तो सिर्फ़ कह लेती उनसे और बात ख़त्म हो जाती। लिखने को तब भी बहुत कुछ बचता, लेकिन तब मैं इतना नियमित नहीं लिखती। लिखना एक आदत बनती गयी इस शहर के अकेलेपन के कई साल में। It’s strange, actually. कि इतने साल में भी शहर में ऐसे लोग नहीं जिनसे नियमित मिल सकूँ। कुछ इसलिए भी कि पसंद के लोग शहर छोड़ कर चले भी गए हैं। मैं बात करना भूलती जा रही हूँ और ये बात मेरे लिखने में भी मुझे महसूस होती है कि मेरे किरदार भी बात करने की जगह चुपचाप बैठ कर कहीं एक सिगरेट पीना चाहते हैं… किसी सोलो बाइक ट्रिप पर जाना चाहते हैं… कॉफ़ीशॉप में किसी किताब को पढ़ते हुए या चिट्ठी लिखते हुए अकेले रहते हैं। अपने अकेलेपन में रचे-बसे किरदार। उनके इस इर्द गिर्द में जगह बनाने के लिए मुझे बहुत मेहनत करनी होती है। 

खो जाना सिर्फ़ वस्तुओं का नहीं होता। खो जाना रिश्तों का भी होता है, उस छोटी सी उम्मीद या आदत का भी जिसमें लोग शुमार होते हैं। दिल्ली जाती हूँ तो इतना मालूम होता है कि न सही, शाम थोड़ी देर मिल सकते हैं किसी से। अगर ऐसे किसी शहर में रहती, तो हफ़्ते में एक बार तो किसी ना किसी से मिलने का प्रोग्राम बनता ही। फ़िल्में, नाटक, लिटरेचर फ़ेस्टिवल, फ़िल्म फ़ेस्टिवल जैसी चीजों के साथ अकेले जाना नहीं, किसी के साथ जाना और फिर डिस्कस करने, इंतज़ार करने की बातें भी जुड़ी होतीं। ये सब अचानक नहीं हुआ है लेकिन पिछले कुछ सालों में शहर ने मुझे बेतरह तन्हा किया है। हुआ ये, कि पिछले कुछ साल दिल्ली गयी तो ये देखा कि ज़िंदगी कुछ और भी हो सकती थी। 

मुझे लिखने को अच्छा काग़ज़ चाहिए होता है। मूड के हिसाब से सफ़ेद, आइवरी, पीला या नीला। मैंने अधिकतर ऐसे रंग के काग़ज़ पर ही लिखा है। कुछ दिन पहले चिट्ठियाँ लिखने का काग़ज़ मँगाया जो कि बहुत महँगा था। आजकल उसपर थोड़ा थोड़ा लिख रही हूँ। उस काग़ज़ के ऊपर ड्रैगनफ़्लाई बनी हैं। हल्के फ़िरोज़ी रंग में। कल मैंने लिखते हुए तितलियों की बात लिखी… किसी ने ट्विटर पर लिखा ये ड्रैगनफ़्लाई हैं… मुझे मालूम है ये क्या हैं। उस व्यक्ति का ऐसा पोईंट करना मुझे अखर गया। कि इन्हें तितलियों से कन्फ़्यूज़ नहीं कर सकते लेकिन बचपन में इनको तितली ही बोलते थे, या ऐसा ही कुछ, सो याद था मुझे। ड्रैगनफ़्लाई तो कोई नहीं बोलता था, तो मैं चाहूँ भी तो लिखने में इस शब्द का इस्तेमाल नहीं कर सकती… और जो शब्द था, बचपन का ठीक-ठीक, वो याद नहीं आ रहा। 

इस तरह कितने शब्द हैं जो रोज़मर्रा के हिस्से से खो गए हैं। यहाँ ये वाली तितली दिखती नहीं है, सो इसके बारे में बात भी नहीं करते हैं। इसी तरह रोज़ के इस्तेमाल की चीज़ में खोयी एक चीज़ है हँसुआ। मम्मी लोग खड़े होकर सब्ज़ी काट नहीं सकती थी। टेक्निक्ली बैठ कर सब्ज़ी काटना आसान भी ज़्यादा होता है, हम शरीर के भार का इस्तमाल करते हुए जब हँसुआ से सब्ज़ी काटते हैं तो कलाई पर ज़ोर कम लगता है। चाक़ू से सब्ज़ी काटने में मेहनत भी ज़्यादा लगती है और वक़्त भी। चुक्कु-मुक्कु या पीढ़ा पर बैठनने से हेल्थ भी बेहतर रहती थी। मैं कई सारे देसी शब्दों को बहुत मिस करती हूँ। गाँव आना जाना भी एकदम बंद हो गया है, एक ये कारण भी है। जैसे पगडंडी को हम बचपन में कच्चा रास्ता बोलते थे। याद करूँगी तो ऐसे कई शब्द याद आएँगे और ऐसे कई शब्द होंगे जो एकदम याद नहीं आएँगे। जैसे ड्रैगन्फ़्लाई। 

दोस्त लोग को रात में मेसेज किए थे, सुबह दीदी लोग से बतियाए, बचकन सबको भी पूछे, कि क्या बोलते हैं इसको। इधर उधर whatsapp मेसिज किए। घर में सब जानता है कि हम थोड़े सटके हुए हैं तो भोरे भोर ड्रैगनफ़्लाई का हिंदी पूछने लगते हैं तो घबराता नहीं है। इसका अलग अलग वर्ज़न मिला। सिकिया/सुकिया बोलते हैं कि इसका लम्बा पूँछ सिक्की जैसा दिखता है। सिक्की माने सीधी, पतली रेखा जैसी कोई चीज़। जैसे सिकिया झाड़ू नारियल झाड़ू को बोलते हैं। बचपन में कान का छेद बंद न हो जाए इसलिए नीम का सिक्की डालते थे उसमें। दूसरा नाम मिला टुकनी या तिकनी जो कि तितली से मिलता जुलता नाम है। टुकनी शायद इसलिए भी होगा कि इसका बहुत बड़ा बड़ा आँख होता है और ऐसा लगता है जैसे देख रही है। याद करने का कोशिश करते हैं लेकिन बचपन में ये दिखती तो है, इसको क्या बोलते थे, वो याद नहीं आता। बदमाश बच्चा लोग इसको पकड़ कर इसके पूँछ में धागा बाँध के पतंग जैसा उड़ाता भी था इसको। हम लोग कभी कभी पंख से पकड़ के इसको किसी के पास ले जाते थे, इसका पैर से गुदगुदी लगता था। मम्मी देख के हमेशा डाँट देती थी। किसी जीव को कष्ट देना ग़लत काम में आता था। 

पिछले कुछ साल में देवघर जाती भी हूँ तो ससुराल जाती हूँ बस। वहाँ इतना बड़ा संयुक्त परिवार है कि दो हफ़्ते की छुट्टी में सबसे आपस में ही बात-चीत करते करते छुट्टी ख़त्म हो जाती है। सोच रही हूँ, समय निकाल कर गाँव जाने का प्रोग्राम रखूँ साल में एक बार कमसे कम। किसी एक त्योहार में। दुर्गा पूजा जैसे कि हमको बहुत पसंद है। गाँव का मेला। वहाँ की अलग मिठाइयाँ। वैसे उसका भी रूप रंग इतने साल में बदल गया होगा बहुत हद तक, फिर भी। अपनी भाषा, अपनी ज़मीन से जुड़ा रहना भी ज़रूरी है कि हमारे लिखने का ही नहीं, हमारे जीवन का पोषण भी वहीं से होता है। बंजारामिज़ाजी अच्छी है। लेकिन लौट के आने को एक घर, एक भाषा होनी चाहिए।

ये खोज भी अपने अंदर थोड़ी सी बची रहे तो एक रोज़ बाक़ी सब आ जाएगा, धीरे धीरे। 

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...